Download
Mobile App

android apple
signal

January 9, 2025 10:22 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा– पिछले 10 वर्षों में जैव-अर्थव्यवस्था 10 अरब डॉलर से बढ़कर एक सौ पचास अरब डॉलर हो गई है। जीनोम इंडिया डाटा जारी करने को अनुसंधान और स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।

 

  • गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सरकार पुलिस बलों को स्‍मार्ट बलों में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

  • उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में महाकुंभ की तैयारियों का जायजा लिया।

 

  • भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी की दिल्ली चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक की। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल ने फर्जी वोटरों को लेकर चुनाव आयोग से मुलाकात की।

 

  • इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए लगभग दस हजार विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया।

 

  • कुआलालंपुर में मलेशिया ओपन बैडमिंटन में चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज रंकीरेड्डी की भारतीय जोडी पुरुष डबल्‍स क्वार्टर फाइनल में पहुंची।

 

———

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि पूरी दुनिया विभिन्‍न वैश्विक समस्‍याओं के समाधान के लिए भारत की ओर देख रही है। श्री मोदी ने आज शाम नई दिल्‍ली में जीनोमिक्‍स डाटा कन्‍कलेव के लिए एक वीडियो संदेश में कहा कि जीनोम इंडिया प्रोजेक्‍ट देश के जैव प्रौद्योगिकी परिदृश्‍य को परिभाषित करता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत को जैव अर्थव्‍यवस्‍था आधारित बनाने के लिए 21वीं सदी में जैव प्रौद्योगिकी और जैव ईंधन का समन्‍वय महत्‍वपूर्ण आधार है।

 

बायो इकोनॉमी, सस्टेनेबल डेवलपमेंट को गति देती है, इनोवेशन को अवसर देती है। मुझे खुशी है कि बीते 10 वर्षों में, देश की बायो इकोनॉमी तेजी से आगे बढ़ी है। साल 2014 में जो बायो इकोनॉमी 10 बिलियन डॉलर की थी, वो आज डेढ़ सौ बिलियन डॉलर से ज्यादा की हो गई है। भारत अपनी बायो-इकोनॉमी को नई बुलंदी देने में भी जुटा है।

 

श्री मोदी ने जीनोम इंडिया डाटा जारी करने की सराहना की तथा इसे अनुसंधान और स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।

 

बीते 10 सालों में रिसर्च और इनोवेशन के लिए पढ़ाई के हर स्तर पर बहुत जोर दिया गया है। आज 10 हजार से ज्यादा अटल टिंकरिंग लैब्स में हमारे स्‍टुडेंट्स हर रोज नए-नए एक्सपेरिमेंट कर रहे हैं। नौजवानों के इनोवेटिव आइडियाज को आगे बढ़ाने के लिए पूरे देश में सैकड़ों अटल इन्क्यूबेशन सेंटर बने हैं।

 

कार्यक्रम के दौरान विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्‍टर जितेन्‍द्र सिंह ने एक्‍सचेंज ऑफ डाटा प्रोटोकोल का प्रारूप जारी किया और आई.बी.डी.सी. डाटा एक्‍सेस पोर्टल का लोकार्पण किया। डॉक्‍टर सिंह ने कहा कि पिछला दशक भारत में जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में परिवर्तनकारी रहा है।

 

हमारा ये माना है कि आने वाले समय में जहां एक ओर अर्थव्‍यवस्‍था का एक प्रमुख अंक बायो इकोनॉमी रहेगा, वहीं उसी तरह से हेल्‍थकेयर में भी आने वाले समय में जीन जीन थेरेपी जेनेटिक मेथड्स ऑफ डायग्नोसिस, जेनेटिक मेथड्स ऑफ ट्रीटमेंट। यही प्रमुखता से हमारे स्‍वास्‍थ्‍य सेवाओें का एक प्रमुख अंक बनकर उभरेंगे।

 

———

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्‍ट्र बनाने में प्रवासी भारतीयों की निर्णायक भूमिका है। श्री मोदी ओडिशा के भुबनेश्‍वर में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस का औपचारिक उद्घाटन करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने वैश्विक विकास और भारत की विकास यात्रा में प्रवासी भारतीयों की महत्‍वपूर्ण भूमिका की प्रशंसा की। भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व पर चर्चा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत न केवल ‘लोकतंत्र की जननी’ है, बल्कि लोकतंत्र हमारी जीवन शैली में समाहित है। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कई प्रदर्शनियों का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा कि ओडिशा में प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन की मेजबानी नरेंद्र मोदी सरकार की “पूर्वोदय” नीति को दर्शाती है। इस वर्ष के प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का विषय है ‘विकसित भारत में प्रवासी भारतीयों का योगदान’।    

 

———-

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के समापन समारोह में शामिल होंगी। राष्‍ट्रपति अपने गृह राज्य ओडिशा की दो दिवसीय यात्रा पर आज शाम भुवनेश्वर पहुंचीं।  भारत सरकार और ओडिशा सरकार द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस सम्मेलन में लगभग 75 देशों से लगभग छह हजार प्रवासी भारतीय भाग ले रहे हैं। राष्‍ट्रपति विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता के लिए भारतीय प्रवासियों के 17 प्रतिष्ठित सदस्यों को प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार भी प्रदान करेंगी।

 

———

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार कानून व्‍यवस्‍था बनाए रखने के साथ-साथ  आंतरिक सुरक्षा की चुनौतियों का सामना करने के लिए भारतीय पुलिस बलों को स्मार्ट बलों में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। नई दिल्ली में आज पुलिस अनुसंधान और विकास ब्यूरो में एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने यह बात कही। बैठक के दौरान, श्री शाह ने ब्यूरो के छह प्रभागों की उपलब्धियों, चल रहे कार्यों और भविष्य की रूपरेखा की भी समीक्षा की। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन की दिशा में पुलिस अनुसंधान और विकास ब्यूरो द्वारा किए गए प्रयासों और पहलों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पुलिस ब्यूरो को जमीनी स्तर पर कानून व्‍यवस्‍था में आने वाली चुनौतियों की पहचान कर उनपर अनुसंधान करना चाहिए और उनके समाधान खोजने की दिशा में काम करना चाहिए।

 

———

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रयागराज में 2025 का महाकुंभ, आस्था और आधुनिकता का संगम होगा। प्रयागराज में आज शाम मीडिया को जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन्होंने महाकुंभ की तैयारियों का जायजा लिया।

 

आस्‍था और आधुनिकता का ये महासमागम प्रत्‍येक व्‍यक्ति के जीवन में भी कैसे खुशहाली ला सकता है। लाखों लोग इस पूरी व्‍यवस्‍था के साथ जुडे हुए हैं। दो लाख करोड रुपये का ग्रोथ अकेले प्रयागराज महाकुंभ से होगा। कैसे आस्‍था अर्थव्‍यवस्‍था को सुदृढता प्रदान करती है, प्रयागराज उसका एक नया उदाहरण बनने जा रहा है और इसलिए आज के इस अवसर पर स्‍वच्‍छ कुंभ के साथ-साथ इसको हम लोगों ने एक सुररक्षित, व्‍यवस्थित और आधुनिक महासमागम के रूप में जो भी योजना तैयार की है, आपके सामने है।

 

श्री आदित्यनाथ ने आज प्रयागराज में महाकुंभ 2025 के लिए डिजिटल मीडिया सेंटर का भी उद्घाटन किया।

 

———-

 

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कल आकाशवाणी के कुंभवाणी चैनल का शुभारंभ किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाकुंभ को समर्पित इस चैनल की शुरूआत करेंगे। सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल मुरुगन कार्यक्रम में वर्चुअल माध्‍यम से भाग लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री कुंभ मंगल धुन का भी शुभारंभ करेंगे। आकाशवाणी का कुंभवाणी चैनल कल से 26 फरवरी तक सुबह पांच बजकर पचपन मिनट से   रात दस बजकर पांच मिनट तक महाकुंभ की गतिविधियों पर आधारित कार्यक्रम प्रसारित करेगा। कुंभवाणी चैनल के जरिए अमृत स्नान की लाइव कमेंट्री प्रसारित की जाएगी। कार्यक्रम को 103 दशमलव पांच मेगाहर्ट्ज फ्रीक्वेंसी, न्यूज ऑन एआईआर ऐप और वेव्स ओटीटी प्‍लेटफार्म पर सुना जा सकेगा।

 

———-

 

केन्‍द्रीय वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि जैविक खेती बेहतर आय और रोजगार सृजित करने का शक्तिशाली माध्‍यम बन गई है। श्री गोयल ने आज नई दिल्‍ली में राष्‍ट्रीय जैविक उपज कार्यक्रम के आठवें संस्‍करण का उद्घाटन करते हुए कहा कि जैविक खेती से किसानों की आय में वृद्धि हुई है। केन्‍द्रीय मंत्री ने कहा कि फिलहाल जैविक उत्‍पादों का निर्यात छह हजार करोड रुपये है जिसके अगले तीन वर्ष में बीस हजार करोड़ रुपये होने की संभावना है।

 

सबसे ज्‍यादा किसान जैविक खेती में भारत में हैं और दुनिया में दूसरे नम्‍बर पर है भारत का जमीनी क्षेत्रफल। अगर हमने थोडी और मेहनत की तो मुझे पूरा विश्‍वास है कि हम विश्‍व में नम्‍बर वन बन सकते हैं और अपने किसानों की आमदनी को बढावा दे सकते हैं।

 

———-

 

परीक्षा पे चर्चा के आठवें संस्करण के लिए देश-विदेश से छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से दो करोड़ 70 लाख से अधिक पंजीकरण प्राप्त हुए हैं। इस कार्यक्रम के लिए माई जीओवी डॉट इन पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण 14 दिसम्‍बर को शुरू हुआ था और ये इस महीने की 14 तारीख तक चलेगा। शिक्षा मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परीक्षा पे चर्चा पहल, परीक्षा से जुड़े तनाव को कम करने और परीक्षा को एक उत्सव में बदलने के लिए राष्ट्रव्यापी आंदोलन के रूप में आगे बढ़ रही है।

 

———

 

भारतीय जनता पार्टी अध्‍यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज पार्टी की दिल्‍ली चुनाव प्रबंध समित‍ि की एक बैठक की। राष्‍ट्रीय राजधानी में आयोजित यह बैठक विधानसभा चुनावों में पार्टी की रणनीति तय करने के लिए बुलाई गई थी। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के दिल्‍ली प्रदेश अध्‍यक्ष वीरेन्‍द्र सचदेवा तथा पार्टी के अन्‍य वरिष्‍ठ नेता उपस्थित थे। बैठक के बाद श्री सचदेवा ने बताया कि श्री नड्डा ने चुनाव तैयारियों का आकलन किया और सुझाव दिये। भाजपा नेता ने आम आदमी पार्टी पर दिल्‍ली में अवैध मतदाताओं का पंजीकरण कराने के प्रयास करने का आरोप लगाया।

 

23 तारीख को इलेक्‍ट्रोल रोल फ्रीज हो गया। 24 तारीख से लेकर अब तक जितने वोट बन रहे, मैं दावे के साथ कह रहा हूं कि अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी इन वोटों को बनाने का अनैतिक रूप से काम कर रही है। अपने कार्यकर्ताओं के घरों में, आस-पास के प्रदेशों के रिश्‍तेदारों के नाम जोडने की कवायद चल रही है।

 

इस बीच आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने आज नई दिल्‍ली में निर्वाचन आयोग से मुलाकात की। उन्‍होंने आरोप लगाया कि दूसरे राज्‍यों से दिल्‍ली में लोगों को लाकर फर्जी मतदाता बनाए जा रहे हैं।

 

बहुत बडे स्‍केल पर स्‍कैम चल रहा है, बहुत बडा फरोड चल रहा है। छोटी सी असेम्‍बली है। पिछले 15 दिन में  13 हजार नये वोट बनने की एप्‍लीकेशन आई है तो हमने उनको ये कहा कि इस तरह के लास्‍ट स्‍केल पर एडिशन और डिलिशन हो रही है साढे 18 परसेंट अगर किसी विधानसभा के इधर से उधर कर दिए जाएंगे तो फिर चुनाव थोडी है।

 

———

 

गणतंत्र दिवस परेड के अवसर पर इस वर्ष लगभग दस हज़ार विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। एक रिपोर्ट –

 

इन विशेष अतिथियों में सरपंच, आपदा राहत कार्यकर्ता, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जल योद्धा, हथकरघा और हस्तशिल्प कारीगर, मन की बात प्रतिभागी, माई भारत स्वयं सेवक, पूर्वोत्तर राज्यों के अतिथि और सर्वश्रेष्ठ स्टार्ट-अप शामिल हैं। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि आमंत्रित अतिथियों में से कुछ स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार सृजन सुनिश्चित करने के लिए अनुकरणीय कार्य कर रहे हैं। पैरा-ओलंपिक दल के सदस्य, शतरंज ओलंपियाड पदक विजेता, ब्रिज वर्ल्ड गेम्स रजत पदक विजेता और स्नूकर विश्व चैंपियनशिप स्वर्ण पदक विजेताओं को भी विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। दीपेन्‍द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

 

———

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एयरो इंडिया 2025 समारोह से पहले कल नई दिल्ली में राजदूतों की गोलमेज बैठक की अध्यक्षता करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए 150 से अधिक मित्र देशों के राजदूतों और उच्चायुक्तों को निमंत्रण भेजा गया है।

 

———-

 

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू कल नई दिल्ली में केंद्रीय विद्यालयों के लिए 34वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2023-24 के पुरस्कार प्रदान करेंगे।

 

———

 

विकसित भारत युवा नेता संवाद 2025 नई दिल्ली में कल से भारत मंडपम में शुरू होगा। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने कहा है कि इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत के लिए उन्नतशील विचार प्रस्तुत करने के लिए मंच प्रदान करना है।

 

———

 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि भारतीय और स्कॉटिश संसदों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग में अपने अनुभवों से सीखने की आवश्यकता है। श्री बिरला ने इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और ग्वेर्नसे की अपनी यात्रा के दौरान स्कॉटलैंड के प्रथम मंत्री जॉन स्विनी के साथ एक बैठक में यह बात कही।

 

———

 

अमरीका की फिल्‍म नगरी लॉस एजेंल्‍स भयानक आग की चपेट में है और इसमें हॉलीवुड हिल्‍स को भी अपनी चपेट में ले लिया है। कल रात तकरीबन डेढ लाख लोगों को क्षेत्र से बाहर जाने के आदेश दिये गये।

 

———

 

सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी कुआलालम्पुर में मलेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष डबल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। भारतीय जोड़ी ने आज मलेशिया के नूर मोहम्मद अज़रियन अयूब और तेन वी कियोंग को 21-15, 21-15 से हराया। कल अंतिम आठ में सात्विक और चिराग का सामना मलेशिया के ही ऑग येव-सिन और तियो-ई-यी से होगा।

 

———

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा– पिछले 10 वर्षों में जैव-अर्थव्यवस्था 10 अरब डॉलर से बढ़कर एक सौ पचास अरब डॉलर हो गई है। जीनोम इंडिया डाटा जारी करने को अनुसंधान और स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।

 

  • गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सरकार पुलिस बलों को स्‍मार्ट बलों में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

  • उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में महाकुंभ की तैयारियों का जायजा लिया।

 

  • भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी की दिल्ली चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक की। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल ने फर्जी वोटरों को लेकर चुनाव आयोग से मुलाकात की।

 

  • इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए लगभग दस हजार विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया।

 

  • कुआलालंपुर में मलेशिया ओपन बैडमिंटन में चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज रंकीरेड्डी की भारतीय जोडी पुरुष डबल्‍स क्वार्टर फाइनल में पहुंची।

 

————