Download
Mobile App

android apple
signal

January 6, 2025 9:44 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

  • छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों के आई.ई.डी. विस्फोट में आठ सुरक्षाकर्मियों सहित नौ लोगों की मौत। गृहमंत्री अमित शाह ने देश से नक्सलवाद को खत्म करने का संकल्प दोहराया।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना और ओडिशा के लिए महत्‍वपूर्ण रेल परियोजनाओं का शुभारंभ किया। कहा–मेड इन इंडिया पहल को बढ़ावा देने के साथ रेलवे में बदलाव हो रहा है।
  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा–पंचायती राज संस्थाएं महिला सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
  • सरकार ने इस्पात उद्योग के लिए पी.एल.आई. योजना का शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देना और रोजगार सृजन करना है।
  • भारत ने अफगानिस्तान में महिलाओं और बच्चों सहित आम नागरिकों पर किये गये पाकिस्तान के हवाई हमलों की निंदा की।
  • आयरलैंड के साथ तीन एकदिवसीय महिला क्रिकेट मैचों की श्रृंखला के लिए स्मृति मंधाना की कप्तानी में भारतीय टीम की घोषणा।

***

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आज माओवादियों ने सुरक्षा बल के एक वाहन को विस्फोट से उड़ा दिया जिसमें आठ जवान और वाहन चालक शहीद हो गए। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

 

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के दक्षिण अबूझमाड़ इलाके में हाल ही में तीन जिलों के सुरक्षाबलों ने मिलकर माओवादियों के खिलाफ संयुक्त ऑपरेशन चलाया था। इस अभियान में पांच माओवादी मर गए थे। बीजापुर जिले में आज दोपहर कुटरु बेद्रे मार्ग पर ग्राम अंबिली के पास माओवादियों ने सुरक्षा कर्मियों के वाहन को निशाना बनाते हुए आईईडी विस्फोट किया। इस घटना में वहां के ड्राइवर सहित आठ जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। बीजापुर से के. संतोष कुमार के साथ आकाशवाणी समाचार के लिए रायपुर से मैं विकल्प शुक्ला।

***

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और गृहमंत्री अमित शाह ने जवानों पर हमले की निंदा की है। राष्ट्रपति ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में वीर जवानों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि देश नक्सलवाद को पूरी तरह से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

गृहमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और विश्‍वास जताया कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्‍होंने यह संकल्‍प दोहराया कि मार्च 2026 तक भारत से नक्सलवाद को जड़ से खत्म कर दिया जाएगा।

***

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि मेड इन इंडिया को बढ़ावा देने के साथ ही रेलवे में बदलाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेट्रो और रेलवे के लिए आधुनिक कोच विकसित किए जा रहे हैं।

 

रेलवे में आज कायाकल्प का जो अभियान चल रहा है। जिस तरह मेड इन इंडिया को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्टेशनों को री डेवलप किया जा रहा है। स्टेशनों पर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। वंश स्टेशन वन प्रोडक्ट इसके स्टॉल लग रहे हैं। उससे भी रेलवे में रोजगार के लाखों नए अवसर बन रहे हैं।

 

श्री मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए विभिन्न रेल परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन्‍हीं परियोजनाओं के अंतर्गत क्षेत्र में कनेक्टिविटी को बढावा देने के उद्देश्‍य से आज नए जम्मू रेल मंडल का उद्घाटन किया गया।

 

जम्मू डिवीजन का लाभ जम्मू कश्मीर के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कई शहरों को भी होगा। इससे लेह-लद्दाख के लोगों को भी सुविधा होगी। उधमपुर, श्रीनगर, बारामूला रेल लाइन इसकी चर्चा आज पूरे देश में है। ये परियोजना जम्मू-कश्मीर को भारत के अन्य हिस्सों के साथ और बेहतरी से जोड़ देगी। दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज चिनाव ब्रिज का काम पूरा हुआ है।

 

प्रधानमंत्री ने ईस्ट कोस्ट रेलवे के रायगढ़ रेल मंडल भवन की भी आधारशिला रखी और तेलंगाना में चरलापल्ली न्यू टर्मिनल स्टेशन का उद्घाटन किया।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना और ओडिशा में बुनियादी ढांचे से जुडी रेल परियोजनाओं के शुभारंभ से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और इन क्षेत्रों में सामाजिक-आर्थिक विकास में वृद्धि होगी।

 

श्री मोदी ने इस बात का भी उल्‍लेख किया कि ओडिशा में 70 हजार करोड़ से अधिक की लागत वाली कई रेल परियोजनाएं चल रही हैं, साथ ही सात गति शक्ति कार्गो टर्मिनलों की स्थापना की गई है, जो व्यापार और उद्योग को बढ़ावा दे रहे हैं।

***

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि सरकार अनुसूचित जनजाति सहित समाज के सभी वर्गो के उत्‍थान के लिए काम कर रही है। राष्‍ट्रपति मुर्मु ने नई दिल्‍ली में राष्‍ट्रपति भवन में आयोजित विभिन्‍न राज्‍यों के पंचायती राज संस्‍थाओं से जुडी अनुसूचित जनजाति की महिला प्रतिनिधियों के एक सम्‍मेलन को संबोधित करते हुये कहा कि महिला सशक्तिकरण देश में लोकतंत्र का आधार है।

 

ये संस्‍थाएं जमीनी स्‍तर पर शासन और सामुदायिक विकास के लिए एक मंच प्रदान करती है। इन संस्थानों में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीटों के आरक्षण का प्रावधान किया गया है जिससे उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके। पंचायती राज संस्थाओं ने महिलाओं के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

***

पंचायत से संसद कार्यक्रम के दूसरे चरण का आज नई दिल्‍ली में लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने उदघाटन किया। लोकसभा अध्‍यक्ष ने इस अवसर पर कहा कि पंचायती राज संस्थाएं गांवों के विकास की दिशा में काम कर रही हैं और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को साकार कर रही हैं।

महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इस पहल की सराहना की।

***

इस्पात और भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने आज नई दिल्ली में इस्पात उद्योग के लिए  उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन यानी पीएलआई योजना वन प्वाइंट वन का शुभारंभ किया। श्री कुमारस्‍वामी ने कहा कि इसका उद्देश्‍य घरेलू उत्‍पादन को बढ़ावा देना और रोजगार सृजन करना है। भारत वैश्विक इस्‍पात विकास के केंद्र के रूप में उभर रहा है। श्री कुमारस्‍वामी ने बताया कि उच्च गुणवत्ता वाले इस्पात की मांग में वृद्धि, आयात में कमी और आत्मनिर्भर भारत के लिए एक सुनहरा कदम है।

 

इस्पात और भारी उद्योग मंत्रालय में सचिव संदीप पोंड्रिक ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार घरेलू इस्पात क्षेत्र को हर तरह का प्रोत्साहन देने का प्रयास कर रही है।

 

हमारे संवाददाता ने बताया है कि मौजूदा पीएलआई योजना के अंतर्गत पांच उत्‍पाद श्रेणियां शामिल की गई हैं। आवेदन के लिए विंडो आज से 31 जनवरी तक खुली रहेंगी।

***

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने छात्रों से यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया है, ताकि सड़कें न केवल अपने लिए बल्कि दूसरों के लिए भी सुरक्षित बन सकें। मुंबई में सड़क सुरक्षा अभियान के ‘सुरक्षा रीलोडेड’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री गडकरी ने यह बात कही।

 

बच्‍चे अपने माता-पिता को और अपने आस-पास के लोगों को प्रभावित करते हैं तो ये बच्‍चे अगर ये तय करेंगे कि नहीं हम गलत नहीं करेंगे, हम कानून से चलेंगे तो बच्‍चों की भी जान बचेगी और इसलिए मैं इन बच्‍चों को विशेष रूप से अनुरोध करूंगा कि जो रोड़ सेफ्टी के जो रुल्‍स बने हैं उनका पालन करेंगे तो बहुत लागों की जान बचेगी।

***

चीन में ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस-एचएमपीवी के फैलने की चिंताओं के बीच, कर्नाटक में भी एचएमपीवी के दो मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद-आईसीएमआर ने एचएमपीवी के इन दोनों मामलों का पता लगाया है। इसमें तीन महीने की एक बच्ची और आठ महीने का एक बच्‍चा वायरस से संक्रमित हुआ है। दोनों का इलाज चल रहा है। दोनों मरीजों में से किसी ने अंतर्राष्‍ट्रीय यात्रा नहीं की है।

 

इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज कहा कि स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने जानकारी दी है कि एचएमपीवी कोई नया वायरस नहीं है।

 

सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि यह वायरस हवा के जरिए फैलता है और सभी आयु वर्ग के लोगों को प्रभावित करता है। श्री नड्डा ने कहा कि देश की स्वास्थ्य प्रणाली किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य चुनौती से निपटने के लिए तैयार है।

***

उपभोक्‍ता कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आज उपभोक्‍ताओं की मांग के बाद चांदी तथा चांदी की कलाकृतियों की आवश्‍यक हॉलमार्किंग पर विचार करने का सुझाव भारतीय मानक ब्‍यूरो- बीआईएस को दिया। नई दिल्‍ली में भारतीय मानक ब्‍यूरो के 78वें स्‍थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए श्री जोशी ने कहा कि देश की प्रगति सिर्फ इसके मानकों से निर्धारित होगी।

 

बीआईएस फ्रॉम 1948 टू टिल डेट तो बहुत ही अचीवमेंट किया है जो प्रधानमंत्री जी का अपेक्षा है कि अवर स्टैंडर्ड बिकम दि इंटरनेशनल स्टैंडर्ड्स तो इसके लिए बीआईएस एन्‍टायर टीम विद दि डायरेक्टर, अंडर द डायरेक्टर, जनरल लीडरशिप एंड मिनिस्ट्रीज गाइडेंस वी आर ट्राईंग टू वर्क टू वर्क द डायरेक्शन टू अचीव दैट गोल। 

***

केन्‍द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज नई दिल्ली में यूजीसी विनियम 2025 का मसौदा जारी किया। यह मसौदा उच्च शिक्षा में सुधार, समावेशिता और शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देगा। इस अवसर पर श्री प्रधान ने कहा कि ये मसौदा उच्च शिक्षा के हर पहलू में सुधार, नवाचार, समावेशिता, लचीलापन और गतिशीलता लाएंगा।

***

भारत ने पाकिस्तान द्वारा अफगान नागरिकों पर हवाई हमलों की निंदा की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने अफगान नागरिकों पर हवाई हमलों की मीडिया रिपोर्ट्स पर गौर किया है, जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित कई जानें गई हैं। उन्होंने कहा कि भारत निर्दोष नागरिकों पर किसी भी हमले की स्पष्ट रूप से निंदा करता है।

***

राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने आज नई दिल्‍ली में अमरीका के राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलीवन से मुलाकात की। श्री सुलीवन के साथ अमरीका के वरिष्‍ठ अधिकारियों का एक प्रतिनिधि मंडल भी भारत यात्रा पर है। श्री सुली‍वन की इस यात्रा ने रक्षा, साइबर और समुद्री सुरक्षा जैसे विविध क्षेत्रों सहित उच्‍च स्‍तरीय संवाद में जारी प्रगति की समीक्षा करने का अवसर प्रदान किया है।

***

अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

 

श्री मोदी ने भारत-अमरीका वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ अपनी मुलाकात को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। श्री सुलिवन ने राष्ट्रपति बाइडेन द्वारा भेजा गया पत्र श्री मोदी को सौंपा।

***

आयरलैंड के साथ तीन एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला में भारतीय महिला टीम की अगुवाई स्मृति मंधाना करेंगी। नियमित कप्तान हरमनप्रीत कौर और तेज़ गेंदबाज़ रेणुका सिंह ठाकुर को श्रृंखला में आराम दिया गया है। पहला मैच शुक्रवार को, दूसरा 12 जनवरी को और तीसरा मैच 15 जनवरी को राजकोट में खेला जाएगा। पिछले महीने भारत ने वेस्टइंडीज़ को टी-20 और एकदिवसीय श्रृंखला में हराया था।

***

इसरो द्वारा अंतरिक्ष में दो उपग्रहों के परीक्षण को 9 जनवरी तक स्‍थगित कर दिया गया है। पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह परीक्षण कल सुबह किया जाना था। सोशल मीडिया पर पोस्‍ट में इसरो ने बताया कि आज एक प्रतिकूल परिदृश्‍य में जमीनी अनुकरण के जरिए डॉकिंग प्रक्रिया को और वैधिकरण किए जाने की आवश्‍यकता है। 

***

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्‍ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्‍पीक में आज रात साढे़ नौ बजे “सर्दी का मौसम और ठण्‍ड से बचाव” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक डॉ. आर. के. जेनामणि और एम्स, दिल्ली के मेडिसिन विभाग के पूर्व एचओडी डॉ. एस. के. शर्मा चर्चा में शामिल होंगे।

***

मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, ओडिशा और बिहार के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय घना कोहारा छाये रहने का अनुमान जताया है। विभाग ने कहा कि कल राजस्थान, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

 

घने कोहरे के कारण ट्रेन और उड़ान संचालन में देरी हो रही है।

***

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों के आई.ई.डी. विस्फोट में आठ सुरक्षाकर्मियों सहित नौ लोगों की मौत। गृहमंत्री अमित शाह ने देश से नक्सलवाद को खत्म करने का संकल्प दोहराया।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना और ओडिशा के लिए प्रमुख रेल परियोजनाओं का शुभारंभ किया। कहा–मेड इन इंडिया पहल को बढ़ावा देने के साथ रेलवे में बदलाव हो रहा है।
  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा–पंचायती राज संस्थाएं महिला सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
  • सरकार ने इस्पात उद्योग के लिए पी.एल.आई. योजना का शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देना और रोजगार सृजन करना है।
  • भारत ने अफगानिस्तान में महिलाओं और बच्चों सहित आम नागरिकों पर किये गये पाकिस्तान के हवाई हमलों की निंदा की।
  • आयरलैंड के साथ तीन एकदिवसीय महिला क्रिकेट मैचों की श्रृंखला के लिए स्मृति मंधाना की कप्तानी में भारतीय टीम की घोषणा।

***