मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खजुराहो में केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना समेत कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा- केन-बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड क्षेत्र में समृद्धि और खुशहाली के नए द्वार खोलेगी।
- केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में दस हजार से अधिक नव स्थापित बहुद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां राष्ट्र को समर्पित की।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल चौदह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 17 बच्चों को असाधारण उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान करेंगी।
- कजाख्स्तान के अकतौ में एक यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से दर्जनों लोगों की मौत।
- ईसा मसीह के जन्मदिन के अवसर पर दुनियाभर में क्रिसमस की धूम।
- क्रिकेट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट मैच कल से मेलबर्न में।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की एक सौ वीं जयंती पर देश की पहली महत्वकांक्षी और बहुद्देशीय केन-बेतवा राष्ट्रीय नदी सम्पर्क परियोजना का मध्य प्रदेश के खजुराहो में शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर देश की पहली ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सौर परियोजना का उद्घाटन भी किया। उन्होंने इस दौरान केन-बेतवा परियोजना को ऐतिहासिक बताया।
आज ऐतिहासिक केन-बेतवा लिंक परियोजना का, दौधन बांध का शिलान्यास हुआ है। इस बांध का पानी करीब 11 लाख हैक्टर भूमि तक पहुंचेगा। ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर प्लांट उसका भी लोकार्पण हुआ है और यह मध्य प्रदेश का पहला फ्लोटिंग प्लान है।
श्री मोदी ने एक हजार 153 अटल ग्राम सुशासन भवनों के लिए भूमि पूजन किया। श्री मोदी ने कार्यक्रम में श्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में एक डाक टिकट तथा सिक्का जारी किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए सुशासन एक दिन का घटनाक्रम नहीं है बल्कि यह सरकारों की पहचान हैं।
देश के विकास में अटल जी का योगदान हमेशा हमारे स्मृति पटल पर अमिट रहेगा। हमारे लिए सुशासन दिवस सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम भर नहीं है। गुड गवर्नेंस. सुशासन भाजपा सरकारों की पहचान है।
श्री मोदी ने श्री अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि अटल जी हमेशा सुशासन और अच्छी सेवा के प्रेरणा स्रोत रहे है। अंतर-राज्य जल विवादों के कारणों का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि सात दशक के बाद भी देश में कई राज्यों के बीच पानी को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस पंचायत से लेकर संसद तक सत्ता में थी तो यह विवाद सरलता से सुलझ जाने चाहिए थे। लेकिन कांग्रेस की नीयत खराब थी और इसके लिए कोई ठोस प्रयास नहीं हुए।
बाबा साहब आंबेडकर की भूमिका की सराहना करते हुए श्री मोदी ने कहा कि डॉ. आंबेडकर के दृष्टिकोण और दूरदर्शिता ने भारत के जल संसाधनों, जल प्रबंधन और बांध निर्माण की प्रक्रिया को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। केन-बेतवा राष्ट्रीय सम्पर्क परियोजना की कुल लागत 44 हजार 605 करोड रुपये होगी। इस परियोजना से आठ लाख हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि की सिंचाई होगी। इससे राज्य के दस जिलों में दो हजार गांवों के सात लाख से अधिक कृषक परिवार लाभान्वित होंगे।
****
भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की एक सौवीं जयंती के अवसर पर आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लोक भवन में सुशासन दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके जीवन तथा कार्यों को याद किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अटल जी ने भारत को सुशासन दिया, जिसने देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।
अटल बिहारी वाजपेयी जी के प्रति हृदय से, श्रृद्धा की अभिव्यक्ति करता हूं। श्रृद्धांजली सामान्यतः बोला जाता है लेकिन मैं श्रृद्धा की अभिव्यक्ति करता हूं। आज उनके जन्म दिवस को सुशासन दिवस के रूप में सारे देश में मनाया जा रहा है। सुशासन का अर्थ यह होता है कि हर व्यक्ति के अनुकूल संवेदना पैदा हो। अनुकूल संवेदना यानी की अपने को भयमुक्त महसूस करे, उचित जीवन की न्यूनतम आवश्यक्ताएं पूरी हो सकें। वह जो कुछ भी करना चाहता है उसे करने का अवसर उसे प्राप्त हो। यही न सुशासन है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रभावी शासन के लिए सुरक्षा की भावना महत्वपूर्ण है और सुशासन के लिए सक्रिय जनभागीदारी की आवश्यकता होती है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में गोमती नदी के किनारे कुड़िया घाट पर अटल जी की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
*****
केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में दस हजार से अधिक नई स्थापित बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां राष्ट्र को समर्पित की। ये समितियां पशु-पालन और मत्स्य उद्योग से भी संबंधित हैं। इस अवसर पर श्री शाह ने नवगठित समितियों को पंजीकरण प्रमाण-पत्र, रुपे किसान क्रेडिट कार्ड और लघु ए टी एम भी वितरित किए। इन्हें पंचायतों में क्रेडिट सेवाओं की पहुंच उपलब्ध कराने और वित्तीय समावेशन को प्रोत्साहन देने के लिए तैयार किया गया है। इस अवसर पर श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार सहकारिता को प्रोत्साहन देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई शक्ति दे रही है।
हासिये में पड़ी सहकारिता को अटल जी फिर से चर्चा में लेकर आए और आज अटल जी के जयंती पर ही हम दस हजार नए पैक्स, डेरी और मत्स्य सहकारी समितियों का शुभारंभ कर रहे हैं। 19 सितंबर 24 को हमने एसओपी बनाई थी। आज 86 दिन में दस हजार पैक्स रजिस्टर्ड होने का काम हमारा समाप्त हो गया।
*****
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के मुख्यालय में बल के संचालन और प्रशासनिक कुशलता की व्यापक रूप से समीक्षा की। श्री शाह ने कहा कि देश में शांति और आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में बल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
बैठक के बाद श्री शाह ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि वामपंथी उग्रवाद हो या आपदा में राहत कार्य हो या देश की अंदरूनी या बाहरी सुरक्षा हो, बल हमेशा आगे रहा है।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, कल नई दिल्ली में 17 बच्चों को ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ प्रदान करेंगी। सात श्रेणियों में असाधारण उपलब्धियों के लिए चयनित ये बच्चे 14 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से हैं।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल नई दिल्ली में वीर बाल दिवस समारोह में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित भी करेंगे। वर्ष 2022 में श्री मोदी ने 26 दिसम्बर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। यह दिन गुरू गोविंद सिंह के पुत्रों-साहिबजादों और उनके साहस के सम्मान के रूप में मनाया जाता है। हमारे संवाददाता ने बताया कि इस दिन विकसित भारत के निर्माण में युवाओं के योगदान पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी सुपोषित ग्राम पंचायत अभियान का शुभारंभ करेंगे। जिसका उद्देश्य पोषण संबंधी सेवाओं के कार्यान्वयन को मजबूत कर इसके परिणामों में सुधार करना है। वीरबाल दिवस के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने और राष्ट्र के प्रति साहस और समर्पण की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए देश में कई पहल की जाएगी। माइ गॉव और माय भारत पोर्टल के माध्यम से प्रश्नोत्तरी सहित ऑनलाइन प्रतियोगिताओं की एक श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसके अलावा विद्यालयों, बाल देखभाल संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में कहानी सुनाना, रचनात्मक लेखन और पोस्टर बनाना सहित कई गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*****
उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भीमताल में राज्य परिवहन निगम की एक बस के गहरी खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बस में 28 लोग सवार थे और यह पिथौरागढ से हल्द्वानी जा रही थी। हादसे में 24 यात्री घायल हो गए हैं जिन्हें हल्द्वानी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। इस बीच, राज्य की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अस्पताल में घायलों से मुलाकात की और अस्पताल प्रशासन को बेहतर इलाज के निर्देश दिये।
*****
कजाख्स्तान में, आज एक यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से दर्जनों लोगों की मौत हो गई। विमान में लगभग 70 लोग सवार थे। अजरबैजान के अधिकारियों ने कहा कि हादसे में कम से कम 30 लोग जीवित बचे हैं। अजरबैजान एयरलाइंस की उड़ान संख्या जे 2- 82 43 में उस समय आग लग गई, जब वह कजाख्स्तान के अकतौ के पास आपातकालीन लैंडिंग करने का प्रयास कर रही थी। एयरलाइन ने मीडिया को बताया कि यह विमान रूस के ग्रोज़नी जा रहा था, लेकिन कोहरे के कारण इसका मार्ग बदल दिया गया।
*****
अफगानिस्तान के अंतरिम तालिबान प्रशासन ने आज दावा किया कि पूर्वी पक्तिका प्रांत में पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों के हमलों में कम से कम 46 लोगों की मौत हो गई। तालिबान के उप प्रवक्ता मुल्ला हमदुल्ला फितरत ने कहा कि पाकिस्तान के विमानों ने मंगलवार रात पक्तिका के बरमल जिले में चार स्थानों पर बमबारी की, जिसमें 46 लोग मारे गए और छह घायल हो गए। हमलों में कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है।
*****
दुनियाभऱ में क्रिस्मस का उत्सव मनाया जा रहा है। भारत में ये क्रिस्मस की धूम है। महाराष्ट्र में भी इसकी झलक देखने को मिली। ब्यौरा हमारे संवाददाता से.
मुंबई में लोगों ने अपने घरों को ईसा मसीह के जन्म का जश्न मनाने के लिए खूबसूरती से सजाया है। कई चर्चों को भगवान ईशा मसीह के जन्म के अवसर पर भव्य रूप से सजाया गया है। गिरिजा घरों में विशेष प्रार्थनाएं आयोजित की जा रही है। सोसाइटियों, दुकानों और मॉलों के बाहर क्रिसमस ट्री लगाए गए हैं। स्कूलों में क्रिसमस कार्निवल मनाया गया। जिसमें छात्रों ने क्रिसमस कैरल गए और सेंता क्लॉज की पोशाकें पहनीं। अंकीता आप्टे, आकाशवाणी समाचार मुंबई।
*****
त्रिपुरा में, क्रिसमस त्यौहार धार्मिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
*****
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा क्रिकेट टेस्ट मैच कल से मेलबर्न में खेला जाएगा। यह बॉक्सिंग डे टेस्ट मै भारतीय समय के अनुसार सुबह पांच बजे से शुरू होगा।
*****
दोहा में एशियाई जूनियर वेटलिफ्टिंग चैम्पियनशिप में भारत की मार्टिना देवी ने महिलाओं की 87 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग श्रेणी में आज रजत पदक जीता।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खजुराहो में केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना समेत कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
- केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में दस हजार से अधिक नव स्थापित बहुद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां राष्ट्र को समर्पित की।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल चौदह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 17 बच्चों को असाधारण उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान करेंगी।
- कजाख्स्तान के अकतौ में एक यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से दर्जनों लोगों की मौत।
- दुनियाभर में क्रिसमस की धूम।
- क्रिकेट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट मैच कल से मेलबर्न में।
*****