Download
Mobile App

android apple
signal

December 30, 2024 9:53 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:

 

  • इसरो अंतरिक्ष में दो उपग्रहों को जोड़ने और अलग करने की प्रक्रिया का परीक्षण करने के लिए आज रात श्रीहरिकोटा से दो उपग्रहों का प्रक्षेपण करेगा।

 

  • रक्षा मंत्रालय ने एयर इंडिपेंडेंट प्रोपल्शन प्‍लग के निर्माण और इलै‍क्‍ट्रोनिक हैवी वेट टॉरपीडो के एकीकरण के लिए दो हजार 867 करोड़ रुपये के दो समझौतों पर हस्‍ताक्षर किए।

 

  • केन्‍द्रीय वित्‍त मंत्री ने बजट पूर्व विचार-विमर्श के तहत उद्योग जगत, स्‍वास्‍थ्‍य और शिक्षा क्षेत्र के प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों के साथ बैठक की अध्‍यक्षता की।

 

  • इस वर्ष देश के विनिर्माण क्षेत्र में महत्‍वपूर्ण वृद्धि दर्ज की गई, जो भारत के वैश्विक शक्ति के रूप में परिवर्तित होने का संकेत है।

 

  • अमरीका ने यूक्रेन के लिए सैन्‍य पैकेज सहित लगभग छह अरब डॉलर की सहायता की घोषणा की।

 

———-

 

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन – इसरो आज रात श्री हरिकोटा से दो उपग्रहों का प्रक्षेपण करेगा। इन उपग्रहों के जरिए कक्षा में अंतरिक्ष यानों की डॉकिंग-अनडॉकिंग यानि जोड़ने और अलग करने की प्रक्रिया का परीक्षण किया जाएगा। प्रक्षेपण यान पीएसएलवी-सी60 दोनों उपग्रहों – एसडीएक्‍स-01 और एसडीएक्‍स-02 को 476 किलोमीटर की कक्षा में स्‍थापित करेगा। टारगेट और चेज़र दोनों उपग्रहों को दस से बीस किलोमीटर की दूरी पर एक ही कक्षा में स्‍थापित किया जाएगा। एक रिपोर्ट –

 

स्‍पेडेक्‍स स्‍पेस डॉकिंग प्रयोग की सफलता के बाद भारत एक ऐसा चौथा देश बन जाएगा जिसको एक क्षमता होगी कि वह उपग्रह को निर्धारित कक्षा में पहुंचाकर उसे स्थिर रख सके। भविष्य में भारत चंद्रमा या अन्य ग्रह को गगनयान पहुंचाने के लिए यह टेक्नोलॉजी मददगार होगी। भारतीय अंतरिक्ष केंद्र बनने के बाद गगनयान उपग्रह द्वारा यहां ठहर पाने के लिए टेक्नोलॉजी आवश्‍यक होगी। अपने आवश्यकता के अनुसार उपग्रह को अंतरिक्ष में रोके रखना और दो उपग्रहों के बीच समन्‍वय रखना इस मिशन का मुख्य उद्देश्य है, सुधींद्र आकाशवाणी समाचार, बेंगलुरु।

 

———-

 

रक्षा मंत्रालय ने आज दो हजार 867 करोड़ रुपये के दो समझौते किए। ये समझौते रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन- डीआरडीओ की एयर इंडिपेंडेंट प्रोपल्शन- एआईपी प्लग के निर्माण और इसे भारतीय पनडुब्बियों तथा कलवरी श्रेणी की पनडुब्बियों पर इलेक्ट्रॉनिक हैवी वेट टॉरपीडो- ईएचडब्ल्यूटी से जोडने के लिए किए गए हैं। दोनों अनुबंधों पर नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए। एक रिपोर्ट-

 

एआईपी प्लग के निर्माण का लगभग एक हजार 990 करोड़ रुपये का अनुबंध मुंबई के मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड के साथ किया गया। डीआरडीओ द्वारा विकसित ईएचडब्ल्यूटी को जोडने का अनुबंध फ्रांस के नेवल ग्रुप के साथ लगभग 877 करोड़ रुपये की लागत से किया गया। एआईपी तकनीक को स्वदेशी रूप से विकसित किया जा रहा है। एआईपी प्लग के निर्माण और पनडुब्बियों से इसे जोडने से पारंपरिक पनडुब्बियों की सहनशक्ति बढ़ेगी और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को बढावा मिलेगा। इससे करीब तीन लाख मानव दिवस का रोजगार सृजन होगा। ईएचडब्ल्यूटी का एकीकरण भारतीय नौसेना, डीआरडीओ और फ्रांस के नवल ग्रुप का संयुक्त प्रयास होगा। इससे भारतीय नौसेना की कलवरी श्रेणी की पनडुब्बियों की मारक क्षमता में काफी वृद्धि होगी। रहीसुद्दीन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अभिषेक कपिल।

 

———-

 

केन्‍द्रीय वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज नई दिल्‍ली में बजट पूर्व परामर्श के तहत छठीं बैठक की अध्‍यक्षता की। इस बैठक में स्‍वास्‍थ्‍य और शिक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में वित्‍त सचिव, आर्थिक कार्य मंत्रालय के सचिव, सरकार के मुख्‍य आर्थिक सलाहकार तथा स्‍वास्‍थ्‍य और स्‍कूली शिक्षा विभाग के वरिष्‍ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इससे पहले आज ही वित्‍त मंत्री ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की अध्‍यक्षता की। वित्‍त वर्ष 2025-26 का केन्‍द्रीय बजट अगले वर्ष पहली फरवरी को पेश किए जाने की संभावना है। वित्‍त मंत्री सीतारामन लगातार आठवीं बार बजट प्रस्‍तुत करेंगी।

 

———-

 

केन्‍द्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं। उन्‍होंने आज वलसाड जिले के धर्मपुर में श्रीमद् राजचंद्र मिशन के वार्षिक समारोह के समापन अनुष्‍ठान महामस्‍तकाभिषेक में भाग लिया। श्री शाह आज दोपहर अहमदाबाद से धर्मपुर पहुंचे और इस धार्मिक समारोह में भाग लिया। समारोह में गुजरात के वित्‍त और ऊर्जा मंत्री कनु भाई देसाई और गृह राज्‍य मंत्री हर्ष सांघवी भी उपस्थित रहे।

 

———-

 

भारतीय रिजर्व बैंक- आरबीआई के नवनियुक्त गवर्नर, श्री संजय मल्होत्रा ​​ने  2025 में भारत के आर्थिक परिदृश्‍य के बारे में आशावादी दृष्टिकोण व्‍यक्‍त किया है। दिसंबर 2024 की वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट- एफएसआर की प्रस्तावना में, श्री मल्होत्रा ​​ने कहा कि मुद्रास्फीति घटने की उम्मीद है, जिससे लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी और रिजर्व बैंक को आर्थिक गतिविधियों को समर्थन देने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 की पहली छमाही में भले ही मंदी देखी गई, लेकिन उपभोक्‍ता और व्‍यवसायियों का विश्वास मजबूत बना हुआ है। 2025 में बडी कम्‍पनियां मजबूत वित्तीय आधार के साथ प्रवेश कर रही हैं। हालाँकि, उन्होंने भौगोलिक-राजनीतिक जोखिमों, वित्तीय बाज़ार की अस्थिरता और उभरती प्रौद्योगिकियों के बारे में भी आगाह किया। एफएसआर ने भारत के वित्तीय क्षेत्र की मजबूती का भी उल्‍लेख किया।

 

———-  

 

देश के विनिर्माण क्षेत्र में इस वर्ष उल्‍लेखनीय वृद्धि हुई है जो भारत के वैश्‍विक शक्ति के रूप में परिवर्तित होने का संकेत है। नरेन्‍द्र मोदी सरकार ने पिछले दस वर्षो में आर्थिक, सामाजिक और विदेश नीति के क्षेत्र में अनेक दूरगामी नीतियां लागू की हैं। इन नीतियों ने भारत को उभरती वैश्‍विक शक्ति बनाने में योगदान दिया है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि इस अवधि में भारत ने स्‍वयं को वैश्‍विक विनिर्माण केन्‍द्र के रूप में स्‍थापित किया है।

 

पिछले एक दशक के दौरान मेक इन इंडिया पहल के कारण भारत ने विनिर्माण क्षेत्र में महत्‍वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। केन्‍द्र सरकार द्वारा 14 क्षेत्रों में उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन-पीएलआई योजना शुरू करने के कारण एक लाख 28 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है और साढे आठ लाख से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्‍ध हुए हैं। इन पहलों के कारण इलेक्ट्रॉनिक्स, स्टील, फार्मा और रक्षा विनिर्माण में वृद्धि देखने को मिली है। इसके अलावा खिलौनों के निर्यात में 239 प्रतिशत और मोबाइल फोन उत्पादन में 600 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं सौर पैनलों और पवन टर्बाइनों के उत्पादन में बढोतरी अक्षय ऊर्जा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। दीपेन्‍द्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

———-

 

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर आज से कतर की तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्‍मद बिन अब्‍दुल रहमान बिन अल सानी के साथ बैठक करेंगे। विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार इस यात्रा से दोनों देशों को राजनीतिक, व्‍यापारिक, निवेश, ऊर्जा, सुरक्षा, सांस्‍कृतिक और लोगों के बीच संपर्क सहित द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्‍न पहलुओं की समीक्षा का अवसर मिलेगा। इसके अलावा परस्‍पर हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्‍ट्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा।

 

———-

 

अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने आज यूक्रेन के लिए लगभग छह अरब डॉलर की अतिरिक्त सैन्य बजट सहायता की घोषणा की। सैन्‍य सहायता के लिए ढाई अरब डॉलर और बजट सहायता के लिए करीब साढे तीन अरब डॉलर उपलब्‍ध कराया गया है। अमरीका पहले भी यूक्रेन को करीब ढाई अरब डॉलर की सहायता कर चुका है। एक बयान में, राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि नई सहायता से यूक्रेन अपनी क्षमताओं को बढ़ा सकता है। उसे वायु रक्षा, तोपखाने और अन्य महत्वपूर्ण हथियारों की दीर्घकालिक आपूर्ति में मदद मिलेगी। अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के पदभार ग्रहण करने से पहले, निवर्तमान राष्‍ट्रपति जो बाइडेन यूक्रेन की पर्याप्त सहायता कर रहे हैं।

 

———-

 

इथियोपिया में यात्रियों से भरे ट्रक के नदी में गिर जाने से 71 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में 68 पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। यह दुर्घटना कल इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा से लगभग 300 किलोमीटर दूर सिदामा राज्य में हुई। सरकारी समाचार संस्‍थान इथियोपियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन ने बताया कि ट्रक में सवार सभी लोग विवाह समारोह में जा रहे थे।

 

———-

 

नेपाल में गुरुंग समुदाय आज तमु ल्होसार पर्व मना रहा है। गुरुंग भाषा में, ‘लो’ का अर्थ वर्ष या उम्र है और ‘सर’ परिवर्तन को दर्शाता है। गुरुंग समुदाय के सदस्य दावतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करके त्योहार मनाते हैं। तमू ल्होसार पर्व नेपाल के गुरुंग आबादी वाले जिलों में धूमधाम से मनाया जाता है। यह नेपाल के ऊपरी पहाड़ी और पर्वतीय क्षेत्रों के गुरुंग समुदाय के बीच नया साल है।

 

———-

 

मौसम विभाग ने जम्‍मू-कश्‍मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, गिलगिट, बालटिस्‍तान और मुजफ्फराबाद में कल ठंड और शीत लहर का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ में भी कल शीत लहर चलने की संभावना है। ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कल कुछेक जगहों पर रात और तडके घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

 

———-

 

हिमाचल प्रदेश में आज मौसम साफ होने के बाद बर्फ से ढके इलाकों में सड़क मार्ग को साफ करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि अधिकांश जगहों पर सड़क यातायात, बिजली और पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

 

बर्फबारी के कारण पिछले तीन दिनों से बंद अटल टनल को आपातकालीन वाहनों के लिए खोल दिया गया है जबकि मनाली-केलंग सड़क मार्ग पर फोर बाई फोर छोटे वाहनों की आवाजाही आज से शुरू हो गई है। किन्नौर ज़िले में राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पूह तक सभी प्रकार के वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। सड़कों पर फिसलन को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। राज्य के अधिकांश भागों में शीतलहर का प्रकोप जारी है और ऊपरी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से काफी नीचे दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन शीतलहर बढ़ने का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रभा शर्मा आकाशवाणी समाचार शिमला।

 

———-

 

महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में आज ‘वेळा अमावस्या’ मनाई गई। दीपावली के दो महीने बाद आने वाली अमावस के दिन यह पर्व मनाया जाता है। अधिक जानकारी हमारी संवाददाता से-

 

लातूर और धाराशिव जिला, सोलापूर और बीड जिले के कुछ हिस्से और कर्नाटक के सीमावर्ती हिस्सों में यह त्यौहार किसानों का त्यौहार माना जाता है। रबी मौसम में अच्छी फसल के बाद इस दिन का महत्व होता है। इस त्यौहार के बारे में लातूर के किसान अशोक अग्रवाल बताते हैं,

 

आज के दिन सभी क्षेत्रों में लक्ष्‍मी जी और पांडव की पूजा की जाती है और आज विशेषत: खाने में अम्‍बील, भज्‍जी, तिल की पूरी यह पदार्थ आज बनाए जाते हैं। आज के दिन सभी मित्र परिवार होंगे। सभी को खेत में बुलाकर आज त्‍यौहार का वन-भोजन का आनंद लिया जाता है।

 

इन इलाकों में यह त्यौहार इतनी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है कि यहां के ज्यादातर शहर और गांव सूने हो जाते हैं और खेत-खलिहान लोगों की खुशी से खिलखिला उठते हैं। लातूर से शशिकांत पाटील के साथ, अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

———-

 

आर्थिक जगत के समाचारों के साथ हैं – सोनू सूद

 

बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्‍स दशमलव पांच-सात प्रतिशत की गिरावट से 451 अंक टूटकर 78 हजार 248 पर बंद हुआ। नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी दशमलव सात-एक प्रतिशत की गिरावट से 168 अंक काम होकर 23 हजार 645 पर आ गया। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया मामूली बढत के साथ 85 रुपये 53 पैसे प्रति डॉलर के स्‍तर पर दर्ज हुआ।

 

———-

 

देश में अभी तक छह सौ 14 लाख हेक्‍टेयर क्षेत्र में रबी की फसलें बोई जा चुकी हैं। कृषि और किसान कल्‍याण मंत्रालय  ने बताया कि 319 लाख हेक्‍टेयर क्षेत्र में गेंहू की बुवाई की गई है जबकि पिछले साल 313 लाख हैक्‍टेयर में बुवाई की गई थी।

 

———-

 

हॉकी इंडिया लीग में इस समय यूपी रूद्राज और वेदान्‍ता कलिंग लांसर्स का मैच राउरकेला के बिरसामुंडा हॉकी स्‍टेडियम में हो रहा है।

 

सूरमा हॉकी क्‍लब ने कल रात निर्धारित समय में एक-एक की बराबरी पर रहने के बाद पेनल्‍टी शूटआउट में तमिलनाडु ड्रैगन्‍स को चार-एक से हराया था। इससे पहले कल ही श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स ने हैदराबाद तूफान्‍स को तीन-दो से हरा दिया।

 

———-

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग कल अंग्रेजी में 30 मिनट का एक विशेष कार्यक्रम- ‘2024 : दी इयर दैट वाज, द मैमोरीज दैट रिमेन’ प्रसारित करेगा। 

 

यह कार्यक्रम एफ.एम. गोल्ड चैनल, सौ दशमलव एक और अन्य मीटरों पर रात 8 बजे से सुना जा सकेगा। कार्यक्रम हमारी वेबसाइट न्यूज़ ऑन एयर डॉट गॉव डॉट इन और हमारे यूट्यूब चैनल आकाशवाणी ए.आई.आर. और न्यूज़ ऑन एयर ऑफिशियल पर भी उपलब्ध रहेगा।

 

———-

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • इसरो अंतरिक्ष में दो उपग्रहों को जोड़ने और अलग करने की प्रक्रिया का परीक्षण करने के लिए आज रात श्रीहरिकोटा से दो उपग्रहों का प्रक्षेपण करेगा।

 

  • रक्षा मंत्रालय ने एयर इंडिपेंडेंट प्रोपल्शन प्‍लग के निर्माण और इलै‍क्‍ट्रोनिक हैवी वेट टॉरपीडो के एकीकरण के लिए दो हजार 867 करोड़ रुपये के दो समझौतों पर हस्‍ताक्षर किए।

 

  • केन्‍द्रीय वित्‍त मंत्री ने बजट पूर्व विचार-विमर्श के तहत उद्योग जगत, स्‍वास्‍थ्‍य और शिक्षा क्षेत्र के प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों के साथ बैठक की अध्‍यक्षता की।

 

  • इस वर्ष देश के विनिर्माण क्षेत्र में महत्‍वपूर्ण वृद्धि दर्ज की गई, जो भारत के वैश्विक शक्ति के रूप में परिवर्तित होने का संकेत है।

 

  • अमरीका ने यूक्रेन के लिए सैन्‍य पैकेज सहित लगभग छह अरब डॉलर की सहायता की घोषणा की।

 

———-