Download
Mobile App

android apple
signal

January 3, 2025 10:01 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

  • भारत ने लद्दाख में दो नई काउंटी स्थापित करने वाली चीन की घोषणा का विरोध किया।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में कुशासन और भ्रष्टाचार को लेकर आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया, साथ ही राजधानी में कई विकास परियोजनाएं शुरू कीं।

  • ईपीएफओ की केंद्रीकृत पेंशन भुगतान प्रणाली शुरू, अब लोग किसी भी बैंक से अपनी पेंशन प्राप्त कर सकेंगे।

  • सरकार ने स्पष्ट किया कि चीन में एचएमपी वायरस के फैलने की खबरें चिंता का विषय नहीं है।

  • आज नई दिल्ली में हुआ पहले खो खो विश्व कप के लिए ट्रॉफी और शुभंकर का अनावरण।

———

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह चीन के होतान विभाग में दो नये काउंटी की स्‍थापना से संबंधित घोषणा सुन चुका हैं। एक प्रश्‍न का उत्‍तर देते हुए मंत्रालय के प्रवक्‍ता रणधीर जायसवाल ने आज कहा कि इन तथाकथित प्रान्‍तों के अधिकार क्षेत्र का कुछ हिस्‍सा केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख में आता है। श्री जायसवाल ने कहा कि भारत ने इस क्षेत्र के भारतीय अंचल में अवैध चीनी अधिकार को कभी भी स्‍वीकृति नहीं दी है।

 

वहीं, चीन के तिब्‍बत स्‍वायत्‍त क्षेत्र की यारलुंग त्संग्पो नदी पर बन रही पनबिजली परियोजना से संबंधित एक प्रश्‍न का उत्‍तर देते हुए मंत्रालय के प्रवक्‍ता रणधीर जायसवाल ने आज कहा कि नदी के जल को इस्‍तेमाल करने के अधिकार के साथ निचले तटवर्ती देश के रूप में भारत ने अपनी चिंताओं को दोहराया है।

 

श्री जायसवाल ने आज कहा कि कुशल पेशेवरों की तकनीकी दक्षता से भारत और अमरीका के आर्थिक संबंधों को बहुत फायदा होगा। इससे पेशेवरों को अपनी क्षमता और प्रतिस्‍पर्धी सुविधाओं को बढाने में दोनों पक्ष लाभांवित होंगे।

 

यमन में मौत की सजा का सामना कर रही केरल की नर्स नि‍मिषा प्रिया से संबंधित एक प्रश्‍न के उत्‍तर में श्री जायसवाल ने कहा कि भारत, निमिषा प्रिया की सजा से संबंधित घटनाक्रमों पर बारीकी से नजर रखे हुए है। उन्‍होंने कहा कि सरकार इस मामले में हरसंभव सहायता कर रही है।

———

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दिल्‍ली की आम आदमी पार्टी सरकार की आलोचना करते हुए कहा है कि आप सरकार ने दस वर्ष के शासन के दौरान दिल्‍ली को आपदा की ओर धकेल दिया है। श्री मोदी ने नई दिल्‍ली में साढे चार हजार करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के दौरान यह बात कही। श्री मोदी ने कहा कि सरकार जनता को पानी और सीवर सुविधाएं उपलब्‍ध कराने में विफल रही है।

 

यहां की राज्‍य सरकार ने उन्हें आपदा का शिकार बना डाला। केंद्र की भाजपा सरकार लोगों की मदद के लिए स्पेशल सिंगल विंडो कैंप चल रही है, जो लोग दिल्ली के लोगों से विश्वासघात करके, झूठी कसमें खाकर अपने लिए शीश महल बनवा लेते हैं, उनसे जब यह आपदा जाएगी और भाजपा आएगी तो फिर इन सारी समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।

 

श्री मोदी ने कहा कि दुर्भाग्‍य की बात है कि दिल्‍ली सरकार केन्‍द्र की आयुष्‍मान भारत योजना को लागू नहीं कर रही है। प्रधानमंत्री ने दिल्‍ली सरकार पर शिक्षा को लेकर भी आरोप लगाया।

श्री मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी के अशोक विहार में झुग्गी बस्तियों के निवासियों के लिए लगभग एक हजार सात सौ नवनिर्मित फ्लैटों का उद्घाटन किया और पात्र लाभार्थियों को चाबियां सौंपीं। इस अवसर पर लाभार्थी शीला ने प्रधानमंत्री की सराहना की।

 

मोदी जी ने हमारे को नरक में स्‍वर्ग में उठा दिया है तो भविष्य में सोच नहीं सकते थे कि क्या होगा मिले या ना मिले जो इनका सपना हमारा पूरा कर दिया है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने दो शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं – नौरोजी नगर में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और सरोजिनी नगर में जनरल पूल आवासीय आवास टाइप-II क्वार्टर का भी उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने द्वारका में लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के एकीकृत कार्यालय परिसर का भी उद्घाटन किया। उन्‍होंने दिल्ली विश्वविद्यालय में 600 करोड़ रुपये से अधिक की तीन नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी।

———

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल नई दिल्‍ली में ग्रामीण भारत महोत्‍सव 2025 का उद्घाटन करेंगे। इस महोत्‍सव का लक्ष्‍य ग्रामीण बुनियादी ढांचे का विकास करना, आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्थाओं का निर्माण करना और ग्रामीण समुदायों के बीच नवाचार को बढ़ावा देना है। 6 दिवसीय महोत्‍सव का विषय वर्ष 2047 तक विकसित भारत है। इस कार्यक्रम का उद्देश्‍य पूर्वोत्तर भारत पर विशेष ध्यान देते हुए ग्रामीण जनसंख्‍या के बीच आर्थिक स्थिरता और वित्तीय सुरक्षा को बढ़ावा देना है। महोत्‍सव के दौरान उद्यमिता के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने पर ध्‍यान केन्द्रित किया जाएगा।

———

गृहमंत्री अमित शाह ने आज अंडमान निकोबार द्वीप और लक्षद्वीप में पवन चक्कियों तथा सौर पैनलों के जरिये शत-प्रतिशत नवीकरणीय ऊर्जा उत्‍पत्ति के लक्ष्‍य को हासिल करने पर बल दिया। नई दिल्‍ली में द्वीप विकास एजेंसी की 7वीं बैठक की अध्‍यक्षता करते हुए श्री शाह ने इन क्षेत्रों की चल रही विकास पहलों की प्रगति की समीक्षा की।

———

राजस्थान के कोटा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने आज सुपोषित मां अभियान के तीसरे चरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर एक हजार पांच सौ गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित की गईं।

 

भारत में मां के प्रति हमेशा हमारा बहुत सम्मान है।  मां जीवनदाती तो है, लेकिन मां संवेदना की मूर्ति भी है। सुपोषित मां अभियान एक ऐसा सामाजिक अभियान है, जिससे आप समाज के अंदर हमारे आने वाली पीढ़ी स्‍वस्‍थ हो। जब हमारे आने वाली पीढ़ी स्‍वस्‍थ होगी, तो एक स्‍वस्‍थ समाज निर्माण होगा।

———

कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसानों को होने वाले नुकसान और फसल बीमा के माध्यम से मिलने वाले मुआवजे के बीच के अंतर को कम करने के लिए अब उपग्रहों के माध्यम से इन नुकसानों का सर्वेक्षण किया जाएगा। श्री चौहान ने महाराष्‍ट्र के नासिक में यशवंतराव चव्हाण महाराष्ट्र मुक्त विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्र में किसानों को संबोधित किया। उन्‍होंने बताया कि जब प्याज या अन्य फसलों के दाम बढ़ने से लोगों की शिकायतें बढ़ती हैं, तो इसके कारण किसानों को मिलने वाली राशि में वृद्धि नहीं हो पाती है।

 

राज्‍य सरकार किसी संस्‍था के माध्‍यम से प्‍याज खरीदकर अगर उसे मुम्‍बई, दिल्‍ली, कोलकाता, चेन्‍नई पहुंचाएंगी, तो ट्रांसपोर्टेशन का वो खर्चा सरकार देंगी। राज्य और केन्‍द्र आधा-आधा वहन करें, तो अब शहरों में थोड़ा सस्‍ता मिलेगा और किसान को ठीक पैसा मिल जाएगा और हम नए-नए प्रयोग करने की कोशिश कर रहे हैं।

———

वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत एक सौ दस से अधिक यूनिकार्न स्‍टार्टअप के साथ विश्‍व का तीसरा सबसे बडा स्‍टार्टअप पारिस्थितिक तंत्र है। नई दिल्‍ली में आज भारतीय स्‍टार्टअप पर मीडिया से बातचीत में श्री गोयल ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में देश की स्‍टार्टअप यात्रा नवाचारी विचारों वाले असंख्‍य लोगों के लिए परिवर्तनकारी और उत्‍साहवर्धक रही है।

 

एक अन्‍य कार्यक्रम में श्री पीयूष गोयल ने देश में इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रचलन में तेजी लाने के लिए चार्जिंग अवसंरचना और बैटरी-स्वैपिंग सुविधाओं को साथ लाने की आवश्यकता पर बल दिया है।

———

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु प्रवासी भारतीय दिवस समारोह के दौरान प्रवासी भारतीय सम्‍मान पुरस्‍कार प्रदान करेंगी। समारोह का 18वां संस्‍करण ओडिशा के भुवनेश्‍वर में आठ से दस जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। प्रवासी भारतीय सम्‍मान पुरस्‍कार प्रवासी भारतीयों को प्रदान किया जाने वाला उच्‍चतम सम्‍मान है।

———

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन- ईपीएफओ की केंद्रीकृत पेंशन भुगतान प्रणाली अब पूरे देश में पूर्ण रूप से संचालित है। पिछले वर्ष दिसंबर में ईपीएफओ के सभी 122 पेंशन वितरण क्षेत्रीय कार्यालयों से जुड़े 68 लाख से अधिक पेंशनभोगियों को लगभग एक हजार 5 सौ 70 करोड़ रुपये की पेंशन वितरित की गई। श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि इस प्रणाली के माध्यम से पेंशनभोगी देश में कहीं भी किसी भी बैंक से अपनी पेंशन का भुगतान तेजी से और बिना किसी परेशानी के कर पाएंगे।

———

सरकार ने आज कहा कि चीन में ह्यूमन मेटा न्यूमो वायरस-एच एम पी वी के फैलने की खबरों से देश में चिंता की कोई बात नहीं है। संवाददाताओं से बातचीत में स्‍वास्‍थ्‍य सेवा महानिदेशक अतुल गोयल ने कहा कि यह अन्‍य किसी श्‍वसन संबंधी वायरस की तरह है। इस वायरस से वयस्‍कों और बच्‍चों में फ्लू जैसे लक्षण दिखते हैं। श्री गोयल ने कहा कि किसी प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए देश पूरी तरह तैयार है।

 

मेटा न्यूमो वायरस एक नॉर्मल रेस्पिरेट्री वायरस है जो जुकाम जैसी बीमारी करता है और कुछ लोगों में फ्लू जैसे सिम्टम्स हो सकते हैं। खासकर जो बहुत बुरे लोग हैं, एक साल से कम उम्र के बच्चे हैं, लेकिन ऐसी कोई सीरियर्स बीमारी नहीं है जिससे चिंता करने की जरूरत है और हमारे अस्पताल और इंस्टीट्यूशंस इनको हैंडल करने के लिए तैयार है। बैड स्‍कीम्‍स की भी अवेलेबिलिटी है, ऑक्सीजन वगैरा की अवेलेबिलिटी है स्पेसिफिकली दवाइयां चाहिए नहीं होती, बिकॉज इसके अगेन्‍स्‍ट कोई स्‍पेसिफिकली एंटीवायरल ड्रग्‍स है नहीं, तो चिंता करने की आवश्‍यकता देश को नहीं है इस वक्‍त।

———

असम में, राज्‍यपाल लक्ष्‍मण प्रसाद आचार्य और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्‍वा सरमा के साथ केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने गुवाहाटी में आज तीन रेलगाडि़यों को रवाना किया। उन्‍होंने गुवाहाटी में एक पुल का लोकार्पण भी किया। श्री वैष्‍णव ने गुवाहाटी से 10 किलोवाट आकाशवाणी कोकराझार एफएम स्‍टेशन का उदघाटन किया। उन्‍होंने गुवाहाटी में राष्‍ट्रीय इलेक्‍ट्रोनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी संस्‍थान का भी वर्चुअल माध्‍यम से शुभारंभ किया।

———

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज नई दिल्ली में ईरान के उप विदेश मंत्री माजिद तख्त रवांची के साथ भारत-ईरान द्विपक्षीय संबंधों, चाबहार बंदरगाह में प्रगति और क्षेत्रीय विकास पर चर्चा की। बैठक के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने विश्वास व्यक्त किया कि इस वार्ता से द्विपक्षीय साझेदारी को गति मिलेगी।

———

पहले खो खो विश्व कप के लिए आज ट्रॉफी और शुभंकर का अनावरण किया गया। नई दिल्‍ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में 13 से 19 जनवरी तक होने वाली प्रतियोगिता में 21 पुरुष और 20 महिला टीमें हिस्सा लेंगी। खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल ने कहा कि यह प्रतियोगिता स्वदेशी खेल के लिए एक बड़ा बढ़ावा है।

———

सिडनी में बॉडर्र-गावस्‍कर ट्रॉफी श्रृंखला के पांचवें और अंतिम क्रिकेट टेस्‍ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन एक विकेट पर नौ रन बना लिये हैं। इससे पहले टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी करते हुए भारतीय टीम पहली पारी में 185 रन पर सिमट गई।

———

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में अगले दो दिनों के दौरान अत्‍यधिक वर्षा और बर्फबारी का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। हिमाचल प्रदेश में भी 5 और 6 जनवरी को तेज वर्षा होने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तराखंड में रविवार को गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान घने कोहरे और शीत लहर की स्थिति जारी रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

———

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • भारत ने लद्दाख में दो नई काउंटी स्थापित करने वाली चीन की घोषणा का विरोध किया।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में कुशासन और भ्रष्टाचार को लेकर आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया, साथ ही राजधानी में कई विकास परियोजनाएं शुरू कीं।

  • ईपीएफओ की केंद्रीकृत पेंशन भुगतान प्रणाली शुरू, अब लोग किसी भी बैंक से अपनी पेंशन प्राप्त कर सकेंगे।

  • सरकार ने स्पष्ट किया कि चीन में एचएमपी वायरस के फैलने की खबरें चिंता का विषय नहीं है।

  • आज नई दिल्ली में पहले खो खो विश्व कप के लिए ट्रॉफी और शुभंकर का अनावरण।

 ———