Download
Mobile App

android apple
signal

January 7, 2025 9:59 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

  • दिल्ली विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 5 फरवरी को कराये जाएंगे। मतगणना 8 फरवरी को होगी।

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण नियमावली- 2025 का मसौदा नागरिक-केंद्रित शासन के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – भारतपोल पोर्टल और तीन नए आपराधिक कानून भगोड़ों को पकड़ने के लिए मजबूत तंत्र के रूप में काम करेंगे।

  • नेपाल-तिब्बत सीमा पर भूकंप से मरने वालों की संख्या 126 हुई, करीब 190 घायल।

  • चालू वित्त वर्ष में भारत की जीडीपी छह दशमलव चार प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान।

****

निर्वाचन आयोग ने आज 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कार्यक्रम की घोषणा की। मतदान 5 फरवरी को होगा। मतगणना 8 फरवरी को होगी।

 

 

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया अधिसूचना 10 जनवरी को जारी की जाएगी और नामांकन की अंतिम तिथि इस महीने की 17 तारीख होगी। श्री कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में 13 हजार 33 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार दिल्ली के मतदाता बड़ी संख्या में मतदान में भाग लेगें।

 

 

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने ईवीएम से छेड़छाड़, शाम 5 बजे के बाद मतदान प्रतिशत में वृद्धि और मतगणना प्रक्रिया को धीमा करने के आरोपों से इनकार किया। उन्होंने दोहराया कि ईवीएम फुलप्रूफ उपकरण है और इसके मतदान डेटा को बदलना असंभव है।

 

 

हमारे संवाददाता ने बताया है कि चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा के साथ ही राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

 

 

दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव में एक करोड़ 55 लाख से अधिक मतदाता हैं जिसमें 83 लाख से अधिक पुरुष मतदाता और 71 लाख से अधिक महिला मतदाता हैं जो उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय राजधानी में 1 लाख से अधिक मतदाता 85 वर्ष से अधिक आयु के हैं और 2 लाख से अधिक युवा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं, चुनाव में धनबल के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों और रेलमार्गों पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा सभी राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारकों और नेताओं के हेलीकॉप्टरों की जांच की जाएगी। 2020 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने जहां 62 सीटें जीती थीं, वहीं भाजपा ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की थी और कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी। दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार, दिल्ली

****

दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान का सभी राजनीतिक दलों ने स्वागत किया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव है। उन्होंने कहा कि पांच फरवरी को मतदान के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में डबल-इंजन की सरकार बनेगी।

 

 

5 तारीख दिल्ली में बदलाव की तारीख है। दिल्ली के एक करोड़ 55 लाख से ज्यादा मतदाता उस दिन दिल्ली का भविष्य निर्धारित करेंगे और 8 तारीख को दिल्ली में डबल इंजन की भाजपा की सरकार बनेगी।

 

इस बीच, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि 5 फरवरी को दिल्ली के लोग बदलाव के लिए वोट करेंगे क्योंकि आप सरकार वादों को पूरा करने में विफल रही है।

 

 

कांग्रेस ने एक बेहतर सरकार देने का काम किया था दिल्ली को एक बेहतर दिल्ली बनाने का काम किया था कि उस देखी-पर्खी पार्टी को मौका दें कि ताकि हम एक बेहतर दिल्‍ली जिसमें यमुना भी साफ होगी जिसमें प्रदूषण भी कम होगा जिसमें युवाओं को रोजगार मिलेगा, जिसमें महिलाओं को सम्मान और उनको 2500 मिलना शुरू होगा और ऐसी सरकार के लिए कांग्रेस को चुनें।

 

आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने उम्मीद जताई है कि मतदाता आम आदमी पार्टी को सरकार बनाने के लिए चुनेंगे।

 

 

दिल्ली के लोग एक बार फिर से उनको 24 घंटे बिजली देने वाले जीरो बिजली बिल देने वाले नेता को चुनेंगे दिल्ली के लोग एक बार फिर से 5 फरवरी को उनके परिवारों को तीर्थ यात्रा करने वाले महिलाओं को बस फ्री यात्रा करने वाले डिफरेंट वेलफेयर स्कीम्स को ईमानदारी से लागू करने वाले ईमानदार और दूरदर्शी नेता केजरीवाल जी को चुनेंगे।

****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि डिजिटल व्यक्तिगत डेटा सुरक्षा नियमावली, 2025 का मसौदा नागरिक-केंद्रित शासन के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए, श्री मोदी ने कहा कि नियमावली का उद्देश्य विकास और समावेशिता को बढ़ावा देते हुए व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा करना है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा डिजिटल व्यक्तिगत डेटा सुरक्षा नियमों का मसौदा जारी किया गया है। मंत्रालय ने माइ गॉव प्लेटफॉर्म के माध्यम से अगले महीने की 18 तारीख तक जनता और हितधारकों से मसौदा नियमों पर टिप्पणियां आमंत्रित की हैं।

****

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारतपोल पोर्टल और तीन नए आपराधिक कानून विदेश भागने वाले भगोड़ों को पकड़ने के लिए एक मजबूत माध्‍यम के रूप में काम करेंगे। श्री शाह ने आज नई दिल्ली में भारतपोल पोर्टल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्‍होंने कहा कि यह जांच एजेंसियों और राज्यों की पुलिस को 195 देशों के इंटरपोल नेटवर्क से जोड़कर अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। श्री शाह ने कहा कि वर्षों से भारत में अपराध कर दूसरे देशों में भागने वाले अपराधियों को भारतपोल जैसी आधुनिक प्रणाली के लागू होने से न्याय के कठघरे में लाया जा सकेगा।

 

 

भारतपोल के पांच प्रमुख मॉड्यूल कनेक्ट, इंटरपोल नोटिस, रेफरेंसीस, ब्रॉडकास्ट और रिसोर्स, ये पांचो मॉड्यूल हमारी सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों को एकल मंच पर सहायता करने का एक सुंदर टेक्निकल मंच यह भारतपोल है। कनेक्ट के माध्यम से सीबीआई को भारत में इंटरपोल के रूप में जो एनसीबी के रूप में मान्यता मिली है, सभी हमारी कानून प्रवर्तन एजेंसियां कनेक्ट के माध्यम से अब एक प्रकार से एमसीबी बन जाएगी।

****

श्री शाह ने आज उत्तर प्रदेश में तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन पर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

****

वित्त वर्ष 2024-25 में भारत के सकल घरेलू उत्पाद-जीडीपी में छह दशमलव चार प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय-एनएसओ ने चालू वित्त वर्ष के लिए वार्षिक जीडीपी के प्रथम अग्रिम अनुमान जारी किये।

 

 

अग्रिम अनुमान के अनुसार नौमिनल जीडीपी में नौ दशमलव सात प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है। पिछले वित्त वर्ष में जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान आठ दशमलव दो प्रतिशत था, जबकि नौमिनल जीडीपी वृद्धि दर नौ दशमलव छह प्रतिशत अनुमानित की गई थी। मंत्रालय ने कहा कि वास्तविक सकल मूल्य वर्धन-जीवीए वित्त वर्ष 2023-24 में सात दशमलव दो प्रतिशत की वृद्धिदर की तुलना में छह दशमलव चार प्रतिशत बढ़ा है। अनुमानों के अनुसार कृषि और संबद्ध क्षेत्र का वास्तविक जीवीए तीन प्रतिशत आठ प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के एक दशमलव चार प्रतिशत से अधिक है। निर्माण क्षेत्र, वित्तीय, रियल एस्टेट और व्यावसायिक सेवा क्षेत्र में भी अच्‍छी वृद्धि की उम्मीद है। निर्माण क्षेत्र का वास्तविक जीवीए बढकर आठ दशमलव छह प्रतिशत रहने का अनुमान है। समाचार कक्ष से विशाल शर्मा।

****

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडविया ने आज नई दिल्ली में 152वे मिशन ओलिंपिक सेल की बैठक की अध्य्क्षता की। बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में डॉ. मंडविया ने कहा की भारत ने 2028 के ओलिंपिक की तैयारी शुरू कर दी है। 

 

 

आने वाले दिनों में टैलेंट को आईडेंटिफाई करके उसका नर्चर कैसे करना और नर्चर करके टॉप के तहत उसको नेशनल और इंटरनेशनल प्लेटफार्म पर एक्स्पोज़र देके ओलंपिक्स और इंटरनेशनल चैंपियनशिप में हमारे एथलीट सफल रहे इस विषय पर डिटेल डिस्कशन हुआ।

****

श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा है कि ई-श्रम पोर्टल पर प्रतिदिन असंगठित क्षेत्र के 30 हजार से अधिक श्रमिक पंजीकरण कर रहे हैं। डॉ. मांडविया ने आज नई दिल्ली में ई-श्रम पोर्टल की बहुभाषी कार्यक्षमता का शुभारंभ किया।

****

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि एचएमपीवी नया वायरस नहीं है और इसको लेकर चिंता करने की कोई आवश्‍यकता नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश में कहा कि देश की स्वास्थ्य प्रणालियां और निगरानी नेटवर्क सतर्क हैं और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी चुनौती से तत्‍काल निपटने की तैयारी सुनिश्चित की जा रही है।

****

उधर, केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा है कि ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस – एचएमपीवी से जनता को घबराने की कोई बात नहीं है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ एक वचुर्अल बैठक के दौरान स्वास्थ्य सचिव ने यह बात कही।

****

महाराष्ट्र के चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ ने आज राज्य के सभी सरकारी चिकित्‍सा महाविद्यालायों के डीन को मानव मेटान्यूमोवायरस के मद्देनजर आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। हालांकि उन्‍होंने मीडिया को बताया कि राज्य में अभी तक एचएमपीवी का कोई मामला सामने नहीं आया है।

****

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कुलियों और ऑटो-कैब चालकों से मुलाकात की। दिल्ली मंडल कुली संघ की ओर से छह मांगों और दिल्ली ऑटो चालक संघ की ओर से पांच मांगों का एक ज्ञापन रेल मंत्री को सौंपा गया। श्री वैष्णव ने काली-पीली टैक्सियों और ऑटो-रिक्शा के पार्किंग शुल्क को कम करने की मांग को तुरंत मान लिया।

****

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में वर्ष 2025 के लिए भारत सरकार के कैलेंडर का अनावरण किया। सरकार ने इस वर्ष के कैलेंडर की थीम जनभागीदारी से जनकल्याण रखी है।

****

नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में आए भूकंप में मृतकों की संख्‍या 126 हो गई है। चीन की आधिकारिक मीडिया ने बताया कि आज सवेरे आये इस भूंकप से 190 लोग घायल हुए हैं।

 

 

भूंकप की तीव्रता रिक्‍टर पैमाने पर सात दशमलव एक मापी गई। इसका केंद्र नेपाल सीमा के पास तिब्बत के ज़िज़ांग में दस किलोमीटर नीचे था। भूकंप से सबसे अधिक मौतें ज़िज़ांग शहर में हुई हैं। इसके साथ ही कई लोग घायल हुए हैं और कई इमारतों को भी नुकसान पहुँचा है। भूकंप से बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम समेत उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी झटके महसूस किये गये। देश में भूकंप से अबतक किसी भी तरह के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है।

****

भारत ने नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में आए भूकंप से हुई जान-माल की हानि पर संवेदना व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर कहा कि सरकार और भारत के लोगों की संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।

****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यूरोपीय परिषद के अध्‍यक्ष एंटोनियो कोस्टा से बातचीत की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ स्वाभाविक साझेदार हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश प्रौद्योगिकी, हरित ऊर्जा, डिजिटल स्पेस, व्यापार और निवेश के क्षेत्रों सहित भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कला के माध्यम से छात्रों को परीक्षा के तनाव से उबरने में मदद करने के लिए एग्जाम वॉरियर्स आर्ट फेस्टिवल की प्रशंसा की है। चार जनवरी को नई दिल्ली में इस फेस्टिवल का आयोजन किया गया था।

****

भारत और मलेशिया ने आतंकवाद और कट्टरपंथ से निपटने, साइबर सुरक्षा, रक्षा उद्योग और समुद्री सुरक्षा में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। आज नई दिल्ली में भारत-मलेशिया सुरक्षा वार्ता के दौरान दोनों देशों ने महत्वपूर्ण खनिजों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

****

हॉकी इंडिया लीग में राउरकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में इस समय वेदांता कलिंगा लांसर्स का मुकाबला श्राची रार बंगाल टाइगर्स से हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक कलिंगा लांसर्स 3-0 से आगे हैं। अंक तालिका में श्राची रार बंगाल टाइगर्स पहले स्थान पर मौजूद है जबकि वेदांता कलिंगा लांसर्स अंतिम स्थान पर है।

****

कुआलालंपुर में मलेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में इस समय लक्ष्य सेन का सामना ताईवान के षी यू जेन से हो रहा है। उधर, त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने महिला डबल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने आज थाईलैंड की ओर्निचा और सुकिता सुवाचाई की जोड़ी को लगातार गेम में 21-10, 21-10 से पराजित किया।

****

पूरे उत्तर भारत में शीतलहर जारी है। अगले 3 से 4 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश और झारखंड के कुछ हिस्सों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहने की संभावना है। कल अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है।

 

घने कोहरे के कारण देश के उत्तरी क्षेत्र में कई ट्रेनों और उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हुई। दिल्ली आने वाली करीब 25 ट्रेनें पांच से छह घंटे तक की देरी से चल रही हैं। यात्रियों से अनुरोध किया गया कि वे उड़ान की ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें।

****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • दिल्ली विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 5 फरवरी को कराये जाएंगे। मतगणना 8 फरवरी को होगी।

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण नियमावली- 2025 का मसौदा नागरिक-केंद्रित शासन के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – भारतपोल पोर्टल और तीन नए आपराधिक कानून भगोड़ों को पकड़ने के लिए मजबूत तंत्र के रूप में काम करेंगे।

  • नेपाल-तिब्बत सीमा पर भूकंप से मरने वालों की संख्या 126 हुई, करीब 190 घायल।

  • चालू वित्त वर्ष में भारत की जीडीपी छह दशमलव चार प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान।

****