Download
Mobile App

android apple
signal

January 12, 2025 10:00 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा– भारत की युवा शक्ति जल्‍द ही देश को विकसित राष्ट्र बनाएगी। उन्‍होंने कहा- भारत कई क्षेत्रों में समय से बहुत पहले ही लक्ष्य हासिल कर रहा है।

  • दुनिया में आस्था और मानवता का सबसे बड़ा संगम महाकुंभ कल उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुरू होगा।

  • प्रधानमंत्री कल जम्मू-कश्मीर में सोनमर्ग सुरंग परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इससे श्रीनगर घाटी और लद्दाख के बीच संपर्क बढ़ेगा।

  • उत्तराखंड के पौड़ी-गढ़वाल में बस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत और 18 घायल।

  • उत्तर भारत में अगले दो दिनों तक घने कोहरे के कारण शीतलहर जारी रहने की संभावना।

  • भारत ने गुजरात के राजकोट में आयरलैंड को दूसरे एकदिवसीय अंतर्राष्‍ट्रीय महिला क्रिकेट मैच में 116 रनों से हराया। तीन मैचों की श्रृंखला में दो-शून्‍य की अजेय बढ़त बनाई।

——–

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत की युवा शक्ति जल्द ही देश को विकसित राष्ट्र बनाएगी। राष्‍ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आज नई दिल्ली में विकसित भारत युवा नेता संवाद के अवसर पर उन्‍होंने य़ह बात कही। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की युवा शक्ति उल्लेखनीय परिवर्तन ला रही है। श्री मोदी ने कहा कि उन्‍हें नई पीढ़ी पर विश्वास है और वह सभी समस्याओं का समाधान खोज लेगी।

 

भारत की युवा शक्ति का सामर्थ भारत को जल्‍द से जल्‍द विकसित राष्‍ट्र बनायेगा। जब करोडों युवाओं की भुजाएं विकास रथ के पहिए को आगे बढा रही है। हम जरूर लक्ष्‍य पर पहुंच कर रहेंगे। मेरी आत्‍मा कहती है कि लक्ष्‍य बडा जरूर है, लेकिन असम्‍भव नहीं है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत वह होगा जो आर्थिक, रणनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त होगा। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि पिछले एक दशक में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। श्री मोदी ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था भी तेजी से बढ़ रही है।

 

हम बहुत तेज गति से 5 ट्रिलियन डॉलर इकॉनामी के पडाव की तरफ बढ रहे हैं। जब हम 5 ट्रिलियन तक पहुंचेंगे, तो विकास की स्केल कितनी बडी होगी, सुविधाओं का विस्‍तार कितना ज्यादा होगा। भारत अब इतने पर ही नहीं रुकने वाला, अगले दशक की समाप्‍ति होते-होते भारत 10 ट्रिलियन डॉलर के पडाव को भी पार कर जायेगा।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश स्वामी विवेकानंद को याद कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद को देश के युवाओं पर बहुत भरोसा था। उन्होंने कहा कि देश को 2035 तक अंतरिक्ष में अपना स्टेशन स्थापित करना है।

 

स्‍पेस पॉवर के रूप में भारत अपने कदम तेजी से आगे बढा रहा है। हमें 2035 तक स्‍पेस में अपना स्‍टेशन स्‍थापित करना है। दुनिया ने चन्‍द्रयान की सफलता देखी, अब गगनयान की तैयारी जोरों पर है। हमें अपने चन्‍द्रयान पर सवार करके किसी भारतीय को चांद पर लैंड करवाना है। 

 

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि इस दशक के अंत तक भारत ने 500 गीगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा है।

शुक्रवार को शुरू हुए तीन दिन के विकसित भारत युवा नेता संवाद ने युवाओं को विकसित भारत के लिए समाधान प्रस्तुत करने के लिए एक अनूठा मंच प्रदान किया है। इस कार्यक्रम के दौरान श्री मोदी ने देश भर के तीन हजार युवा नेताओं से बातचीत की।

 

——–

 

आज महान आध्‍यात्मिक गुरू, दार्शनिक और चिंतक स्‍वामी विवेकानंद की जयंती है। इस दिन को देश राष्‍ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाता है। यह दिवस युवाओं की आवाज, उनके कार्य और पहलों को पहचान दिलाने का अवसर उपलब्ध कराता है।

——–

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल जम्‍मू-कश्‍मीर में सोनमर्ग सुरंग परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इस सुरंग से श्रीनगर और सोनमर्ग के बीच लेह के रास्‍ते से सभी मौसमों में सड़क सम्‍पर्क उपलब्‍ध होगा।

 

प्रोजेक्‍ट की कुल लागत 2700 करोड़ रुपये है। लद्दाख क्षेत्र को पूरे वर्ष सड़क मार्ग से सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। यह इंजीनियरिंग चमत्कार क्षेत्र के व्यापार और पर्यटन क्षेत्रों की पूरी क्षमता को उजागर करने के लिए तैयार है। इससे सोनमर्ग में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जहां प्रमुख पर्यटक आकर्षण थजीवास ग्लेशियर और सिंध नदी पर व्हाइटवाटर राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियाँ होंगी। सुरंग के उद्घाटन के बाद कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक सार्वजनिक रैली को संबोधित कर रहे हैं।

——–

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, विज्ञान और प्राद्योगिकी राज्‍य मंत्री डॉक्‍टर जितेन्‍द्र सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्‍य मंत्री अजय टम्‍टा, राज्‍य के उप राज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा, मुख्‍यमंत्री उमर अब्‍दुल्‍ला तथा श्रीनगर से सांसद आगा सईद रूहुल्‍लाह मेहदी के अलावा अन्‍य गणमान्‍य व्‍यक्ति भी सोनमर्ग में उद्घाटन समारोह में मौजूद रहेंगे। सुरक्षा बलों ने कश्‍मीर में क्षेत्र में सुरक्षा व्‍यवस्‍था बढ़ा दी है और सभी संवेदनशील क्षेत्रों में जवानों की तैनाती की गई है।

 

——

 

दुनिया में आस्था और मानवता का सबसे बड़ा संगम महाकुंभ प्रयागराज में कल पौष पूर्णिमा पर पहले अमृत स्नान के साथ आरंभ होगा। 26 फरवरी तक चलने वाले महाकुंभ के लिए लाखों श्रद्धालु, तीर्थयात्री और आगंतुक शहर में पहुंच चुके हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सरकार ने आयोजन को सुरक्षित, संरक्षित और यादगार बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।

 

प्रयागराज में होने वाला महाकुंभ 2025 दुनिया का सबसे बड़ा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक समागम होगा। जिसमें लगभग 45 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महाकुंभ नगर में सभी प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम किये गये हैं। भव्‍य और सुचारू आयोजन के लिए 7 स्‍तरीय सुरक्षा व्‍यवस्‍था की गई है। पुलिस ने पानी के नीचे ड्रोन और एआई सक्षम कैमरों सहित उन्‍न्‍त तकनीकि का इस्तेमाल किया है। भारतीय रेलवे प्रयागराज आने जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित और कुशल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए 3300 विशेष रेलगाड़ियों सहित 10000 से अधिक रेलगाड़ियों का संचालन कर रहा है। सरकार ने बुनियादी ढांचे के निर्माण सुरक्षा स्वच्छता स्वास्थ्य जल आपूर्ति बिजली आपूर्ति पर विशेष जोर दिया है।

 

——

 

केन्द्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आज शाम प्रयागराज के महाकुंभ नगर में कलाग्राम का उद्घाटन किया। संस्कृति मंत्रालय ने कलाग्राम बनाया है। इसमें देश की समृद्ध और जीवंत संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा।

 

कलाग्राम में अप्रवेश के साथ 35 फिट चौडा और 54 फिट ऊंचा ऐसा एक प्रवेश द्वार जिसमें 12 ज्‍योर्तिलिंगों का दर्शाया गया है। अनुभूति मंडपम जहां आप जा करके इमरशिप जोन गंगा के धरती पर अवतरण से जुडे हुए प्रसंग को 360 डिग्री स्‍क्रीन पर एक साथ देख सकते हैं। जो निश्चित रूप से गंगा की दिव्‍य अवतरण की कथा को जीवन प्रयन्‍त आपके मानस पटल पर अंकित करने में कामयाब हैं। अविरल सास्‍वत कुंभ ऐसी प्रदर्शनी के माध्‍यम से हमने कुंभ के इतिहास को दिखाने की हमने चेष्‍टा की है।

 

उन्‍होंने बताया कि अगले 45 दिनों में कलाग्राम में 14 हजार छह सौ से अधिक कलाकार प्रस्तुति देंगे। उन्होंने बताया कि महाकुंभ के 45 दिनों के दौरान मेले में लगभग 45 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की आशा है।

——

उत्तराखंड के पौढ़ी-गढ़वाल में हुई बस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है और 18 लोग घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, बस में 25 लोग सवार थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्‍होंने अधिकारियों से घायलों को उपचार और सभी सुविधायें उपलब्‍ध कराने का निर्देश दिया है।

——

छत्‍तीसगढ़ में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड में दो महिलाओं सहित पांच माओवादियों की मौत हो गई। बीजापुर जिले के राष्‍ट्रीय पार्क क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों की संयुक्‍त टीम ने तलाशी अभियान चलाया। घटना स्‍थल से माओवादियों के शव और भारी मात्रा में हथियार तथा गोला बारूद बरामद किया गया है। इसमें एक स्‍वचलित राइफल और बीजीएल लांचर भी शामिल हैं।

——

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज महाराष्ट्र के शिरडी में स्थानीय निकाय चुनावों का बिगुल फूंक दिया। उन्‍होंने शिरडी में भारतीय जनता पार्टी के महाविजय सम्‍मेलन में कहा कि पार्टी ने वर्ष 2024 में बड़ी जीत दर्ज की है और इसमें राज्‍य की जनता तथा लाडली बहना योजना ने महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई है। श्री अमित शाह ने राष्‍ट्रवादी कांग्रेस-शरदचन्‍द्र पवार गुट के अध्‍यक्ष शरद पवार और शिव सेना– उद्धव बाला साहेब ठाकरे गुट के प्रमुख उद्धव ठाकरे की आलोचना की।

——-

भारतीय जनता पार्टी नेता स्मृति ईरानी ने आम आदमी पार्टी पर अवैध बांग्‍लादेशियों के फर्जी आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र बनवाने का आरोप लगाया है। स्मृति ईरानी ने कहा कि दिल्‍ली पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे लोगों को बसाने को लेकर पिछले माह एक मामला दर्ज किया गया था। उन्‍होंने आम आदमी पार्टी के नेतृत्‍व पर भी सवाल उठाये।

 

आम आदमी पार्टी का नेतृत्‍व जिन्होंने संकल्‍प लिया था कि वह राष्‍ट्रीय सुरक्षा के किसी भी मुद्दे पर राष्‍ट्र का न अपमान करेंगे राष्‍ट्र के साथ न द्रोह करेंगे। वह अब तक खमोश क्‍यों बैठे हैं।

 

वहीं, आम आदमी पार्टी प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास कोई एजेंडा, दृष्टिकोण और मुख्‍यमंत्री पद का चेहरा नहीं है। उन्‍होंने कहा कि आगामी चुनावों में भाजपा को अपनी हार दिखाई दे रही है इसीलिए उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ फर्जी मामले दर्ज कराए हैं।

 

ना उनके पास दिल्‍ली के लिए कोई आगे का एजेन्‍डा ना दिल्‍ली के लिए कोई विजन ना दिल्‍ली के लिए कोई चेहरा, तो वह जान बूझकर हमारे विधायकों पर अपनी पुरानी एसओपी के तहत एक और झूठा केस कर रहे हैं। कि वह तो आतिशी जी को भी अरेस्‍ट करने वाले हैं। यह भाजपा का घिसापिटा पैटर्न है। 

——–

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो ने डॉकिंग से पहले स्पैडेक्स कार्यक्रम के तहत अपने दो उपग्रहों को स्थिर करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्‍त की है। इसरो ने चेसर और टारगेट उपग्रहों को सुरक्षित दूरी पर ले जाने से पहले उन्‍हें तीन मीटर की दूरी पर लाने में सफलता प्राप्त की।

———

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने लोहड़ी की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने मंगलवार को मनाए जाने वाले मकर संक्रांति, पोंगल और माघ बिहू त्योहारों के लिए भी अपनी शुभकामनाएं दी हैं।

———

देश के उत्‍तरी भागों में घना कोहरा छाया हुआ है और दृश्‍यता में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने कहा है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्‍तर प्रदेश के कुछ हिस्‍सों और राजस्‍थान में अगले दो दिन तक रात और सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाये रहने की संभावना है। इसके अलावा दिल्‍ली के कुछ हिस्‍सों, हिमाचल प्रदेश, उत्‍तराखंड, पश्चिम बंगाल तथा पूर्वोत्‍तर के कुछ क्षेत्रों में कल कोहरा छाया रह सकता है। विभाग ने कहा है कि हरियाणा, चंडीगढ, दिल्‍ली और पश्चिम राजस्‍थान में कल दिन में ठंड बनी रहेगी।

——–

केंद्रीय वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज मुम्‍बई में 29वें वार्टन इंडिया इकोनॉमिक फोरम 2025 में भारत का आर्थिक दृष्टिकोण पर मुख्‍य भाषण दिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की विकास गाथा सुधार, नवाचार, सततता और सशक्तिकरण से आगे बढ़ती है।

——

भारत ने ऑयरलैंड को दूसरे, एकदिवसीय अंतर्राष्‍ट्रीय महिला क्रिकेट मैच में 116 रन से हरा दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित पचास ओवर में पांच विकेट पर 370 रन बनाकर ऑयरलैंड को मैच जीतने के लिए 371 रन का लक्ष्‍य दिया। जवाब में ऑयरलैंड की टीम मात्र 254 रन ही बना सकी।

——

महिला हॉकी इंडिया लीग में, दिल्ली एस जी पाइपर्स और ओडिशा वारियर्स के बीच आज प्रतियोगिता का उदघाटन मैच रांची में शुरू होने जा रहा है। महिला हॉकी इंडिया लीग के पहले संस्करण में चार टीमें भाग ले रही हैं। इनमें दिल्ली एस जी पाइपर्स, ओडिशा वारियर्स, श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स और सूरमा हॉकी क्लब शामिल हैं।

——–

पुरुष हॉकी इंडिया लीग में आज राउरकेला में खेले गए मैच में हैदराबाद तूफ़ान्स ने वेदांत कलिंगा लांसर्स को 5-1 से हरा दिया। हैदराबाद तूफान्‍स के लिए गोंजालो ने दो गोल, मैकों कैसेला, अर्शदीप सिंह और टिम ब्रांड ने एक-एक गोल किया। जबकि वेदांत कलिंगा लांसर्स के लिए एकमात्र गोल एलेक्‍जेंडर हेंडरिक्‍स ने किया।

———

मेलबर्न में, ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस के पुरुष सिंगल्‍स के पहले दौर के मैच में आज भारत के सुमित नागल चैक गणराज्‍य के टॉमस मेचैक से हार गए हैं। टॉमस मेचैक ने यह मैच 6-3, 6-1, 7-5 से जीता।

———–


अंत में मुख्य समाचार
:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा– भारत की युवा शक्ति जल्‍द ही देश को विकसित राष्ट्र बनाएगी। उन्‍होंने कहा- भारत कई क्षेत्रों में समय से बहुत पहले ही लक्ष्य हासिल कर रहा है।

  • दुनिया में आस्था और मानवता का सबसे बड़ा संगम महाकुंभ कल उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुरू होगा।

  • प्रधानमंत्री कल जम्मू-कश्मीर में सोनमर्ग सुरंग परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इससे श्रीनगर घाटी और लद्दाख के बीच संपर्क बढ़ेगा।

  • उत्तराखंड के पौड़ी-गढ़वाल में बस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत और 18 घायल।

  • उत्तर भारत में अगले दो दिनों तक घने कोहरे के कारण शीतलहर जारी रहने की संभावना।

  • भारत ने गुजरात के राजकोट में आयरलैंड को दूसरे एकदिवसीय अंतर्राष्‍ट्रीय महिला क्रिकेट मैच में 116 रनों से हराया। तीन मैचों की श्रृंखला में दो-शून्‍य की अजेय बढ़त बनाई।