मुख्य समाचार :-
- राष्ट्र आज नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती पराक्रम दिवस के रूप में मनाकर उन्हें श्रृद्धांजलि अर्पित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर लोगों से विकसित भारत के लक्ष्य के लिए एकजुट होने का आग्रह किया।
- विदेश सचिव विक्रम मिस्री द्विपक्षीय सम्बंधों को मजबूत करने पर चर्चा के लिए रविवार से चीन की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे।
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दावोस में विश्व आर्थिक मंच esa कहा – भारत आने वाले वर्ष में मुद्रास्फीति को नियंत्रण में रखते हुए 6 से 8 प्रतिशत की आर्थिक विकास दर बनाए रखेगा।
- मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने चुनावी प्रक्रियाओं में विश्वास खत्म करने वाली फर्जी बयानबाजी के प्रति आगाह किया। उन्होंने चुनावों के भविष्य को आकार देने में प्रौद्योगिकी की भूमिका पर प्रकाश डाला।
- भारतीय लघु फिल्म अनुजा को ऑस्कर 2025 के लिए नामांकित किया गया।
- कुआलालंपुर में, आईसीसी अंडर-19 महिला क्रिकेट टी-ट्वेंटी विश्व कप में भारत ने श्रीलंका को 60 रनों से हराकर ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान पर पहुंची।
****
आज पराक्रम दिवस है। यह दिवस नेताजी सुभाष चन्द्रबोस की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी 128वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। नई दिल्ली स्थित संविधान सभा के केन्द्रीय कक्ष में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती, पराक्रम दिवस के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य नेताओं ने भी नेताजी को श्रद्धांजलि दी। नेता जी को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने लोगों से विकसित भारत के निर्माण में एक जुट होने का आग्रह किया। अपने वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासियों को विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए काम करना चाहिए।
2021 में सरकार ने निर्णय लिया कि नेताजी की जयंती को अब पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इंडिया गेट के समीप नेताजी की विशाल प्रतिमा लगाना, अंडमान में द्वीप का नाम नेताजी के नाम पर रखना। गणतंत्र दिवस की परेड में आईएनए के जवानों को नमन करना, सरकार की इसी भावना का प्रतीक है।
वहीं, प्रधानमंत्री ने संविधान सभा के केन्द्रीय कक्ष में छात्रों से बातचीत में बताया कि दिल्ली में केंद्र की ओर से उपलब्ध कराई गई बारह सौ से अधिक इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पीएम सूर्यघर योजना को जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत घरों के ऊपर लगाए गए सौर पैनल सौर ऊर्जा के जरिए बिजली उत्पादन में मदद करते हैं और इस तरह बिजली बिलों को अदा करने की जरूरत नहीं होती।
****
गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल आज राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में कर्तव्यपथ पर आयोजित हुई। इस दौरान टी-90 टैंक, नाग मिसाइल प्रणाली और पिनाक रॉकेट ने देश की सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया। इसके अलावा सशस्त्र सेनाओं की विभिन्न टुकडि़यों ने मार्च निकाला। परेड की रिहर्सल सुबह साढ़े दस बजे विजय चौक से शुरू हुई और लाल किले पर समाप्त हुई।
****
76वें गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय सेना कर्तव्यपथ पर अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार है। आज नई दिल्ली में मेजर जनरल सुमित मेहता ने बताया कि भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व एक घुड़सवार दस्ता, आठ मशीनीकृत दस्ते और छह मार्चिंग टुकड़ियाँ करेंगी। उन्होंने कहा कि इस बार युद्धक्षेत्र निगरानी प्रणाली और रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन के प्रलय हथियार प्रणाली परेड का मुख्य आकर्षण होंगे।
26 जनवरी के उपलक्ष में जो राष्ट्र पर्व मनाया जाएगा उसके तहत एक भव्य परेड कर्तव्य पथ पर आप देखेंगे जिसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। भारत की राष्ट्रपति ऑर्नरेबल श्रीमती द्रौपदी मुर्मु सलामी ग्रहण करेंगी और इस परेड के चीफ गेस्ट इंडोनेशिया के ऑर्नरेबल प्रेसिडेंट श्री प्रबोवो सुबियांटो होंगे।
****
विदेश सचिव विक्रम मिसरी रविवार से चीन की दो दिवसीय यात्रा पर जाएँगे। यहां भारत और चीन के बीच विदेश सचिव-उपमंत्री स्तर की बैठक होगी। विदेश मंत्रालय ने बताया है कि यह द्विपक्षीय बैठक भारत-चीन के राजनीतिक, आर्थिक संबंधों को मजबूत करने पर केन्द्रित होगी।
****
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज विश्वास व्यक्त किया कि भारत आने वाले वर्षों में मुद्रास्फीति को नियंत्रण में रखते हुए छह से आठ प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर को सहजता से बनाए रखेगा। श्री वैष्णव ने दावोस में विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक के एक सत्र के दौरान यह बात कही। उन्होंने बताया कि श्री मोदी ने यह सुनिश्चित किया कि आर्थिक विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
****
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने आज चुनाव प्रबंधन निकायों से साइबर सुरक्षा खतरों और गलत सूचना जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए रणनीतियों को कारगर बनाने का आग्रह किया। उन्होंने यह बात नई दिल्ली में चुनाव आयोग द्वारा आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कही। श्री कुमार ने दक्षता, पारदर्शिता और मतदाता विश्वास बढ़ाने में प्रौद्योगिकी और डिजिटल नवाचारों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया।
चुनावी प्रक्रियाओं में विश्वास को खत्म करने वाले फर्जी बयानबाजी के प्रति सावधानी बरतने को भी उन्होंने कहा।
****
दिल्ली में विधानसभा के चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। सभी दलों के नेता रोड शो और जनसभाओं के माध्यम से तथा घर-घर जाकर मतदाताओं को रिझाने के प्रयासों में जुटे हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज किराड़ी और करोल बाग इलाके में जनसभा की और पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में वोट मांगे। श्री आदित्यनाथ ने सत्तारूढ आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए दिल्ली के सड़कों की कथित खराब स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने यमुना नदी की बदहाल हालत के लिए भी आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जिम्मेदार ठहराया। इस बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी शहर के कई इलाकों में रैलियां को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए श्री केजरीवाल ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में आम आदमी पार्टी सरकार ने शहर के लिए बिजली शिक्षा स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में कई काम किए हैं दूसरी ओर आज कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली चुनाव के लिए अपना थीम सोंग लॉन्च किया। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में पार्टी के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने आम आदमी पार्टी पर दिल्ली में कथित शराब घोटाले पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ताधारी पार्टी ने अपनी नीतियों से अपने साथियों को फायदा पहुंचाया। जो शराब का मैनेजर था ठेके बांटने का वही शिक्षा मंत्री जिस तरह से एक बोतल पर एक बोतल फ्री पैसा दो लाइसेंस को पूरी उनकी पार्टी शराब के काले कारोबार में डूब गई। अगले महीने की 5 तारीख को दिल्ली में मतदान होना है और नतीजा 8 तारीख को आएंगे।
****
उत्तराखंड में आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक सौ नगर निकायों में शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न हुआ। राज्य में 60 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस मतदान से 5 हजार 405 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा।
उत्तराखंड में आज मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। पहाड़ से लेकर मैदान तक बूथों पर लंबी लाइन लगी रही। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए। मतदान के लिए प्रदेश में 1 हजार 515 मतदान केंद्र और 3 हजार 394 बूथ बनाए गए थे। निकाय चुनाव की मतगणना 25 जनवरी को होगी। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।
****
भारतीय लघु फिल्म अनुजा ने ऑस्कर 2025 में सर्वश्रेष्ठ लघु फिल्म- लाइव एक्शन श्रेणी में नामांकन हासिल कर महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। अनुजा फिल्म का निर्देशन एडम जे. ग्रेव्स और सुचित्रा मट्टई ने किया है। अनुजा फिल्म नौ साल की एक लड़की की कहानी है, जो अपनी बहन पलक के साथ जीवन के परिवर्तनकारी अवसरों का सामना करती हैं।
****
अब खबरें महाकुंभ से…
सूचना और प्रसारण मंत्रालय में सचिव संजय जाजू ने आज प्रयागराज के महाकुंभ नगर के सेक्टर-4 स्थित आकाशवाणी और दूरदर्शन कैंप कार्यालय का दौरा किया और महाकुंभ 2025 की कवरेज के लिए किए गए प्रबंधों की समीक्षा की। संवाददाताओं से बातचीत में श्री जाजू ने कहा कि प्रसार भारती ने महाकुंभ 2025 की व्यापक कवरेज और विभिन्न कार्यक्रमों तथा गतिविधियों के प्रसार के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी और दूरदर्शन महाकुंभ से जुड़े रोचक तथ्य उपलब्ध करा रहे हैं।
महाकुंभ के लिए स्पेशल एफएम रेडियो चैनल चलाई न केवल एफएम पर चल रही है पर यहां के पब्लिक ऐडरेस सिस्टम पर भी चल रही है। जिससे श्रद्धालुओं को न केवल कुंभ से संबंधित व्यवस्थाओं का ज्ञान मिल रहा है और उसी के साथ–साथ कुंभ से संबंधित रोचक तथ्यों को भी प्रसार भारती और दोनों दूरदर्शन और आकाशवाणी के माध्यम से श्रद्धालुओं का इसका ज्ञान मिल रहा है।
श्री जाजू ने यह भी कहा कि महाकुंभ एकता का संदेश देता है और श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में एक साथ पवित्र डुबकी लगाई। उन्होंने महाकुंभ नगर क्षेत्र में स्थित सूचना और प्रसारण मंत्रालय की डिजिटल प्रदर्शनी सहित केन्द्र सरकार द्वारा लगाई गई विभिन्न प्रदर्शनियों का भी दौरा किया। वे परेड ग्राउंड स्थित मीडिया सेंटर भी गये।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय के डिजिटल प्रदर्शनी जनभागीदारी से जनकल्याण विषय पर आधारित है। इसमें पिछले एक दशक में केंद्र सरकार की उपलब्धियां कार्यक्रमों नीतियों और योजनाओं को दर्शाया गया है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना, नमो ड्रोन दीदी, मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, स्किल इंडिया, एक भारत–श्रेष्ठ भारत और उज्ज्वला योजना जैसी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है। यह प्रदर्शिनी अगले महीने की 26 तारीख तक चलेगी और इसमें प्रवेश निशुल्क है। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
****
अब आर्थिक जगत के समाचारों के साथ हैं
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 115 अंक बढ़कर 76 हजार 520 के स्तर पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 50 अंक बढ़ा 23 हजार 205 के स्तर पर पहुंच गया। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया डालर के मुकाबले 13 पैसे गिरकर 86 रुपए 46 पैसे प्रति डालर के स्तर पर बंद हुआ। ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 79 डॉलर 51 सेंट प्रति बैरल पर थी।
****
कुआलालम्पुर में आईसीसी अंडर 19 महिला टी-20 क्रिकेट विश्व कप में मौजूदा चैम्पियन भारत ने आज श्रीलंका को 60 रन से हरा दिया। गोंगाडी त्रिषा को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
****
महिला हॉकी इंडिया लीग में, दिल्ली एसजी पाइपर्स ने ओडिशा वारियर्स को एक रोमांचक मुकाबले में तीन-दो से हरा दिया। आज रांची में खेले गए मैच में निर्धारित समय तक दोनों टीमें एक–एक गोल से बराबरी पर रहीं। पुरुष वर्ग में, तमिलनाडु ड्रैगन्स का मुकाबला हैदराबाद तूफानस से जारी है।
****
मौसम विभाग ने कहा है कि आज और कल हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में शीतलहर रहेगी। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अगले दो-तीन दिनों के दौरान अधिकतर क्षेत्रों में तड़के कोहरा छाए रहने की संभावना है।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- राष्ट्र आज नेताजी सुभाष चन्द्रबोस की जयंती, पराक्रम दिवस पर उन्हें श्रृद्धांजलि अर्पित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर लोगों से विकसित भारत के लक्ष्य के लिए एकजुट होने का आग्रह किया।
- विदेश सचिव विक्रम मिस्री द्विपक्षीय सम्बंधों को मजबूत करने पर चर्चा के लिए रविवार से चीन की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे।
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विश्व आर्थिक मंच में कहा – भारत आने वाले वर्ष में मुद्रास्फीति को नियंत्रण में रखते हुए 6 से 8 प्रतिशत की आर्थिक विकास दर बनाए रखेगा।
- मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने चुनावी प्रक्रियाओं में विश्वास खत्म करने वाली फर्जी बयानबाजी के प्रति आगाह किया। उन्होंने चुनावों के भविष्य को आकार देने में प्रौद्योगिकी की भूमिका पर प्रकाश डाला।
- भारतीय लघु फिल्म अनुजा को ऑस्कर 2025 के लिए नामांकित किया गया।
- कुआलालंपुर में, आईसीसी अंडर-19 महिला क्रिकेट टी-ट्वेंटी विश्व कप में भारत ने श्रीलंका को 60 रनों से हराकर ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान पर पहुंची।
****