मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत कार्यान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया। इसे वास्तविक सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता का आधार बताया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता के लिए भारतीय वंशियों के विशिष्ट सदस्यों को प्रवासी भारतीय सम्मान प्रदान किया।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा – सरकार, मजबूत रक्षा औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र बनाने के लिए परिवर्तनकारी नीतिगत सुधार कर रही है।
- भारत का औद्योगिक उत्पादन नवंबर में छह महीने के उच्चतम स्तर 5 दशमलव 2 प्रतिशत पर पहुंचा, अक्टूबर में यह 3 दशमलव 5 प्रतिशत था।
- दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू।
- महिला क्रिकेट में भारत ने राजकोट में तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला के पहले मुकाबले में आयरलैंड को छह विकेट से हराया।
***
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरकारी सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सही सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता के लिए ऐसा करना अनिवार्य है। श्री मोदी ने यह विचार प्रमुख उद्यमी निखिल कामथ को दिए एक साक्षात्कार में व्यक्त किये।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया, यूपीआई और तकनीक के महत्व को उजागर करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र और इसके सशक्तिकरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साधन है।
रुपए जो लीकेज होता था, जो भ्रष्टाचार होता था वो गया और टेक्नोलॉजी का एक उपयोग हुआ। आज मैं 30 सेकंड में 10 करोड़ किसानों के खाते में सीधे पैसे भेजे सकता हूं। मैं आज देश के 13 करोड़ गैस सिलेंडर के उपभोक्ताओं को सब्सिडी के पैसे एक क्लिक से 30 सेकंड में भेज सकता हूं, क्यों जनधन अकाउंट किसी को लगेगा वो था, लेकिन देश के करोड़ों
वर्तमान चुनौतियों के बारे में पूछे गये सवाल का उत्तर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विश्व, भारत पर इसलिये भरोसा करता है कि उसका दृष्टिकोण निष्पक्ष है। श्री मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक संकट के दौरान भारत ने बार-बार यह कहा है कि वह शांति के पक्ष में है।
***
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि प्रवासी भारतीय वैश्विक समुदाय के सामने भारत की सही तस्वीर पेश करते हैं। राष्ट्रपति मुर्मु भुवनेश्वर में जनता मैदान में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासियों ने चिकित्सा और प्रौद्योगिकी सहित सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
राष्ट्रपति ने अपने संबोधन से पहले विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता के लिए भारतीय प्रवासियों के प्रतिष्ठित सदस्यों को प्रवासी भारतीय सम्मान भी प्रदान किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने विकसित भारत के संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर, जुएल ओराम, धर्मेंद्र प्रधान, ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
***
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा है कि सरकार एक सशक्त रक्षा औद्योगिक तंत्र के निर्माण के लिए सुधारात्मक नीति बना रही है। इसका उद्देश्य आत्मनिर्भर और प्रौद्योगिकी स्तर पर सहयोग को बढावा देना है। एयरो इंडिया 2025 से पहले नई दिल्ली में राजदूतों के साथ गोलमेज बैठक की अध्यक्षता करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा और वायु क्षेत्रों में राष्ट्र की प्रगति का उल्लेख करते हुए अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के सफलतापूर्वक विकास पर बल दिया।
देश में प्रगतिशील वैश्विक सुरक्षित वातावरण का उल्लेख करते हुए श्री सिंह ने शांति और खुशहाली के लिए सामूहिक कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।
रक्षामंत्री ने कहा कि भारत उन चुनींदा राष्ट्रों में शामिल हैं जो लडाकू विमान, परमाणु पनडुब्बी, विशेष प्रकार के युद्धक टैंक और अंतरद्विपीय बैलिस्टिक मिसाइल के निर्माण और उत्पादन में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जो विदेशी कंपनियां भारत में कारोबार शुरू करना और भागीदार बनना चाहती है, उनके लिए वायु क्षेत्र और रक्षा क्षेत्र में अनेक अवसर उपलब्ध हैं।
***
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, भारत का औद्योगिक उत्पादन नवंबर में छह महीने के उच्चतम स्तर पांच दशमलव दो प्रतिशत पर पहुंच गया, जो अक्टूबर में 3 दशमलव 5 प्रतिशत था।
आंकड़ों के अनुसार, औद्योगिक उत्पादन सूचकांक के तीन प्रमुख घटकों में से, विनिर्माण उत्पादन नवंबर में 5 दशमलव 8 प्रतिशत बढ़ गया, जबकि बिजली उत्पादन में 4 दशमलव 4 प्रतिशत और खनन गतिविधियों में 1 दशमलव 9 प्रतिशत की वृद्धि हुई। नवंबर 2023 की तुलना में नवंबर 2024 में उपयोग-आधारित वर्गीकरण के अनुसार आईआईपी की वृद्धि दर प्राथमिक वस्तुओं में 2 दशमलव 7 प्रतिशत, पूंजीगत वस्तुओं में 9 प्रतिशत, मध्यवर्ती वस्तुओं में 5 प्रतिशत, बुनियादी ढांचे या निर्माण वस्तुओं में 10 प्रतिशत और उपभोक्ता में 13 दशमलव 1 प्रतिशत रही। टिकाऊ और गैर-टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं में शून्य दशमलव 6 प्रतिशत वृद्धि हुई। आयुषी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोज़ी।
***
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान इसरो के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने कहा है कि स्पेस डॉकिंग यानी दो उपग्रहों को अंतरिक्ष में जोड़ने के प्रयोग की तारीख कुछ दिनों में तय की जाएगी। आकाशवाणी समाचार के साथ एक विशेष साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि जनवरी के अंत में निर्धारित नाविक इसरो द्वारा 100वां उपग्रह प्रक्षेपण होगा।
यह साक्षात्कार आज रात 9 बजकर 15 मिनट पर आकाशवाणी एफएम गोल्ड एक सौ दशमलव एक मेगा हर्ट्ज पर प्रसारित होगा।
***
दिल्ली में आज चुनाव अधिसूचना जारी होने के साथ ही 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। नामांकन के पहले दिन विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से नौ उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किये। इस महीने की 17 तारीख तक पर्चे दाखिल किए जा सकते हैं।
इस बीच, विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए अपने क्षेत्रों में प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। दिल्ली विधानसभा चुनाव पांच फरवरी को और वोटों की गिनती आठ फरवरी को होगी।
***
दिल्ली विधानसभा चुनाव के अंतर्गत पार्टी उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक नई दिल्ली में हो रही है। पार्टी मुख्यालय में हो रही इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह के साथ-साथ दिल्ली भाजपा के नेता भी शामिल हैं। अब तक भाजपा ने 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के लिए 29 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।
***
इंडियन वॉटर वर्क्स एसोसिएशन का 57वां वार्षिक सम्मेलन आज छत्तीसगढ़ के रायपुर में शुरू हुआ। इस सम्मेलन में देशभर से 400 से अधिक जल विशेषज्ञ और इंजीनियर भाग ले रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस सम्मेलन का उद्घाटन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। तीन दिवसीय वार्षिक सम्मेलन 12 जनवरी तक चलेगा। इस सम्मेलन का विषय “जल-360 डिग्री” है।
***
केन्द्रीय ग्रामीण विकास और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के दौरे के अंतर्गत आज दुर्ग जिले में आयोजित “मोर मकान-मोर अधिकार” कार्यक्रम और किसान मेले में भाग लिया। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार ने जनहित में प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता के मानदंडों में तीन महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं।
तीन बड़े परिवर्तन संशोधन हमने और किए हैं आपकी मांग पर। अब दो पहिया वाहन होंगे तो अभी उनका मकान मिलेगा पात्रता की सूची में नाम जुड़ेगा। इसके साथ अब 15000 तक की भी आमदनी अगर हर महीना होगी उनको भी मकान दिए जाएंगे, सूची में नाम जोड़ा जाएगा और हमारे किसान भाई-बहन छोटे किसान जिनके पास ढाई एकड़ तक सींचित जमीन है और पांच एकड़ तक असींचित जमीन है। उनके नाम भी आवास की सूची में जोड़े जाएंगे।
***
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने नागरिकों को संसदीय लोकतंत्र को समझने के महत्व पर जोर दिया है। उन्होंने आज नई दिल्ली में केंद्रीय विद्यालयों के लिए वर्ष 2023-24 की 34वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता को संबोधित करते हुए यह सलाह दी।
***
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ 2025 को समर्पित आकाशवाणी का कुंभवाणी चैनल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ जाति, पंथ और भेदभाव से परे है और महाकुंभ एकता का संदेश फैलाता है। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा कुम्भ मंगल धुन का भी शुभारम्भ किया गया।
कुम्भवाणी को 103 दशमलव 5 मेगाहर्ट्ज फ्रीक्वेंसी, न्यूजऑनएआईआर ऐप और वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सुना जा सकता है।
भजन गायक अनूप जलोटा ने प्रसार भारती द्वारा आकाशवाणी के एफएम रेडियो चैनल कुंभवाणी की शुरुआत की सराहना की है। प्रयागराज में आकाशवाणी समाचार से बातचीत करते हुए श्री जलोटा ने कहा कि महाकुंभ 2025 का यह पावन अवसर 144 वर्षों के बाद आया है और एफएम चैनल बहुत अच्छी पहल है।
कुभवाणी एक इतना सुंदर नाम है क्योंकि 144 साल के बाद यह कुंभ आया है लोगों के अंदर कितना उत्साह है तो कुंभवाणी बहुत सुंदर टाइटल है और मैं चाहूंगा कि इसके लिए मैं कभी रिकॉर्डिंग्स करूंगा दिल्ली विशेष आऊंगा आपके लिए फिर से रिकॉर्डिंग करूंगा।
महाकुंभ 2025 एक धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आयोजन के साथ ही संरक्षण तथा स्वच्छता का भी उदाहरण है। एक रिपोर्ट-
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत महाकुंभ मेला क्षेत्र के लिए 152 करोड़ रुपए की लागत से विशेष स्वच्छता प्रबंधन उपाय किए गए हैं। मेला क्षेत्र में 28000 से अधिक शौचालय बनाए गए हैं जिसमें 12000 फाइबर के और 16000 प्रि-फैब्रिकेटेड स्टील के है। यह शौचालय पर्यावरण अनुकूल है और इनसे स्वच्छता भी सुनिश्चित होगी। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए 20 हजार यूरिनल भी लगाए गए हैं। वहीं मेला क्षेत्र में कचरे के प्रभावी प्रबंधन के लिए 20 हजार कचरे के डब्बे भी लगाए गए हैं जो स्रोत पर ही कचरे को अलग करने में मदद करेंगे। कचरा संग्रहण और निष्पादन को अधिक सुचारू बनाने के लिए लगभग 38 लाख लाइनर बैग की व्यवस्था की गई है। अनुपम मिश्र के साथ आंनद कुमार आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
***
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और प्रेरणा से, प्रयागराज में महाकुंभ-2025 शाश्वत गौरव का प्रतीक होगा।
***
महिला क्रिकेट में भारत ने तीन मैचों की एकदिवसीय श्रंखला के पहले मैच में आज राजकोट में आयरलैंड को छह विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर दो सौ 38 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने यह मैच 34 ओवर और तीन गेंदों में चार विकेट खोकर 241 रन बनाकर जीत लिया।
***
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत कार्यान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया। इसे वास्तविक सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता का आधार बताया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता के लिए भारत वंशियों के विशिष्ट सदस्यों को प्रवासी भारतीय सम्मान प्रदान किया।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा – सरकार, मजबूत रक्षा औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र बनाने के लिए परिवर्तनकारी नीतिगत सुधार कर रही है।
- भारत का औद्योगिक उत्पादन नवंबर में छह महीने के उच्चतम स्तर 5 दशमलव 2 प्रतिशत पर पहुंचा, अक्टूबर में यह 3 दशमलव 5 प्रतिशत था।
- दिल्ली में चुनाव अधिसूचना जारी होने के साथ ही 70 विधानसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू।
- महिला क्रिकेट में भारत ने राजकोट में तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला के पहले मुकाबले में आयरलैंड को छह विकेट से हराया।
***