मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली में क्रिसमस समारोह में शामिल हुए। वैमनस्य और हिंसा फैलाने के प्रयासों की निंदा की।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने चिकित्सा क्षेत्र में प्रौद्योगिकी के बढ़ते उपयोग को देखते हुए चिकित्सा और इंजीनियरिंग संस्थानों के बीच सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला।
- केंद्र ने पांचवीं और आठवीं कक्षा में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रोन्नत करने की नीति समाप्त की।
- सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश वी रामसुब्रमण्यन राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष बनाये गये।
- प्रसिद्ध फिल्मकार श्याम बेनेगल का निधन।
- महिला क्रिकेट में, भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की श्रृंखला का दूसरा एकदिवसीय मैच कल वड़ोदरा में।
——–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि जब समाज में हिंसा फैलाने की कोशिश की जाती है तो उन्हें पीड़ा होती है। आज शाम नई दिल्ली में भारतीय कैथोलिक बिशोप सम्मेलन द्वारा आयोजित क्रिसमस समारोह को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि यह आयोजन क्रिसमस की खुशियों में आप सबके साथ जुडने का अवसर प्रदान करता है।
सीबीसीआई का यह आयोजन क्रिसमस की खुशियों में आप सबके साथ जुडने का ये अवसर, ये दिन हम सबके लिए यादगार रहने वाला है। ये अवसर इसलिए भी खास है, क्योंकि इसी वर्ष सीबीसीआई की स्थापना के 80 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत विदेश नीति में राष्ट्रीय हित और मानव हित दोनों को प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि आज का भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा अपना कर्तव्य मानता है, चाहे वे कहीं भी हों या वे किसी भी संकट का सामना कर रहे हों। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बहुत संतोष का क्षण था जब फादर एलेक्सिस प्रेम कुमार को युद्धग्रस्त अफगानिस्तान से सुरक्षित वापस लाया गया था। एक दशक पहले वह बंधक बनाए गए थे और आठ महीने तक वहां फंसे रहे थे। उन्होंने यह भी याद किया कि फादर टॉम को महीनों की कैद के बाद यमन से बचाया गया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के लिए ये सभी मिशन केवल मिशन नहीं हैं, बल्कि परिवार के सदस्यों को वापस लाने की भावुक प्रतिबद्धता भी है। यह पहली बार था जब किसी प्रधानमंत्री ने भारत में कैथोलिक चर्च के मुख्यालय में इस तरह के कार्यक्रम में भाग लिया। कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया की स्थापना 1944 में हुई थी और यह वह संस्था है जो पूरे भारत में सभी कैथोलिक के साथ मिलकर काम करती है।
——–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि सरकार ने मातृभाषाओं में शिक्षा और परीक्षा की सुविधा देकर ग्रामीण युवाओं और सीमांत समुदायों की भाषायी बाधाएं हटाई हैं। इस कदम से ग्रामीण युवा समाज की मुख्यधारा से जुड़कर अपने सपने साकार कर रहे हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 71 हज़ार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए उन्होंने ये बात कहीं। श्री मोदी ने कहा है कि पिछले डेढ़ वर्ष में देश के लगभग 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध करायी गई है।
दस साल में हमारे युथ को वो अपॉर्च्युनिटीज मिली हैं, जिनके कारण उनके लिए सफलता का नया रास्ता खुला है। स्टार्टअप से लेकर साइंस तक, स्पोर्ट से एन्ट्रप्रोन्योशिप तक, आत्मविश्वास से भरे हमारे नौजवान देश को प्रगति के नये रास्ते पर ले जा रहे हैं। हमारे नौजवानों ने हमें कॉन्फ़िडेंस दिया है, ये हॉप भी है कि विकसित भारत का सपना पूरा होकर रहेगा।
——–
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि चिकित्सा क्षेत्र में प्रौद्योगिकी के बढ़ते उपयोग ने चिकित्सा और इंजीनियरिंग संस्थानों के बीच सहभागिता को अत्यन्त महत्वपूर्ण बना दिया है। आज शाम नई दिल्ली में वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज और सफदरजंग अस्पताल के छठे दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति ने यह बात कही।
मेडिकल के क्षेत्र में टेक्नोलॉजी के बढते उपयोग ने मेडिकल और इंजीनियरिंग संस्थानों के बीच सहयोग को अत्यंत महत्वपूर्ण बना दिया गया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंट, एमआरएनए टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, 3डी बायोप्रिंटिंग में हो रहे प्रयोग चिकित्सा के क्षेत्र में बहुत बडे परिवर्तन लाने वाला है और इनमें इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी की अहम भूमिका है।
——–
केंद्र सरकार ने पांचवीं और आठवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा में फेल होने वाले विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रोन्नत करने वाली नीति खत्म कर दी है। शिक्षा सचिव संजय कुमार ने बताया कहा कि पांचवीं और आठवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा में फेल होने वाले विद्यार्थियों को दो महीने के भीतर दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा। दोबारा परीक्षा के बाद अगर वे फिर से अनुर्तीण होते हैं तो उन्हें अगली कक्षा में प्रोन्नत नहीं किया जाएगा।
हम लोगों ने ये निर्णय लिया है कि पांचवीं में और आठवीं में हर प्रयास करने के पश्चात रीडिटेंशन करने की आवश्यकता करनी पडे, तो डिटेंन किया जाए, लेकिन उसमें यह भी प्रावधान किया गया है कि 8वीं कक्षा तक किसी भी बच्चे को हमारे स्कूलों से निष्कासित नहीं किया जाए। हम एक्सेस तो चाहते हैं, लेकिन राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत हम यह भी चाहते हैं कि हर बच्चे का लर्निंग आउटकम कहीं बेहतर हो और इसको प्रयास में लाने के लिए वैसे बच्चों के लिए जो पढाई में शायद उतने अच्छे नहीं हैं, उस पर विशेष ध्यान भी दिया जाएगा।
——–
सर्वोच्च न्यायालय ने भारत में डॉक्टरों की अत्याधिक कमी को देखते हुए, चिकित्सा परिषद समिति को निर्देश दिया है कि वह राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-नीट स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए रिक्त सीटों को भरने के लिए काउंसलिंग का विशेष दौर आयोजित करे। एक रिपोर्ट-
न्यायमूर्ति बीआर गवई और केवी विश्वनाथन की पीठ ने निर्देश दिया कि अनिवासी भारतीयों की रिक्त सीटों को भी सामान्य श्रेणी कोटे में परिवर्तित किया जाए और उन्हें राज्य प्रवेश प्राधिकरणों के माध्यम से भरा जाना चाहिए। न्यायालय ने अपने आदेश में कहा कि जब देश डॉक्टरों की भारी कमी का सामना कर रहा है, तो कीमती मेडिकल सीटें बर्बाद नहीं होनी चाहिए। प्रवेश अधिकारियों को खाली सीटों के लिए एक नई या विशेष काउंसलिंग आयोजित करने और किसी भी स्थिति में 30 दिसंबर से पहले प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है। पीठ ने आगे निर्देश दिया कि किसी भी महाविदयालय को विदयार्थियों को सीधे प्रवेश देने की अनुमति नहीं दी जाएगी और प्रवेश केवल राज्य प्रवेश प्राधिकरणों के माध्यम से आयोजित किया जाना चाहिए। समाचार कक्ष से नेहा गोस्वामी।
———-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति वी० रामासुब्रमण्यम को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। सेवानिवृत्त डॉ० न्यायमूर्ति बिद्युत रंजन सारंगी और प्रियांक कानूनगो को आयोग का सदस्य बनाया गया है।न्यायमूर्ति रामासुब्रमण्यन को 23 सितंबर 2019 को सर्वोच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था और वे 29 जून 2023 को सेवानिवृत्त हुए थे।
——–
राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर आज कृषि, परिवार कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसान सम्मान दिवस और किसान तथा ग्रामीण विकास लाभार्थी सम्मेलन में भाग लिया। इसका आयोजन कृषि अनुसंधान परिषद- कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान पुणे में किया गया। इस अवसर पर श्री चौहान ने कहा कि मोदी सरकार ने कृषि के लिए बजट आवंटन एक लाख 27 हजार करोड़ रुपए बढ़ा दिया है। उन्होंने आग्रह किया कि किसानों को धीरे-धीरे प्राकृतिक खेती की दिशा में बढ़ना चाहिए। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत महाराष्ट्र के लिए मौजूदा वित्तवर्ष में 13 लाख 29 हजार छह सौ 68 मकानों के निमार्ण की स्वीकृति दी है।
———-
रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि ‘स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास’ गणतंत्र दिवस 2025 के लिए झांकियों का विषय होगा। परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर अपनी झांकी दिखाने के लिए 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का चयन किया गया है। इन राज्यों में आंध्र प्रदेश, बिहार, चंडीगढ़, दादर नगर हवेली तथा दमन-दीव, गोवा, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक आदि शामिल हैं। इनके अलावा, केंद्र सरकार के 11 मंत्रालयों और विभागों को भी चुना गया है।
——–
हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के कारण तापमान में बड़ी गिरावट आई है। हमारे संवाददाता ने बताया कि बारिश और बर्फबारी से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।
राजधानी शिमला सहित लाहौल-स्पिति, किन्नौर, कुल्लू, मंडी और चंबा ज़िले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रूक-रूक कर बर्फबारी हो रही है, जबकि निचले मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं वर्षा हो रही है। हिमपात व वर्षा के कारण समूचा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है। ये वर्षा व बर्फबारी फसलों के लिए संजीवनी साबित होगी और इससे किसानों व बागवानों ने राहत की सांस ली है। शिमला ज़िले के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल कुफरी, नारकंडा और चांशल में ताज़ा बर्फबारी के चलते सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात, जबकि निचले इलाकों में वर्षा की संभावना जताई है। रितेश कपूर आकाशवाणी समाचार शिमला।
——–
सुप्रसिद्ध फिल्म निर्देशक श्याम बेनेगल का आज मुंबई में निधन हो गया। वे 90 वर्ष के थे। श्याम बेनेगल ने मुंबई के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनका किडनी की बीमारी का इलाज चल रहा था। समाचार कक्ष से श्रद्धांजलि-
हिन्दी फिल्मों के सुप्रसिद्ध निर्देशक श्याम बेनेगल का आज लम्बी बीमारी के बाद 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। श्री बेनेगल समानांतर सिनेमा के अग्रणी निर्देशकों में शुमार किये जाते हैं। श्री बेनेगल ने अंकुर, मंडी, निशांत, जुनून, मंथन, भूमिका, वेल्कम टू सज्जनपुर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, जुबेदा, सरदारी बेगम, मम्मो और सूरज का सातवाँ घोड़ा जैसी फिल्में दीं। उनके द्वारा निर्देशित दूरदर्शन धारावाहिक भारत एक खोज टेलीविजन इतिहास की अविस्मरणीय प्रस्तुति है। श्री बेनेगल का जन्म 14 दिसंबर, 1934 को हुआ था।
श्री बेनेगल को 1976 में पद्मश्री सम्मान दिया गया। वे अपने योगदान के लिये भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च पुरस्कार दादा साहब फाल्के पुरस्कार से नवाज़े गये। सर्वश्रेष्ठ हिन्दी फीचर फिल्म के लिये राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार पाँच बार जीतने वाले वे एकमात्र फिल्म निर्देशक हैं।
———-
महिला क्रिकेट में भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन एक दिवसीय मैचों की श्रृंखला का दूसरा मैच कल वड़ोदरा में खेला जाएगा। मैच दोपहर डेढ़ बजे शुरू होगा।
——–
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में आज रात साढे़ नौ बजे “सरकार का अटल नवाचार मिशन: भारत के नवाचार और उद्यमिता को मजबूती” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। परिचर्चा में नीति आयोग में अटल नवाचार मिशन के निदेशक डॉ. चिंतन वैष्णव भाग लेंगे।
———-
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली में क्रिसमस समारोह में शामिल हुए। वैमनस्य और हिंसा फैलाने के प्रयासों की निंदा की।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने चिकित्सा क्षेत्र में प्रौद्योगिकी के बढ़ते उपयोग को देखते हुए चिकित्सा और इंजीनियरिंग संस्थानों के बीच सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला।
- केंद्र ने पांचवीं और आठवीं कक्षा में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रोन्नत करने की नीति समाप्त की।
- सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश वी रामसुब्रमण्यन राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष बनाये गये।
- प्रसिद्ध फिल्मकार श्याम बेनेगल का निधन।
- महिला क्रिकेट में, भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की श्रृंखला का दूसरा एकदिवसीय मैच कल वड़ोदरा में।
——–