Download
Mobile App

android apple
signal

January 14, 2025 10:14 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:-  

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड की स्थापना की सराहना की। उन्होंने कहा- इससे हल्दी उत्पादन में नवाचार, वैश्विक प्रचार और मूल्य संवर्धन के बेहतर अवसर सुनिश्चित होंगे।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के बिना अधूरा है; उन्होंने कहा – पाकिस्तान को अपने कब्‍जे वाले कश्‍मीर से आतंकवादी बुनियादी ढांचे को नष्ट करना होगा।

  • भारत ने रूस में एक भारतीय नागरिक की मृत्‍यु के मामले को नई दिल्‍ली में रूसी दूतावास के साथ उठाया, रूसी सेना में सेवारत शेष भारतीय नागरिकों की शीघ्र रिहाई की मांग दोहराई।

  • मकर संक्रांति, पोंगल, बिहू और उत्तरायण के त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाए गए, महाकुंभ में अमृत स्नान के दौरान तीन करोड़ 50 लाख से अधिक लोगों ने पवित्र डुबकी लगाई।

  • इंडिया ओपन बैडमिंटन में चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी पुरुष डबल्‍स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, पीवी सिंधु भी महिला सिंगल्‍स के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज राष्‍ट्रीय हल्‍दी बोर्ड की स्‍थापना की सराहना की। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में प्रधानमंत्री ने बोर्ड की स्‍थपना को विशेष रूप से हल्‍दी किसानों के लिए अत्‍यंत हर्ष का विषय बताया। उन्‍होंने कहा कि बोर्ड हल्‍दी के उत्‍पादन में नवाचार, वैश्‍विक संवर्धन और मूल्‍यवर्धन के बेहतर अवसर सुनिश्‍चित करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी और किसानों तथा उपभोक्‍तओं दोनों को लाभ होगा।

 

 

वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड का वर्चुअल माध्‍यम से उद्घाटन किया। श्री गोयल ने कहा कि बोर्ड, हल्दी किसानों के कल्याण, हल्दी की बेहतर किस्मों के विकास और निर्यात को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करेगा। उन्होंने कहा कि देश के 20 राज्यों में किसान हल्दी का उत्‍पादन करते हैं और विश्‍व की 70 प्रतिशत हल्दी भारत में पैदा होती है।

 

 

40 वर्षों के परिश्रम के बाद यह सपना साकार हुआ है। मैं सभी हल्दी किसानों को हल्दी को प्रोसेस करने वाले कर्मचारियों को उद्योगपतियों को और हमारे निर्यातकों को शुभकामनाएं देता हूं कि ये जो नया टर्मरिक बोर्ड बनाया है ये आगे चल के आपके काम में बढत करने का एक काम करेगा।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देश को मौसम की हर स्थिति से निपटने में सक्षम और क्‍लाइमेट स्मार्ट राष्ट्र बनाने के लिए मिशन मौसम का आज शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय मौसम विभाग के 150वें स्थापना दिवस पर आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि मिशन मौसम एक स्थायी और भविष्य के लिए तैयार राष्ट्र के निर्माण की दिशा में भारत की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि देश की मौसम पूर्वानुमान क्षमताओं में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में पूर्वानुमान की सटीकता में 50 प्रतिशत सुधार हुआ है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मौसम विभाग के डेढ सौ वर्ष पूरे होने पर एक स्मारक सिक्का भी जारी किया।

*****

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि पाकिस्‍तान के कब्‍जे वाले कश्‍मीर के बगैर जम्‍मू-कश्‍मीर अधूरा है। जम्‍मू के बाहरी इलाके अखनूर में सेना द्वारा आयोजित पूर्व सैनिकों की रैली में रक्षामंत्री ने कहा कि पाकिस्‍तान के कब्‍जे वाले कश्‍मीर को आतंकवादियों के प्रशिक्षण शिविरों के लिए इस्‍तेमाल किया जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि भारत सरकार इस स्थिति से पूरी तरह अवगत है और सही समय पर कार्रवाई करेगी। रक्षामंत्री ने कहा कि पाकिस्‍तान को अपनी घिनौनी साजिशों और पाकिस्‍तान के कब्‍जे वाले कश्‍मीर में आतंकी ढांचे को खत्‍म करना ही होगा।

 

 

सीमा के सटे हुए इलाकों में लॉन्च पैड बने हुए हैं। इसकी पक्की जानकारी है। भारत सरकार को सब पता चल रहा है। आज यहां हालात काफी हद तक बदले हैं। इस सच्चाई को सभी को स्वीकार करना पडेगा। जम्मू-कश्मीर बिना पीओके के अधूरा है। भारत के माथे का मुकुट मणि है। वैसे भी पीओके पाकिस्तान के लिए एक फॉरेन टेरेटरी से अधिक कुछ नही है। पीओके में रह रही आवाम को एक डिग्निफाइड लाइफ से महरूम रखा जा रहा है। उन्हें मजहब के नाम पर हिंदूस्तान के खिलाफ बरगलाने और उक्साने की कोशिश पाकिस्तान के हुक्मरानों द्वारा ये बराबर की जा रही है।

 

 

श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सेना के जवानों ने हमेशा युद्धों में शत्रुओं को पराजित कर देश की रक्षा की है। रक्षामंत्री ने पूर्व सैनिको, सेवारत्त सैनिको और उनके परिवारों के कल्‍याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

*****

जम्‍मू-कश्‍मीर में आज पूर्व सैनिक दिवस के अवसर पर उपराज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा ने अखनूर में सशस्‍त्र सेनाओं के पूर्व सैनिको को श्रृद्धांजलि दी और एक स्‍मृति कार्यक्रम की अध्‍यक्षता की। उपराज्‍यपाल ने कहा कि राष्‍ट्र पूर्व सैनिको का हमेशा ऋणी रहेगा जिन्‍होंने शत्रुओं से देश की रक्षा की और राष्‍ट्र के विकास में महत्‍वपूर्ण योगदान किया।

*****

भारत ने रूस में एक भारतीय नागरिक की मृत्‍यु के मामले को रूसी अधिकारियों और नई दिल्‍ली में रूसी दूतावास के साथ उठाया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि रूसी सेना के लिए काम कर रहे बाकी बचे भारतीय नागरिकों को जल्‍द से जल्‍द सेवा मुक्‍त किया जाए। एक रिपोर्ट-

 

 

विदेश मंत्रालय ने केरल के भारतीय नागरिक की मृत्‍यु पर दुख व्‍यक्‍त किया है। उसे रूसी सेना में भर्ती किया गया था। विदेश मंत्रालय ने बताया कि केरल का ही एक और भारतीय नागरिक घायल है, जिसका मॉस्‍को के अस्‍पताल में उपचार चल रहा है। मंत्रालय ने कहा कि मॉस्‍को में भारतीय दूतावास दोनों लोगों के परिवारो के साथ सम्‍पर्क में है और हरसंभव सहायता दे रहा है। मंत्रालय ने कहा कि वह मृत भारतीय नागरिक के पार्थिव शरीर को जल्‍द से जल्‍द भारत भेजने के लिए रूसी अधिकारियों के साथ सम्‍पर्क में है। घायल नागरिक को भी जल्‍द भारत भेजने की मांग की गई है। पल्लवी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

*****

मकर संक्रांति, पोंगल, बिहू और उत्तरायण के त्‍यौहार आज पूरे देश में हर्षोल्‍लास के साथ मनाए गए। मकर संक्रांति पर लोगों ने पवित्र नदियों गंगा और यमुना में डुबकी लगाई और पूजा अर्चना की।

 

 

तमिलनाडु में लोग पोंगल के अवसर पर मिट्टी के बर्तनों में पारंपरिक मीठा पकवान, पोंगल बना रहे हैं। असम में माघ बिहू या भोगाली बिहू पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। गुजरात और पश्चिमी भारत के अन्य हिस्सों में, पतंगों का त्यौहार उत्तरायण हर्षोल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है। अहमदाबाद से हमारे संवाददाता की रिपोर्ट –

 

आज पूरे गुजरात में उत्तरायण उत्सव बड़े धूमधाम और जोश के साथ मनाया जा रहा है। आसमान रंग-बिरंगी पतंग से सज गया है। जो इस पर्व को और खास बना रहा है। अहमदाबाद सूरत राजकोट और वडोदरा जैसे शहरों में पतंगबाजी के शौकीन लोग छतों पर पतंग उड़ाने के साथ-साथ पारंपरिक उंधियू और जलेबियां का आनंद ले रहे हैं। टोपी और चश्मा पहनकर लोग संगीत की धुन पर पतंग उड़ाते हुए उत्सव का मजा ले रहे हैं। पतंग बाजारों में भी कल देर रात तक रौनक बनी रही जहां लोगों ने अपनी पसंदीदा पतंगे खरीदी। इस बीच केंद्रीय गुरु एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद के मेमनगर में अपने परिवार भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ उत्तरण का पर्व मनाया जिससे त्यौहार का माहौल और भी खास हो गया। अजय इंद्रेकर, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

 

 

हमारे बंगलूरू संवाददाता ने बताया है कि दक्षिण भारत में भी मकर संक्रांति और पोंगल का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

 

 

आज दक्षिण भारत में मकर संक्रांति और पोंगल त्योहार बनाया जा रहा है। हिंदू पंचांग के अनुसार आज सूर्य ग्रहण का स्थान उत्तर की और संचालित हुआ है इसीलिए इसे उत्तरायण भी कहा जाता है। आज के दिन नई फसल की पूजा की जाती है और अच्छे मानसून की मनोकामना की जाती है। कर्नाटका में आज हुग्गी और तमिलनाडु में पोंगल खाया जाता है। कर्नाटका में तिल, गुड़, सूखे नारियल का मिश्रण जिसे येल्डु कहा जाता है उसको हाथ में देकर अच्छी बातें करते रहने की सलाह दी जाती है। येल्डु के साथ कटा हुआ गन्ना और शक्कर से बने मिठाई को महिलाएं एक दूसरे को देती हैं। सुधींद्रा, आकाशवाणी समाचार, बेंगलुरु।

 

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देशवासियों को मकर संक्रांति, पोंगल, माघ बिहू और उत्तरायण की शुभकामनाएं दी हैं। उन्‍होंने कहा कि ये त्यौहार सभी के जीवन में सफलता और खुशियाँ लाएँगे।

*****

प्रयागराज में महाकुंभ के मकर संक्रांति अमृत स्‍नान के दौरान तीन करोड पचास लाख से अधिक संतों, श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों ने त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई। पवित्र डुबकी के बाद श्रद्धालुओं ने परम्‍पराएं निभाईं और घाट पर पूजा-अर्चना की। अधिक जानकारी के लिए बात करते हैं हमारे प्रयागराज में मौजूद संवाददाता आनंद कुमार से।

*****

  1. विशाल – आज मकर संक्राति के पावन अवसर पर महाकुम्भ का पहला अमृत स्नान पर त्रिवेणी संगम पर कैसा दृश्य देखने को मिला आपको।

 

  1. विशाल – जी आनंद करोडों की संख्या में आज श्रृद्धालु त्रिवेणी संगम पहुंचे तो मेला प्रशासन के लिए भी आज का दिन काफी चुनौतिपूर्ण रहा होगा।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ परीक्षा पे चर्चा में भाग लेने के लिए इस वर्ष रिकॉर्ड सवा तीन करोड़ छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों ने पंजीकरण कराया है।

 

 

पंजीकरण कराने वालो में विदेशी छात्र भी शामिल हैं। पंजीकरण कराने की आज अंतिम तिथि है। इच्छुक प्रतिभागी mygov.in पर पंजीकरण कर सकते हैं।

*****

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि विश्‍व में बढ़ती वैश्विक साख और चुनौतीपूर्ण समय में सार्थक सहायता प्रदान करने की भारत में अनूठी क्षमता है। डॉक्‍टर जयशंकर ने स्पेन में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए वैश्विक मंच पर भारत के “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के दृष्टिकोण पर बल दिया। विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और स्पेन के संबंधों का ये सबसे अच्छा दौर है।

*****

इंडिया ओपन बैडमिंटन में चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी पुरुष डबल्‍स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, पीवी सिंधु भी महिला सिंगल्‍स के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं। एक रिपोर्ट-

 

 

सिंधु ने आज नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्री-क्‍वार्टर फाइनल में सुंग को 21-14, 22-20 से हराया। पुरुष सिंगल्‍स में किरण जॉर्ज ने जापान के युशी तनाका को 21-19, 14-21, 27-25 से हराया। पुरुष डबल्‍स में सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी ने मलेशिया के मैन वेई चोंग और काई वुन टी को 23-21, 19-21, 21-16 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। मिक्‍स्‍ड डबल्‍स में भारत की ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो की जोड़ी ने चीनी ताइपे की यिन-हुई ह्सू और चेंग कुआन चेन की दक्षिण कोरियाई जोड़ी को 8-21, 21-19, 21-17 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। इस बीच, पूर्व विश्व नंबर 1 किदांबी श्रीकांत ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है। समाचार कक्ष से मनोज।

*****

भारत और आयरलैंड की महिला टीमों के बीच तीन, एक दिवसीय अंतरराष्‍ट्रीय मैचों की श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मैच कल राजकोट में खेला जायेगा। मैच सुबह 11 बजे शुरू होगा।

*****

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ, दिल्‍ली और पश्चिम उत्‍तर प्रदेश में कल आंधी-तूफान और बिजली चमकने का अनुमान व्यक्त किया है। पंजाब, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्‍तर क्षेत्र में कल रात और सुबह घना कोहरा छाया रहेगा। पश्चिमोत्‍तर भारत में न्‍यूनतम तापमान में कल तापमान समान रहेगा, लेकिन अगले तीन दिन में इसमें दो से तीन प्रतिशत की वृद्धि होने की संभावना है।

*****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड की स्थापना की सराहना की। उन्होंने कहा- इससे हल्दी उत्पादन में नवाचार, वैश्विक प्रचार और मूल्य संवर्धन के बेहतर अवसर सुनिश्चित होंगे।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के बिना अधूरा है; उन्होंने कहा – पाकिस्तान को अपने कब्‍जे वाले कश्‍मीर से आतंकवादी बुनियादी ढांचे को नष्ट करना होगा।

  • भारत ने रूस में एक भारतीय नागरिक की मृत्‍यु के मामले को नई दिल्‍ली में रूसी दूतावास के साथ उठाया, रूसी सेना में सेवारत शेष भारतीय नागरिकों की शीघ्र रिहाई की मांग दोहराई।

  • मकर संक्रांति, पोंगल, बिहू और उत्तरायण के त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाए गए, महाकुंभ में अमृत स्नान के दौरान तीन करोड़ 50 लाख से अधिक लोगों ने पवित्र डुबकी लगाई।

*****