मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए दिल्ली में 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरूआत की। श्री मोदी ने दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो-रेल नेटवर्क स्थापित करने की देश की उल्लेखनीय उपलब्धि की सराहना की।
- सरकार ने पेरासिटामोल दवा के उत्पादन के लिए सीएसआईआर के स्वदेशी तकनीक के विकास की घोषणा की।
- गुजरात के पोरबंदर हवाई अड्डे के रनवे पर तटरक्षक बल के हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक दल के तीन सदस्यों की मौत।
- पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी, घने कोहरे का असर ट्रेन और विमान सेवाओं पर पड़ा।
- उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दिल्ली में एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने देश के विकास में राष्ट्रवाद की भूमिका पर बल दिया।
- वरुण तोमर ने दिल्ली में 67वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में सीनियर तथा जूनियर दोनों वर्ग में 10 मीटर एयर पिस्टल का खिताब जीता।
———
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज दिल्ली में बारह हजार दो सौ करोड़ रुपये से अधिक राशि की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया और आधारशिला रखी। उन्होंने लगभग चार हजार छह सौ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित, साहिबाबाद और न्यू-अशोक नगर के बीच दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कोरिडोर के 13 किलोमीटर खंड का शुभारंभ किया। श्री मोदी ने दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण- जनकपुरी और कृष्णा पार्क के बीच दो दशमलव आठ किलोमीटर खंड का भी उद्घाटन किया। उन्होंने लगभग छह हजार दो सौ तीस करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण के साढे 26 किलोमीटर लंबे रिठाला-कुंडली खंड की आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री ने आज रोहिणी में केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान के लिए नये आधुनिक भवन की आधारशिला भी रखी।
श्री मोदी ने कहा कि यह नमो भारत ट्रेन विकसित भारत के शहरों में सार्वजनिक परिवहन के भविष्य को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि देश का मेट्रो नेटवर्क अब एक हजार किलोमीटर हो गया है और यह उपलब्धि सराहनीय है। भारत पिछले दस वर्षो में दुनिया के तीसरे सबसे बडे मेट्रो नेटवर्क वाला देश बन गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि रिठाला- नरेला- कुंडली कोरिडोर दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सबसे बडे संभागों में से होगा। इससे दिल्ली और हरियाणा के प्रमुख औद्योगिक केंद्रो के बीच संपर्क मजबूत होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि दस साल पहले बुनियादी ढांचे के लिए बजट करीब दो लाख करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 11 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। वहीं शहरों में आधुनिक कनेक्टिविटी पर भी जोर दिया गया है। प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया कि अब दिल्ली से विभिन्न शहरों तक एक्सप्रेसवे बन रहे हैं और दिल्ली को औद्योगिक गलियारों से भी जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि एनसीआर में एक बड़ा मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स हब विकसित किया जा रहा है साथ ही दो फ्रेट कॉरिडोर भी जुड रहे हैं। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत में विश्व की स्वास्थ्य और कल्याण राजधानी बनने की अपार संभावनाएं हैं हौर वह दिन दूर नहीं जब दुनिया “मेक इन इंडिया” के साथ-साथ “हील इन इंडिया” के मंत्र को भी अपनाएगी।
———-
रोहिणी में एक रैली में भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार पर, केंद्र से लड़ाई में एक दशक बर्बाद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय राजधानी को भविष्य का शहर बनाने के लिए भाजपा को एक मौका देने का आग्रह किया। श्री मोदी ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के पास दूरदर्शिता की कमी है।
ये भाजपा ही है, जो दिल्ली का विकास कर सकती है। साथियों, बीते दस साल में दिल्ली ने जिस तरह की राज्य सरकार देखी है, वो किसी आपदा से कम नहीं है। यह एहसास आज दिल्ली वालों को अच्छे से हो चुका है।
प्रधानमंत्री ने दिल्ली को विकसित भारत की राजधानी के रूप में विकसित करने पर बल दिया।
अब आने वाले 25 साल भारत के भविष्य के लिए, दिल्ली के भविष्य के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। ये 25 साल भारत को विकसित राष्ट्र बनते हुए देखेंगे। ये भारत को आधुनिकता के एक नये दौरे से गुजरते हुए देखेंगे, जब भारत दुनिया की तीसरी बडी आर्थिक ताकत बनेगा।
श्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में केंद्र की भाजपा सरकार ने दिल्ली में परिवहन के क्षेत्र में कई क्रांतिकारी बदलाव किए हैं।
दिल्ली मेट्रो चप्पे-चप्पे तक पहुंची, तो ये काम भाजपा की केन्द्र सरकार ने किया। बीते एक दशक में दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो नेटवर्क दोगुने से भी अधिक हो चुका है। रिठाला-नरेला-कुंडली कोरिडोर पर भी काम शुरू हुआ है। ये जो नमो रेल प्रोजेक्ट है, ये भी केन्द्र सरकार बना रही है।
———-
विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्टर जितेन्द्र सिंह ने आज घोषणा की है कि वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद ने बुखार कम करने और दर्द से राहत प्रदान करने में व्यापक रूप से इस्तेमाल होने वाली पैरासिटामोल औषधि के उत्पादन के लिए एक स्वदेशी तकनीक विकसित की है। श्री सिंह ने कहा कि इस नवाचार का उद्देश्य इस औषधि को बनाने के लिए आयातित तत्वों पर निर्भरता कम करने और पैरासिटामोल के विनिर्माण में भारत को आत्मनिर्भर बनाना है।
———-
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि वह पिछले कुछ हफ्तों में चीन में फैले एचएमपी वायरस पर कड़ी निगरानी रख रहा है। मंत्रालय ने लोगों को भी सावधानी बरतने को कहा है। मंत्रालय ने कहा कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद, एचएमपी वायरस के परीक्षण के लिए प्रयोगशालाओं की संख्या में वृद्धि करेगी और समूचे वर्ष के दौरान इस वायरस की प्रवृत्तियों पर निगरानी सुनिश्चित करेगी।
——–
गुजरात के पोरबंदर हवाईअड्डे के रनवे पर आज दुर्घटनाग्रस्त भारतीय तटरक्षक बल के हेलीकॉप्टर के चालक दल के तीन सदस्यों की मृत्यु हो गयी है। यह हेलीकॉप्टर नियमित प्रशिक्षण उडान पर था। भारतीय तटरक्षक बल ने बताया है कि जांच बोर्ड, दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहा है।
——–
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एन आई ए ने फुलवारी शरीफ पी एफ आई के आतंक वित्तपोषण मॉड्यूल के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने आरोपी मोहम्मद सज्जाद आलम को दुबई से दिल्ली आने पर गिरफ्तार किया। पी एफ आई, भारत विरोधी और गैर-कानूनी गतिविधियों के कारण एक प्रतिबंधित संगठन है।
———-
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि कोई भी देश तब तक विकास नहीं कर सकता जब तक उसके नागरिक राष्ट्रवाद के प्रति गहराई से प्रतिबद्ध न हों। दिल्ली में एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर का उद्घाटन करते हुए, उन्होंने कहा कि भारत के विकास के लिए राष्ट्रवाद, संगठन और राष्ट्र प्रथम दृष्टिकोण की आवश्यकता है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्र का परिवर्तन पांच बुनियादी स्तंभों पर टिका है। जिसमें सामाजिक सद्भाव, जमीनी स्तर पर देशभक्ति के मूल्यों को आत्मसात करना, पर्यावरण जागरूकता, आत्मनिर्भरता और नागरिक कर्तव्य शामिल हैं।
भारत मां का सम्मान करते हुए हमें पर्यावरण की रक्षा करनी चाहिए, संरक्षण करना चाहिए, सृजन करना चाहिए। स्वदेशी और आत्मनिर्भरता, आत्मनिर्भर भारत के प्रतीक हैं, इनको बढावा देना चाहिए। नागरिक कर्तव्य, प्रत्येक नागरिक को प्रगति का पथ प्रदर्शक बनाते हैं और ये पंच प्राण हमारे समाज की रगो में बहते हुए एक अजय राष्ट्रवादी भावना का निर्माण करते हैं।
——–
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग अपनी विशेष वर्षांत श्रृंखला में आपके लिए वर्ष 2024 की झलकियां प्रस्तुत कर रहा हैा आज हम नागरिक उड्डयन मंत्रालय की प्रमुख पहलों और उपलब्धियों पर नजर डालेंगे।
नागरिक उड्डरून मंत्रालय ने विमानन क्षेत्र को बढाव देने के लिए कई पहलों की शुरुआत की है। दिसंबर 2024 में संसद ने भारतीय वायुयान अधिनियम पारित किया, जिसमें समकालीन आवश्यकताओं और वैश्विक मानको के अनुरूप 90 साल पुराने विमान अधिनियम का आधुनिकीकरण किया गया है। केन्द्र सरकार ने वाराणसी, आगरा, दरभंगा और बागडोगरा जैसे शहरों में नए टर्मिनलों की नींव रखने सहित महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं की भी शुरुआत की है। केन्द्र सरकार द्वारा उडान योजना के बाद से कनेक्टिविटी बढाने के लिए देश भर में 619 रूट और 88 ऑपरेशनल हवाई अड्डों का शुभारंभ किया गया है। वहीं घरेलू यात्रियों की संख्या में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 6 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई।
———
उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में शीत लहर का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में सुबह तथा रात के समय घना कोहरा छाया रहने की संभावना है। उत्तराखंड में भी कल बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में पूर्वोत्तर राज्यों के कई हिस्सों में तेज बारिश का भी अनुमान लगाया है।
घने कोहरे के कारण ट्रेन और उड़ान संचालन प्रभावित हुए हैं। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोहरे के कारण करीब सौ उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
इस बीच, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की उप-समिति ने आज पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान – ग्रैप के तीसरे चरण को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।
——–
जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के कई हिस्सों में आज दोपहर बाद मध्यम से भारी वर्षा और बर्फबारी हुई।
कश्मीर के पर्यटन स्थलों और पहाड़ी क्षेत्रों सहित मैदानी इलाकों में भारी वर्षा और बर्फबारी हुई। पर्यटक गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। प्रशासन की ओर से जनता, पर्यटकों और ट्रांसपोर्टरों को असुविधा से बचने के लिए एहतियात बरतने का आग्रह किया गया है। प्रशासन ने जनता और पर्यटकों को सभी प्रकार की सुविधा प्रदान कराने के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं।
———
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री नए जम्मू रेलवे डिवीजन का उद्घाटन करेंगे। वे तेलंगाना में चरलापल्ली न्यू टर्मिनल स्टेशन का भी उद्घाटन करेंगे और ईस्ट कोस्ट रेलवे के रायगढ़ रेलवे डिवीजन भवन की आधारशिला रखेंगे।
——–
18वां प्रवासी भारतीय दिवस ओडिशा के भुवनेश्वर में बुधवार से आयोजित होगा। विदेश मंत्रालय ने बताया कि तीन दिन के सम्मेलन का विषय “विकसित भारत में प्रवासी भारतीयों का योगदान” है। 50 से अधिक देशों से प्रवासी भारतीय इस सम्मेलन में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। वे प्रवासी भारतीय एक्सप्रेस की उद्घाटन यात्रा को भी रवाना करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को सम्मेलन के समापन सत्र की अध्यक्षता करेंगी।
——-
भारत और बांग्लादेश के बीच मछुआरों का आदान-प्रदान आज शाम बंगाल की खाड़ी में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा पर पूरा हो गया। अंतरराष्ट्रीय सीमा का उल्लंघन करने के आरोप में बांग्लादेश में हिरासत में लिए गए 95 भारतीय मछुआरे स्वदेश लौट रहे हैं।
——-
भारतीय नौसेना का नवीनतम स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस तुशील परिचालन के लिए सेनेगल के डकार बंदरगाह पर पहुंच गया है। रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि इसे कई सैन्य और सामाजिक गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। इनमें सेनेगल सेना और सरकारी अधिकारियों से संवाद भी शामिल होंगे। भारतीय संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए जहाज पर सामाजिक मेलजोल का भी आयोजन भी होगा।
———-
भारतीय सेना के वरुण तोमर ने आज नई दिल्ली के डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 67वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैम्पियनशिप में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में सीनियर और जूनियर वर्ग के खिताब जीत लिए हैं। 21 वर्षीय निशानेबाज तोमर ने सीनियर वर्ग के फाइनल में अपनी ही टीम के प्रद्युम्न सिंह हराकर अपना पहला राष्ट्रीय खिताब जीता।
——-
हॉकी इंडिया लीग में रारूरकेला में इस समय तमिलनाडु ड्रैगन्स का मुकाबला यूपी रुद्रास से हो रहा है। एक अन्य मैच में सूरमा हॉकी क्लब ने वेदांत कलिंगा लांसर्स को तीन के मुकाबले चार गोल से हरा दिया।
——-
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए और यमुना तथा गंगा नदियों में बड़ी संख्या में जल पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। इन जवानों को अंडरवाटर ड्रोन और सोनार सिस्टम जैसे आधुनिक उपकरणों से भी लैस किया गया है।
———
अंत में मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए दिल्ली में 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरूआत की। श्री मोदी ने दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो-रेल नेटवर्क स्थापित करने की देश की उल्लेखनीय उपलब्धि की सराहना की।
- सरकार ने पेरासिटामोल दवा के उत्पादन के लिए सीएसआईआर के स्वदेशी तकनीक के विकास की घोषणा की।
- गुजरात के पोरबंदर हवाई अड्डे के रनवे पर तटरक्षक बल के हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक दल के तीन सदस्यों की मौत।
- पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी, घने कोहरे का असर ट्रेन और विमान सेवाओं पर पड़ा।
- उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दिल्ली में एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने देश के विकास में राष्ट्रवाद की भूमिका पर बल दिया।
- वरुण तोमर ने दिल्ली में 67वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में सीनियर और जूनियर दोनों वर्ग में 10 मीटर एयर पिस्टल का खिताब जीता।
———