Download
Mobile App

android apple
signal

December 28, 2024 10:00 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:

 

  • पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्‍टर मनमोहन सिंह का पूरे राजकीय सम्‍मान के साथ अंतिम संस्‍कार किया गया। गृह मंत्रालय ने कहा – सरकार उनके स्मारक के लिए जगह आवंटित करेगी।

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल सुबह ग्‍यारह बजे आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे।

 

  • केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण कैब एग्रीगेटर्स द्वारा अलग-अलग किराया वसूलने के आरोपों की जांच करेगा।

 

  • राजस्थान सरकार ने पिछली सरकार के दौरान नौ नए जिले और तीन संभाग बनाने का फैसला रद्द किया।

 

  • पाकिस्तान और अफगानी सीमा बलों के बीच भीषण संघर्ष में 19 पाकिस्तानी सैनिक और तीन अफगानी नागरिक मारे गए।

 

  • हॉकी इंडिया लीग ओडिशा के राउरकेला में शुरू। दिल्‍ली एस जी पाइपर्स और गोनासिका के बीच मुकाबला जारी।

 

*******

 

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ० मनमोहन सिंह को आज नई दिल्‍ली के निगम बोध घाट पर पूरे राजकीय सम्‍मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। सिख ग्रंथियों और डॉ. मनमोहन सिंह के परिजनों ने अंतिम संस्‍कार से पहले गुरबानी का पाठ किया। उनकी बडी बेटी उपिन्‍दर सिंह ने मुखाग्नि दी। औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर के बाद राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उप-राष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और जगत प्रकाश नड्डा तथा लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने उन्‍हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित पार्टी के कई नेताओं ने उन्‍हें अंतिम विदाई दी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि थलसेना प्रमुख जनरल उपेन्‍द्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख दिनेश के. त्रिपाठी, वायु सेना प्रमुख अमरप्रीत सिंह, भूटान नरेश जिगमे खेसर नामग्‍याल वांगचुक और मॉरिशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफल ने भी डॉ. सिंह को पुष्‍पांजलि अर्पित की। डॉ० सिंह का बृह्स्‍पतिवार को नई दिल्‍ली में निधन हो गया था। वे 92 वर्ष के थे।

 

*******

 

इस बीच, गृह मंत्रालय ने कहा है कि सरकार डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित करेगी। सरकार को कल इस संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से अनुरोध प्राप्त हुआ। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने श्री खरगे और डॉ. सिंह के परिवार को इसकी जानकारी दी।

 

*******

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस पर राजनीती करने का आरोप लगाया। श्री नड्डा ने आज एक बयान में कहा कि कांग्रेस पार्टी राजनीतिक लाभ के लिए डॉ. मनमोहन सिंह के नाम का इस्तेमाल कर रही है।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 117वीं कड़ी होगी। यह कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार वेबसाइट और न्यूज़ ऑन ए.आइ.आर. मोबाइल ऐप पर भी प्रसारित किया जाएगा।

 

इसे आकाशवाणी समाचार, डी.डी. न्यूज़, प्रधानमंत्री कार्यालय और सूचना तथा प्रसारण मंत्रालय के यू-ट्यूब चैनलों पर भी सीधा प्रसारित किया जाएगा।

 

*******

 

उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्‍हाद जोशी ने केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण को कैब एग्रीगेटर्स द्वारा अलग-अलग कीमतों के आरोपों की जांच के निर्देश दिये हैं। कैब एग्रीगेटर्स कथित तौर पर एंड्रॉइड और ऐप्पल उपभोक्ताओं से एक ही गंतव्‍य स्‍थान के लिए अलग-अलग किराया वसूल रहे हैं। श्री जोशी ने कहा कि उन्होंने प्राधिकरण को मामले में विस्तृत जांच करने और जल्द से जल्द एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। श्री जोशी ने प्राधिकरण से फूड डिलीवरी ऐप, ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर भी गौर करने को कहा है।

 

*******

 

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो ने सोमवार को प्रक्षेपित किये जाने वाले अपने स्‍पेस डोकिंग एक्‍सपेरिमेंट-स्‍पेडेक्‍स मिशन के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली है। अंतरिक्ष राज्‍य मंत्री डॉ. जितेन्‍द्र सिंह ने आज एक साक्षात्‍कार में कहा कि वर्ष के अंत में छोडे जाने वाला इसरो का यह मिशन ऐतिहासिक है, क्‍योंकि इसमें अंतरिक्ष में दो उपग्रहों को जोडा जाएगा। डॉ. सिंह ने कहा कि स्‍पेडेक्‍स मिशन के साथ भारत अंतरिक्ष में उपग्रह की डोकिंग करने वाले चुनिंदा देशों में शामिल हो जाएगा। उन्‍होंने कहा कि पीएसएलवी रॉकेट से दो उपग्रहों को छोडा जाएगा।

 

*******

 

राजस्थान सरकार ने पिछली सरकार द्वारा बनाए गए 17 नए जिलों में से नौ जिलों को बनाए जाने का फैसला रद्द कर दिया है। इसके अलावा पाली, बांसवाड़ा और सीकर को मिला संभागीय दर्जा भी समाप्‍त कर दिया जाएगा। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि आठ नये जिले पूर्ववत ही बने रहेंगे।

 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में आज हुई कैबिनेट बैठक में दूदू, केकड़ी, शाहपुरा, नीमकाथाना, सांचौर, अनूपगढ़ और गंगापुर सिटी जिलों को निरस्‍त करने का फैसला किया गया है। जयपुर ग्रामीण और जोधपुर ग्रामीण जिलों को भी नए जिलों की सूची से हटाया गया है। राजस्थान में अब 7 संभाग और 41 जिले रहेंगे। दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मौजूदा राज्य सरकार पर इस मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने आबादी  और सुशासन को ध्‍यान में रखकर ही नये जिले बनाये थे। सलेहा गाजी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।

 

*******

 

हरियाणा सरकार ने कर्तव्‍य पालन के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कार्मिकों के परिवार को दी जाने वाली अनुग्रह राशि को 50 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दिया गया है। मुख्‍यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसकी जानकारी दी।

 

सेना और सीआरपीएफ के शहीद परिवारों की अनुग्रह राशि को 50 लाख रुपए से बढा करके एक करोड रुपए करने की स्‍वीकृति की गई है। और जो हिंदी आंदोलन के 1957 के मातृभाषा सत्याग्रहियों के लिए जो मासिक पेंशन थी, वो 15 हजार रुपये थी। उसको बढ़ा करके 20 हजार रुपये करने का निर्णय किया है।

 

*******

 

दिल्‍ली के उपराज्‍यपाल विनय कुमार सक्‍सेना ने प्रस्‍तावित महिला सम्‍मान योजना के लिए गैर-सरकारी लोगों द्वारा व्‍यक्तिगत जानकारी एकत्र किये जाने के आरोपों की जांच के आदेश दिए हैं। उपराज्यपाल ने कहा है कि दिल्‍ली पुलिस आयुक्‍त लोगों की निजता का हनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दे सकते हैं। उन्‍होंने सरकारी योजनाओं में फर्जी पंजीकरण के लिए शिविर लगाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने का आदेश दिया है।

 

*******

 

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 11 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। बुराड़ी विधानसभा से रतन त्यागी, चांदनी चौक से खालिद उर रहमान को पार्टी ने उम्‍मीदवार बनाया है। पार्टी प्रवक्‍ता बृजमोहन श्रीवास्‍तव ने कहा कि पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव में एनडीए के साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहती थी, लेकिन भाजपा की ओर से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली।

 

*******

 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस ने राज्य में सौर ऊर्जा परियोजनाओं की प्रगति में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता बनाए रखने पर बल दिया है। मुंबई में महाराष्ट्र राज्य विद्युत बोर्ड के निदेशक मंडल की बैठक में उन्‍होंने कृषि, बिजली उत्पादन, उद्योग और सेवाओं के क्षेत्रों में राज्‍य को आगे बढ़ाने के लिए सौर ऊर्जा जैसी परियोजनाओं पर बल दिया।

 

*******

 

उत्तर भारत के कई हिस्सों में कल से शीतलहर चलने की सम्‍भावना है। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आरके जेनामनी ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि कल राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली समेत उत्तर भारत में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उन्होंने बताया कि कल उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के भीतरी क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

 

*******

 

उत्तराखंड से हमारी संवाददाता ने बताया कि बर्फबारी और बारिश के कारण राज्‍य में ठंड बढ़ गयी है।

 

उत्तराखंड में स्थित बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, औली समेत प्रदेश के अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी और बारिश से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। साथ ही बारिश से शहरी इलाकों में प्रदूषण में भी राहत मिली है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते अवरूद्ध मार्गों को सुचारू करने के लिए जिला प्रशासन ने सभी प्रबंध किए हैं। इस बीच, प्रदेश में बढ़ते ठंड को देखते हुए राजधानी देहरादून में 28 दिसंबर से 4 जनवरी तक सभी स्कूलों और आंगनबाडी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार देहरादून

 

*******

 

हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी और बारिश जारी है। एक रिपोर्ट-

 

हिमाचल प्रदेश के जनतातीय क्षेत्रों में बर्फबारी से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है, और बिजली के सैंकड़ों ट्रांसफार्मर क्षत्रिग्रस्त होने से अनेक इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। लाहौल स्पिति ज़िले के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में अब तक लगभग 4 फुट तक हिमपात हो चुका है। मनाली ने भी बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। लगभग डेढ़ सौ सड़कों पर यातायात ठप्प है और इन्हें खोलने के लिये प्रशासन ने भारी मशीनरी तैनात की है। प्रभा शर्मा, आकाशवाणी समाचार शिमला।

 

*******

 

जम्मू-कश्मीर में हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बाद हुई बर्फबारी से कश्मीर क्षेत्र में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और प्रशासन बर्फ से घिरे इलाकों में बचाव अभियान चला रही है। एक रिपोर्ट-

 

मौसम विभाग के निदेशक डॉ मुख्तार अहमद ने 30 से 31 दिसंबर तक ठंड बढ़ने की संभावना जताई है। अगले साल 3 से 6 जनवरी के बीच विशेषकर दूरदराज इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी होने की संभावना है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मुख्य सड़कों पर यातायात की बहाली, बिजली, पेयजल आपूर्ति और आवश्यक वस्‍तुओं की आपूर्ति की बहाली के संबंध में किए जा रहे सभी उपायों की समीक्षा की। उन्होंने जनता पर बर्फबारी के प्रभाव को कम करने के लिए निर्बाध समन्वय और निर्बाध सेवाओं के महत्व पर जोर दिया। तारिक राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।

 

*******

 

इधर, दिल्ली एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार के चलते वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान-ग्रैप के अन्‍तर्गत तीसरे चरण की पाबंदियों को हटा दिया है।

 

*******

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने पंजाब सरकार को आमरण अनशन कर रहे किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल को अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था करने में विफल रहने पर फटकार लगाई है। श्री दल्लेवाल 26 नवंबर से पंजाब-हरियाणा सीमा पर खनौरी में किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने के लिए अनशन कर रहे हैं।

 

*******

 

पाकिस्तान और अफगानी सीमा बलों के बीच सीमा चौकियों पर हुए भीषण संघर्ष में आज 19 पाकिस्तानी सैनिक और तीन अफगानी नागरिक मारे गए हैं। पाकिस्तान की सीमा से लगे पूर्वी अफगानिस्तान के खोस्त और पक्तिका प्रांतों में भीषण झड़पें जारी हैं। अफगान सीमा बलों ने कई पाकिस्तानी सैन्य चौकियों को आग लगा दी है। दंड-ए-पाटन जिले में पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा दागे गए मोर्टार के गोले के कारण तीन अफगान नागरिकों की मौत हो गई।

 

*******

 

विश्‍व शतरंज चैंपियन डी गुकेश ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। श्री मोदी ने डी गुकेश के दृढ़ संकल्प और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनका आत्मविश्वास प्रेरणादायक है। उन्‍होंने कहा कि सबसे कम उम्र के विश्व चैंपियन बनने का श्रेय उनके खुद के प्रयासों को जाता है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि गुकेश के साथ उनकी बातचीत योग और ध्यान की परिवर्तनकारी क्षमता पर केन्द्रित रही। श्री मोदी ने कहा कि खिलाडियों की सफलता में माता-पिता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।

 

*******

 

ओडिशा के राउरकेला में हॉकी इंडिया लीग का भव्‍य उद्घाटन समारोह आज बिरसा मुंडा स्टेडियम में हुआ। प्रतियोगिता का पहला मैच दिल्ली एसजी पाइपर्स और टीम गोनासिका के बीच खेला जा रहा है। ताजा समाचार मिलने तक दोनों टीम एक-एक गोल से बराबरी पर थीं।

 

आकाशवाणी से हर सुबह सात बजकर दस मिनट से लीग पर विशेष रिपोर्ट राष्‍ट्रीय नेटवर्क पर प्रसारित की जाएगी। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में सूरमा हॉकी क्‍लब के युवा खिलाडी विवेक सागर प्रसाद ने कहा कि वह पहली बार हॉकी लीग में खेलने के लिए काफी उत्‍साहित हैं।

 

यहां सभी लोग एक्‍साइटेड हैं और हॉकी इंडिया लीग वापस से इंडिया में दोबारा से होने जा रहा है। और साथ ही साथ मैं भी बहुत एक्‍साइटेड हूं कि मेरा फर्स्‍ट इंडिया लीग और मेरे लिए तो बहुत अच्छी बात है साथ ही साथ उन सभी एंगस्टर के लिए बहुत बड़ी बात है कि एक अच्छा प्लेटफार्म है। एक अच्छे अपॉर्चुनिटी है अपने गेम को शो करने के लिए और इंडिया टीम में जगह बनाने के लिए।

 

*******

 

मेलबर्न में ऑस्‍ट्रेलिया के साथ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे क्रिकेट टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारत ने पहली पारी में 9 विकेट पर 358 रन बना लिये हैं। भारतीय टीम अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 116 रन से पीछे है। करियर का पहला टेस्ट शतक लगाकर नितीश रेड्डी नाबाद 105 और मोहम्मद सिराज 2 रन बनाकर क्रीज पर हैं। वॉशिंगटन सुंदर ने 50 रन बनाए।

 

भारतीय टीम ने आज पांच विकेट पर 164 रन से आगे खेलना शुरू किया था। ऑस्‍ट्रेलिया ने पहली पारी में 474 रन बनाये थे। पांच मैचों की श्रृंखला फिलहाल 1-1 से बराबर है।

 

*******

 

नये साल की पूर्व संध्‍या पर वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए दिल्‍ली यातायात पुलिस ने विशेष प्रबंध किए हैं। 31 दिसंबर को रात आठ बजे से नए साल के जश्‍न के समापन तक मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, मिंटो रोड और जयसिंह रोड सहित कई मार्गों से कनॉट प्‍लेस की ओर वाहनों को नहीं जाने दिया जायेगा।

 

*******

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्‍टर मनमोहन सिंह का पूरे राजकीय सम्‍मान के साथ अंतिम संस्‍कार किया गया। गृह मंत्रालय ने कहा – सरकार उनके स्मारक के लिए जगह आवंटित करेगी।

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल सुबह ग्‍यारह बजे आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे।

 

  • केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण कैब एग्रीगेटर्स द्वारा अलग-अलग किराया वसूलने के आरोपों की जांच करेगा।

 

  • राजस्थान सरकार ने पिछली सरकार के दौरान नौ नए जिले और तीन संभाग बनाने का फैसला रद्द किया।

 

  • पाकिस्तान और अफगानी सीमा बलों के बीच भीषण संघर्ष में 19 पाकिस्तानी सैनिक और तीन अफगानी नागरिक मारे गए।

 

  • हॉकी इंडिया लीग ओडिशा के राउरकेला में शुरू। दिल्‍ली एस जी पाइपर्स और गोनासिका के बीच मुकाबला जारी।  

 

*******