मुख्य समाचार :-
- सरकार ने राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के लिए 11 हजार 400 करोड़ रुपये से अधिक के पुनरुद्धार पैकेज को मंजूरी दी।
- गृहमंत्री अमित शाह ने मध्य प्रदेश में तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन की समीक्षा की।
- 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त। एक हजार से अधिक उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।
- भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए संकल्प पत्र जारी किया। गरीब महिलाओं को ढाई हजार रुपये प्रतिमाह और 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर देने का वादा किया।
- विदेश मंत्रालय ने कहा – रूसी सेना में सेवारत 12 भारतीय नागरिक अब तक संघर्ष में अपनी जान गंवा चुके हैं और 16 अभी लापता।
- इंडिया ओपन बैडमिंटन में, पीवी सिंधू और के० जॉर्ज सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में हारे।
- और खो-खो विश्व कप में, भारतीय महिला टीम ने बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
*******
आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति-सीसीईए ने राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड-आरआईएनएल के लिए 11 हजार 440 करोड़ रुपये के पुनरुद्धार पैकेज को मंजूरी दे दी है। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली में संवाददाता को बताया कि कैबिनेट की कल हुई बैठक में पुनरुद्धार पैकेज को मंजूरी दी गई। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश में स्थित आरआईएनएल देश के इस्पात क्षेत्र की महत्वपूर्ण कंपनी है। इस पैकेज से आरआईएनएल के सभी कर्मचारियों के साथ-साथ आरआईएनएल की आर्थिक गतिविधियों से जुड़े सभी लोगों को लाभ होगा।
*******
गृह मंत्री अमित शाह ने आज मध्य प्रदेश में तीन नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन का आकलन करने के लिए नई दिल्ली में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। गृहमंत्री ने नए आपराधिक कानूनों को लागू करने में मध्य प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना की। गृह मंत्री ने राज्य में जल्द से जल्द कानूनों के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन पर बल दिया। श्री शाह ने कहा कि आतंकवाद और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने से पहले वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को यह जांच करनी चाहिए कि क्या मामला उन धाराओं में दर्ज करने योग्य है। उन्होंने कहा कि इन कानूनी प्रावधानों का दुरुपयोग नए आपराधिक कानूनों की पवित्रता को कमजोर करेगा। गृह मंत्री ने वंचितों के लिए न्याय सुनिश्चित करने के लिए एक मजबूत कानूनी सहायता प्रणाली की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि गरीबों को कानूनी सहायता प्रदान करना सरकार की जिम्मेदारी है। बैठक में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
*******
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा और सुरक्षा माहौल में बढ़ते तनाव को देखते हुए देश की आक्रामक और रक्षात्मक प्रतिक्रियाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि देश के रक्षा बलों के काम में समय के साथ जटिलताएं बढ़ती जा रही हैं। वे आज नई दिल्ली में नौसेना के एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। रक्षा मंत्री ने कहा कि देशभक्ति और अनुशासन की भावना सैनिकों को देश के प्रति जिम्मेदारी पूरा करने में मदद करती हैं। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक समृद्धि समुद्री सुरक्षा से जुड़ी हुई है और इसकी रक्षा करना आवश्यक है।
*******
संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि भारत दूर-संचार और डिजिटल क्षेत्रों में विश्व का अग्रणी देश बन गया है। उन्होंने आज नई दिल्ली में डिजिटल भारत निधि पोषित 4जी मोबाईल साइट्स पर संचार साथी मोबाईल ऐप, राष्ट्रीय ब्रॉडबैंड मिशन 2.0 और इंट्रा सर्किल रोमिंग का शुभारंभ किया। श्री सिधिया ने दूर-संचार की क्रांतिकारी शक्ति पर बल देते हुए कहा कि यह क्षेत्र अब देश के विकास को संचालित करने वाला क्षेत्र बन गया है। संचार साथी पोर्टल की सहायता से चोरी हुए 25 लाख फोन में से अब तक 15 लाख का पता लगा लिया गया है। उन्होंने कहा कि यूपीआई के जरिए देश में पिछले वर्ष लगभग 247 लाख करोड रूपये के करीब 172 अरब लेनदेन हुए हैं।
*******
कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने आज नई दिल्ली में सोलर कम्युनिटी हब मोबाइल वैन प्रशिक्षण इकाइयों को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर जयंत चौधरी ने कहा कि सौर ऊर्जा से चलने वाली ये मोबाइल प्रशिक्षण इकाइयां शिक्षा और विकास के अवसरों को सीधे वंचित समुदायों तक पहुंचाएंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल डिजिटल और वित्तीय साक्षरता पर ध्यान केंद्रित करेगी और समावेशी विकास को बढ़ावा देगी।
*******
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया आज समाप्त हो गई। एक हजार से अधिक उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। भारतीय जनता पार्टी की शिखा राय और नीरज बसोया ने नामांकन दाखिल किया। आम आदमी पार्टी के अवध ओझा, राखी बिडलान और बंदना कुमारी ने भी नामांकन भरे। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 20 जनवरी है।
आज राजधानी में नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के साथ ही आम आदमी पार्टी, भाजपा, कांग्रेस के साथ-साथ छोटे दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए पदयात्राएं और बैठकें कर रहे हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता अनुराग सिंह ठाकुर, पार्टी सांसद बांसुरी स्वराज और दिल्ली भाजपा के कई नेताओं ने पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में शहर के विभिन्न हिस्सों में प्रचार किया। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के अन्य नेताओं ने भी शहर में रोड शो और पदयात्राएं कीं। कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव और अन्य नेताओं ने भी मतदाताओं से उनके पक्ष में वोट करने की अपील की। इस विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और कांग्रेस द्वारा मतदाताओं को लुभाने के लिए किए गए वादों के बाद आज भाजपा ने भी मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए पेंशन, एलपीजी सिलेंडर और गरीब महिलाओं को वित्तीय लाभ से जुड़े वादों की झड़ी लगा दी। आकाशवाणी समाचार के लिए सकलेन अखतर
*******
भारतीय जनता पार्टी- भाजपा ने आज कहा कि अगर पार्टी दिल्ली में सत्ता में आती है तो राष्ट्रीय राजधानी में प्रत्येक गरीब महिला को प्रतिमाह दो हजार पांच सौ रूपये और पांच सौ रूपये में रसोई गैस सिलेंडर दिए जाएंगे। पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज नई दिल्ली में पहला संकल्प पत्र जारी किया। पार्टी ने केन्द्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के कार्यान्वयन का भी वचन दिया। इस अवसर पर श्री नड्डा ने कहा कि भाजपा शहर में पांच लाख रूपये का अतिरिक्त स्वास्थ्य खर्च भी देगी। श्री नड्डा ने कहा कि अगर भाजपा सरकार बनाती है तो यह अटल कैंटीन योजना के अंतर्गत सभी झुग्गी झोपडी वाली बस्तियों में पांच रूपये में पोषण युक्त भोजन उपलब्ध करायेगी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को प्रति महीने मिलने वाली दो हजार रूपये की पेंशन की राशि को बढाकर ढाई हजार रूपये कर दी जाएगी।
भाजपा के संकल्प पत्र पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने स्वीकार कर लिया है कि आम आदमी पार्टी शासित सरकार राष्ट्रीय राजधानी में कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। इस बीच कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेडा ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी और भाजपा ने राष्ट्रीय राजधानी में कोई भी कार्य नही किया है। नई दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब की महिलाओं को हजार रूपये देने के अपने चुनावी वादे को पूरा नही किया है।
*******
रूसी सेना में कार्यरत कुल 12 भारतीय नागरिकों की जान संघर्ष में अब तक जा चुकी है और 16 भारतीय नागरिक अभी लापता हैं। नई दिल्ली में आज मीडिया से बातचीत में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि केरल के बिनिल बाबू की मौत दुर्भाग्यपूर्ण है। मंत्रालय ने उनके परिजनों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की है। श्री जायसवाल ने कहा कि युद्ध में घायल एक अन्य भारतीय नागरिक का इलाज मॉस्को के एक अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने कहा कि रूसी सेना में अपनी सेवाएं देने वाले अब तक 96 भारतीय नागरिकों को रूसी सेना द्वारा मुक्त कर दिया गया है। वे भारत लौट चुके हैं।
बांग्लोदश की स्थिति को लेकर प्रवक्ता ने कहा कि भारत बांग्लोदश के साथ मित्रतापूर्ण संबंध चाहता है। श्री जायसवाल ने बताया कि विदेश मंत्री डॉ० सुब्रमण्यम जयशंकर अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल विडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दस राज्यों और दो केन्द्र शासित प्रदेशों के पचास हजार से अधिक गांवों में संपत्ति मालिकों को स्वामित्व योजना के अंतर्गत 65 लाख से अधिक संपत्ति कार्ड वितरित करेंगे। इस योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री ने किया था। इसका उद्देश्य उन्नत ड्रोन प्रौद्योगिकी सर्वेक्षण के जरिए घरों के अधिकार का रिकॉर्ड प्रदान करके ग्रामीण भारत के आर्थिक विकास को बढावा देना है।
*******
खबरे महाकुम्भ से:-
प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान 29 जनवरी मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान के लिए सरकार व्यापक तैयारी कर रही है। त्रिवेणी संगम पर मौनी अमावस्या के दिन आठ करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों के पवित्र स्नान करने की उम्मीद है।
महाकुम्भ मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के लिए मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और डीजीपी प्रशांत कुमार ने कल महाकुंभ क्षेत्र का दौरा किया और इंटीग्रेटेड कमांड तथा कंट्रोल सेंटर में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्य सचिव ने कहा कि महाकुंभ में प्रधानमंत्री के संभावित आगमन और संभावित मंत्रिमण्डल बैठक को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। इसके अलावा उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को सभी सेक्टरों में अपनी मौजूदगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव और डीजीपी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने मेला क्षेत्र समेत सभी स्थानों पर पर्याप्त पुलिसबल की मौजूदगी की जरूरत पर जोर दिया साथ ही शीर्ष अधिकारियों ने जलापूर्ति, स्वच्छता, लोक निर्माण, परिवहन, रेलवे, दूरसंचार और अन्य क्षेत्रों की भी समीक्षा की। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
*******
मौसम विभाग ने कल पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और चंडीगढ़ के कई हिस्सों में रात और सुबह के समय तथा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले दो दिन घने कोहरे की स्थिति की सम्भावना जताई है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज के साथ तेज बारिश की संभावना व्यक्त की है। विभाग के अनुसार कोमोरिन क्षेत्र और मन्नार की खाड़ी में तूफानी मौसम की स्थिति बनी रहने की उम्मीद है।
*******
इंडिया ओपन बैडमिंटन में, चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की भारतीय जोड़ी ने पुरूष डबल्स के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। क्वार्टरफाइनल में उन्होंने दक्षिण कोरिया के जिन योंग और कांग मिन-ह्युक की जोड़ी को हराया। इससे पहले सिंगल्स के क्वार्टरफाइनल में पी.वी सिंधु और किरण जॉर्ज को हार का सामना करना पड़ा।
*******
नई दिल्ली में चल रहे खो-खो विश्व कप में भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। क्वार्टरफाइनल में भारत ने बांगलादेश 109-16 से हराकर शानदार जीत दर्ज की है। एक अन्य क्वार्टरफाइनल मैच में भारतीय पुरूष टीम का सामना श्रीलंका से हो रहा है।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- सरकार ने राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के लिए 11 हजार 400 करोड़ रुपये से अधिक के पुनरुद्धार पैकेज को मंजूरी दी।
- संसद का बजट सत्र इस माह की 31 तारीख को शुरू होगा।
- 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त। एक हजार से अधिक उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।
- भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी किया। गरीब महिलाओं को ढाई हजार रुपये प्रतिमाह और 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर देने का वादा किया।
- विदेश मंत्रालय ने कहा, रूसी सेना में सेवारत 12 भारतीय नागरिक अब तक संघर्ष में अपनी जान गंवा चुके हैं और 16 अभी भी लापता।
- इंडिया ओपन बैडमिंटन में, चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज रंकीरेड्डी की जोड़ी ने पुरूष डबल्स के सेमीफाईनल में जगह बनाई।
- और खो-खो विश्व कप में, भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई पुरूष टीम का मुकाबला श्रीलंका से जारी।
*******