Download
Mobile App

android apple
signal

January 20, 2025 9:46 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

  • डोनाल्‍ड ट्रंप अमरीका के 47वें राष्‍ट्रपति के रूप में आज रात शपथ लेंगे।

  • विश्व आर्थिक मंच की 55वीं वार्षिक बैठक आज स्विटजरलैंड के दावोस में शुरू। आर्थिक मंच के अध्यक्ष बोरगे ब्रेंडे ने भारत के सकल घरेलू उत्‍पाद में 7 से 8 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान व्‍यक्‍त किया।

  • केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि श्रम बोर्ड जल्द ही गिग वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाएगा।

  • कोलकाता में सियालदह की सत्र अदालत ने आरजी कर दुष्‍कर्म और हत्या मामले में मुख्य आरोपी संजय रॉय को उम्रकैद की सजा सुनाई।

  • दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज।

  •  महिला हॉकी इंडिया लीग में रांची में जेएसडब्‍ल्‍यू सूरमा हॉकी क्लब ने डेहली एसजी पाइपर्स को 5-1 से हराया।

***

डोनाल्ड ट्रम्प आज रात अमरीका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। यह उनका दूसरा कार्यकाल होगा। मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स वाशिंगटन, डीसी के कैपिटल रोटुंडा में उन्‍हें राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे। श्री ट्रम्प शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करेंगे। उनके साथ जे डी वेंस भी उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे।

 

78 वर्षीय ट्रम्प ने कल रात वाशिंगटन, डीसी में एक विजय रैली को संबोधित किया। उन्‍होंने  अमरीका के सामने आने वाले हर संकट को दूर करने के लिए ऐतिहासिक गति से कार्य करने का वादा किया।

 

विदेश मंत्री एस जयशंकर इस कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। विभिन्‍न देशों के राष्‍ट्राध्‍यक्ष और शीर्ष नेता समारोह में शामिल होंगे।

***

विश्व आर्थिक मंच की 55वीं वार्षिक बैठक आज स्विटजरलैंड के दावोस में शुरू हुई। पांच दिन की बैठक में विकास में तेजी, नई तकनीकों के उपयोग और सामाजिक तथा आर्थिक स्‍तर पर मजबूती लाने के उपायों पर विचार किया जाएगा।

 

 

वैश्विक बैठक में 130 से अधिक देशों के साढे तीन सौ सरकारी प्रतिनिधियों सहित करीब तीन हजार प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक मे भारत का प्रतिनिधित्व सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव, जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी कर रहे हैं। कुछ राज्यों के मंत्रियों के भी बैठक में भाग लेने की उम्मीद है। पांच दिन के कार्यक्रम के दौरान भारत के समावेशी विकास और डिजिटल क्रांति के मॉडल पर प्रकाश डाला जाएगा। समाचार कक्ष से प्राची प्रिया।

 

आर्थिक मंच के अध्यक्ष और मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी बोरगे ब्रेंडे ने दावोस में आर्थिक सुधार और निवेश के आधार पर भारत के सकल घरेलू उत्‍पाद में 7 से 8 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान व्‍यक्‍त किया। उन्‍होंने कहा कि भारत अपार संभावनाओं के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।

***

अमरीका के निवर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडेन ने आज पद छोडने से पहले 6 जनवरी, 2021 को कैपिटल पर हुए हमले की जांच करने वाली समिति में शामिल जनरल मार्क मिले, डॉ. एंथनी फौसी और कांग्रेस के सदस्यों के लिए क्षमा आदेश जारी किया। बाइडेन के राष्ट्रपति पद के अंतिम घंटों में आने वाला यह आदेश श्री ट्रम्‍प के कई मुखर आलोचकों की रक्षा के लिए हैं।

***

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा है कि श्रम बोर्ड जल्द ही गिग वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाएगा। आज नई दिल्ली में उन्‍होंने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा कवरेज पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार के उद्घाटन के बाद यह बात कही।

 

हमने हमारे लेबर कोर्ट में गीग वर्कर्स के लिए और गीग वर्कर्स की डेफिनेशन भी आईडेंटिफाई करी है और शॉर्ट टाइम में ही हम गीग वर्कर्स को सोशल सिक्योरिटी के अंदर लेकर आएंगे जो देश में आज सात और 1 मिलियन से अबव उसकी संख्या हो चुकी है जो सेक्टर में नया सेक्टर है उसको भी इस सेक्टर में काम करने के लिए भारत में ऑलरेडी पहला चालू कर दी है।

 

आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में श्रम एवं रोजगार सचिव सुमिता डावरा ने बताया कि सेमिनार में भारत के 60 करोड से अधिक कार्यबल को सामाजिक सुरक्षा के विभिन्न प्रावधानों के अंतर्गत लाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

 

सोशल सिक्योरिटी फॉर इनफॉरमल वर्कर इंडिया के अंदर जो 640 बिलीयन वर्कफोर्स हैं,  उसके अंदर जो हमारे इनफॉर्मल वर्कर्स हैं उनको कैसे हम हेल्थ कवरेज, लाइफ इंश्योरेंस कवरेज, सिकनेस हो तो उसका कैसे उनको कवरेज मिले। इसी तरह एक्सीडेंट बेनिफिट कवरेज यह सब कैसे हम सोशल सिक्योरिटी इनको दें। तो ये सब चर्चा है कि हम सभी देश अपने प्रोग्राम्स को  सोशल सिक्‍योरिटी के लिए कैसे और इफेक्टिव बनाएं।
अंतर्राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संघ के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद अज़मान ने असंगठित क्षेत्र के 90 प्रतिशत कार्यबल को ई-श्रम कार्यक्रम के माध्यम से डेटाबेस के अंतर्गत लाने में भारत की प्रगति का उल्‍लेख किया।

***

कोलकाता में सियालदह की सत्र अदालत ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ हुए दुष्‍कर्म और हत्या मामले में मुख्य आरोपी संजय रॉय को उम्रकैद की सजा सुनाई है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि अदालत ने पिछले शनिवार को संजय रॉय को इस मामले में दोषी करार दिया था।

 

सत्र न्यायाधीश अनिर्बान दास ने फैसला सुनाते हुए कहा कि राज्य सरकार को पीड़ित परिवार को 17 लाख रुपये का मुआवजा देना होगा। फैसला सुनाए जाने के समय अदालत के बाहर भारी भीड एकत्र हो गई थी जिसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्‍यापक इंतजाम किए थे। महिला प्रशिक्षु डॉक्टर का शव पिछले साल 9 अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज के एक सेमिनार हॉल से बरामद किया गया था। इसके अगले दिन कोलकाता पुलिस ने संजय रॉय को गिरफ्तार किया था। बाद में उसे सीबीआई को सौंप दिया गया। सीबीआई ने उसके खिलाफ न्‍यायालय में आरोप दत्र दायर किया था। कोलकाता से कल्‍याण लाहा की रिपोर्ट साथ समाचार कक्ष से जया भारती।

 

राष्‍ट्रीय महिला आयोग ने इस फैसले का स्‍वागत किया है आयोग ने कहा ये सजा समाज में न्‍याय की भावना पैदा करेगी और सभी को याद दिलाएगी कि ऐसे अपराधियों को बख्‍शा नहीं जाएगा।

***

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नाम वापस लेने का आज अंतिम दिन था। सत्‍तर सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर है। सभी दलों के उम्मीदवार और स्टार प्रचारक शहर में रोड-शो, रैलियां, जनसभाएं और घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज अपने उम्मीदवारों के पक्ष में विश्वास नगर और कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्रों में रैलियां कीं। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने भी अपने विधानसभा क्षेत्र कालकाजी में घर-घर जाकर प्रचार किया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने चुनाव प्रचार को गति देने के लिए आज अपने सभी पार्टी उम्मीदवारों के साथ संगठनात्मक बैठक की। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने आज ग्रेटर कैलाश क्षेत्र में पार्टी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। कालकाजी से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में घर-घर जाकर प्रचार किया। मादीपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार जे.पी. पंवार ने भी जनसभाएं कीं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान अगले महीने की 5 तारीख को होगा और मतगणना 8 फरवरी को होगी।

***

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन वापसी का आज आखिरी दिन था। अभी तक प्राप्‍त जानकारी के अनुसार 36 उम्‍मीदवारों ने अपना नाम वापस लिया है। दिल्ली निर्वाचन कार्यालय को कुल एक हजार पांच सौ 22 नामांकन प्राप्त हुए थे।  इनमें से चार सौ 87 नामांकनों को रद्द कर दिया गया।

***

आकाशवाणी समाचार आपके लिए दिल्ली विधानसभा चुनाव से संबंधित खास खबरों पर एक विशेष श्रृंखला लेकर आया है। आज की इस श्रृंखला में नई दिल्‍ली विधानसभा सीट पर हमारे संवाददाता सकलेन अख्‍तर की रिपोर्ट:-

 

नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र इस चुनाव की सबसे हॉट सीट है, जिस पर सभी की नज़र टिकी हुई है। यहाँ पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविन्द केजरीवाल चुनावी दंगल में है। वहीं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश वर्मा भाजपा से ताल ठोक रहे हैं, 15 साल तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रही शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित कांग्रेस ने दांव लगाया है। पिछले तीन चुनाव से लगातार  दिल्ली की सत्ता पर काबिज़ अरविन्द केजरीवाल के लिए इस बार राह आसान नहीं दिखाई दे रही है। नामांकन पत्रों की जांच के बाद इस सीट पर सभी सीटों मेंसे सबसे अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं। लगभग एक लाख दस हजार मतदाताओं वाली नई दिल्ली सीट के मतदाता मुख्य रूप से नौकरशाह और केंद्र सरकार के कर्मचारी हैं। प्रदूषण, पार्किंग, मानसून के दौरान जलभराव की समस्या, इस सीट के निवासियों के प्रमुख मुद्दे हैं। सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

***

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सभी राजनीतिक दलों से विधानमंडलों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए आंतरिक आचार संहिता बनाने की अपील की है।

 

पटना में अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन-एआईपीओसी के 85वें सत्र के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए, श्री बिरला ने विधानमंडलों में शिष्टाचार की कमी और विधायी निकायों की बैठकों की अल्‍पसंख्‍या पर चिंता व्यक्त की।

 

हमें कोशिश करना चाहिए सभी राजनीतिक दलों से चर्चा करकर, नियोचित गतिरोध को रोकने का प्रयास करें, सदन की गरिमा, प्रतिष्‍ठा बढ़ाने के लिए सभी राजनीतिक दल सहयोग करें, सभी राजनीतिक दलों से भी अपेक्षा है कि वह अपने-अपने दल में एक आचार संहिता बनाएं, सदनों में अपने-अपने चुने हुए प्रतिनिधियों को सदनों की गरिमा, प्रतिष्‍ठा बनाने के लिए राजनीतिक दल आचार संहिता बनाएं, क्‍योंकि किसी भी सदन की गरिमा उस सदन के माननीय प्रतिनिधि से है।

***

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि युवाओं की राष्ट्र निर्माण और समृद्धि में महत्‍वपूर्ण भूमिका होती हैं। दिल्ली में राष्‍ट्रीय कैडेट कोर- एनसीसी के गणतंत्र दिवस शिविर का दौरा करने के बाद कैडेटों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि भारत की संस्कृति 140 करोड़ लोगों की एकता के सूत्र में बंधी हुई है और प्रत्येक व्यक्ति का विकास समाज की प्रगति को दर्शाता है। उन्‍होंने कहा कि एनसीसी कैडेट में भारत का प्रतिबिम्‍ब दिखता है, जो विविधता में एकता को दर्शाता है और कैडेट यहां जो जीवन मूल्य सीखते हैं, वे हमेशा उनके साथ रहेंगे।

***

सरकार ने प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान आग की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा के व्‍यापक इंतजाम किए हैं। ब्‍योरा हमारे संवाददाता से –

महाकुंभ मेला क्षेत्र में कुल 50 दमकल स्टेशन और 20 दमकल चौंकी बनाए गए हैं। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चार हजार तीन सौ फायर हाइड्रेंट तैनात किए गए हैं। विभिन्न प्रकार के 351 से अधिक अग्निशमन वाहन और दो हजार से अधिक प्रशिक्षित कर्मचारी तैनात किए गए हैं। प्रत्येक अखाड़े के तंबू में भी अग्नि सुरक्षा के उचित उपाय किए गए हैं। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के महानिदेशक अविनाश चंद्र ने कहा कि पूरे महाकुंभ क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा को लेकर पूरी गंभीरता बरती जा रही है।

सरकार की बेहतर तैयारियों और त्वरित कार्रवाई की वजह से कल महाकुंभ में आग लगने की घटना पर तुरंत ही काबू पा लिया गया। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

***

जम्‍मू-कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर में आतंकवाद विरोधी अभियान में सेना का एक जवान शहीद हो गया। सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है। अभियान का आज दूसरा दिन है।

***

हॉकी इण्डिया लीग के महिला वर्ग में राँची में सूरमा हॉकी क्लब ने डेल्ही एस जी पाइपर्स को पांच- एक से हरा दिया है। इस जीत के साथ सूरमा नौ अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। पुरुष वर्ग में राउरकेला में सूरमा हॉकी क्लब का सामना श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स से हो रहा है। दूसरे क्‍वार्टर तक सूरमा ने दो – शून्‍य की बढत बनाई हुई है।

***

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग साप्‍ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्‍पीक में आज रात साढे नौ बजे सड़क सुरक्षा सुनिश्चित किये जाने पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अपर सचिव महमूद अहमद और परिवहन विशेषज्ञ अनिल छिकारा परिचर्चा के लिये हमारे स्‍टूडियो में मौजूद रहेंगे।

***

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • डोनाल्‍ड ट्रंप अमरीका के 47वें राष्‍ट्रपति के रूप में आज रात शपथ लेंगे।

    विश्व आर्थिक मंच की 55वीं वार्षिक बैठक आज स्विटजरलैंड के दावोस में शुरू। आर्थिक मंच के अध्यक्ष बोरगे ब्रेंडे ने भारत के सकल घरेलू उत्‍पाद में 7 से 8 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान व्‍यक्‍त किया।

  • केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि श्रम बोर्ड जल्द ही गिग वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाएगा।

  • कोलकाता में सियालदह की सत्र अदालत ने आरजी कर दुष्‍कर्म और हत्या मामले में मुख्य आरोपी संजय रॉय को उम्रकैद की सजा सुनाई।

  • दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज।

  • महिला हॉकी इंडिया लीग में रांची में जेएसडब्‍ल्‍यू सूरमा हॉकी क्लब ने डेहली एसजी पाइपर्स को 5-1 से हराया।

***