Download
Mobile App

android apple
signal

January 21, 2025 10:01 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

  • उत्तर-पश्चिमी तुर्कीए के एक होटल में आग लगने से 66 लोगों की मौत, 51 लोग घायल।

  • अमरीका के राष्ट्रपति डॉनाल्‍ड ट्रम्प ने गैर-नागरिक माता-पिता के जन्मे बच्चों की स्वतः नागरिकता समाप्त करने के आदेश पर हस्‍ताक्षर किये। विश्व स्वास्थ्य संगठन और पेरिस जलवायु समझौते से अमरीका को हटाने का फैसला किया।

  • दावोस में विश्व आर्थिक मंच पर महाराष्ट्र ने 38 हजार सात सौ पचास करोड़ रुपये के कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए।

  • छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर एक संयुक्त अभियान में 18 माओवादी मारे गए।

  • सेंसेक्स में एक हजार दो सौ से अधिक अंकों की गिरावट। निफ्टी-50 में 300 से अधिक अंकों की गिरावट दर्ज हुई।

  • महिला हॉकी इंडिया लीग में, ओडिशा वारियर्स ने रांची में जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब को 2-0 से हराया।

***

उत्तर-पश्चिमी तुर्किए में स्की रिसॉर्ट के एक होटल में आग लगने से अब तक 66 लोगों की मौत हो गई, जबकि 51 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने होटल में रह रहे लगभग 230 लोगों को बाहर निकाला है। तुर्किए के गृहमंत्री अली येरलिकाया ने बताया कि कार्तलकाया में पहाड़ों पर स्थित इस रिसॉर्ट के 12 मंजिला ग्रैंड कार्तल होटल के रेस्तरां में आग लगी थी। घटना के बाद एहतियात के तौर पर आस-पास के अन्य होटलों को भी खाली करा लिया गया है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। तुर्किए के न्याय मंत्री यिलमाज तुनक ने घटना की जांच के लिए छह अभियोजकों की नियुक्ति की है।

***

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने व्हाइट हाउस लौटने के कुछ ही घंटों बाद जो बाइडेन की 78 नीतियों को रद्द करते हुए कई प्रशासनिक आदेशों पर हस्ताक्षर किए हैं। एक रिपोर्ट –

 

 

राष्‍ट्रपति ट्रंप ने एक आदेश पर हस्‍ताक्षर किए हैं जिसके अनुसार देश में जो लोग कानूनी रूप से नहीं रह रहे हैं और अस्‍थायी तौर पर रह रहे हैं, उनके बच्‍चों को जन्‍मजात नागरिकता नहीं मिल पाएगी। इनमें पर्यटक, छात्र और कार्यवीजा पर रह रहे लोग भी शामिल हैं। सम्‍बंधित संस्‍थाओं को इस आदेश को लागू करने के लिए 30 दिन का समय दिया गया है। एक प्रमुख आदेश में, राष्ट्रपति ट्रम्प ने विश्व स्वास्थ्य संगठन-डब्‍ल्‍यू.एच.ओ. से हटने का निर्देश दिया। ट्रम्प ने डब्‍ल्‍यू.एच.ओ. पर आरोप लगाया कि वह महामारी के प्रकोप के दौरान दिशा-निर्देश जारी करने में चीन के प्रति पक्षपात रहा। श्री ट्रम्प ने पेरिस जलवायु समझौते से हटने की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश पर भी हस्ताक्षर किए। समाचार कक्ष से जया भारती।

***

विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन के प्रमुख टेड्रोस घेब्रेयसस ने संगठन से अमरीका के हटने के ट्रंप प्रशासन के कार्यकारी आदेश पर गहरी प्रतिक्रिया दी है। उन्‍होंने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्‍ट में लिखा है कि अमरीका के निर्णय पर डब्‍ल्‍यूएचओ चिंता व्‍यक्‍त करता है। डॉ. टेड्रोस ने कहा कि अमरीका इस संगठन का संस्‍थापक सदस्‍य है और प्रमुख योगदानकर्त्ता भी है। अमरीका डब्‍ल्‍यूएचओ का सबसे बडा दानकर्त्ता है जिसने वर्ष 2023 में 18 प्रतिशत का योगदान किया है।

***

महाराष्‍ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में दावोस में विश्व आर्थिक मंच में महाराष्‍ट्र ने 38 हजार 750 करोड़ रुपये के कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं। महाराष्ट्र सरकार और कल्याणी समूह के बीच हस्ताक्षरित पहले समझौता ज्ञापन में रक्षा, इस्पात और इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र हैं। इस समझौते से गढ़चिरौली में 5 हजार 250 करोड़ रुपये के निवेश और चार हजार नौकरियों के सृजन होने की उम्मीद है। रक्षा क्षेत्र में महाराष्ट्र सरकार और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के बीच 16 हजार पांच सौ करोड़ रुपये का दूसरा समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया गया, जिससे दो हजार चार सौ 50 नौकरियां सृजित हो सकती हैं। बालासोर अलॉयज लिमिटेड के साथ हस्ताक्षरित तीसरा समझौता ज्ञापन सत्रह हजार करोड़ रुपये का है, जो इस्पात और धातु उद्योग पर केंद्रित है। इससे तीन हजार दो सौ नौकरियों का सृजन होगा।

***

केन्‍द्र सरकार ने कहा है कि देश में सुकन्‍या समृद्धि योजना में चार करोड से अधिक खाते खोले गए हैं। यह योजना बेटी बचाओ, बेटी पढाओ अभियान के अंतर्गत 22 जनवरी 2015 को शुरू की गई थी। वित्त मंत्रालय के अनुसार इस योजना पर फिलहाल आठ दशमलव दो प्रतिशत की दर से ब्‍याज दिया जा रहा है। इस वर्ष 22 जनवरी को सुकन्‍या समृद्धि योजना के दस वर्ष पूरे हो रहे हैं।

***

विधायी निकायों के संगठन अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्‍मेलन ने विधानमंडलों में कार्यवाही के दौरान बाधा रहित परिवेश, गुणवत्ता युक्‍त चर्चा और विचार-विमर्श का संकल्‍प व्‍यक्‍त किया है। संगठन ने पटना में आयो‍जित 85वें सम्‍मेलन के अंतिम दिन पांच संकल्‍प स्‍वीकार किए। लोकसभा अध्‍यक्ष और संगठन के पदेन प्रमुख ओम‍ बिरला ने कहा कि विधानमंडल क्षमता बढाने के लिए एआई समेत डिजिटल तकनीक का प्रयोग किया जाएगा।

 

 

और नई टेक्‍नॉलोजी का उपयोग करते हुए, एआई का उपयोग करते हुए जितनी भी संसद की और विधानसभा की डिबेट हुई है। उन संसद और विधानसभा डिबेट को एक प्‍लेटफार्म पर लाने का प्रयास, एक देश एक लेजिस्लेटिव ताकि एक प्‍लेटफार्म पर देश की जनता विधायी कार्य को देख सके। बजट को देख सके डिबेट को देख सके।

 

 

सम्‍मेलन में 23 विधानमंडलों के 41 पीठासीन अधिकारियों ने भाग लिया।

***

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्‍टर जितेंद्र सिंह ने कहा है कि देश की अंतरिक्ष अर्थव्‍यवस्‍था आठ अरब डॉलर की हो चुकी है और इसके अगले दशक में 44 अरब डॉलर तक पहुंचने की संभावना है। डॉक्‍टर सिंह ने एक टी.वी. चैनल के साथ बातचीत में कहा कि स्‍वदेशी गगनयान मिशन, वर्ष 2027 में चन्‍द्रयान-4 मिशन, वर्ष 2028 में शुक्रयान मिशन और वर्ष 2030 में भारतीय अंतरिक्ष स्‍टेशन भारत की शानदार यात्रा को प्रदर्शित करते हैं।

***

केंद्रीय मत्‍स्‍य, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह बृहस्‍पतिवार को मेघालय के शिलॉन्‍ग में पशुधन सम्‍मेलन का उद्घाटन करेंगे। दो दिन के इस सम्‍मेलन का आयोजन पशुपालन और डेयरी विभाग कर रहा है। इसका उद्देश्‍य पूर्वोत्‍तर भारत में पशुधन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निवेश और सतत कृषि प्रक्रियाओं को प्रोत्‍साहन देना है।

***

छत्‍तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर सुरक्षाबलों के अभियान में 18 माओवादी मारे गए हैं। इस अभियान में नक्‍सलियों की केंद्रीय समिति का सदस्‍य जयराम उर्फ चलपति भी मारा गया है। उस पर एक करोड़ रुपए का ईनाम था। छत्‍तीसगढ़ के अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक-नक्‍सल अभियान, विवेकानंद सिन्‍हा ने बताया कि छत्‍तीसगढ़ के गारियाबंध जिले और ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के सीमाई इलाकों में अभियान चलाया गया। सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच 36 घंटे से अधिक समय तक गोलीबारी होती रही।

 

 

कल दोपहर के बाद से लगातार यहां पर रूक-रूक के फायरिंग होती रही और अभी वर्तमान में भी पार्टी सभी अंदर में ही हैं और अभी भी रूक-रूक कर फायरिंग जारी है। नक्सलियों के 13 से अधिक शव बरामद हुए हैं। जिनकी कुछ की पहचान हो गई। इसके अलावा अत्‍याधुनिक हथियार जैसे एके-47, एसआरआर एवं अन्‍य हथियार, अन्‍य सामान मिले हैं और इस मुठभेड में सुरक्षा बलों के दो जवान भी घायल हुए हैं और इसमें से एक को एयर लिफ्ट कर के रायपुर भी ले जाया गया। 

***

नेताजी सुभाष चन्‍द्र बोस की 128वीं जयंती पर बृहस्‍पतिवार को देश में पराक्रम दिवस मनाएगा। संस्‍कृति मंत्रालय तीन दिन का यह आयोजन नेताजी के जन्‍म स्‍थान कटक में आयोजित करेगा। इसका उद्घाटन ओडिशा के मुख्‍यमंत्री मोहन चरण माझी करेंगे।

***

गणतंत्र दिवस परेड 2025 में संस्कृति मंत्रालय द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले नृत्य समूह “जयति जय मम भारतम्” में विविध नृत्य रूपों का प्रदर्शन करने के लिए देशभर के कलाकार अभ्यास कर रहे हैं। इस बार परेड में पांच हजार से अधिक कलाकार भारत भर के 45 से अधिक पारंपरिक और लोक नृत्य रूपों का प्रतिनिधित्व करेंगे।

***

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवार और स्टार प्रचारक रोड शो, रैलियां, जनसभाएं कर प्रचार कर रहे हैं। राजधानी में आम आदमी पार्टी, भाजपा, कांग्रेस के साथ-साथ, कई दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए पदयात्राएं और जनसभाए की हैं।

***

वक्‍फ संशोधन विधेयक 2024 पर आज लखनऊ में संयुक्‍त संसदीय समिति -जेपीसी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधेयक के संबंध में मुसलमान धार्मिक नेता और संगठनों से सुझाव और आपत्तियां मांगी गई। बैठक के बाद जेपीसी के अध्‍यक्ष जगदंबिका पाल ने संवाददाताओं को बताया कि यह कानून बेहतरी के लिए लाया गया है।

***

29 जनवरी को मौनी अमावस्या के अवसर पर प्रयागराज में महाकुंभ में भाग लेने के इच्छुक श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने उचित प्रबंध किए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया कि रेलवे मौनी अमावस्या के दिन प्रयागराज क्षेत्र के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए एक सौ पचास से अधिक विशेष ट्रेनें चलाएगा।

 

 

सरकार के अनुमान के अनुसार मौनी अमावस्या के अवसर पर महाकुंभ में पवित्र स्नान करने के लिए करीब आठ से 10 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में बताया कि रेलवे ने मौनी अमावस्या के व्यस्ततम समय को मिलाकर कुल 400 से अधिक मेला स्पेशल रेलगाडियां चलाने की योजना बनाई है।

 

 

जो यह आंकडा दिया गया है कि आठ से नौ करोड लोग स्‍नान करें तो रेलवे की बहुत बडी जिम्‍मेदारी है। पूरे मौनी अमावस्‍या के जो डी माइनस वन से डी प्‍लस टू डेज़ जो पीक डेज़ होते हैं इनमें हम चार सौ से अधिक मेला स्‍पेशन रेलगाडियों का संचालन करेंगे। 

 

 

उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे अपने गंतव्‍य की ओर जाने के लिए निर्धारित की गई रेलवे स्टेशनों से ही यात्रा करें।

 

 

बनारस जंक्‍शन के लिए ज्‍यादा से ज्‍यादा लोग रामबाण और झूंसी स्‍टेशन से ही अपनी ट्रेन पकडे। ताकि इसके कारण फलाभ यह होगा कि प्रयागराज जंक्‍शन की तरफ आने वाले लोगों की संख्‍या भी कम होगी और यहां पे दूसरे डायरेक्‍शन से लोगों के लिए अधिक स्‍पेस क्रिएट हो सकेगा और हम दूसरे डायरेक्‍शन की अधिक ट्रेन चला सकेंगे।

 

 

श्री त्रिपाठी ने आगे बताया कि यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार करने के लिए मेडिकल, रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे के वाणिज्य विभाग की टीम योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही हैं। आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।

***

हरियाणा रोडवेज ने प्रयागराज में महाकुंभ के लिए पलवल डिपो से स्पेशल बस सेवा शुरू की है। यह बस मथुरा, आगरा, इटावा, कानपुर और कौशांबी होते हुए प्रयागराज पहुंचेगी। बस प्रतिदिन सुबह 8 बजे पलवल बस डिपो से प्रयागराज के लिए रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8 बजे प्रयागराज से वापस आएगी। यह बस सेवा 29 फरवरी तक जारी रहेगी।

***

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने आज तिरुवनंतपुरम में राज्य की उन्नत आपदा जोखिम चेतावनी प्रणाली-कवचम का उद्घाटन किया। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण-एसडीएमए द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण-एनडीएमए और विश्व बैंक के सहयोग से विकसित इस परियोजना का उद्देश्य आपदा तैयारी और प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करना है।

***

अरूणाचल प्रदेश राजभवन में आज मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा का राज्‍य स्‍थापना दिवस मनाया गया। अरूणाचल प्रदेश के राज्‍यपाल सेवानिवृत्‍त लेफ्टिनेंट जनरल के. टी. परनायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की पहल पर शुरू किए इस उत्‍सव से पूरे देश में सकारात्‍मक लहर बन रही है।

***

बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेक्‍स कारोबार के अंत में आज एक हजार दो सौ 35 अंक घटकर 75 हजार आठ सौ 38 पर बंद हुआ। उधर, नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी-50 तीन सौ बीस अंक नुकसान के साथ 23 हजार 25 दर्ज हुआ। अंतरबैंकिग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया दो पैसे कमजोर होकर 86 रुपये 58 पैसे पर बंद हुआ और, अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में ब्रेंट कच्‍चे तेल की कीमत घटकर 78 डॉलर 83 सेंट प्रति बैरल के आसपास चल रही थी।

***

फ्लोरिडा के सीनेटर मैक्रो रूबियो को अमरीका के नए विदेश मंत्री के रूप में शपथ ली है। सीनेट ने कल देर रात उनकी नियुक्‍ति‍ की पुष्टि की, जिससे वे ट्रम्‍प के मंत्रिमण्‍डल के पहले सदस्‍य बन गए।

***

हॉकी इण्डिया लीग के महिला वर्ग में रांची में ओड़ीसा वॉरियर्स ने सूरमा हॉकी क्लब को दो शून्‍य से हरा दिया है। चौथे क्‍वार्टर तक दोनों टीमें गोलरहित बराबरी पर थी और शूटआउट में ओडिसा ने दो गोल कर जीत हासिल की। पुरुष वर्ग में राउरकेला में यू पी रुद्रास का सामना टीम गोनासिका से हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक दोनों टीमें दूसरे क्‍वार्टर में गोल रहित बराबरी पर हैं।

***

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • उत्तर-पश्चिमी तुर्कीए के एक होटल में आग लगने से 66 लोगों की मौत, 51 लोग घायल।

  • अमरीका के राष्ट्रपति डॉनाल्‍ड ट्रम्प ने गैर-नागरिक माता-पिता के जन्मे बच्चों की स्वतः नागरिकता समाप्त करने के आदेश पर हस्‍ताक्षर किये। विश्व स्वास्थ्य संगठन और पेरिस जलवायु समझौते से अमरीका को हटाने का फैसला किया।

  • दावोस में विश्व आर्थिक मंच पर महाराष्ट्र ने 38 हजार सात सौ पचास करोड़ रुपये के कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए।

  • छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर एक संयुक्त अभियान में 14 माओवादी मारे गए।

  • सेंसेक्स में एक हजार दो सौ से अधिक अंकों की गिरावट। निफ्टी में 300 से अधिक अंकों की गिरावट दर्ज हुई।

  • रांची में, महिला हॉकी इंडिया लीग में, ओडिशा वारियर्स ने जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब को 2-0 से हराया।

***