मुख्य समाचार :-
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने डाई अमोनियम फास्फेट-डीएपी उर्वरकों पर एकमुश्त विशेष राहत पैकेज के विस्तार को मंजूरी दी। किसानों को डीएपी खाद की बोरी एक हजार 350 रुपये की दर से मिलती रहेगी।
- मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पुनगर्ठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना को वर्ष 2025-26 तक जारी रखने का भी फैसला किया।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा–सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध।
- एल पी जी कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में 14 रूपये 50 पैसे की कटौती की गई।
- भारत ने पाकिस्तान से भारतीय कैदियों की रिहाई और उन्हें स्वदेश भेजने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
- मौसम विभाग ने कहा–1901 से लेकर अब तक वर्ष 2024 सबसे गर्म रहा।
- राउरकेला में हॉकी इंडिया लीग में, श्राची रार बंगाल टाइगर्स का मुकाबला टीम गोनासिका से जारी।
******
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने डाई अमोनियम फॉस्फेट-डीएपी उर्वरकों पर एक मुश्त विशेष राहत पैकेज का विस्तार करने का फैसला किया है। डीएपी उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी बढाकर तीन हजार पांच सौ रुपये प्रति मीट्रिक टन करने की मंजूरी दी गई है। इससे किसानों को किफायती मूल्य पर डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस फैसले से लगभग तीन हजार आठ सौ पचास करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पडेगा, जिसे केंद्र सरकार वहन करेगी।
मार्केट में अगर फेयर प्राइज देखते, करीब-करीब तीन हजार रुपए से ज्यादा में यह बैग मिलता। 50 किलो का डीएपी फर्टिलाइजर का लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने बहुत स्पष्ट तौर पे आज कैबिनेट में कहा है कि तेरह सौ पचास रुपए में ही डीएपी का बैग मिलेगा और जो लोग किसानों को ठगने का प्रयास करते हैं। वह लोग भी जान ले कि तेरह सौ पचास रुपए से ज्यादा अगर किसी ने लेने की कोशिश की उनके अगेंट्स राज्य सरकारें लीग एक्शन लें।
मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना को भी जारी रखने का फैसला किया है। श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस योजना के अन्तर्गत बीमित किसानों में 88 प्रतिशत छोटे और सीमांत किसान शामिल है। श्री वैष्णव ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में किसानों को बीमा योजना के अन्तर्गत एक लाख 70 हजार करोड रुपये की राशि का भुगतान किया गया। उन्होंने कहा कि नववर्ष-2025 में मंत्रिमंडल की पहली बैठक किसानों को समर्पित है।
कवरेज बहुत ज्यादा बड़ा है, इन दस सालों में और कवरेज को और अधिक बढ़ाने के लिए कम्पलीट डिजिटलाइजेशन एनरोलमेंट से लेके असेसमेंट, क्लेमसेटेलमेंट, पेमेंट, डीबीटी के माध्यम से, इसको पूरी चैन को रिवैम्प करने का आज माननीय प्रधानमंत्री जी ने निर्णय लिया है और एग्रीकल्चर मिनिस्ट्री और दूसरे सम्बंधित विभाग कॉपरेशन्स से, फाइनेंस से सब मिलके फसल बीमा योजना को एक टोटली नए लेवल पे ले जाएंगे, ऐसा आज निर्णय लिया गया है।
******
कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने नया साल किसानों को समर्पित किया है। नई दिल्ली में श्री चौहान ने कहा कि सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए तीन बड़े फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि 2024-25 में भारत के कृषि तथा संबद्ध क्षेत्र में साढे तीन से 4 प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद है।
चावल की कीमत किसान की ठीक मिले इसलिए मिनी एक्पोर्ट प्राइज़ जो लगाई गई थी वह हटा दी गई है। चावल के एक्सपोर्ट को अनुमति दी गई और आज भारत के सहकारिता मंत्रालय और इंडोनेशिया के व्यापार मंत्रालय के बीच गैर-बासमती सफेद चावल के व्यापार पर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुआ है और इंडोनेशिया को भारत एक मिलियन मीट्रिक टन गैर-बासमती सफेद चावल निर्यात करेगा। निर्यात के कारण भी चावल के रैट बेहतर होंगे और किसानों को इसका लाभ मिलेगा।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। केन्द्रीय मंत्रिमंडल के फैसलों के बारें में श्री मोदी ने कहा कि 2025 की पहली कैबिनेट बैठक किसानों की खुशहाली बढाने के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि देश को अपने किसानों पर गर्व है जो कड़ी मेहनत करके पूरे राष्ट्र का पेट भरते हैं।
******
सरकार ने आज से वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन-ओ.एन.ओ.एस. योजना की शुरुआत की है। इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को सिंगल सब्सक्रिप्शन प्लेटफार्म के अंतर्गत शोधपत्रों, जरनल और शैक्षिक सामग्री सहित व्यापक डिजिटल ज्ञान संसाधनों तक निर्बाध पहुंच उपलब्ध कराना है। इस योजना से विश्वविद्यालय और आई.आई.टी. सहित सरकारी सहायता प्राप्त उच्च शिक्षा संस्थानों के एक करोड 80 लाख विद्यार्थियों को दुनियाभर के शीर्ष जरनल में प्रकाशित शोध पत्रों को देखने की सुविधा मिलेगी।
******
एलपीजी कमर्शियल-गैस सिलेंडरों की कीमत में 14 रुपए 50 पैसे की कटौती की गई है। अब 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत दिल्ली में एक हजार आठ सौ चार रुपये, मुंबई में एक हजार सात सौ 56 रुपये, कोलकाता में एक हजार नौ सौ 11 रुपये और चेन्नई में एक हजार नौ सौ 66 रुपये होगी। हालांकि, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह आठ सौ तीन रुपए में ही मिलेगा।
******
भारत ने पाकिस्तान की हिरासत में बंद कैदियों, मछुआरों और उनकी नावों तथा लापता भारतीय रक्षा कर्मियों की शीघ्र रिहाई और स्वदेश वापसी का आह्वान किया है। पाकिस्तान से यह भी कहा गया कि वह 183 भारतीय मछुआरों और कैदियों में से सज़ा पूरी कर चुके मछुआरों और कैदियों की रिहाई और स्वदेश वापसी की प्रक्रिया में तेजी लायें। भारत और पाकिस्तान ने आज राजनयिक स्तर पर एक दूसरे की हिरासत में मौजूद कैदियों और मछुआरों की सूची का आदान-प्रदान किया। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत ने अपनी हिरासत में मौजूद पाकिस्तान के 381 कैदियों और 81 मछुआरों के नाम साझा किए हैं।
******
भारत और पाकिस्तान ने आज अपने परमाणु प्रतिष्ठानों और सुविधाओं की सूची का अदान-प्रदान किया। इससे दोनों देशों के बीच परमाणु प्रतिष्ठानों और सुविधाओं पर हमले की रोकथाम से संबंधित समझौते के अंतर्गत यह आदान प्रदान किया गया। नई दिल्ली और इस्लामाबाद में विभिन्न राजनयिक माध्यमों से दस्तावेज एक दूसरे को सौंपे गये।
******
भारत ने वर्ष 2024 में प्रौद्योगिकी और चिकित्सा के क्षेत्र में जबरदस्त प्रगति की। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के माध्यम से उद्योगों की तस्वीर बदलने से लेकर परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष अन्वेषण और क्वांटम कंप्यूटिंग में बड़ी सफलताएँ शामिल है। हमारे संवाददाता की एक रिपोर्ट-
वर्ष 2024 में भारत ने वैश्विक स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारत ने अपना पहला स्वदेशी एंटीबायोटिक, नैफिथ्रोमाइसिन विकसित किया है। यह दवा निमोनिया के खिलाफ उपचार में 10 गुना प्रभावी है और महज़ तीन दिन के उपाचार से ही रोगी में सुधार दिखाई देने लगता है। वहीं देश में दवा आपूर्ति की कमी से निपटने के लिए भारत, दक्षिण कोरिया, अमेरिका, जापान और यूरोपीय संघ के साथ बायोफार्मास्युटिकल गठबंधन में शामिल हो गया। इसके अलावा भारत ने रक्षा क्षेत्र में अपनी वैश्विक स्थिति को मजबूत किया है। देश की सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए डीआरडीओ ने मिशन दिव्यास्त्र के तहत अग्नि-5 मिसाइल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। पानी के भीतर परमाणु क्षमता को मजबूत करने के लिए साढे तीन हजार किलोमीटर की मारक क्षमता वाली बैलिस्टिक मिसाइल के-फोर का सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया। इसके अलावा सरकार ने ग्रहों की खोज में भारत की क्षमता को बढाने के लिए दो प्रमुख अंतरिक्ष विज्ञान मिशन वीनस, ऑर्बिटर मिशन और चंद्रयान-4 को मंजूरी दी। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
******
आकाशवाणी समाचार अपनी विशेष वर्षांत श्रृंखला में आपके लिए वर्ष 2024 की झलकियाँ प्रस्तुत कर रहा है। आज हम आयुष मंत्रालय की प्रमुख पहलों और उपलब्धियों पर नज़र डालेंगे। एक रिपोर्ट-
आयुष मंत्रालय ने 2024 में पारंपरिक चिकित्सा को वैश्विक मान्यता दिलाने और इसके प्रचार-प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मंत्रालय ने आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी को दुनियाभर के चिकित्सा क्षेत्र की मुख्यधारा में जोडने का काम किया है। इस कड़ी में आयुष मंत्रालय ने पिछले साल 21 जून को श्रीनगर में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में 10वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया था। जिसकी थीम ‘स्वयं और समाज के लिए योग’ थी। इस दौरान सात करोड़ से अधिक लोगों ने योग की शपथ ली और साथ ही योग के सिद्धांतों और प्रथाओं को अपनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई। प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के झज्जर में 200 बिस्तरों वाले केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान का भी उद्घाटन किया। आयुष मंत्रालय ने आयुर्वेद के माध्यम से किशोरियों में पोषण सुधार के लिए महिला और बाल विकास मंत्रालय के साथ एक समझौता किया। प्रिया मंडल के साथ अक्षित वेद्यान आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
******
वस्तु और सेवाकर- जीएसटी का कुल संग्रह दिसंबर माह में बढ़कर एक लाख 76 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया। यह दिसंबर 2023 की तुलना में सात दशमलव तीन प्रतिशत अधिक है। दिसंबर 2023 में कुल सकल जीएसटी संग्रह एक लाख 64 हजार करोड़ रुपये था।
******
साल 2025 के पहले दिन आज घरेलू शेयर बाजारों में बढत रही। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के सेंसेक्स में 368 अंक की बढत हुई और यह 78 हजार 507 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में भी 98 अंक की तेजी रही और यह 23 हजार 743 पर रहा। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में आज रुपया चार पैसे कमजोर हुआ। एक डालर की कीमत 85 रुपए 65 पैसे रही।
******
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, आज अपने सप्ताहिक कार्यक्रम चर्चा का विषय है में भू-जल और पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकार के प्रयासों पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसे रात साढे नौ बजे से आकाशवाणी गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर सुना जा सकेगा।
******
मौसम विभाग ने कहा कि वर्ष 1901 के बाद से 2024 देश में अब तक का सबसे गर्म साल रहा है। मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने आज मीडिया को यह जानकारी देते हुए बताया कि पूर्वी, उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य क्षेत्रों के कुछ इलाकों को छोड़कर जनवरी में देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। श्री महापात्र ने कहा कि देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है।
******
पंजाब में सर्दी का प्रकोप कुछ और दिन तक जारी रहने की संभावना है। हालांकि अगले 48 घंटों में राज्य के कुछ भागों में धुंध से राहत मिलेगी। इस बीच, अधिकतम तापमान में कोई परिवर्तन नहीं होगा। ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान नौ से बारह डिग्री सेल्सिस के बीच रहने की सम्भावना है। चंदीगढ स्थित मौसम विभाग के निदेशक सुरेन्द्र पाल ने बताया कि ठंड से अभी कोई राहत मिलने के आसार नहीं है।
पंजाब और हरियाणा में पिछले दो से तीन दिनों से जो ठंड का एक तरह माहौल बना हुआ है, कंटिन्यू करेगा। इसमें जो है, इसमें कोई विशेष अंतर आने वाला नहीं है, लेकिन अगर यह 48 आवर्स पंजाब, हरियाणा के कुछ पाटर्स में कुछ सम्भावना है कि फॉग से रिलिफ मिलेगा। राजेश बाली आकाशवाणी समाचार जालंधर।
******
जम्मू-कश्मीर में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना है। हमारे संवाददाता ने बताया कि ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर भारी बर्फबारी की आशंका है।
भारी बर्फबारी श्रीनगर शहर, कस्बों और दूरदराज इलाकों में लोगों के लिए मुश्किलें लेकर आती हैं। जिसमें सडक और हवाई संपर्क में व्यवधान भी शामिल है। इससे पूरे कश्मीर क्षेत्र में बिजली और पानी की आपूर्ति में व्यवधान, सड़कों, गलियों और आंतरिक क्षेत्रों में रूकावटें पैदा हो जाती है। इस बीच आने वाले दिनों में बर्फबारी की आशंका के मद्देनज़र प्रशासन किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए हर स्तर पर पूरी तरह तैयार है। तारिक राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर
******
महाराष्ट्र में आज दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पहली घटना सोलापुर जिले के अक्कलकोट में तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक जीप ट्रक से टकराने के कारण हुई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और कई गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी घटना जालना जिले में धुले-सोलापुर राजमार्ग पर हुई, जब एक परिवार अक्कलकोट से लौट रहा था और सड़क किनारे खडे एक ट्रक से टकरा गया, जिससे एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
******
और अब खेल की खबरें ओडिशा के राउरकेला में हॉकी इंडिया लीग में इस समय श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स का मुकाबला टीम गोनासिका के साथ हो रहा है। हाफ टाइम तक दोनों टीमें गोल रहित बराबरी पर हैं। अंक तालिका में श्राची रार बंगाल टाइगर्स तीन अंक के साथ दूसरे और टीम गोनासिका एक अंक लेकर छठे स्थान पर है।
******
न्यूयॉर्क में भारत की आर० वैशाली ने विश्व ब्लिट्ज शतरंज चैम्पियनशिप के महिला वर्ग में कांस्य पदक जीता। जीच की झू जिनर को वैशाली ने क्वार्टर फाइनल में डेढ के मुकाबले ढाई अंकों से हराया।
******
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने डाई अमोनियम फास्फेट-डीएपी उर्वरकों पर एकमुश्त विशेष राहत पैकेज के विस्तार को मंजूरी दी। किसानों को डीएपी खाद की बोरी एक हजार 350 रुपये की दर से मिलती रहेगी।
- मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पुनगर्ठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना को वर्ष 2025-26 तक जारी रखने का भी फैसला किया।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा–सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध।
- एल पी जी कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में 14 रूपये 50 पैसे की कटौती की गई।
- भारत ने पाकिस्तान से भारतीय कैदियों की रिहाई और उन्हें स्वदेश भेजने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
- मौसम विभाग ने कहा–1901 से लेकर अब तक वर्ष 2024 सबसे गर्म रहा।
- राउरकेला में हॉकी इंडिया लीग में, श्राची रार बंगाल टाइगर्स का मुकाबला टीम गोनासिका से जारी।
******