Download
Mobile App

android apple
signal

January 8, 2025 10:14 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आंध्र प्रदेश में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, कहा – एनडीए सरकार राज्य में सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध। 

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मालदीव के रक्षा मंत्री मोहम्मद घासन मौमून ने नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता की; इसमें रक्षा सहयोग के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।

  • संयुक्त संसदीय समिति ने नई दिल्ली में एक राष्ट्र-एक चुनाव से संबंधित दो विधेयकों पर पहली बैठक की।

  • इंडिया ए.आई. ने देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को अपनाने और विकसित करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

  • अमेरिका में लॉस एंजिल्स के जंगल में लगी आग के कारण करीब एक लाख निवासियों को प्रभावित क्षेत्र से हटने को कहा गया।

  • बैडमिंटन में, भारतीय शटलर एच. एस. प्रणॉय कुआलालंपुर में मलेशिया ओपन के पुरुष सिंगल्‍स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।

———–

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आन्‍ध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में आज दो लाख करोड रूपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्‍यास किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने एक जनसभा कहा कि यह आन्‍ध्र प्रदेश के लिए बहुत बडा दिन है। आज राज्‍य में हरित ऊर्जा और बुनियादी सुविधाओं वाली विकास परियोजनाओं की शुरूआत की गई है। श्री मोदी कहा कि उनकी सरकार आन्‍ध्र प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

 

उन्‍होंने कहा कि स्वर्णआंध्र प्रदेश 2047 विकसित भारत 2047 का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश उभरती प्रौद्योगिकियों का केंद्र है।  श्री मोदी ने कहा कि हरित हाइड्रोजन परियोजना और बल्क ड्रग पार्क औद्योगिक विकास को गति देंगे और रोजगार पैदा करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि कृष्णापटनम औद्योगिक पार्क शहर हजारों करोड़ रुपये का निवेश लाएगा और आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र का विकास सुनिश्चित करेगा।

 

हम आंध्र को न्यू एज अर्बनाइजेशन का एक उदाहरण बनाना चाहते हैं इसी विजन को साकार करने के लिए आज कृष्णापट्टनम इंडस्ट्रियल एरिया एंड क्रीस सिटी का फाऊंडेशन स्टोन रखा गया है यह स्मार्ट सिटी चेन्नई बेंगलुरु इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का हिस्सा बनेगी इसे आंध्र में थाउजेंड्स ऑफ करोड्स का इन्वेस्टमेंट आएगा और लाखों इंडस्ट्रियल जॉब तैयार होंगे। प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि विशाखापत्तनम में दक्षिण तट रेलवे जोन के मुख्यालय के निर्माण की नींव रखने के साथ ही आंध्र प्रदेश में रेलवे जोन का लंबे समय से चला आ रहा सपना साकार हो गया है।

 

लम्‍बे समय से एक अलग रेलवे जोन की मांग हो रही थी। आज यह सपना साकार हो रहा है। रेलवे जोन का मुख्यालय बनने के बाद इस पूरे क्षेत्र में कृषि और व्यापार से जुड़ी एक्टिविटीज का विस्तार होगा ।इसके अलावा टूरिज्म क्षेत्र और लोकल इकोनॉमी को भी प्रगति के नए अवसर मिलेंगे।

 

प्रधानमंत्री एक लाख 85 हजार करोड रूपये की एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के हरित हाइड्रोजन केन्‍द्र परियोजना का विशाखापट्टनम के पास पूडीमढाका में वचुर्अल रूप से शिलान्‍यास किया। श्री मोदी ने दस सडक निर्माण और विस्‍तार परियोजनाओं का भी शिलान्‍यास किया। इससे पहले आज विशाखापट्टनम पहुंचने पर श्री मोदी ने आन्‍ध्र प्रदेश के मुख्‍यमंत्री एन चन्‍द्रबाबू नायडू और उपमुख्‍यमंत्री के पवन कल्‍याण के साथ रोड-शो किया।

———–

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मालदीव के रक्षा मंत्री मोहम्मद घासन मौमून ने आज नई दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक में प्रशिक्षण, नियमित सैन्य अभ्यास और रक्षा परियोजनाओं सहित द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की। एक रिपोर्ट-

 

रक्षा मंत्री ने रक्षा तैयारियों के लिए क्षमता बढाने में मालदीव को सहयोग देने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। भारत की पडोसी प्रथम नीति के अनुरूप रक्षा मंचों के उपयोग और परिसंपत्तियों की क्षमता के विस्‍तार पर भी चर्चा हुई। श्री मोमून ने मालदीव के लिए सबसे पहले सहायता के लिए आने वाले देश के रूप में भारत की ऐतिहासिक भूमिका की सराहना की। उन्‍होंने माले में आधुनिक बुनियादी सुविधाओं के विस्‍तार तथा रक्षा और सुरक्षा कर्मियों प्रशिक्षण में भारत के सहयोग के लिए धन्‍यवाद दिया। श्री राजनाथ ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि वार्ता सार्थक रही और इससे भारत मालदीव संबंधों को नई ऊर्जा मिली है। उन्‍होंने कहा कि वार्ता के दौरान रक्षा सहयोग प्रगाढ करने के विभिन्‍न मुद्दों पर चर्चा हुई जिनसे मालदीव की राष्‍ट्रीय रक्षा बलों की क्षमता में वृद्धि होगी। भूपेंद्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

———–

एक राष्ट्र एक चुनाव से जुड़े दो विधेयकों पर संयुक्त संसदीय समिति-जेपीसी की पहली बैठक आज नई दिल्ली में हुई। विधेयकों को आधिकारिक तौर पर 129वां संविधान संशोधन विधेयक-2024 और केंद्र शासित प्रदेश कानून-संशोधन विधेयक-2024 नाम दिया गया है।  संवाददाताओं से बातचीत में समिति के अध्यक्ष भाजपा सांसद पी पी चौधरी ने कहा कि समिति सभी हितधारकों के विचार जानेगी। उन्होंने कहा कि समिति सभी के विचार जानने के बाद आगे बढ़ने का फैसला करेगी।

———–

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज कहा कि जम्मू और श्रीनगर को जोड़ने वाली रेलवे लाइन का निर्माण पूरा हो गया है। उन्‍होंने कहा कि इस रेल लाईन का वैधानिक निरीक्षण हो गया है। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में श्री वैष्‍णव ने इस उपलब्धि को भारतीय रेलवे के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने परियोजना को महत्वपूर्ण बताते हुए इसे जम्मू-कश्मीर में सम्‍पर्क और विकास के लिए परिवर्तनकारी बताया।

———–

वायुसेना प्रमुख अमरप्रीत सिंह और राष्‍ट्रीय कैडेट कोर के महानिदेशक गुरबीरपाल सिंह ने आज नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस शिविर 2025 में भाग लेने वाले एनसीसी अधिकारियों और कैडेटों से बातचीत की। वायुसेना प्रमुख ने एनसीसी कैडेटों की गणतंत्र दिवस शिविर में उनकी भागीदारी की सराहना की।

आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में एनसीसी कैडेटों ने गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बनने के लिए अपने उत्साह को साझा किया।

 

महीने भर चलने वाले इस शिविर में 917 बालिका कैडेटों सहित कुल दो हजार 361 कैडेट भाग ले रहे हैं।

———–

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने आज बताया कि डिजिटल इंडिया कॉरपोरेशन के अंतर्गत स्वतंत्र व्यापार प्रभाग- आईबीडी- इंडिया एआई ने भारत में कृत्रिम बुद्धिमत्ता को अपनाने और विकसित करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के साथ सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।

 

इस बारे में हुए समझौतों के अंतर्गत माइक्रोसॉफ्ट और इंडिया एआई 2026 तक छात्रों, शिक्षकों, निर्माण संस्‍थानों, सरकारी अधिकारियों और महिला उद्यमियों सहित पांच लाख व्यक्तियों को प्रशिक्षण देंगे। वे 20 हजार शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए 10 राज्यों में 20 राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों में एआई उत्पादकता प्रयोगशालाओं का निर्माण करेंगे। इसके अंतर्गत 200 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में मूलभूत एआई पाठ्यक्रमों के साथ एक लाख छात्रों को सशक्त बनाने के लिए सहयोग मिलेगा।

———–

केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि दूसरा अटल नवाचार मिशन उद्यमशीलता को बढ़ावा देने, सार्वजनिक-निजी भागीदारी को बढ़ाने और स्टार्ट-अप को बनाए रखने के लिए उद्योग संबंधों को समन्वित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आज नीति आयोग में अटल नवाचार मिशन – की उच्च-स्तरीय समिति की बैठक को संबोधित करते हुए, उन्‍होंने मजबूत स्टार्टअप सुनिश्चित करने के लिए उद्योग से जुडने का आह्वान किया।

———–

केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि कांडला में दीनदयाल बंदरगाह की माल वहन क्षमता 30 करोड़ मीट्रिक टन तक पहुंचने के बाद, यह मेगा टर्मिनल बंदरगाह और हरित हाइड्रोजन के क्षेत्र में देश का महत्वपूर्ण केंद्र बन जाएगा। श्री सोनोवाल ने आज कांडला में दीनदयाल बंदरगाह प्राधिकरण में कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया।

———–

महाकुंभ भारत की समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित करने का एक बहुत ही खास अवसर है। यहां आने वाले लोग भारत की सांस्कृतिक विविधता के साक्षी बनेंगे। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज प्रयागराज में महाकुंभ मेला क्षेत्र में कलाग्राम केंद्र की तैयारियों की समीक्षा करते हुए यह बात कही।

 

भारत के लोगों के लिए भी भारत के बहुत सारे हिस्से अछूते हैं, यह भारत के विराट रूप का एक स्थान पर एक जगह पर दर्शन कराने वाला होगा। देश दुनिया से आने वाले सभी लोगों को भारत के सांस्‍कृतिक वैविद्य से और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धता से परिचय कराया जा सके, इसको लेकर के संस्कृति मंत्रालय ने अपना एक कलाग्राम डेवलप किया है।

———–

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने आज नई दिल्‍ली में महाकुंभ 2025 को समर्पित आकाशवाणी और दूरदर्शन के लिए विशेष गीत का लोकार्पण किया।

 

इस समारोह में प्रसार भारती के अध्‍यक्ष नवनीत कुमार सहगल, मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी, दूरदर्शन की महानिदेशक कंचन प्रसाद और आकाशवाणी की महानिदेशक डॉ. प्रज्ञा पॉलीवाल गौड़ उपस्थित थी। महाकुंभ का आयोजन 13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयागराज में होगा।

———–

विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि प्रयागराज एयरपोर्ट का नया टर्मिनल इस वर्ष 15 जनवरी तक काम करना शुरू कर देगा। केंद्रीय राज्य मंत्री ने यह बात आज प्रयागराज में प्रयागराज एयरपोर्ट के निरीक्षण और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद कही।

 

हमारा जो नया टर्मिनल का बिल्डिंग यहां पर बना तो जल्दी से जल्दी पूरा हो जाए इसलिए हम प्रयासरत हैं तो बिल्कुल अच्छा काम चल रहा है और समय से पहले पूरा हो रहा। 15 तारीख से नया टर्मिनल जो बिल्डिंग है या ऑपरेशन में आ जाएगा हर एक को एक अच्छी सुविधा यहां पर मिलेगी विमान प्रवास जो भी करेगा बाहर जाना हो यहां आना हो मुझे लगता है की अच्छी व्यवस्था यहां पर की गई है।

———–

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, आज अपने साप्ताहिक कार्यक्रम ‘‘चर्चा का विषय है’’ में समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपराओं को प्रदर्शित करते महाकुंभ 2025 पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसे रात साढ़े नौ बजे से आकाशवाणी गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर सुना जा सकेगा।

———–

अमरीका में, जंगल की आग की तीन घटनाओं के कुछ घंटों के भीतर आग 10 एकड़ से दो हजार 900 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैल गई है। इसके बाद लॉस एंजिल्स ने आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी है। स्थानीय मीडिया की खबरों में बताया गया है कि आग से महत्वपूर्ण स्थल, सामुदायिक भवन और व्यवसायिक प्रतिष्‍ठानों को नुकसान पहुंचा है। लगभग एक लाख लोगों को प्रभावित क्षेत्रों से हटने के लिए कहा गया है। आग पर काबू पाने के लिए एक हजार 400 से अधिक दमकल कर्मियों को तैनात किया गया है।

———–

एच एस प्रणय कुआलालंपुर में मलेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के प्री- क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए हैं। प्रणय ने पुरूष सिंगल्स में कनाडा के ब्रायन यांग को हराया।

महिला सिंगल्स में मालविका ने मलेशिया की गोह जिन वेई को हराकर अंतिम सोलह में जगह बनाई।

पुरूष डबल्स में सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने भी अगले दौर में जगह बना ली है।

———–

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कल तक शीत लहर रहने का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति का भी पूर्वानुमान लगाया है।

———–

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आंध्र प्रदेश में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, कहा – एनडीए सरकार राज्य में सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मालदीव के रक्षा मंत्री मोहम्मद घासन मौमून ने नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता की; इसमें रक्षा सहयोग के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।

  • संयुक्त संसदीय समिति ने नई दिल्ली में एक राष्ट्र-एक चुनाव से संबंधित दो विधेयकों पर पहली बैठक की।

  • इंडिया ए.आई. ने देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को अपनाने और विकसित करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

  • अमेरिका में लॉस एंजिल्स के जंगल में लगी आग के कारण करीब एक लाख निवासियों को प्रभावित क्षेत्र से हटने को कहा गया।

  • बैडमिंटन में, भारतीय शटलर एच. एस. प्रणॉय कुआलालंपुर में मलेशिया ओपन के पुरुष सिंगल्‍स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।

———–