Download
Mobile App

android apple
signal

January 16, 2025 10:13 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

  • सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 8वें वेतन आयोग के गठन को मंजूरी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – इस फैसले से लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार होगा और उपभोग को बढ़ावा मिलेगा।

  • केंद्रीय मंत्रिमंडल ने श्रीहरिकोटा में इसरो के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के तीसरे लॉन्च पैड की स्थापना की स्‍वीकृति दी।

  • क्यूएस वर्ल्ड फ्यूचर स्किल्स इंडेक्स में भारत ने डिजिटल कौशल में कनाडा और जर्मनी से ऊपर दूसरा स्थान हासिल किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि पर, खुशी व्‍यक्‍त की।

  • छत्तीसगढ़ में दक्षिण बस्तर के जंगलों में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 12 माओवादी मारे गये।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ब्रिटेन के रक्षा सचिव जॉन हीली के साथ टेलीफोन पर बातचीत की; दोनों देशों ने, रक्षा सहयोग मुद्दों पर चर्चा की।

  • पी.वी सिंधु और किरण जॉर्ज ने इंडिया ओपन बैडमिंटन के सिंगल्‍स क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

*******

सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 8वें वेतन आयोग के गठन को आज मंजूरी दे दी। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 7वें वेतन आयोग का कार्यकाल 2026 में समाप्त होने वाला है और 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें प्राप्त करने के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा।

 

केंद्रीय सरकार के सभी कर्मचारियों के लिए एक सेंट्रल पे कमीशन को मंजूरी दे दी है। ऐट सेंट्रल पे कमीशन 1947 से अब तक सात पे कमीशन हुए और प्रधानमंत्री जी ने एक रेगुलर रिदम के साथ पे कमीशन बनाने का जो एक संकल्प लिया है उसके हिसाब से 2016 में लास्ट पे कमिशन सेवंथ पे कमीशन स्टार्ट हुआ था तो 2026 में इसका टर्म कंप्लीट होता है।

 

श्री वैष्‍णव ने कहा कि आयोग के लिए एक अध्यक्ष और दो सदस्यों की नियुक्ति शीघ्र ही की जाएगी।

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि 8वें वेतन आयोग के फैसले से लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार आएगा और उपभोग को बढावा मिलेगा। सोशल मीडिया पर पोस्ट में श्री मोदी ने सभी सरकारी कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की, जो एक विकसित भारत के निर्माण के लिए काम कर रहे हैं।

*******

रेलवे यूनियनों के नेताओं ने 8वें केंद्रीय वेतन आयोग के गठन की घोषणा के लिए केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया है। इस फैसले से 45 लाख से अधिक केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और 68 लाख से अधिक पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा। ऑल इंडिया रेलवेमेन फेडरेशन के महासचिव और कर्मचारी पक्ष के सचिव शिव गोपाल मिश्रा ने आज नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने रेलकर्मियों, सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और पेंशनभोगियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।

 

 मैं, धन्‍यवाद देना चाहता हूं, खास तौर पर प्रधानमंत्री जी को कि उन्‍होंने समय रहते हुए फिर एक बार सरकारी कर्मचारियों के हित में बहुत बड़ा निर्णय लिया। इससे हमारे 40 लाख सिविलियंस इम्‍प्‍लाई हैं उनके परिवार और जो मिलेट्री के लोग हैं, पैरा मि‍लेट्री के लोग हैं उन सबको बहुत खशी होगी।     

नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमेन के अध्यक्ष गुमान सिंह ने भी इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री और सरकार को धन्यवाद दिया है।

*******

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में तीसरे लॉन्‍च पैड-टीएलपी की स्‍थापना को स्‍वीकृति दे दी। इस टीएलपी परियोजना से इसरो के अगली पीढ़ी के प्रक्षेपण वाहनों के लिए श्रीहरिकोटा में बुनियादी ढांचे की स्‍थापना पर बल मिलेगा।  नई दिल्‍ली में केन्‍द्रीय मंत्रिमण्‍डल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने बताया कि तीसरे लॉन्‍च पैड की स्‍थापना से भारत के अंतरिक्ष बुनियादी ढांचे के लिए महत्‍वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगा।

 

यह कैबिनेट में माननीय प्रधानमंत्री जी ने तीन हजार नौ सौ 85 करोड़ रूपीस की कॉस्ट से थर्ड लॉन्च पैड सैंक्शन किया है जो कि देश के लिए स्पेस इंफ्रास्ट्रक्चर में बहुत एक इंर्पोटेंट माइलस्टोन साबित होगा। आप फर्स्ट और सेकंड लॉन्च पैड को आप देखेंगे उससे कई ज्यादा कैपेसिटी इसकी रॉकेट को किस तरह से प्लेस करना दो रॉकेट के बीच में गैप कितना होना चाहिए ज्यादा थ्रस्‍ट जहां चाहिए ज्यादा पावर चाहिए रॉकेट को उसके हिसाब से उसकी डिजाइन होनी चाहिए।

*******

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो ने आज स्‍पेडेक्‍स मिशन के तहत दो उपग्रहों की डॉकिंग प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्‍न किया है। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस उपलब्धि की प्रशंसा करते हुए इसरो के वैज्ञानिकों और उपग्रहों की अंतरिक्ष डॉकिंग के सफल प्रदर्शन के लिए अंतरिक्ष दल को बधाई दी है। केंद्रीय विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी राज्‍य मंत्री डॉक्‍टर जितेन्‍द्र सिंह ने इस उपलब्धि को अविश्‍वसनीय बताया है।

 

टीम इसरो बधाई के पात्र हैं। और साथ में आभार प्रकट कर रहे हैं, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी जिन्‍होंने हमें एक बिलीव दिया कि यह सब संभव होगा। हमारी यह योजना भारतअंतरिक्ष स्‍टेशन होगा एक, जो हमारा देश में एक अपना लैब अंतरिक्ष स्टेशन रहेगा वहां अगर आवाजाही करनी है जानाआना है तो कैसे होगा। यह ऐसी क्षमता थी जिसके बिना हमारे आगे की प्रगति रुक जाती और अब हम उसी प्रकार से क्षमतावान हैं जैसे की कोई भी और देश।

 

इसरो द्वारा स्‍वदेश में विकसित भारतीय डॉकिंग प्रणाली की सफलता के बाद भारत अमरीका, रूस और चीन के बाद इस प्रौद्योगिकी का उपयोग करने वाला चौथा देश बन गया है।

*******

क्यूएस वर्ल्ड फ्यूचर स्किल्स इंडेक्स ने डिजिटल कौशल के लिए भारत को कनाडा और जर्मनी से आगे दूसरे स्थान पर रखा है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि पर खुशी व्‍यक्‍त की है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में सरकार ने देश के युवाओं को ऐसे कौशल से लैस करके उन्हें मजबूत बनाने पर काम किया है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और आय अर्जित कर सकें। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामण ने कहा कि भारत को कौशल प्रदान करना केंद्र सरकार द्वारा विकसित भारत की दिशा में उठाया गया एक मिशन है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और हरित कौशल में भारत चौथे स्थान पर है।

*******

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज ब्रिटेन के रक्षामंत्री जॉन हीली के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। दोनों मंत्रियों ने रक्षा सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों में गति बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन और जेट इंजन जैसे रक्षा प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच हुई प्रगति की समीक्षा की।

*******

सिंगापुर के राष्ट्रपति थरमन षानमुगरत्नम ने आज शाम नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। इस दौरान भारत और सिंगापुर के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु और राष्ट्रपति शानमुगरत्नम ने दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 60वीं वर्षगांठ मनाने के लिए एक संयुक्त लोगों का अनावरण किया। सिंगापुर के राष्‍ट्रपति से प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भी मुलाकात की।  सिंगापुर के राष्ट्रपति भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर हैं।

*******

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि सरकार नागरिकों के लिए सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। नई दिल्‍ली में सड़क सुरक्षा पर दूसरे राष्ट्रीय कॉन्क्लेव इंडियन रोड @2030: द सेफ स्‍पेस को संबोधित करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 66 प्रतिशत मृत्‍यु 18 से 45 वर्ष की आयु वर्ग में होती हैं।

 

टोटल डेथ जो होती है, उसमें 66 दशमलव 4 प्रतिशत, एक लाख 14 हजार 18 से 45 ऐज ग्रुप में होती है। यंग लड़के, लड़कियां, डॉक्टर, इंजीनियर, अकेली लड़की, अकेले लड़का, 51 से ऊपर की मृत्‍यु आप सोचिए। अभी हमने कानून में सुधार किया है कि सामने भी बेल्‍ट लगाना पडेगा और पीछे बैठने वाले लोगों को भी लगाना पडेगा। यह करने से हम लोग निश्चितरूप से बचा सकते हैं।

*******

छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के साथ चल रही मुठभेड़ में 12 नक्‍सली मारे गए हैं। बीजापुर जिले में तेलंगाना सीमा पर दक्षिण बस्तर के जंगलों में आज सुबह से यह मुठभेड़ जारी है। इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में नक्‍सलियों की खुफिया सूचना मिलने के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की कोबरा बटालियन और जिला रिजर्व गार्ड की संयुक्त टीम दक्षिण बस्तर के जंगलों में तलाशी अभियान पर थी। आज सुबह से ही सुरक्षा बलों और नक्‍सलियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक और सीआरपीएफ के महानिरीक्षक इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

*******

भारत, स्टार्टअप इंडिया की आज नौवीं वर्षगांठ मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्‍ट पर कहा है कि सरकार ने देश में स्टार्टअप की संस्कृति को प्रोत्साहन दिया है।

*******

वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि आत्‍मनिर्भर, समावेशी और वैश्विक रूप से प्रतिस्‍पर्धी भारत के विजन को साकार करने में देश के स्‍टार्टअप महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्‍होंने आज नई दिल्‍ली में स्‍टार्टअप इंडिया के नौ वर्ष के उत्‍सव पर प्रभात फैक्‍ट बुक और भारत स्‍टार्टअप चेलेंज से शुभारंभ के अवसर पर यह बात कही।

*******

आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के कई प्रमुख उम्मीदवारों ने आज दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन-पत्र दाखिल किए। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज और गोपाल राय, भाजपा नेता हरीश खुराना, मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद और कपिल मिश्रा ने अपने नामांकन दाखिल किए। संदीप दीक्षित और अरीबा खान सहित कुछ अन्य कांग्रेस उम्मीदवारों ने भी आज अपना नामांकन दाखिल किया है।

*******

भारतीय जनता पार्टी ने आज दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नौ उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की है। कांग्रेस ने भी आज पांच उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की है। दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान और 8 फरवरी को मतगणना होगी।

 *******

खबरे महाकुम्‍भ से :-

 

प्रयागराज के महाकुंभ मेले में आज संस्कृति का महाकुंभ नामक भव्य सांस्कृतिक उत्सव शुरू हुआ। उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गंगा पंडाल में इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया। यह उत्‍सव अगले महीने 24 फरवरी तक चलेगा।

 

इस बृहत कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की समृद्ध झलक देखने को मिलेगी।  इसमें लोकगीत सहित विभिन्‍न प्रकार की भारतीय संगीत और नृत्‍य कला देखने को मिलेगी। मुख्य मंच गंगा पंडाल में अलगअलग दिनों में देश भर के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उत्तर प्रदेश के संस्कृति विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र यादव ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में बताया कि कई अन्य प्रसिद्ध कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दी।

 

शुभारंभ के तुरंत पश्‍चात प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन जी की शानदार प्रस्‍तुति हुई, उसके बाद रित्विक सान्‍याल जी पद्मश्री की प्रस्‍तुति के साथसाथ अन्‍य प्रस्‍तुतियां भी हुई।

 

10 हजार दर्शकों की क्षमता वाला गंगा पंडाल भक्ति और विरासत के इस उत्सव का मुख्य स्थल है। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क है और दर्शक प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात्रि के 9 बजे तक कलाकारों की प्रस्‍तुतियां देख सकते हैं। आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

 

दस देशों से आए 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने आज त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान किया। उन्होंने हेलीकॉप्टर के जरिए महाकुंभ क्षेत्र का हवाई दृश्य भी देखा। विदेश मंत्रालय द्वारा आमंत्रित प्रतिनिधिमंडल कल महाकुंभ पहुंचा।

*******

पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मेदिनीपुर जिले में मेडिकल कॉलेज और अस्‍पताल के चिकित्‍सा अधीक्षक और उप प्राचार्य सहित 12 डॉक्‍टर निलंबित कर दिये गये हैं। गर्भवती महिला के ऑपरेशन के दौरान मानक प्रक्रिया का पालन नहीं करने पर उन्‍हें निलंबित किया गया। बच्‍चे को जन्‍म देने के बाद इस महिला की मौत हो गई थी।

*******

विश्‍वविद्यालय अनुदान आयोग-यूजीसी ने राजस्‍थान में तीन विश्‍वविद्यालयों को पीएचडी के तहत शोधार्थियों का नामांकन करने से रोक दिया है। ये विश्‍वविद्यालय शैक्षिक वर्ष 2025 – 26 से अगले पांच वर्ष तक शोधार्थियों का नामांकन नहीं कर सकेंगे।

*******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रपति भवन में कल राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2024 प्रदान करेंगी। विश्व शतरंज चैंपियन डी. गुकेश, पेरिस ओलंपिक में दोहरी पदक विजेता मनु भाकर, भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पेरिस पैरालिंपिक में स्वर्ण पदक विजेता प्रवीण कुमार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार प्रदान करेंगी। 32 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा।

*******

आकाशवाणी से पुरस्‍कार वितरण समारोह का आंखो देखा हाल दिन में ग्‍यारह बजे से प्रसारित किया जाएगा। इसे आकाशवाणी के इंद्रप्रस्‍थ, एफएम गोल्‍ड और आकाशवाणी न्‍यूज लाइव चैनल 24 x 7 पर सुना जा सकता है। 

*******

इंडिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्‍स में पीवी सिंधू, पुरुष सिंगल्‍स में किरण जॉर्ज  और पुरुष डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी क्‍वार्टर फाइनल में पहुंच   गई हैं। सिंधु ने आज जापान की मनामी सुईजू को और किरण जार्ज ने फ्रांस के एलेक्‍स लेनियर को पराजित किया।

*******

खोखो विश्व कप में इस समय इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में भारतीय पुरुष टीम का मुकाबला भूटान से हो रहा है। ताजा समचार मिलने तक भारत, भूटान से 18 के मुकाबले 46 अंको से आगे चल रहा है।

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 8वें वेतन आयोग के गठन को मंजूरी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – इस फैसले से लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार होगा और उपभोग को बढ़ावा मिलेगा।

  • केंद्रीय मंत्रिमंडल ने श्रीहरिकोटा में इसरो के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के तीसरे लॉन्च पैड की स्थापना की स्‍वीकृति दी।

  • क्यूएस वर्ल्ड फ्यूचर स्किल्स इंडेक्स में भारत ने डिजिटल कौशल में कनाडा और जर्मनी से ऊपर दूसरा स्थान हासिल किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि पर, खुशी व्‍यक्‍त की।

  • छत्तीसगढ़ में दक्षिण बस्तर के जंगलों में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 12 माओवादी मारे गये।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ब्रिटेन के रक्षा सचिव जॉन हीली के साथ टेलीफोन पर बातचीत की; दोनों देशों ने, रक्षा सहयोग मुद्दों पर चर्चा की।

  • पी.वी सिंधु और किरण जॉर्ज ने इंडिया ओपन बैडमिंटन के सिंगल्‍स क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

*******