Download
Mobile App

android apple
signal

December 27, 2024 9:57 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:-  

  • पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार कल पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

  • केंद्रीय मंत्रिमंडल ने डॉ. मनमोहन सिंह की स्मृति में शोक प्रस्ताव पारित किया और कहा कि राष्ट्र ने प्रख्यात राजनेता और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री खो दिया है।

  • वर्ष 2023-24 में ग्रामीण क्षेत्रों में मासिक प्रति व्यक्ति व्यय में नौ प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में लगभग आठ प्रतिशत की वृद्धि हुई।

  • जर्मनी के राष्ट्रपति ने संसद भंग की, 23 फरवरी को राष्ट्रीय चुनाव होंगे।

  • दक्षिण कोरिया की नेशनल असेंबली ने कार्यवाहक राष्ट्रपति हन दॉक-सू पर महाभियोग चलाया।

  • ऊपरी हिमालयी क्षेत्र में ताजा हिमपात से उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में शीत लहर से ठण्‍ड का प्रकोप बढा।

  • भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने तीसरे एक एकदिवसीय अंतर्राष्‍ट्रीय मैच में वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रंखला तीन-शून्‍य से जीती।

*******

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार कल किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा सुबह साढे नौ बजे नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होकर निगम बोध घाट तक जाएगी। वहां सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर डॉ. मनमोहन सिंह का राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया जाएगा। हमारे संवाददाता ने बताया कि इससे पहले कल सुबह उनके पार्थिव शरीर को उनके आवास से कांग्रेस कार्यालय ले जाया जाएगा और वहां आम जनता और पार्टी के कार्यकर्ता उन्‍हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

 

 

सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर एक जनवरी तक सात दिनों का राजकीय शोक घोषित किया है। इस शोक अवधि के दौरान पूरे देश में राष्‍ट्रीय ध्‍वज़ आधा झुका रहेगा। विदेशों में स्‍थि‍त सभी भारतीय मिशन और उच्‍चायोगों में भी राष्‍ट्रीय ध्‍वज़ आधा झुका रहेगा। कल सभी केन्‍द्र सरकार के कार्यालयों और सरकारी उपक्रमों में आधे दिन की छुट्टी रहेगी। इस बीच, केन्‍द्रीय मंत्रिमण्‍डल ने पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर शोक व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि उनके निधन से राष्‍ट्र ने एक प्रख्‍यात राजनेता, प्रसिद्ध अर्थशास्‍त्री और एक प्रतिष्‍ठित नेता खो दिया है। मंत्रिमण्‍डल ने डॉक्‍टर मनमोहन सिंह की स्‍मृति में एक शोक प्रस्‍ताव भी पारित किया और दो मिनट का मौन रखकर उन्‍हें श्रृद्धांजलि दी। प्रस्‍ताव में कहा गया कि डॉ० मनमोहन सिंह, राष्‍ट्रीय जीवन पर अपनी छाप छोड़ी है। इसमें कहा गया कि डॉ० मनमोहन सिंह 1991 से 1996 के बीच भारत के वित्तमंत्री रहे और आर्थिक सुधारों की एक व्‍यापक नीति की शुरूआत करने में उनकी भूमिका सर्वविदित है। सुपर्णा सैकिया के साथ आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता में आज केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की स्मृति में शोक प्रस्‍ताव पारित किया गया। मंत्रिमंडल ने कहा कि राष्ट्र ने प्रख्यात राजनेता और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री खो दिया है। बैठक में दो मिनट का मौन धारण कर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी गई। 

*******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की।राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि डॉ. सिंह उन असाधारण राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन की दुनिया में समान रूप से सहजता से काम किया।

 

 

उपराष्‍ट्रपति ने अपने संदेश में पूर्व प्रधानमंत्री को एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बताया, जिन्होंने भारत के आर्थिक परिदृश्य को बदल दिया।  

 

 

बाद में एक वीडियो संदेश में श्री मोदी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से पूरा देश दुखी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका जीवन भावी पीढ़ियों के लिए एक उदाहरण है।

 

 

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन ने हम सभी के हृदय को गहरी पीडा पहुंचाई है। उनका जाना एक राष्‍ट्र के रूप में भी हमारे लिए बहुत बडी क्षति है। एक नेक इंसान के रूप में, एक विद्वान अर्थशास्‍त्री के रूप में और रिफार्म्स के प्रति समर्पित लीडर के रूप में उन्हें हमेशा याद किया जायेगा।

 

 

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह विनम्रता की मिसाल और भारतीय अर्थव्यवस्था के निर्माता थे। 

 

 

डॉ. मनमोहन सिंह जी का हमारे बीच से चला जाना न केवल देश के लिए महान् क्षति है बल्‍कि मेरे लिए व्‍यक्तिगत भी। मैं उनको वर्षों से जानता था। वे सौम्‍यता और विनम्रता के प्रतीक थे। मैं समझता हूं कि इंडियन इकोनॉमी की एक आधुनिक निर्माता थे।

 

 

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से आर्थिक सुधारों का एक युग का अवसान हो गया है।

 

 

अर्थशास्‍त्र के उद्भट्ट विद्वान आर्थिक सुधारों के महानायक श्री मनमोहन जी मौन हो गये। उनके जाने से आर्थिक सुधारों की एक युग का अंत हो गया। उनके आर्थि‍क सुधारों ने देश के विकास को नई दिशा और गति दी थी। मनमोहन जी को मेरा प्रणाम, भगवान दिवंगत आत्‍मा को शांति दें। 

 

 

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने अर्थव्यवस्था के स्‍तर पर भारत को विश्व पटल पर पहचान दिलाई।

 

 

एक ऐसे प्रधानमंत्री, जिन्‍होंने वित्‍त मंत्री होते हुए और प्रधानमंत्री होते हुए देश को आर्थिक रूप से दुनिया के प्‍लेटफार्म पर खडा कर दिया। आज जो खुशहाली हम लोग देख रहे हैं या भारत जो दुनिया के बराबर खडा दिखाई दे रहा है। उद्योग, अर्थव्‍यवस्‍था के मामले में बहुत बडा योगदान प्रधानमंत्री मनमोहन जी का रहा।

 

 

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी डॉ. सिंह के साथ अपनी मधुर यादों का स्‍मरण किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की।

*******

प्रति व्यक्ति मासिक व्यय में वर्ष 2022-23 के मुकाबले वर्ष 2023-24 में वृद्धि दर्ज की गई है। यह वृद्धि ग्रामीण क्षेत्रों में नौ प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में लगभग आठ प्रतिशत बढ़ी है। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय द्वारा जारी घरेलू उपभोग व्यय सर्वेक्षण 2023-24 के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में औसत प्रति व्यक्ति मासिक व्यय चार हजार 122 रुपये और शहरी क्षेत्रों में छह हजार नौ सौ 96 रुपये होने का आकलन किया गया है।

*******

जर्मनी के राष्ट्रपति फ्रैंक-वाल्टर स्टीनमीयर ने संसद के निचले सदन को भंग कर 23 फरवरी को चुनाव कराने की घोषणा की है। जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्‍ज का गठबंधन 16 दिसम्‍बर को संसद में विश्‍वासमत हार गया था। उसके बाद आकस्मिक चुनाव कराने के लिए जर्मन संसद के निचले सदन को भंग कर दिया गया। ओलाफ शोल्ज़ नई सरकार बनने तक कार्यवाहक सरकार का नेतृत्व करेंगे।

*******

दक्षिण कोरिया की नेशनल असेंबली में कार्यकारी राष्‍ट्रपति हान दॉक सू के खिलाफ महाभियोग चलाने के लिए मतदान हुआ। उन्‍होंने राष्‍ट्रपति यून सुक योल के खिलाफ महाभियोग प्रस्‍ताव पारित होने के बाद पद ग्रहण किया था। प्रस्‍ताव के पक्ष में 192 और विपक्ष में एक भी मत नहीं पड़ा। श्री हान को पद से हटा दिया गया है और उपप्रधानमंत्री तथा वित्तमंत्री चोई सांग मोक को कार्यकारी राष्‍ट्रपति और कार्यकारी प्रधानमंत्री बनाया गया है।

*******

पंजाब के बठिंडा में एक बस के पुल से टकराने के बाद नाले में गिर जाने से आठ यात्रियों की मृत्‍यु हो गई। यह बस तलवंडी साबो से आ रही थी। बठिंडा के उपायुक्‍त शौकत अहमद पर्रे ने बताया कि 26 अन्य घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के बठिंडा में हुई बस दुर्घटना में लोगों की मृत्‍यु पर शोक व्‍यक्‍त किया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये दिए जाएंगे।

*******

ऊपरी हिमालयी क्षेत्र में ताजा हिमपात से उत्‍तर-पश्चिम भारत के कई हिस्‍सों में शीतलहर की का प्रकोप बढ गया है। हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण मौसम में एक बार फिर बदलाव आया है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है, जबकि अन्य निचले इलाकों में हल्की बारिश हो रही है।

 

 

राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी व निचले इलाकों में वर्षा से समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है और अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सैल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आज रात जनजातीय ज़िला लाहौल-स्पिति व किन्नौर सहित कुल्लू, चंबा, कांगड़ा और शिमला जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात, जबकि सिरमौर और सोलन ज़िले में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने 29 दिसंबर तक प्रदेश में बर्फबारी व वर्षा की चेतावनी जारी की है। प्रभा शर्मा आकाशवाणी समाचार, शिमला।

*******

जम्मू-कश्मीर के विभिन्‍न हिस्‍सों में आज दोपहर से ताजा बर्फबारी शुरू हो गई। श्रीनगर में इस मौसम का पहला हिमपात हुआ है। शोपियां, कुलगाम, कोकेरनाग, पहलगाम और दक्षिण कश्मीर के कुछ इलाकों में भी बर्फ गिरी है। एक रिपोर्ट-

 

 

लंबे शुष्‍क दौर और हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बाद आज कश्मीर क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है। कश्मीर में लोग पहले से ही 40 दिनों के चिल्लई कलां के सबसे कठोर मौसम की अवधि से जूझ रहे हैं। इस बीच, यातायात विभाग ने पर्यटकों और आम जनता को किसी भी गंतव्य की ओर यात्रा के लिए आगे बढने से पहले सभी सड़कों और राजमार्गों की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी है। कश्मीर विश्वविद्यालय ने कल होने वाली सभी परीक्षाएँ स्थगित कर दी हैं। तारिक राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर ।

*******

 उत्तराखंड की राजधानी देहरादून और राज्य के अन्य मैदानी इलाकों में आज दोपहर से हल्की बारिश हो रही है। ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हिमपात की भी सूचना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि कल राज्य के 25 सौ मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात की संभावना है, निचले इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

*******

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैच की श्रृंखला 3-0 से जीत ली है। व़डोदरा में आज तीसरे और अंतिम मैच में भारत ने 5 विकेट से जीत हासिल की। वेस्टइंडीज की महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 162 रन बनाए। मेजबान टीम के लिए दीप्ति शर्मा ने 6 जबकि रेणुका सिंह ने 4 विकेट लिए।

 

 

जवाब में भारतीय टीम ने 28 ओवर और दो गेंद में 5 विकेट पर 167 रन बनाकर जीत हासिल की। दीप्ति शर्मा ने सबसे अधिक 39 रन बनाए।

 

 

दीप्ति को प्लेयर ऑफ द मैच और रेणुका सिंह को प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।

*******

मेलबर्न में ऑस्‍ट्रेलिया के साथ चौथे क्रिकेट टेस्‍ट मैच के आज दूसरे दिन का खेल समाप्‍त होने तक भारत ने पहली पारी में पांच विकेट पर 164 रन बना लिये थे। ऋषभ पंत छह और रविन्‍द्र जडेजा चार रन बनाकर क्रीज़ पर हैं। यशस्‍वी जायसवाल 82 जबकि विराट कोहली 36 रन बनाकर आउट हुए।

 

 

इससे पहले ऑस्‍ट्रेलिया की टीम पहली पारी में 474 रन बनाकर आउट हो गई। पांच मैच की श्रृंखला में दोनों टीमें एक-एक की बराबरी पर हैं।

*******

इंडियन सुपर लीग- आईएसएल में इस समय कोलकाता में मोहम्‍मडन स्‍पोर्टिंग क्‍लब का मुकाबला ओडिशा एफसी से हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक दोनों टीमें गोल रहित बराबरी पर हैं। अंक तालिका में अभी ओडिशा चौथे और मोहम्‍मडन स्‍पोर्टिंग क्‍लब 13वें स्‍थान पर है।

*******

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार कल पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
  • केंद्रीय मंत्रिमंडल ने डॉ. मनमोहन सिंह की स्मृति में शोक प्रस्ताव पारित किया और कहा कि राष्ट्र ने प्रख्यात राजनेता और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री खो दिया है।
  • वर्ष 2023-24 में ग्रामीण क्षेत्रों में मासिक प्रति व्यक्ति व्यय में नौ प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में लगभग आठ प्रतिशत की वृद्धि हुई।
  • जर्मनी के राष्ट्रपति ने संसद भंग की, 23 फरवरी को राष्ट्रीय चुनाव होंगे।
  • दक्षिण कोरिया की नेशनल असेंबली ने कार्यवाहक राष्ट्रपति हन दॉक-सू पर महाभियोग चलाया।
  • ऊपरी हिमालयी क्षेत्र में ताजा हिमपात से उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में शीत लहर से ठण्‍ड का प्रकोप बढा।
  • भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने तीसरे एक एकदिवसीय अंतर्राष्‍ट्रीय मैच में वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रंखला तीन-शून्‍य से जीती।  

*******