मुख्य समाचार :-
• प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए नजरिये में मूलभूत बदलाव करने पर बल दिया।
• गृहमंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो के साथ तीन नए आपराधिक कानून के कार्यान्वयन की समीक्षा की।
• राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने लोगों को क्रिसमस की पूर्वसंध्या पर शुभकामनाएं दीं।
• महान गायक मोहम्मद रफी की सौवीं जयंती पर आज उन्हें याद किया जा रहा है।
• अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात की संयुक्त मेजबानी में पुरूष चैम्पियंस ट्रॉफी के कार्यक्रम की घोषणा की।
• महिला एकदिवसीय क्रिकेट में–वडोदरा में मेजबान भारत और वेस्टइंडीज के बीच मैच जारी। भारत की ओर से हरलीन देओल ने शानदार 115 रन बनाए।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य हासिल करने के लिए नजरिये में बुनियादी बदलाव पर बल दिया है। उन्होंने आज नई दिल्ली में नीति आयोग में आम बजट 2025-26 की तैयारी के सिलसिले में प्रमुख अर्थशास्त्रियों और विचारकों के समूह के साथ विचार-विमर्श में यह बात कही। यह बैठक वैश्विक अनिश्चितता के समय भारत की विकास गति को बनाए रखने संबंधी विषय पर आयोजित की गई। प्रधानमंत्री ने व्यवहारिक विचार देने वाले वक्ताओं के प्रति आभार प्रकट किया।
इस बैठक में शामिल अर्थशास्त्रियों ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। इनमें वैश्विक आर्थिक अनिश्चित से उपजी चुनौतियों तथा भू-राजनीतिक तनावों से निपटना तथा युवाओं में रोजगार के अवसर को बढ़ाने की रणनीति बनाना शामिल है। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के सतत अवसर सृजित करना तथा रोजगार बाजार की उभरती आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा और प्रशिक्षण कार्यक्रम की रणनीति तैयार करना भी शामिल है। इस बैठक में कृषि उत्पादकता बढ़ाने और सतत ग्रामीण रोजगार के अवसर सृचित करने पर भी चर्चा की गई। निजी निवेश आकर्षित करने तथा आर्थिक विकास और रोजगार सृजित करने संबंधी मूलभूत परियोजनाओं के लिए सार्वजनिक कोष को गतिशील करने पर भी चर्चा की गई। इस बैठक में निर्यात को बढ़ावा देने तथा विदेशी निवेश को आकर्षित करने पर भी चर्चा हुई। कई प्रतिष्ठित अर्थशास्त्रियों और विश्लेषकों ने इस विचार-विमर्श में भाग लिया। इस बैठक में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी मुख्य कार्यकारी अधिकारी बी. वी. आर. सुब्रमण्यम और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भागीदारी की।
******
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीन नये आपराधिक कानून नागरिक अधिकारों के संरक्षक और सुगम न्याय का आधार बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि नये कानून पीडित और नागरिक केन्द्रित हैं। इन्हें तुरंत कार्यान्वित किये जाने की आवश्यकता है। उन्होंने उत्तराखंड में तीन नये आपराधिक कानून के कार्यान्वयन की समीक्षा करने संबंधी नई दिल्ली में आज एक बैठक की अध्यक्षता की।
******
इस बैठक में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गृह सचिव गोविंद मोहन, उत्तराखंड की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार इन कानूनों को लागू करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है।
निश्चित रूप से नए कानून, नए भारत के लिए बहुत बचत भी करने वाले, समय से लोगों को न्याय देने वाले, संसाधनों की जो काफी ज्यादा खर्चा होता है संसाधनों का, समय का मैनपॉवर का। उन सभी पर बहुत कमी आने वाली है। मैं आदरणीय गृहमंत्री जी का, आदरणीय प्रधानमंत्री जी का धन्यवाद करता हूं कि नए कानून देश को एक नई दिशा देने का काम करेंगे।
******
राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर केन्द्रीय उपभोक्ता कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आज उपभोक्ताओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई प्रयासों का वर्चुअल शुभारंभ किया।
इन पहलों में जागो ग्राहक जागो ऐप, जागृति ऐप और जागृति डैशबोर्ड शामिल हैं, इनका उद्देश्य ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर डार्क पैटर्न की पहचान करना और उपभोक्ताओं को सशक्त बनाना है। श्री जोशी ने व्यवसायों के लिए लाइसेंसिंग, सत्यापन और पंजीकरण प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने, अनुपालन बोझ को कम करने और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए ई-मैप पोर्टल भी लॉन्च किया। उपभोक्ता मामले विभाग ने उन्नत सुविधाओं को शामिल करते हुए अपना नया राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पोर्टल भी लॉन्च किया। यह पोर्टल बेहतर कार्यक्षमता, नेविगेशन और शिकायत के त्वरित समाधान प्रदान करता है। ऑनलाइन बेचे जाने वाले सामानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उपभोक्ता अधिकारों का सम्मान करने के लिए 13 प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफ़ॉर्म द्वारा स्वैच्छिक रूप से सुरक्षा प्रतिज्ञा पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस कार्यक्रम के दौरान गुवाहाटी और मुंबई में राष्ट्रीय परीक्षण गृह की दो अत्याधुनिक सुविधाओं का भी उद्घाटन किया गया।
******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जयंती शताब्दी समारोह के तहत आज लखनऊ में अटल युवा महाकुंभ और अटल स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी के अद्वितीय व्यक्तित्व का उल्लेख किया।
श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के व्यक्तित्व और कर्तव्य से मैं समझता हूं कि भारत ही नहीं दुनिया के बहुत सारे देशों के लोग अच्छी तरह से परिचित है। हम लोग जानते हैं कि यहां पर परिलक्षण प्रतिभा थी। वहीं पर एक अद्भुत सरलतम उनके व्यक्तित्व में स्वाभाविक रूप से हम सबको देखने में मिलती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये आयोजन भारत रत्न से सम्मानित अटल जी के प्रति देश और प्रदेश के स्नेह और प्रेम को दर्शाता है।
******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड ने राष्ट्र को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने लोगों को अपने जीवन में ईसा मसीह के प्रेम और सौहार्द्र के संदेश को समाहित करने पर बल दिया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि क्रिसमस का त्यौहार आशा, करुणा और एकजुटता का सार्वभौमिक संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ईसा मसीह की शिक्षाएं विशेष तौर पर वर्तमान समय के लिए प्रासंगिक हैं।
******
मिजोरम, भव्य क्रिसमस समारोह के लिए सजकर तैयार है। ईसा मसीह के जन्म का स्वागत करने के लिए चर्चों, सड़कों, कस्बों और गांवों की सजावट की गई है। हमारे संवाददाता ने बताया कि मिजोरम जीवंत क्रिसमस के लिए जाना जाता है, जिसमें धार्मिक भक्ति और पारम्परिक उत्साह का अनूठा संगम है।
******
महान गायक मोहम्मद रफी की सौवीं जयंती पर आज उन्हें याद किया जा रहा है। मोहम्मद रफी को आकाशवाणी की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि –
और बेशक मोहम्मद रफ़ी की मदमस्त कर देने वाली आवाज़ आज भी हम सब याद करते है और उनके गीत गुनगुनाते है। मोहम्मद रफ़ी एक ऐसे बेहतरीन गायक थे जिन्होंने अपनी जगह हर दिल में बनायीं। रेडियो पे उनके गाने सुनने वाली पीड़ी हो या वॉकमेन और ipod पर; यहाँ तक की आजकल के spotify के ज़माने की पीड़ी भी इस महान हस्ती के गीत सुनती और पसंद करती है, फिर चाहे वो ओरिजिनल हो या रीमिक्स। अपने भाई के साथ नाई की दुकान पर काम करने से लेकर, १३ साल की उम्र में श्री के एल सहगल की नजर में आते हुए, मोहम्मद रफ़ी ने अपना पहले गाना (सोनिये नी हीरिये नी) 1941 में बनी फ़िल्म ‘गुल बलोच’ के लिए गाया था और वहां से शुरू हुई उनके पाँच हज़ार गानों का सुहाना सफर। रफ़ी साहब की लोकप्रियता का एक बड़ा कारण था उनकी प्रतिभा, जिसकी वजह से वह हर तरह के गीत आसानी से गाते थे। रोमांटिक गाने जैसे कि (‘दीवाना हुआ बादल’, ‘अभी ना जाओ छोड़कर’) या शास्त्रीय संगीत से जुड़े गीत (‘मधुबन में राधिका नाचे रे’, ‘अजहू न आए बलमवा’), वह बड़ी ही सहजता से गाते थे। उनके पार्टी वाले गाने हो, जैसे की (‘आज कल तेरे मेरे प्यार के चर्चे’, ‘बदन पे सितारे’), या उनके दुख भरे गाने हो, जैसे कि (‘दिन ढल जाए’, ‘ये दुनिया अगर मिल भी जाए तो क्या है’) उतने ही लोकप्रिय थे। एक ओर उनके देशभक्ति गीत (‘ऐ वतन ऐ वतन’, ‘अपनी आजादी को हम’) आज भी युवाओ में जोश और देश के प्रति समर्पण भाव जागृत करते है, वहीं उनकी कव्वाली (‘परदा है परदा’) भी याद की जाती है।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महान गायक मोहम्मद रफी की 100वीं जयंती पर उन्हें याद किया। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि रफी साहब के गाये गीत लोगों के जीवन में खुशियों का संचार करते रहेंगे।
******
जम्मू-कश्मीर में आज पुंछ जिले में एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से 5 सैनिकों की मृत्यु हो गयी और पांच अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना घोड़ा चौकी क्षेत्र के पास हुई, जब चालक ने सैनिकों को ले जा रहे वाहन से नियंत्रण खो दिया।
******
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने आज चैंपियंस ट्राफी का कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह टूर्नामेंट पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात की संयुक्त मेजबानी में होगा। सभी मुकाबले दिन-रात के होंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत 19 फरवरी से होगी जबकि फाइनल नौ मार्च को खेला जाएगा। आठ टीमों के इस टूर्नामेंट में 15 मैच होंगे। भारतीय टीम के सभी मुकाबले दुबई में खेले जाएंगे। वहीं, बाकी टीमों के मैच पाकिस्तान में ही होंगे। चैंपियंस ट्रॉफी में भारत और पाकिस्तान के बीच लीग मैच 23 फरवरी को दुबई में होगा।
******
वडोदरा में महिला एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला के दूसरे मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को जीत के लिए 359 रन का लक्ष्य दिया है। जवाब में वेस्टइंडीज ने 45 वें ओवर में सात विकेट पर 227 रन बना लिए हैं।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट पर 358 रन बनाए। भारत की ओर से हरलीन देओल ने शानदार एक सौ 15 रन की शतकीय पारी खेली। स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल और जेमिमाह रॉड्रिग्स ने अर्द्धशतकीय पारी खेली। भारत ने पहले एकदिवसीय मैच में वेस्टइंडीज को 211 रन से हराया था।
******
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सौवीं जयन्ती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल मध्यप्रदेश जाएंगे। वे खजुराहो में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
******
आज शाम राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में मध्यम बारिश हुई। भारतीय मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो दिनों में तापमान में और गिरावट आने का अनुमान व्यक्त किया है।
******
अंत में मुख्य समाचार
• प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए नजरिये में मूलभूत बदलाव करने पर बल दिया।
• गृहमंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो के साथ तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन की समीक्षा की।
• राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने लोगों को क्रिसमस की पूर्वसंध्या पर शुभकामनाएं दीं।
• महान गायक मोहम्मद रफी की सौवीं जयंती पर आज उन्हें याद किया जा रहा है।
• अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात की संयुक्त मेजबानी में पुरूष चैम्पियंस ट्रॉफी के कार्यक्रम की घोषणा की।
• महिला एकदिवसीय क्रिकेट में–वडोदरा में मेजबान भारत और वेस्टइंडीज का मैच जारी। भारत की ओर से हरलीन देओल ने शानदार 115 रन बनाए।
******