Download
Mobile App

android apple
signal

January 15, 2025 9:59 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीन नए अग्रणी नौसेना युद्धपोत आईएनएस सूरत, आईएनएस नीलगिरि और आईएनएस वाघषीर राष्ट्र को समर्पित किये; कहा – भारत विश्व में एक प्रमुख समुद्री शक्ति के रूप में उभर रहा है।

  • राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री और रक्षा प्रमुख ने सेना दिवस के अवसर पर देश के साहसी सैनिकों को शुभकामनाएं दीं।

  • दक्षिण कोरिया के महाभियोग के बाद राष्ट्रपति यूं सुक येओल को प्रवर्तन अधिकारियों ने गिरफ्तार किया।

  • मेटा इंडिया ने सीईओ मार्क जकरबर्ग के उस बयान के लिए माफी मांगी है जिसमें 2024 के चुनाव  पर टिप्‍पणी की थी।

  • क्रिकेट में, राजकोट में भारतीय महिला टीम ने आयरलैंड को तीसरे और अंतिम एकदिवसीय मैच में 304 रन से हराकर अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। श्रृंखला तीन-शून्‍य से जीती।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज नवी मुंबई के खारघर में इस्कॉन मंदिर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर पूजा-अर्चना भी की। इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री श्री राधा मदनमोहनजी मंदिर, आध्यात्मिकता और ज्ञान की संपूर्ण परंपरा को दर्शाता है!

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत एक जीवंत भूमि और जीवंत संस्कृति है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति की चेतना आध्यात्मिकता है। श्री मोदी ने कहा कि अगर कोई भारत को समझना चाहता है तो उसे पहले आध्यात्मिकता को आत्मसात करना होगा। उन्होंने कहा कि हमारी आध्यात्मिक संस्कृति की नींव मानवता की सेवा की भावना है।

 

हर घर में शौचालय बनवाना, हर गरीब महिला को उज्वला का गैस कनेक्शन देना, घर तक नल से जल की सुविधा पहुंचना, हर गरीब को पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा देना। 70 वर्ष की आयु से ऊपर के हर बुजुर्ग को इस सुविधा के दायरे में लाना। हर बेघर को पक्के घर देना, यह इसी सेवा भावना के साथ किए गए कार्य हैं जो मेरे लिए हमारी महान सांस्कृतिक परंपरा का प्रसाद है।

 

इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी उपस्थित थे।

******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत विस्तारवाद नहीं बल्कि विकास की भावना से काम करता है। श्री मोदी ने आज मुंबई में नौसेना गोदी में तीन प्रमुख नौसैनिक युद्धपोतों आईएनएस सूरत, आईएनएस नीलगिरि और आईएनएस वाघषीर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत ने सदैव खुले, सुरक्षित, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र का समर्थन किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन भारत की समुद्री विरासत, नौसेना के गौरवशाली इतिहास और आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए बहुत बड़ा दिन है।

 

आज भारत की समुद्र विरासत नेवी के गौरवशाली इतिहास और आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए भी बहुत बड़ा दिन है। छत्रपति शिवाजी महाराज ने भारत में नौसेना को नया सामर्थ्‍य दिया था। नया विजन दिया था। आज उनकी इस पावन धरती पर 21वीं सदीं की नेवी को सशक्‍त करने की तरफ हम बहुत बड़ा कदम उठा रहे हैं।

 

श्री मोदी ने कहा कि भारत हिंद महासागर क्षेत्र में सबसे पहले कार्रवाई करने वाले देश के रूप में उभरा है। इससे भारत, भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल में वैश्विक भरोसा बढ़ा है।

 

भारत पूरे विश्‍व और खासकर ग्लोबल साउथ में एक भरोसेमंद और जिम्मेदार साथी के रूप में पहचाना जा रहा है। भारत विस्‍तारवाद नहीं, भारत विकासवाद की भावना से काम करता है। भारत में हमेशा ओपन सिक्‍योर इंक्लूसिव और प्रॉस्परस इंडो पेसिफिक रीजन का समर्थन किया है।

******

सतहत्‍तरवां थल सेना दिवस आज गर्व और उत्‍साह के साथ मनाया गया। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा प्रमुख अध्‍यक्ष जनरल अनिल चौहान ने इस अवसर पर सैन्‍य कर्मियों और पूर्व सैनिकों को शुभकामनाएं दी हैं।  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना दिवस के अवसर पर सेना कर्मियों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय सेना अपने साहस, बहादुरी, बलिदान और व्यावसायिकता के लिए जानी जाती है।

 

हमने रक्षा मंत्रालय में 2025 को ईयर आफ रिफॉर्म्स घोषित किया है इसके अंतर्गत हमने रक्षा मंत्रालय तथा तीनों सेना में जो भी जरूरी रिफॉर्म्स उनके ऊपर कार्य करने का संकल्प लिया है मुझे विश्‍वास है कि इस साल के अंत तक हम रक्षा क्षेत्र में कई रिफॉर्म को लागू कर चुके होंगे जो भारत के रक्षा क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने में सहायक सिद्ध होंगे।

******

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज नई दिल्ली में तीसरे काशी तमिल संगमम और केटीएस पोर्टल का शुभारंभ किया। उन्‍होंने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष काशी तमिल संगमम अगले महीने की 15 से 24 तारीख तक मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 10 दिन के इस कार्यक्रम में एक हजार दो सौ प्रतिनिधि, कारीगर और नवप्रवर्तक शामिल होंगे। श्री प्रधान ने कहा कि यह पहली बार होगा जब काशी तमिल संगमम के प्रतिभागी महाकुंभ का आनन्‍द लेंगे और अयोध्या में राम मंदिर का दौरा करेंगे।

 

इस बार काशी तमिल संगमम कुंभ के अंदर होगा। एक रात कुंभ में भी प्रतिनिधि रहने वाले हैं और अयोध्या का विशेषता इस बार यह बढ़ जाती है महाप्रभु श्री राम जी की जन्म स्थान में भव्य मंदिर और प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत यह पहला काशी तमिल संगमम होगा।

 

इस वर्ष के आयोजन का विषय सिद्ध चिकित्सा पद्धति और शास्त्रीय तमिल साहित्य में अगस्त्य ऋषि के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डालता है। इस कार्यक्रम में, पाँच श्रेणियों के अंतर्गत लगभग एक हज़ार लोग भाग लेंगे। इनमें विद्यार्थी, शिक्षक, किसान, कारीगर, पेशेवर, छोटे उद्यमी, महिलाएँ और शोधकर्ता शामिल हैं। इसके अलावा, सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों से 200 तमिल विद्यार्थियों का एक दल वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या की स्थानीय यात्राओं में भी भाग लेगा। इस आयोजन के लिए पंजीकरण पहली फरवरी तक kashitamil.iitm.ac.in पर किया जा सकता है।

******

मेटा इंडिया ने अपने मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी मार्क जकरबर्ग के उस बयान के लिए माफ़ी मांगी है जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत में मौजूदा सरकार कोविड-19 महामारी से निपटने के अपने तरीके के कारण 2024 में चुनाव हार गई। उनकी इस टिप्पणी को खडे हुए बड़े विवाद के बीच, कम्‍पनी ने माफ़ी मांगी है और इसे “अनजाने में हुई गलती” बताया है।

 

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा 2024 के चुनावों पर जकरबर्ग की टिप्पणी की तथ्य-जांच करने वाली पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए, मेटा इंडिया के उपाध्यक्ष शिवनाथ ठुकराल ने सोशल मीडिया- एक्स पर कहा कि मार्क की यह टिप्‍पणी कि 2024 के चुनावों में कई मौजूदा पार्टियां फिर से नहीं चुनी गईं, कई देशों के लिए सही है, लेकिन भारत के लिए नहीं।

 

अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को, ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में, भारत ने 2024 के चुनावों को 64 करोड से अधिक मतदाताओं के साथ आयोजित किया।

संचार और आईटी पर संसद की स्थायी समिति के प्रमुख- भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि पैनल गलत जानकारी को लेकर मेटा को बुलाएगा।

******

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का हर गरीब को पक्का घर देने का लक्ष्य जल्द ही पूरा होगा। मध्य प्रदेश के विदिशा में उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष सितंबर तक तीन लाख 68 हजार मकान बनाए जा चुके थे, इसके अलावा आठ लाख 21 हजार नए मकान बनाए जा रहे हैं और इस वर्ष अप्रैल तक इनका निमार्ण कार्य पूरा हो जाएगा।

 

किसान भाईयों जिनकी ढाई एकड़ तक की सीमित जमीन है और पांच एकड़ तक असीमित जमीन है उनको भी पीएम आवास दिया जाएगा और यह अब तय किया है सेल्‍फ सर्वे भी मान्‍य होगा। आप अपने मोबाइल से ही सर्वे कर सकते हो इसका फायदा यह होगा कि सर्वे में से किसी का नाम काटा ही नही जा सकता। सूची में से तो निकाला जाएगा।

******

और अब चलते हैं उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जहां विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम-महाकुंभ श्रद्धालुओं और भक्‍तों से गुंजायमान रहा। आज तीसरे दिन श्रद्धालुओं, तीर्थयात्रियों और आगंतुकों ने त्रिवेणी संगम के विभिन्न घाटों पर स्‍नान किया। अब तक करीब तीन करोड श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई है। इन पर हेलीकॉप्टरों से पुष्प वर्षा भी की गई।

******

प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में सरकार ने साफ-सफाई और श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ तथा गुणवत्तापूर्ण भोजन पर विशेष बल दिया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी करोडों श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ तथा गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित कर रहे हैं। ब्‍यौरा हमारे संवाददता से-

 

पूरे मेला क्षेत्र को 5 जोन और 25 सेक्टर में बांटकर खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। प्रत्येक सेक्टर में खाद्य सुरक्षा अधिकारी तैनात है। जो परोसे जाने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कर रहे हैं मेला परिसर में स्थित केंद्रीय कार्यालय से खाद्य सुरक्षा के लिए की गई सभी व्यवस्थाओं का संचालन किया जा रहा है। साथ ही तैनात की गई टीम के जरिए खाद्य पदार्थों के निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं और तीर्थ यात्रियों को बचाने के लिए फूड सेफ्टी का उपयोग किया जा रहा है। यह मोबाइल प्रयोगशाला है मेला क्षेत्र में भोजन और पेड़ पदार्थ का उसी स्थान पर जांच कर रही है। होटल और छोटे खाद्य स्टॉल्स पर बन रहे भोजन की गुणवत्ता सुरक्षित करने के लिए नियमित जांच की जा रही है और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अनुपम मिश्र के साथ आनंद कुमार महाकुंभ नगर, प्रयागराज।

******

भारतीय रेलवे ने महाकुंभ के तीसरे दिन 349 नियमित ट्रेनों के अलावा कुंभ के लिए 137 विशेष ट्रेनें संचालित की हैं। इनमें से दस हजार से अधिक नियमित और तीन हजार से अधिक विशेष ट्रेनें हैं।

******

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, आज अपने साप्ताहिक कार्यक्रम “चर्चा का विषय है” में राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड की स्थापना से भारत में हल्दी उत्पादन के प्रोत्साहन पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसे रात साढ़े नौ बजे से आकाशवाणी गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर सुना जा सकेगा।

******

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कई प्रमुख उम्मीदवारों ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। आज नामांकन के चौथे दिन कुल 194 नामांकन दाखिल किये गये। नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार तक चलेगी।

 

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया में तेजी आ गई है और सभी पार्टियों के प्रमुख नेता मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की जीतोड़ कोशिश कर रहे है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रवेश वर्मा ने आज नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया। वहीं दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने मालवीय नगर सीट से पर्चा दाखिल किया। इसके अलावा भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूडी ने कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। इस सीट से दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और कांग्रेस की अल्का लांबा चुनावी मैदान में हैं। राजधानी में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण विधानसभा चुनाव सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस ने अबतक, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन मामले में 180 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की हैं। इलके अलावा कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न प्रावधानों के तहत सात हजार 454 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दीपेंद्र कुमार आकाशवणी समाचार, दिल्‍ली।

******

दक्षिण कोरिया में महाभियोग के बाद राष्ट्रपति यूं सुक येओल को प्रवर्तन अधिकारियों ने गिरफ़्तार कर लिया है। उन पर पिछले महीने मार्शल लॉ लागू करने के उनके अल्पकालिक प्रयास के लिए महाभियोग और विद्रोह का आरोप लगाया गया था।

******

भारत और आयरलैंड के बीच तीन, एकदिवसीय महिला क्रिकेट मैचों की श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मैच भारत ने 304 रन के विशाल अंतर से जीत लिया है। इस जीत से भारत ने श्रृंखला तीन-शून्‍य से अपने नाम कर ली है।

******

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीन नए अग्रणी नौसेना युद्धपोत आईएनएस सूरत, आईएनएस नीलगिरि और आईएनएस वाघषीर राष्ट्र को समर्पित किये; कहा – भारत विश्व में एक प्रमुख समुद्री शक्ति के रूप में उभर रहा है।

  • राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री और रक्षा प्रमुख ने सेना दिवस के अवसर पर देश के साहसी सैनिकों को शुभकामनाएं दीं।

  • मेटा इंडिया ने सीईओ मार्क जकरबर्ग के उस बयान के लिए माफी मांगी है जिसमें 2024 के चुनाव  पर टिप्‍पणी की थी।

  • दक्षिण कोरिया में महाभियोग के बाद राष्ट्रपति यूं सुक येओल को प्रवर्तन अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया है।

  • क्रिकेट में, राजकोट में खेले गए भारतीय महिला टीम ने आयरलैंड को तीसरे और अंतिम एकदिवसीय मैच में 304 रन से हराकर अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। श्रृंखला तीन-शून्‍य से जीती।

******