Download
Mobile App

android apple
signal

January 18, 2025 10:19 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत 65 लाख से अधिक संपत्ति कार्ड वितरित किए। उन्‍होंने कहा- ग्राम स्वराज को जमीन पर लागू करने के लिए सरकार पूरी ईमानदारी से प्रयास कर रही है।

  • विश्व बैंक ने भारत के लिए छह दशमलव सात प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया। कहा- भारत अगले दो वित्तीय वर्षों तक सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था का दर्जा बनाए रखेगा।

  • पश्चिम बंगाल की एक अदालत ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज दुष्‍कर्म और हत्या मामले में संजय राय को दोषी ठहराया। सोमवार को सुनाई जाएगी सजा।

  • केंद्र ने जम्मू के राजौरी जिले में रहस्यमय मौतों के कारणों की जांच के लिए अंतर-मंत्रालयी दल का गठन किया।

  • खो-खो विश्व कप में भारतीय महिला टीम दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में पहुंची।

  • और इंडिया ओपन बैडमिंटन में सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी मैन्‍स डबल्‍स सेमीफाइनल में हार कर बाहर हो गए।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज स्‍वामित्‍व योजना के अंतर्गत वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्‍यम से संपत्ति मालिकों को 65 लाख से अधिक संपत्ति कार्ड वितरित किए। ये कार्ड दस राज्‍यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 50 हजार से अधिक गांवों में वितरित किए गए हैं।

प्रधानमंत्री ने इस कदम को ग्रामीण अर्थव्‍यवस्‍था के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्‍होंने कहा कि स्‍वामित्‍व योजना लागू होने के बाद से पिछले पांच वर्षों में दो करोड़ 25 लाख से अधिक संपत्तियों के दस्‍तावेज जारी किए जा चुके हैं।

 

बीते 5 साल में लगभग डेढ़ करोड़ लोगों को यह स्वामित्व कार्ड दिए गए हैं। इस कार्यक्रम में 65 लाख से ज्यादा परिवारों को यह स्वामित्व कार्ड मिले। यानी स्वामित्व योजना के तहत गांव के करीब सवाद दो करोड़ लोगों को अपने घर का पक्का कानूनी डॉक्यूमेंट मिला है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा सरकार जमीनों के रिकॉर्डों का डिजिटलीकरण कर रही है और अब तक 23 करोड़ भू-आधार नंबर जारी किए जा चुके हैं। श्री मोदी ने कहा कि पिछले सात से आठ वर्षों में देश में 98 प्रतिशत जमीनों के रिकॉर्ड डिजिटल किए जा चुके हैं।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाएं महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार के कार्यों का उल्‍लेख करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में दो करोड़ 50 लाख से अधिक परिवारों को बिजली कनेक्शन दिए गए हैं और उज्ज्वला योजना के माध्यम से 10 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन मिले हैं।

 

स्‍वामित्‍व योजना का उद्देश्‍य ग्रामीण आबादी वाले क्षेत्रों में संपत्ति के मालिकों को मालिकाना हक प्रदान करना है। स्‍वामित्‍व योजना 2020 में शुरू की गई थी और इसके लिए सभी संपत्तियों का अत्‍याधुनिक ड्रोन प्रौद्योगिकी के माध्‍यम से सर्वेक्षण किया गया था।

महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि स्वामित्व योजना के तहत ई-सम्‍पत्ति कार्ड से राज्य के 15 हजार गांवों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि छत्रपति संभाजीनगर, भंडारा और धुले जिलों में सम्‍पत्ति कार्ड का वितरण शुरू हो चुका है। वर्धा जिले में पवनार की एक लाभार्थी वर्षा मंगलुरकर ने बताया कि उनका परिवार एक रेस्‍तरां चलाता है। ई-सम्‍पत्ति कार्ड की मदद से उन्हें ऋण मिला, जिससे उन्हें अपना व्यवसाय बढ़ाने में मदद मिली।

 

वर्षा मंगलुरकर है। मैं पवनार गांव से आई हूं। मेरा पवनार में वैक्‍टो होटल एण्‍ड फैमिली रेस्‍टोरेंट यहां पर हम काम करते हैं। वो होटल में हमारा स्‍वामित्‍व योजना के अंतर्गत हमको मिल्कियत पत्रक मिला हुआ है। इससे हमने दस लाख का लोन लिया है। वह लोन मिलने के हमको हमारे होटल की प्रोग्रेस में मदद हुई है।

जादगांव की एक अन्य लाभार्थी सीमा कुरुदकर ने भी बताया कि वह ई-सम्‍पत्ति कार्ड की मदद से ऋण लेगी।

 

मैं सीमा कुरुदकर जादगांव में रहती हूं। मुझे अभी अभी प्रॉपर्टी कार्ड मिला है, उस प्रॉपर्टी कार्ड का मैं आज से उपयोग करूंगी। बैंक से मैं लोन उठाऊंगी और वह लोन के पैसे से मैं अपने बच्‍चों की पढाई में लगाऊंगी और छोटा सा व्‍यवसाय उभारूंगी।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना किसी भेदभाव के लोगों को उनकी संपत्ति का मालिकाना हक दिया है। मुख्यमंत्री सिवनी जिले में स्वामित्व योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लाभार्थियों को संपत्ति कार्ड वितरित करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे।

स्वामित्व योजना के तहत इसी कड़ी में लद्दाख के करगिल में भी उपराज्यपाल ब्रिगेडियर डॉ. बी.डी. मिश्रा ने प्रदेश के 15 हजार आठ सौ 55 लाभार्थियों को संपत्ति कार्ड प्रदान किए।

विश्‍व बैंक ने वैश्‍विक वृद्धि दर अनुमान दो दशमलव सात प्रतिशत के मुकाबले भारत के लिए छह दशमलव सात प्रतिशत आर्थिक वृद्धि दर का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विश्‍व बैंक ने वैश्‍विक आर्थिक सम्‍भावना रिपोर्ट में कहा है कि अगले दो वित्त वर्षों में भारत दुनिया में सबसे तेज गति से विकसित हो रही बडी अर्थव्‍यवस्‍था बना रहेगा।

रिपोर्ट में इस असाधारण वृद्धि दर के लिए सेवा क्षेत्र में तेज गति से विकास और विनिर्माण आधार के बढने के साथ सरकार की सुधारात्‍मक उपायों को श्रेय दिया है। रिपोर्ट में यह अनुमान लगाया गया है कि अगले वर्ष चीन की आर्थिक वृद्धि दर घटकर चार प्रतिशत पर रह जाएगी। अंतरराष्‍ट्रीय मुद्राकोष ने भी भारत में मजबूत आर्थिक वृद्धि दर बने रहने का अनुमान जताया है। आईएमएफ ने वित्तवर्ष 2025-26 के दौरान भारत की आर्थिक वृद्धि दर छह दशमलव पांच प्रतिशत रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

 —-

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 118वीं कडी होगी। यह कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, एआईआर न्‍यूज वेबसाइट और न्‍यूज ऑन ए आई आर मोबाईल ऐप पर भी प्रसारित किया जाएगा। यह कार्यक्रम ए आई आर न्‍यूज, डीडी न्‍यूज, पीएमओ और सूचना प्रसारण मंत्रालय के यू ट्यूब चैनलों पर उपलब्‍ध रहेगा। मन की बात कार्यक्रम के हिन्‍दी में प्रसारण के तुरंत बाद आकाशवाणी से क्षेत्रीय भाषाओं में इसका प्रसारण किया जाएगा।

 

 

पश्चिम बंगाल में सियालदह की एक अदालत ने आज आरजी कर मेडिकल कॉलेज दुष्‍कर्म और हत्या मामले में संजय राय को दोषी ठहराया है। मामले की अगली सुनवाई 20 जनवरी को होगी। अदालत उसी दिन दोषी को सजा सुना सकती है। न्यायिक दंडाधिकारी ने कहा कि जांच एजेंसी सीबीआई ने जो साक्ष्य सौंपे हैं, उससे साबित होता है कि संजय राय इस घटना में दोषी हैं।

—-

 

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने जम्मू के राजौरी जिले में रहस्‍यमयी मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए एक अंतर-मंत्रालय दल के गठन का आदेश दिया है। गृह मंत्रालय के नेतृत्व में यह दल पिछले छह सप्ताह में हुई मौतों की तीन घटनाओं की जांच के लिए प्रभावित गांव का दौरा करेगा। दल में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, कृषि मंत्रालय, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय और जल संसाधन मंत्रालय के विशेषज्ञ शामिल होंगे। पशुपालन, खाद्य सुरक्षा और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशालाओं के विशेषज्ञ भी इसमें सहयोग करेंगे।

 

—-

 

केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह कल आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल-एनडीआरएफ के 20वें स्थापना दिवस समारोह में भाग लेंगे।

इस अवसर पर गृहमंत्री दो सौ करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान के दक्षिणी परिसर, एनडीआरएफ की 10वीं बटालियन के परिसर और सुपौल में क्षेत्रीय प्रतिक्रिया केंद्र के परिसर का भी कल उद्घाटन करेंगे। श्री शाह हैदराबाद में राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में एक नई एकीकृत इनडोर शूटिंग रेंजकी आधारशिला भी रखेंगे, जहां आईपीएस परिवीक्षाधीन अधिकारियों को फायरिंग कौशल में प्रशिक्षित किया जाएगा। इसका निर्माण 27 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस यात्रा के दौरान गृह मंत्री तिरुपति में राज्य सरकार की क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला भवन का भी उद्घाटन करेंगे। पल्‍लवी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती।

 

वक्फ संशोधन विधेयक, 2024 की समीक्षा के लिए गठित संयुक्त संसदीय समिति ने आज पटना में विभिन्‍न हितधारकों के साथ विचार-विमर्श और परामर्श किया। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष और वरिष्ठ सांसद जगदंबिका पाल ने की। हितधारकों ने समिति के सदस्‍यों के साथ अपने सुझाव साझा किए।

 

—-

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बुलेट ट्रेन को सिर्फ एक परिवहन पहल के रूप में नहीं, बल्कि आर्थिक एकीकरण के इंजन के रूप में देखा जाना चाहिए। महाराष्ट्र के ठाणे में इस परियोजना की प्रगति की समीक्षा करने के बाद, उन्होंने परियोजना की प्रगति पर सकारात्मक अपडेट साझा किया। श्री वैष्णव ने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद मुंबई, ठाणे, सूरत और अहमदाबाद जैसे शहरों में आर्थिक वृद्धि देखने को मिलेगी।

 

हाई स्पीड ट्रेन को एक ट्रांसपोर्टेशन प्रोजेक्ट की तरह मत देखिये। इसको देखिये आप इकोनॉमिक्स का इंटीग्रेशन यानी अगर जैसे मान लीजिए ढाई घंटे के अंदर अहमदाबाद से मुंबई अगर ट्रैवल होता है, तो एक तरीके से अहमदाबाद, आणंद, सूरत, बड़ौदा, वापी, थाने और मुंबई ये सारी इकोनॉमी ये सारे शहरों की इकोनॉमी इंटीग्रेट हो जाती है।

—-

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा ने आज भारतीय प्रबंधन संस्थान, अहमदाबाद-आईआईएमए में आयोजित हेल्थकेयर शिखर सम्मेलन के दूसरे संस्करण को संबोधित करते हुए भारत की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में बदलाव पर बल दिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवा में अनुसंधान की उभरती भूमिका का उल्‍लेख करते हुए कहा कि एक समय था जब अकादमिक अनुसंधान केवल अभिलेखागार तक ही सीमित था, लेकिन अब वैश्विक चुनौतियों के हल के लिए इसे प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

 

एक समय था आपके सारे अकादमिया के सारे रिसर्च वर्क किसी न किसी कबर्ड में अच्छे तरीके से सुरक्षित पड़े रहते थे। आज यह वातावरण उसका बदला है कि वो वहां पड़े रहने के लिए नहीं है। वह इस्तेमाल में आने के लिए है और उसको पॉलिसी मेकर्स के रूप में करने के लिए हम तैयार है।

 

 

मुंबई में अभिनेता सैफ अली खान पर हमले में शामिल एक संदिग्ध को छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है। दुर्ग रेलवे पुलिस बल के प्रभारी संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि मुंबई पुलिस की सूचना के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की गई, जिसकी पहचान आकाश कन्नौजिया के रूप में हुई है।

 

खबरें महाकुंभ से:-

जल शक्ति मंत्रालय के नमामि गंगे मिशन ने प्रयागराज में महाकुंभ 2025 में एक भव्य नमामि गंगे मंडप स्थापित किया है। यह मंडप गंगा नदी के संरक्षण और स्वच्छता के बारे में जागरूकता बढ़ाने का एक अनूठा माध्यम बन गया है। अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी, रचनात्मक प्रदर्शन और सूचनात्मक जागरूकता के साथ मंडप सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए एक आकर्षण बन गया है।

 

मंडप में आने वाले आगंतुक सबसे पहले संवादात्मक जैव विविधता तुरंत गुजरते हैं। जिसमें आधुनिक प्रक्षेपण तकनीक के माध्यम से पक्षियों की चहचहआहट और गंगा नदी के किनारे पाए जाने वाले जैव विविधता को प्रदर्शित किया गया है। यह न केवल पर्यावरण के सुंदरता को दर्शाती है बल्कि गंगा को स्वच्छ और जीवनदाई बनाए रखने के महत्व पर भी प्रकाश डालती है। मंडप में एक डिजिटल प्रदर्शनी भी है, जिसमें गंगा के संरक्षण और स्वच्छता के लिए विभिन्न प्रयासों को दर्शाया गया है। यह मंच नदियों के जलस्‍तर, स्‍वच्‍छता और प्रदूषण की स्थिति के बारे में जानकारी प्रदान करता है। प्रदर्शनी में नेशनल बुक ट्रस्‍ट द्वारा एक विशेष रीडिंग कार्नर भी है। जिसमें गंगा कुंभ मेले की गाथा, सामाजिक नीतियों और राष्ट्रीय गौरव से संबंधित पुस्तकों का संग्रह है। नमामि गंगे मिशन ने महाकुंभ में आने वाले सभी लोगों से अपील की है कि वह गंगा की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति जागरूक बने। आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।

—-

मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में कल घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। विभाग ने कहा कि मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर चलने की संभावना है।

—-

और अब खेल खबरें, भारतीय महिला टीम खो-खो विश्‍व कप के फाइनल में पहुंच गई है। आज नई दिल्‍ली में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 16 के मुकाबले 66 अंकों से हरा दिया है। फाइनल में कल भारत का मुकाबला नेपाल से होगा। उधर, पुरुष सेमीफाइनल में इस समय भारत का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से हो रहा है। नेपाल पहले ही फाइनल में पहुंच चुका है।

—-

इंडिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती समाप्‍त हो गई है। नई दिल्‍ली में पुरुष डबल्‍स के सेमीफाइनल में मलेशिया के गोह स्‍जे फेइ और नूर इज्जूद्दीन की जोडी ने चिराग शेट्टी और सात्विकसाइराज रंकी रेड्डी की जोडी को पराजित किया।

—-

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत 65 लाख से अधिक संपत्ति कार्ड वितरित किए। उन्‍होंने कहा- ग्राम स्वराज को जमीन पर लागू करने के लिए सरकार पूरी ईमानदारी से प्रयास कर रही है।

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे।

  • विश्व बैंक ने भारत के लिए छह दशमलव सात प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया। कहा- भारत अगले दो वित्तीय वर्षों तक सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था का दर्जा बनाए रखेगा।

  • पश्चिम बंगाल की एक अदालत ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज दुष्‍कर्म और हत्या मामले में संजय राय को दोषी ठहराया। सोमवार को सुनाई जाएगी सजा।

  • केंद्र ने जम्मू के राजौरी जिले में रहस्यमय मौतों के कारणों की जांच के लिए अंतर-मंत्रालयी दल का गठन किया।

  • खो-खो विश्व कप में भारतीय महिला टीम दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में पहुंची।

  • इंडिया ओपन बैडमिंटन में सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी पुरुष युगल सेमीफाइनल से बाहर।

—-