Download
Mobile App

android apple
signal

January 13, 2025 9:42 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:-  

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मूकश्मीर में सोनमर्ग सुरंग का उद्घाटन किया; कहा कि बेहतर संपर्क से पर्यटकों के लिए केंद्र शासित प्रदेश के कम ज्ञात क्षेत्रों की खोज के द्वार खुलेंगे।
  • भारत ने सीमा बाड़ लगाने के मुद्दे पर बांग्लादेश के शीर्ष राजनयिक को तलब किया; कहा कि नई दिल्ली को सीमा पार अपराधों से निपटने के लिए ढाका से सहयोगात्मक दृष्टिकोण की उम्मीद है।
  • उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ के पहले दिन त्रिवेणी संगम में एक करोड़ पचास लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई।
  • भारत ने सऊदी अरब के साथ हज समझौते 2025 पर हस्ताक्षर किए, जिससे एक लाख 75 हजार से अधिक भारतीय हजयात्रियों के लिए कोटा सुरक्षित हो गया।
  • अमेरिका ने चीन की पहुंच को रोकने के लिए एआई चिप्सपर निर्यात प्रतिबंध लगाए।
  • नई दिल्ली में शानदार उद्घाटन समारोह के साथ पहला खोखो विश्व कप शुरू हुआ।

******

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कश्मीर के गांदरबल में सोनमर्ग सुरंग का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर सोनमर्ग में एक जनसभा को भी संबोधित किया। श्री मोदी ने कहा कि जम्‍मू-कश्‍मीर आधुनिक अवसरंचना का केन्‍द्र बन रहा है।

 

हमारा जम्मूकश्मीर अब टनल का, ऊंचेऊंचे पूलों का हब, रोपवे का हब बनता जा रहा है। दुनिया की सबसे ऊंची टनल यहां बन रही है। दुनिया के सबसे ऊंचे रेल, रोड ब्रिज, केवल ब्रिज यहां बन रहे हैं।

 

प्रधानमंत्री ने सुरंग परियोजना का निरीक्षण भी किया। सोनमर्ग सुरंग से गांदरबल जिले में गगनगीर और सोनमर्ग के बीच यात्रा समय घटकर केवल 20-25 मिनट रह जाएगा। इस परियोजना से क्षेत्र में पर्यटन और हर मौसम में संपर्क सुविधा को बढ़ावा मिलेगा।

 

विकसित भारत के सफर में बहुत बड़ा कंट्रीब्यूशन हमारे टूरिज्म सेक्टर का है। बेहतर कनेक्टिविटी के चलते जम्मूकश्मीर के उन इलाकों तक भी टूरिस्ट पहुंच पाएंगे जो अभी तक अनछुए हैं। साल 2024 में दो करोड़ से अधिक टूरिस्‍ट जम्मूकश्मीर आए हैं। यहां सोनमर्ग में भी दस साल में छह गुना ज्यादा टूरिस्ट बढे हैं।

 

इस अवसर पर, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि इससे पर्यटन के साथ जम्‍मू-कश्‍मीर में स्‍थानीय आजीविका को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्‍होंने कहा कि अच्‍छी सड़कों से देश सम्‍पन्‍न होगा।

******

विदेश मंत्रालय ने आज, भारत में बांग्लादेश के कार्यवाहक उच्चायुक्त मोहम्मद नूरल इस्लाम को  तलब किया। उन्‍हें बताया गया कि सीमा पर बाड़ लगाने सहित सभी सुरक्षा उपायों के संबंध में भारत ने दोनों सरकारों के बीच सभी प्रोटोकॉल और समझौतों का पालन किया है। मंत्रालय ने कहा है कि भारत को आशा है कि बांग्लादेश पहले की सभी सहमतियों को लागू करेगा और सीमा पार अपराधों से निपटने के लिए सहयोगी दृष्टिकोण अपनाएगा। भारत ने सीमा पार आपराधिक गतिविधियों, तस्करी, अपराधियों की आवाजाही और अवैध व्‍यापार की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से समाधान करके अपराध मुक्त सीमा सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। भारत ने कहा कि कांटेदार तार की बाड़ लगाना, सीमा पर रोशनी करना, तकनीकी उपकरण लगाना और मवेशियों के लिए बाड़ लगाना सीमा को सुरक्षित करने के उपाय हैं।

******

थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा है कि उत्तरी सीमाओं पर स्थिति संवेदनशील लेकिन स्थिर है। उन्होंने कहा कि सेना किसी भी प्रतिकूल स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। सीमावर्ती क्षेत्रों में मजबूत बुनियादी ढांचे का निर्माण भारतीय सेना की प्राथमिकता है।

 

नई दिल्ली में आज सेना के वार्षिक संवाददाता सम्‍मेलन में जनरल द्विवेदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और यह आतंकवाद से पर्यटन की ओर अग्रसर है।

 

जनरल द्विवेदी ने कहा कि रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए सेना उन्‍नत तकनीकों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। पूर्वी लद्दाख के मोर्चे पर, जनरल द्विवेदी ने कहा कि पूर्वी लद्दाख के डेमचोक और देपसांग में विवादास्पद मुद्दों को सुलझा लिया गया है। 

 

मणिपुर की मौजूदा स्थिति पर सेना प्रमुख ने कहा कि सुरक्षाबलों के समन्वित प्रयासों और सरकार की सक्रिय पहलों ने स्थिति को नियंत्रित किया है। सरकार क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्‍होंने यह भी कहा कि शांति बहाल करने के लिए भारत-म्यांमार सीमा पर निगरानी और बाड़ लगाने का काम आगे बढ़ रहा है। बांग्लादेश की स्थिति पर जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने जोर देकर कहा कि बांग्लादेश भारत के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्री तौफीक बिन फवजान अल-रबिया के साथ हज समझौते 2025 पर हस्ताक्षर का स्वागत किया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री मोदी ने इस समझौते की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं के लिए बेहतर तीर्थयात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि दोनों देशों ने हज 2025 के लिए भारत से एक लाख 75 हजार 25 हज यात्रियों का कोटा तय किया है। उन्‍होंने कहा कि सरकार सभी हज यात्रियों को सर्वोत्तम संभव सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

******

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आज शुरू हुए विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम-महाकुंभ में एक करोड़ पचास लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई।

 

पौष पूर्णिमा के दिन आज श्रद्धालुओं, तीर्थयात्रियों और आगंतुकों ने त्रिवेणी संगम के विभिन्न घाटों पर स्‍नान किया। हेलीकॉप्टरों से श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई।

 

45 दिन चलने वाले इस महाकुंभ के लिए सात स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पचास हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए है। लगभग दो हजार आठ सौ सीसीटीवी और एआई युक्त कैमरों से महाकुंभ नगरी की निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर और उप-महानिरीक्षक राजेश द्विवेदी सहित शीर्ष अधिकारियों ने समूचे मेला क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की। दो हजार गंगा सेवादूत नदियों और घाटों की सफाई में जुटे हैं।

 

यह भव्य आयोजन 26 फरवरी को महाशिवरात्रि तक जारी रहेगा। एक सौ 44 वर्षों में केवल एक बार होने वाले दुर्लभ खगोलीय संयोग ने इस वर्ष महाकुंभ को और विशेष बना दिया है।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महाकुंभ के शुभारंभ पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह दिन भारतीय मूल्यों और संस्कृति को संजोने वाले करोड़ों लोगों के लिए बहुत विशेष है।

******

महाकुंभ के बारे में ज्‍यादा जानकारी के लिए सीधे चलते हैं प्रयागराज में मौजूद हमारे संवाददाता आनंद कुमार के पास।

 

महाकुंभ में बड़ी संख्‍या में श्रद्धालु और तीर्थयात्री आये हैं तो उन्‍हें विविधता से भरी भारतीय संस्‍कृति के बारे में क्‍या देखने और जानने को मिल रहा है।

 

हां जी सिद्धार्थ श्रद्धालुओं और तीर्थ यात्रियों को महाकुंभ मेले के दौरान अलौकिक और दिव्य अनुभव देने के लिए पौराणिक तोरण द्वार बनाए गए हैं। जो आगंतुकों का स्वागत कर रहे हैं। इन द्वारों में समुद्र मंथन के 14 रत्‍न भी शामिल है। वही यह समागम देश की विविधता में एकता के भाव को भी मजबूत करता है। शाम के समय श्रद्धालु गंगा आरती का भी दर्शन कर रहे हैं और जानेमाने गायक भक्ति संगीत प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्‍ध कर रहे हैं।

 

आनंद, श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए प्रशासन ने क्‍या-क्‍या इंतजाम किये हैं।

 

सिद्धार्थ, संगम के तट पर बने घाटों पर स्नान करने में कोई दिक्कत ना हो इसके लिए प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। रास्तों में जगहजगह संकेतक लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पुलिस बहुत बनाए गए हैं। वही स्नान के दौरान लोग गहरे पानी में ना जा सके इसके लिए वेरिफिकेशन की व्यवस्था की गई है। साथ ही जल पुलिस भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा का पूरा ध्यान रख रहे हैं। घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए गंगा सेवा दूत भी तैनात किए गए हैं।

 

******

केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि महाकुंभ आध्यात्मिक समागमों और वैश्विक पर्यटन के लिए ऐतिहासिक आयोजन है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में उन्‍होंने कहा कि पर्यटन मंत्रालय ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई पहल की है।

 

यहां देशभर से करोड़ों लोगों का आगमन तो होगा ही लेकिन यह कुंभ विदेशी लोगों के लिए भी एक कौतूहल का विषय है। दुनिया के अनेक लोग इस भव्य मानवीय एकत्रीकरण को देखने के लिए जिसको वर्ल्ड हेरीटेज कमिटी ने इनटेंजिबल वर्ल्‍ड हेरीटेज प्रॉपर्टी के रूप में सूचीबद्ध किया है। उसको देखने के लिए दुनियाभर के लगभग 15 से 20 लाख लोग भी इस अवसर पर आएंगे।

******

अमरीका में निवर्तमान बाइडन प्रशासन ने स्‍वदेश में विकसित एआई चिप्स के निर्यात पर नए प्रतिबंध लगाए हैं। इसका उद्देश्य चीन के सैन्य तथा औद्योगिक विकास और शक्तिशाली एआई चिप्स तथा “क्‍लोज्‍ड” एआई मॉडल तक पहुंच को रोकना है। श्री बाइडन के पद छोड़ने से ठीक एक सप्ताह पहले लिए गए इस निर्णय से चीन के साथ तनाव बढ सकता है।

******

कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली में बताया कि महाराष्ट्र में सोयाबीन की खरीद की समयसीमा 31 जनवरी और राजस्थान के लिए 4 फरवरी तक बढ़ा दी गई है। श्री चौहान ने कहा कि यह निर्णय राज्य सरकारों की मांग के बाद लिया गया है।

******

प्रयागराज में सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा, त्रिवेणी मार्ग पर आयोजित प्रदर्शनी परिसर में एक डिजिटल प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। यह प्रदर्शनी ‘जन भागीदारी के माध्यम से जन कल्याणतथा पिछले एक दशक में भारत सरकार की उपलब्धियों, कार्यक्रमों, नीतियों और योजनाओं पर आधारित है। आज पहले ही दिन हजारों लोग प्रदर्शनी देखने पहुंचे। यह डिजिटल प्रदर्शनी 26 फरवरी तक आम जनता के लिए निःशुल्क खुली रहेगी।

******

राष्‍ट्रीय परीक्षा एजेंसी- एनटीए ने बुधवार को होने वाली यूजीसीनेट परीक्षा दिसंबर 2024  स्थगित कर दी है। एजेंसी ने कहा कि उसे 15 जनवरी को पोंगल, मकर संक्रांति और अन्य त्योहारों के कारण परीक्षा स्थगित करने के लिए अभ्यावेदन प्राप्त हुए हैं।

******

लोहड़ी का त्यौहार आज पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। लोग पूरे उत्साह के साथ इस मौसमी त्यौहार को मना रहे हैं। एक रिपोर्ट –

 

लोहिडी के त्‍यौहार पर लोहिडी मांगते वक्‍त दूल्‍हा भट्टी का परंपरागत गीत खुदखुद ही गाने का मन करता है। इस समय अपने घरों में पूजा करने के बाद लोहिडी जलाई गई है और लोग परिवार सहित अपने पड़ोसियों के साथ मिल बैठकर मूंगफली गजक तिल भूगा और रेवडियों का नाच गाने के साथ आनंद ले रहे हैं। नवविवाहितों के लिए वह नव जन्‍मे बच्चों के मातापिता के लिए यह त्यौहार ढेरों खुशियां लेकर आता है। बुजुर्ग शगुन करके इन्हें आशीर्वाद देते हैं बेटियो के सम्मान के लिए पंजाब भर में तियां दी लोहिडी विशेष तौर से बनाई जाती है राजेश वाली, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।

******

दिल्‍ली में खो-खो विश्व कप की रंगारंग समारोह के साथ औपचारिक शुरूआत हो गई है। उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड ने विश्‍व कप का उदघाटन किया। खो-खो महासंघ के अध्‍यक्ष सुधांशु मित्‍तल और जानी मानी एथलीट पी टी ऊषा समारोह में मौजूद हैं।

कुछ ही देर में पहला मैच भारत और नेपाल के बीच खेला जाएगा।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी के आवास पर पोंगल उत्सव में भाग लिया। श्री मोदी ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देखा। उत्सव के दौरान, बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधु और अभिनेता चिरंजीवी भी समारोह में शामिल हुए।

******

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मूकश्मीर में सोनमर्ग सुरंग का उद्घाटन किया; कहा बेहतर संपर्क से पर्यटकों के लिए केंद्र शासित प्रदेश के कम ज्ञात क्षेत्रों की खोज के द्वार खुलेंगे।
  • भारत ने सीमा बाड़ लगाने के मुद्दे पर बांग्लादेश के शीर्ष राजनयिक को तलब किया; कहा कि नई दिल्ली को सीमा पार अपराधों से निपटने के लिए ढाका से सहयोगात्मक दृष्टिकोण की उम्मीद है।
  • उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ के पहले दिन त्रिवेणी संगम में एक करोड़ पचास लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई।
  • भारत ने सऊदी अरब के साथ हज समझौते 2025 पर हस्ताक्षर किए, जिससे एक लाख 75 हजार से अधिक भारतीय हजयात्रियों के लिए कोटा सुरक्षित हो गया।
  • अमेरिका ने चीन की पहुंच को रोकने के लिए एआई चिप्सपर निर्यात प्रतिबंध लगाए।
  • नई दिल्ली में शानदार उद्घाटन समारोह के साथ पहला खोखो विश्व कप शुरू हुआ।

******