Download
Mobile App

android apple
signal

January 4, 2025 9:47 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :- 

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए शुरू की गई पीएम जनमन योजना दशकों से उपेक्षित क्षेत्रों को समान अधिकार सुनिश्चित कर रही है।
  • कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- उत्पादक और उपभोक्ता राज्यों के बीच मूल्य अंतर को कम करने के लिए परिवहन और भंडारण की लागत केन्‍द्र सरकार वहन करेगी।
  • वरिष्ठ वैज्ञानिक और भारत के परमाणु कार्यक्रम में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉ. राजगोपाल चिदंबरम का निधन। प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया।
  • उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण दूसरे दिन दृश्यता कम रही। ट्रेन और उड़ान परिचालन प्रभावित।
  • हॉकी इंडिया लीग में राउरकेला में श्राची राढ बंगाल टाइगर्स ने दिल्ली एसजी पाइपर्स को 4-1 से हराया।
  • इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में एफसी गोवा ने ओडिशा एफसी को 4-2 से मात दी।

 

**********************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने गांवों को विकास और अवसरों के जीवंत केन्‍द्रों में बदलकर ग्रामीण भारत को सशक्‍त बनाने के सरकार के दृष्टिकोण पर बल दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार, गांवों के लोगों के लिए गरिमापूर्ण जीवन की प्राथमिकता के साथ, वर्ष 2014 से निरन्‍तर ग्रामीण भारत के लिए काम कर रही है। नई दिल्‍ली के भारत मंडपम में ग्रामीण भारत महोत्‍सव के उद्घाटन के बाद अपने सम्‍बोधन में प्रधानमंत्री ने यह बात कही।

 

श्री मोदी ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना कारगर साबित हुई है।

 

हमने आदिवासी आबादी वाले इलाकों के विकास के लिए पीएम जनमन योजना शुरू की। जो इलाके योजना से दशकों से विकास से वंचित थे। उन्‍हें अब बराबरी का हक मिल रहा है। इन्‍हीं प्रयासों का परिणाम है कि दस साल में देश के करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं और इनमें सबसे बड़ी संख्‍या हमारे गांव के लोगों की है।

 

प्रधानमंत्री ने भारतीय स्टेट बैंक के हालिया अध्ययन का भी उल्लेख किया, जिससे पता चला है कि भारत में ग्रामीण गरीबी 2012 में लगभग 26 प्रतिशत से घटकर 2024 में 5 प्रतिशत से भी कम हो गई है।

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण तथा आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही हैं। वित्‍त मंत्री ने इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार की योजनाओं का उल्‍लेख किया।

 

वुमन्स एंपावरमेंट के लिए आपने बहुत सारे काम कर रहे हैं। ड्रोन दीदी हो, लखपति दीदी हो, एसएचजी के द्वारा महिला का सशक्तिकरण का कार्यक्रम हो, ऐसे एफपीओस में आज महिला हो फार्मा प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशंस में और कोऑपरेटिव सोसाइटीज के द्वारा भी बहुत सारे महिला सशक्तिकरण के काम हैं और उसमें बजट के द्वारा भी प्रावधान किया गया है।

 

**********************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल दिल्ली में 12 हजार दो सौ करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर के बीच लगभग चार हजार छह सौ करोड़ रुपये की लागत वाली दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के 13 किलोमीटर के हिस्‍से का उद्घाटन करेंगे।

 

**********************

 

कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सरकार उत्पादक और उपभोक्ता राज्यों के बीच मूल्य के अंतर को दूर करने के लिए परिवहन और भंडारण की लागत वहन करेगी। श्री चौहान ने आज नई दिल्ली में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के कृषि मंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक की और कृषि क्षेत्रों की विकास दर पर चर्चा की।

 

इस साल कृषि की जो विकास दर है, एग्रीकल्‍चर और एलाइट सैक्‍टर साड़े तीन से चार परसेंट के बीच रहने की संभावना है। इसके लिए मैं अपने किसान भाइयों को और सभी मंत्रिगणों को सभी राज्‍यों को बधाई देता हूं। क्‍योंकि आप सबके परिश्रम से ही ये परिणाम आते हैं।

 

श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत 11 करोड़ किसानों को 18 किश्तों में लगभग तीन लाख 46 हजार करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है। 

                                              

उन्‍होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड पर कम ब्याज पर ऋण की व्यवस्था सहित अनेक उपाय किये गये हैं।

 

**********************

 

केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण नियम-2025 के मसौदे में नागरिकों के डेटा और उनके अधिकारों की सुरक्षा के प्रावधान किये गये हैं। आकाशवाणी समाचार के साथ एक विशेष भेंट में श्री वैष्‍णव ने कहा कि मसौदा नियमों में नागरिकों के व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा के प्रावधान, बच्चों के लिए संभावित डिजिटल जोखिमों को रोकने के उपाय और नागरिकों को अपने अधिकारों का आसानी से उपयोग करने में सक्षम बनाने के प्रावधान शामिल हैं।

 

बहुत ध्‍यान रखा गया है कि भारत में बना एक इनोवेशनन इकोसिस्‍टम है। उस इनोवेशन इकोसिस्‍टम और नागरिकों के अधिकार को प्रोटेक्‍ट करना है। इन दोनों के बीच में एक बहुत अच्‍छा बैलेंस लाया गया है। साथ ही साथ इनोवेशनन के इकोसिस्‍टम के ऊपर बहुत बड़ा कम्‍पलायंस का बर्डन नहीं पडे ये भी ध्‍यान रखा गया है।

 

**********************

 

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने बच्‍चों से आग्रह किया है कि वे परीक्षाओं का बोझ लेने के बजाए उनके लिए जूनून पैदा करें। उन्‍होंने आज नई दिल्‍ली नगर पालिका परिषद के एक्‍जाम वारियर्स आर्ट फेस्टिवल में बच्‍चों के साथ बातचीत में कहा कि सिने अभिनेता और खिलाडी इसलिए अच्‍छा प्रदर्शन करते हैं क्‍योंकि उनमें अपने काम के प्रति जूनून होता है।

 

चाहें विराट हों, चाहें रोनाल्‍डो हों, चाहें मैसी हों ये सब भी दिन-रात एग्‍जाम देते हैं। क्‍या वो टेंशन में होते हैं ये उनका पैशन है। उसको काम की तरह नहीं लेते हैं वो। मेरे जब एग्‍जाम होते थे, एग्‍जाम से एक दिन पहले मैं सोचता था कि आज चलो फिल्‍म देखने चलते हैं। जब आप सालभर पढ़ाई कर लो, सालभर काम कर लो, साल भी उसकी तैयारी कर लो तो एग्‍जाम का टेंशन एक दम खतम।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने एक वीडियो संदेश में कहा कि बच्‍चों पर बोझ परीक्षाओं का नहीं बल्कि महत्‍वाकांक्षाओं और अपेक्षाओं के कारण होता है।

 

 

आपके अंदर एक, मन में एक एम्‍बीशन पड़ा हुआ है, एक अकांक्षा पड़ी हुई है कि मुझे ये बनना है। उस बनने के लिए ये एग्‍जाम मेरे लिए जीवन-मरण का मुद्दा है। अगर मैं विफल रहा या विफल रही तो आगे के सारे दरवाजे बन्‍द हो जाएंगे, तो मैं शायद जीवन में निकम्‍मा हो जाउंगा, ये टेंशन है।

 

**********************

 

भारत के परमाणु कार्यक्रम में प्रमुख भूमिका निभाने वाले वरिष्‍ठ वैज्ञानिक डॉ. राजगोपाल चिदम्‍बरम का आज सवेरे मुंबई के एक अस्‍पताल में निधन हो गया। वे 88 वर्ष के थे। उन्‍होंने वर्ष 1974 में भारत के पहले परमाणु परीक्षण और 1998 में पोखरण-द्वितीय परीक्षण कार्यक्रम में महत्‍वपूर्ण योगदान दिया था। डॉ. चिदम्‍बरम ने भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र के निदेशक और परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्‍यक्ष का पद संभाला था। उन्‍हें 1975 में पद्मश्री और 1992 में पद्मविभूषण से सम्‍मानित किया गया था।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने उनके निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया है। श्री मोदी ने कहा कि डॉ. चिदम्‍बरम ने भारत के परमाणु कार्यक्रम में प्रमुख भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री ने भारत की वैज्ञानिक और रणनीतिक क्षमताओं को मजबूत करने में उनके योगदान की सराहना की।

 

**********************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज नई दिल्‍ली में भारतीय उद्यमी- एआई कंपनी वियानाई सिस्टम्स के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी विशाल सिक्‍का से बातचीत की। उन्‍होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और देश पर इसके प्रभाव के बारे में विस्‍तार से चर्चा की। श्री मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि भारत, नवाचार पर ध्‍यान केन्द्रित करते हुए, युवाओं के लिए अवसरों का सृजन करने के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में अग्रणी बनने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

**********************

 

सिखों के 10वें और अंतिम गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंती के उपलक्ष्य में बिहार के पटना सिटी स्थित तख्त श्री हरिमंदिर साहिब में तीन दिवसीय प्रकाश उत्सव समारोह आज शुरू हुआ। तख्त श्री हरिमंदिर साहिब गुरु गोबिंद सिंह जी का जन्मस्थान है।

 

गोविंद सिंह जी महाराज के 398 प्रकाश उत्सव की शुरुआत आज बड़ी प्रभात फेरी के साथ हुई। तख्त श्री हरि मंदिर साहिब से निकली प्रभात फेरी ने पटना सिटी के कई क्षेत्रों का भ्रमण किया। तख्त श्री हरि मंदिर साहिब में अखंड पाठ का आयोजन किया जा रहा है। आज रात्रि 9:00 बजे से कवि दरबार का आयोजन किया जाएगा। दूर-दूर से आए सिख श्रद्धालु पटना साहिब के आसपास स्थित बाल लीला गुरुद्वारा गुरु का बाग, हांडी साहिब, गायघाट और कंगनघाट गुरुद्वारों में भी प्रार्थना कर रहे हैं। धर्मेंद्र कुमार राय आकाशवाणी समाचार पटना

 

**********************

 

देश के उत्तरी क्षेत्र में घने कोहरे के कारण कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। रेलवे के अनुसार, दिल्ली आने वाली लगभग 40 ट्रेनें पांच घंटे तक की देरी से चल रही हैं। यात्रियों को अपनी ट्रेन यात्रा के लिए स्टेशन पर पहुंचने से पहले ट्रेनों की ताजा स्थिति की जांच करने की सलाह दी गई है।

 

वहीं, नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्‍ट्रीय हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय और घरेलू सहित 45 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि करीब 20 उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों पर भेजा गया है। इन उड़ानों में 13 घरेलू और चार अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि शून्य दृश्यता के कारण श्रीनगर और अमृतसर के लिए भी उड़ानें रद्द की जा रही हैं।

 

**********************

 

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान लगाया है। विभाग ने कहा है कि अगले चार दिनों के दौरान पूर्वी और पश्चिमी भारत में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। वहीं, बिहार के अलग-अलग इलाकों में कल सर्द दिन की स्थिति रह सकती है।

 

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में कल भारी बारिश या बर्फबारी का भी अनुमान है। इधर, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में आने वाले दो दिनों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका है।

 

**********************

 

छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले के पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

राजधानी रायपुर में आज संवाददाताओं से बातचीत में उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि घटना की जांच के लिए ग्यारह सदस्यीय विशेष जांच दल – एसआईटी का गठन किया गया है। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के पत्रकार मुकेश चंद्राकर पहली जनवरी से लापता थे। कल देर शाम  एक स्थानीय ठेकेदार के परिसर में बने सेप्टिक टैंक से उनका शव बरामद किया गया।

 

**********************

 

ओडिशा के राउरकेला के हॉकी इंडिया लीग में श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स ने दिल्ली एसजी पाइपर्स को चार-एक से हरा दिया है। बंगाल के लिए जुगराज सिंह ने दो, सुखजीत और अभिषेक ने एक-एक गोल किया। इस समय हैदराबाद तूफान का मुकाबला गोनासिका से हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक दोनों टीम एक-एक गोल कर बराबरी पर हैं।

 

**********************

 

भुवनेश्‍वर में इंडियन सुपर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट में गोआ एफ सी ने ओडिशा एफ सी को चार – दो से हरा दिया है। इस समय जमशेदपुर एफ सी का मुकाबला बैंगलूरू एफ सी से जारी है। ताजा समाचार मिलने तक बैंगलुरू ने एक-शून्‍य बना ली है।

 

**********************

 

सिडनी में ऑस्‍ट्रेलिया के साथ बॉर्डर-गावस्‍कर ट्रॉफी श्रृंखला के पांचवे और अंतिम क्रिकेट टेस्‍ट मैच के दूसरे दिन भारत ने छह विकेट पर 141 रन बना लिए। भारत की कुल बढ़त 145 रन की हो गई है। रविन्‍द्र जड़ेजा 8 और वाशिंगटन सुंदर 6 रन बनाकर क्रीज पर हैं। ऋषभ पंत ने 33 गेंदों में तेजतर्रार 61 रन बनाए। इससे पहले ऑस्‍ट्रेलिया की टीम पहली पारी में 181 रन पर सिमट गई।

 

**********************

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए शुरू की गई पीएम जनमन योजना दशकों से उपेक्षित क्षेत्रों को समान अधिकार सुनिश्चित कर रही है।
  • कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- उत्पादक और उपभोक्ता राज्यों के बीच मूल्य अंतर को कम करने के लिए परिवहन और भंडारण की लागत केन्‍द्र सरकार वहन करेगी।
  • वरिष्ठ वैज्ञानिक और भारत के परमाणु कार्यक्रम में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉ. राजगोपाल चिदंबरम का निधन। प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया।
  • उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण दूसरे दिन दृश्यता कम रही। ट्रेन और उड़ान परिचालन प्रभावित।
  • हॉकी इंडिया लीग में राउरकेला में श्राची राढ बंगाल टाइगर्स ने दिल्ली एसजी पाइपर्स को 4-1 से हराया।
  • इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में एफसी गोवा ने ओडिशा एफसी को 4-2 से मात दी।

 

**********************