Download
Mobile App

android apple
signal

January 11, 2025 10:27 PM

printer

समाचार संध्या

 

मुख्य समाचार :-
  

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय युवा दिवस पर कल नई दिल्ली में विकसित भारत युवा नेता संवाद में युवाओं से बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा-यह देश के युवाओं को राष्ट्र की विकास यात्रा में शामिल करने की एक अनूठी पहल है।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 2047 तक भारत को विकसित राष्‍ट्र बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- पिछले दस वर्षों में मादक पदार्थों की जब्ती में सात गुना वृद्धि हुई है।

  • मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में गरज के साथ हल्की वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

  • कुआलालंपुर में मलेशिया ओपन बैडमिंटन पुरुष डबल्‍स के सेमीफाइनल में सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी, दक्षिण कोरियाई जोड़ी ओ सेउंग-जे और किम वोन-हो से हारे।

————

 

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि विकसित भारत युवा नेता संवाद देश के युवाओं को राष्‍ट्र की विकास यात्रा में शामिल करने की एक अनोखी पहल है। श्री मोदी ने आज युवा कार्यक्रम और खेल राज्‍य मंत्री रक्षा खडसे का राष्‍ट्रीय युवा उत्‍सव 2025 और विकसित भारत युवा नेता संवाद पर लिखा एक लेख साझा किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए युवा मस्तिष्कों की ऊर्जा, रचनात्मकता और नेतृत्व को दिशा प्रदान करना है।

 

 प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल राष्‍ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर भारत मंडपम में विकसित भारत युवा नेता संवाद में हिस्‍सा लेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री मोदी इस कार्यक्रम में देश भर के तीन हजार युवा नेताओं के साथ संवाद करेंगे।

 

देश भर से तीन हजार युवा नेताओं का चयन, विकसित भारत चैलेंज के माध्यम से किया गया है। इस कार्यक्रम के दौरान युवा नेता, प्रधानमंत्री के विकसित भारत के दृष्टिकोण पर अपनी प्रस्तुति देंगे। प्रधानमंत्री युवा नेताओं के साथ दोपहर के भोजन में शामिल होंगे, जिस दौरान उन्हें अपने विचारों, अनुभवों और आकांक्षाओं को सीधे प्रधानमंत्री के साथ साझा करने का अवसर मिलेगा। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी प्रतिभागियों द्वारा दस विषयों पर लिखे गए सर्वश्रेष्ठ निबंधों का संकलन भी जारी करेंगे। इनमें प्रौद्योगिकी, महिला सशक्तिकरण, विनिर्माण और कृषि जैसे विषयों पर निबंध शामिल हैं। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, युवा नेताओं को, देश के भविष्य को लेकर, अपने विचारों को साझा करने के लिए, नीति निर्माताओं, राष्ट्रीय और वैश्विक हस्तियों के साथ सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है। दीपेन्‍द्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्‍ट्र बनाने में युवाओं की महत्‍वपूर्ण भूमिका होगी। उन्‍होंने कहा कि युवाओं की नई सोच और उनकी कार्यप्रणाली भारत को विश्‍व में एक नई पहचान दिलाएगी। श्री सिंह ने कहा कि आज पूरा विश्‍व भारत की शक्ति को मानता है। उन्‍होंने यह बातें आज आईआईएमटी विश्‍वविद्यालय मेरठ के दीक्षांत समारोह में कहीं। श्री सिंह ने कहा कि देश की ताकत युवाओं के ज्ञान, कौशल और संकल्‍प में निहित है। 

 

हमने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने का लक्ष्य तय किया है। इस राष्ट्रीय संकल्प की सिद्धि और लक्ष्य की प्राप्ति में आपकी पीढ़ी के द्वारा किया गया काम निश्चित रूप से निर्णायक भूमिका अदा करेगा, ऐसा मेरा पक्का विश्वास है। आपके द्वारा देखे गए सपने, आपकी नई सोच और आपके द्वारा किए गए काम भारत को दुनिया में एक नई पहचान दिलाने का काम करेंगे। 

 

 केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज कहा कि पिछले दस वर्षों में सात गुना अधिक मादक पदार्थ जब्‍त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में नशे के खिलाफ लड़ाई को नई ताकत मिली है। श्री शाह ने मादक पदार्थों की तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा पर नई दिल्ली में क्षेत्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में 56 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थों को नष्‍ट किया गया है। उन्होंने कहा कि 2024 में सोलह हजार नौ सौ करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए, उन्होंने कहा कि देश भर में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की है।

 

नार्को टेरर के कई केस जम्मू कश्मीर, पंजाब गुजरात उत्तर प्रदेश स्थानीय पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने उजागर किए हैं और यह बहुत बड़ी उपलब्धि है हमारे लिए, मगर मैं फिर से कहना चाहता हूं कि इससे संतुष्ट की जगह और गति से काम करने का उत्साह हमें निर्मित करना होगा।

 

गृहमंत्री ने सभी राज्यों से मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई में केंद्र सरकार के साथ सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने राज्यों से नागरिकों के बीच मानस हेल्पलाइन का प्रचार करने का भी आग्रह किया।

 

सभी राज्यों के जिम्मेदारी है कि मानस ऐप और हमारे टोल फ्री नंबर को हम लोकप्रिय बनाएं और टोल फ्री नंबर पर जो फोन आते हैं उसे पर तभी और परिणाम लस्सी कार्यवाही कर-कर टोल फ्री नंबर की विश्वसनीयता बढ़ाने की भी हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।

 

 कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री ने मादक पदार्थों को नष्‍ट करने के पखवाड़े और सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में मानस-2 हेल्पलाइन के विस्तार का उद्घाटन किया।

 

 सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज पुणे में सेंटर आधुनिक कम्‍प्‍यूटिंग विकास केंद्र- सी डी सी का दौरा किया। उन्‍होंने सुपरकंप्यूटर प्रौद्योगिकी के विकास तथा औद्योगिक कंपनियों के लिए उपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चिप्स के विकास के संबंध में केंद्र के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने तेजा जेएएस 64 चिप का अनावरण किया। श्री वैष्णव ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि इलेक्ट्रॉनिक कंपनियों के लिए आवश्यक चिप्स और सेमीकंडक्टर विकसित करने के उद्देश्‍य से रंजनगांव में एक इलेक्ट्रॉनिक क्लस्टर स्थापित किया जाएगा।

 

केंद्रीय मंत्री ने पुणे में भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान का भी दौरा किया और संस्थान के छात्रों से बातचीत की। श्री वैष्णव ने संस्थान परिसर में मुख्य सभागार का उद्घाटन किया।

 

————

 

 केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने आज कहा कि पिछले वित्त वर्ष के दौरान नारियल जटा और इससे बने उत्पादों के वार्षिक निर्यात में काफी वृद्धि हुई है। केंद्रीय मंत्री ने कोच्चि में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले वित्त वर्ष के दौरान वार्षिक निर्यात तीन हजार तीन सौ 88 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि नारियल जटा उत्पादन बढ़कर 7 दशमलव 9 लाख टन हो गया। उन्होंने कहा कि अगले वित्त वर्ष के लिए निर्यात का लक्ष्य पांच हजार करोड़ रुपये तय किया गया है।

————

 

 उत्तराखंड में निवेश को बढ़ावा देने और प्रवासियों के अनुभवों का लाभ उठाने के उद्देश्य से कल देहरादून में पहला अंतरराष्‍ट्रीय उत्तराखंडी प्रवासी शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे, जिसमें 17 देशों के भारतीय प्रवासी समुदाय के प्रतिष्ठित सदस्य भाग लेंगे। उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने कहा कि इस आयोजन से राज्य में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा।

 

विदेशों के अंदर रहने वाले ऐसे उद्यमी हैं, जो इस राज्य के अंदर कदम बढ़ाना चाहते हैं ऐसे लोग आएं और उनका परिचय राज्‍य के लोगों से भी होता है और यहां के विकास में उनका भी सार्थक सहयोग प्राप्त होता है।

 

————

 

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने भारतीय सीमा के भीतर ब्रह्मपुत्र नदी में राफ्टिंग के लिए एक ऐतिहासिक अभियान को आज इटानगर से हरी झंडी दिखाई। इस तरह का यह पहला अभियान है, जो ब्रह्मपुत्र नदी की 916 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। इसका उद्देश्य साहसिक पर्यटन और पर्यावरण जागरुकता को बढ़ावा देना तथा युवाओं को साहसिक खेलों के लिए प्रेरित करना है।

 

————

 

भारत, आधिकारिक सांख्यिकी के लिए बिग डेटा और डेटा साइंस पर संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों की समिति में शामिल हो गया है। भारत अब आधिकारिक सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए बिग डेटा और डेटा साइंस का उपयोग करने में वैश्विक मानकों और प्रथाओं को आकार देने में योगदान देगा।

 

————

 

समय है महाकुंभ की विशेष खबरों का।

    

 महाकुंभ 2025 की शुरुआत सोमवार को पहले अमृत स्नान के साथ होगी। इस भव्‍य आयोजन में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्‍न सुविधाओं की व्‍यवस्‍था की गई है।

 

45 दिनों तक चलने वाला या भव्य आयोजन न केवल आध्यात्मिकता और आस्था को प्रदर्शित करेगा। बल्कि दुनियाभर से आने वाले करोड़ों तीर्थयात्रियों के लिए एक व्यवस्थित चिकित्सा सुविधा भी प्रदान करेगा। स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं का एक महत्वपूर्ण आकर्षण नेत्र कुंभ है जो आंखों की बीमारियों के निवारण के लिए शुरू की गई है। इसमें तीन लाख से अधिक चश्‍में वितरित करने और 5 लाख ओपीडी आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं मेला क्षेत्र में सौ विस्तरों वालों केन्‍द्रीय अस्पताल में ओपीडी परामर्श से लेकर आईसीयू देखभाल तक की सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं अरर स्थित मुख्‍य केन्‍द्रीय अस्पताल तथा प्रयागराज जंक्शन नैनी और सूबेदारगंज सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर मेडिकल ऑब्जरवेशन कक्ष इन प्रयासों को आगे बढ़ा रहे हैं। देशभर से दो सौ चालीस चिकित्‍सों की टीम महाकुंभ के स्‍वास्‍थ्‍य सेवा प्रणाली को मजबूत कर रहे हैं। अनुपम मिश्र के साथ आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार प्रयागराज। 

 

————

 

 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सुरक्षित वर्तमान और भविष्य के लिए एकता के सूत्र को मजबूत बनाने की आवश्‍यकता है। मुख्यमंत्री ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर तीन दिवसीय प्रतिष्ठा द्वादशी महोत्सव का उद्घाटन करते हुए यह बात कही।

 

आज अयोध्या के पास अपना इंटरनेशनल एयरपोर्ट है। अयोध्या की सड़कें त्रेतायुग का स्मरण करा रही है। फोर लेन, सिक्‍स लेन की सड़कें सरयू मैया के घाट पूरे देश को अपनी ओर आकर्षित करते हैं राम जी की पीढ़ी अब सरयू जी का जल वहीं पर सड़ता नहीं है बल्कि एक और से आता है दूसरी ओर से वापस सरयू मैया वापस सभी मैया में लौट करके श्रद्धालुओं को पुणे का लाभ प्रदान कर रहा है।

 

————

 

 हज 2025 के लिए विभिन्न राज्यों से तीन हजार 676 आवेदकों को अस्‍थाई सीटें आवंटित की गई हैं। भारतीय हज समिति ने आज हज के लिए इस वर्ष की दूसरी प्रतीक्षा सूची जारी की। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने कहा है कि इन आवेदकों को 23 जनवरी से पहले हज राशि के रूप में दो लाख बहत्तर हजार तीन सौ रुपए जमा कराने होंगे।

 

————

 

 असम के दीमा हसाओ जिले में बाढ़ग्रस्त कोयला खदान के अंदर फंसे पांच और श्रमिकों को बचाने के लिए खोज और बचाव अभियान जारी है। लगभग 150 घंटे के बाद आज, बचाव दल ने खदान से तीन शव निकाले। कोयला श्रमिक सोमवार की सुबह खदान के अंदर फंस गए थे, जब अचानक पानी का तेज बहाव साइट पर भर गया।

 

————

 

मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर पश्चिम भारत में अगले दो दिनों तक गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि देश के उत्तर पश्चिम भाग में आंधी और ओलावृष्टि की आशंका है।

 

हमने एलो एलर्ट के साथ थंडरर्स्‍टाम का वार्निंग और साथ में ओलावृष्टि का वार्रिंग दिए हैं और पूरा नार्थ ईस्‍ट इंडिया में यानी की हिमाचल प्रदेश, उत्‍तराखंड, पंजाब, हर‍ियाणा, वेस्‍ट उत्‍तर प्रदेश, नार्थ राजस्‍थान और नार्थ वेस्‍ट मध्‍य प्रदेश।

 

मौसम, विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्रों में कल सुबह घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। कल पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में गरज के साथ बारिश और ओले पड़ने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और केरल में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इधर, दिल्ली राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र और इसके आसपास के इलाकों में आज हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे राष्ट्रीय राजधानी में तापमान में गिरावट आई है।

 

————

 

मलेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में आज कुआलालंपुर में भारत के सात्‍विक साईराज रैंकीरेडी और चिराग शेट्टी की जोडी को दक्षिण कोरिया की स्‍यो स्‍यूंग जी और किम वोन हो की जोडी से हार का सामना करना पडा।

 

————

 

ओडिसा के राउरकेला में खेली जा रही पुरुष हॉकी इंडिया लीग में हैदराबाद तूफान्स ने जेएसडब्लू सूरमा हॉकी क्लब को 4-3 से हरा दिया है। एक अन्य मैच में डेल्ही एसजी पाईपर्स का सामना यूपी रूद्रास से हो रहा है।

 

————

 

अंत में मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय युवा दिवस पर कल नई दिल्ली में विकसित भारत युवा नेता संवाद में युवाओं से बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा – यह देश के युवाओं को राष्ट्र की विकास यात्रा में शामिल करने की एक अनूठी पहल है।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 2047 तक भारत को विकसित राष्‍ट्र बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – पिछले दस वर्षों में मादक पदार्थों की जब्ती में सात गुना वृद्धि हुई।

  • मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में गरज के साथ हल्की वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

  •  कुआलालंपुर में मलेशिया ओपन बैडमिंटन पुरुष डबल्‍स के सेमीफाइनल में सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी, दक्षिण कोरियाई जोड़ी ओ सेउंग-जे और किम वोन-हो से हारे।

————