Download
Mobile App

android apple
signal

December 22, 2024 9:45 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

  • भारत और कुवैत ने रक्षा और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में कई द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने पर सहमति बनी।

     

  • कुवैत ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को अपने सर्वोच्‍च सम्‍मान ऑर्डर ऑफ मुबारक-अल-कबीर से सम्‍मानित किया।

     

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – सरकार ने त्रिपुरा के विभिन्न जिलों में ब्रू समुदाय के पुनर्वास के लिए 900 करोड़ रुपये खर्च किए।

     

  • संयुक्‍त अरब अमीरात, सऊदी अरब और कई अन्य खाड़ी देशों ने पाकिस्तान के 30 शहरों के निवासियों को वीजा देने पर अनिश्चितकालीन प्रतिबंध लगाया।

     

  • महिला क्रिकेट में, भारत ने वडोदरा में आईसीसी चैंपियनशिप श्रृंखला के पहले मैच में वेस्टइंडीज को 211 रनों से पराजित किया।

     

******

 

भारत और कुवैत ने आज रक्षा सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और खेल सहयोग के क्षेत्र में कई द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिन की कुवैत यात्रा के दौरान इन समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। कुवैत को अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन में सम्मिलित करने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौते पर भी हस्ताक्षर किए गए। वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जाबिर अल सबाह के साथ बैठक की। उन्होंने औषध, सूचना प्रौद्योगिकी, फिनटेक, बुनियादी ढांचा और सुरक्षा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।

43 वर्षों के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली कुवैत यात्रा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कुवैत के प्रधानमंत्री शेख अहमद अलअब्दुल्ला अलअहमद अलसबाह ने शाही महल में औपचारिक सम्मान के साथ स्वागत किया, जहां द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा हुई। 1974 में स्थापित और विश्व के चुनिंदा नेताओं को दिया जाने वाला प्रतिष्ठित ऑर्डर ऑफ मुबारक अलकबीर भारत और कुवैत के बीच गहरे होते राजनयिक संबंधों का प्रतीक है। सम्मान स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इसे दोनों के बीच दोस्ती, कुवैत में भारतीय समुदाय और भारत के एक सौ 40 करोड़ नागरिकों को समर्पित किया। इस यात्रा में कई द्विपक्षीय समझौतों और समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किये गए। जिनमें रक्षा सहयोग, सांस्कृतिक आदानप्रदान, खेल सहयोग और कुवैत को अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन में सम्मिलित करने जैसे समझौते शामिल हैं। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रौद्योगिकी सहित कई क्षेत्रों में अपनी रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए एक महत्वाकांक्षी रोडमैप की रूपरेखा बनाई। प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैती निवेश प्राधिकरण को भारत में ऊर्जा, रक्षा, चिकित्सा उपकरण, औषद्यि और खाद्य पार्कों सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसरों की खोज करने के लिए आमंत्रित किया।

 

प्रधानमंत्री ने कुवैत के विज़न 2035 को पूरा करने की वहां की सरकार की नई पहलों की सराहना की और खाडी सहयोग परिषद शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए अमीर को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कल अरब खाड़ी कप के उद्घाटन समारोह में उन्हें ‘सम्मानित अतिथि’ के रूप में आमंत्रित करने के लिए कुवैत के अमीर का आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज कुवैत के युवराज शेख सबाह अलखालिद अलहमाद अलमुबारक अलसबाह से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत, कुवैत के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों को अत्यधिक महत्व देता है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र और अन्य बहुपक्षीय मंचों पर दोनों देशों के बीच घनिष्ठ समन्वय पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि कुवैत की अध्यक्षता में भारत और खाडी सहयोग परिषद के बीच संबंध और प्रगाढ होंगे।

******

कुवैत की ऐतिहासिक और सफल यात्रा के समापन के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।

******

कुवैत ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को अपने सर्वोच्‍च सम्‍मान ऑर्डर ऑफ मुबारकअलकबीर से सम्‍मानित किया है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री को किसी देश द्वारा दिया गया यह बीसवां अंतर्राष्‍ट्रीय सम्‍मान है।

******

गृह मंत्री अमित शाह ने आज त्रिपुरा के लिए 668 करोड़ 39 लाख रुपये की 13 परियोजनाओं की आधारशिला रखी। धलाई जिले के मसूराई पारा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने ब्रू समुदाय को बसाने के मुद्दे पर चुप्पी साधे रहने पर राज्य की पूर्व कम्युनिस्ट पार्टी सरकार की आलोचना की।  उन्‍होंने कहा कि 2018 में भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने के बाद इस समुदाय के 40 हजार लोगों को बसाया गया।

जब त्रिपुरा में भाजपा सरकार बनी, एक एग्रीमेंट हुआ और 40 हजार लोगों के बसने की व्‍यवस्‍था, इनकी रोजगारी की व्‍यवस्‍था, स्‍वास्‍थ्‍य की व्‍यवस्‍था और महिलाओं के लिए कोओपरेटिव की व्‍यवस्‍था करने का काम हुआ।  

 

गृहमंत्री ने कहा कि सरकार ने राज्य के विभिन्न जिलों में लोगों को बसाने के लिए 900 करोड़ रुपये खर्च किए।

हमने न केवल योजना बनाई, नौ सौ करोड़ के खर्चे से 11 गांव बस चुके हैं, मैं त्रिपुरा सरकार के मुख्‍यमंत्री माणिक साहा को बहुत बहुत बधाई देना चा‍हता हॅूं कि पूरी व्‍यवस्‍था जो कागज पर थी, वो जमीन पर उतारी। 

      ******

 

केंद्रीय विद्युत, आवास तथा शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने आज अपनी केरल यात्रा के दौरान राज्‍य में क्रियान्वित की जा रही विभिन्न विद्युत तथा शहरी मामलों की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। तिरुवनंतपुरम में आयोजित बैठक में केंद्रीय पेट्रोलियम तथा प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी, विद्युत राज्यमंत्री के. कृष्णनकुट्टी और कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

******

केन्‍द्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारत-तिब्‍बत सीमा पुलिस और केन्‍द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों के साथ नई दिल्‍ली में फिट इंडिया साइकिल अभियान में हिस्‍सा लिया। अभियान के अंतर्गत श्री मांडविया ने जवानों के साथ मेजर ध्‍यानचंद नेशनल स्‍टेडियम से रायसीना हिल तक साइकिल चलाई। इस अवसर पर उन्‍होंने कहा कि यह अभियान देशभर में एक हजार एक सौ से ज्‍यादा स्‍थानों पर आयोजित किया गया है।

आज संडे ऑन साइकिल के द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट को आगे बढ़ा रहे हैं साइकलिंग ए बेस्ट एक्सरसाइज भी है पॉल्यूशन का सॉल्यूशन भी है और विकसित भारत के संकल्पना को साकार करने के लिए देश के नागरिक को फिट लेना आवश्यक फिट नागरिक होगा तो स्वस्थ समाज होगा और स्वस्थ समाज ही समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।

 

******

पंजाब में मोहाली में तीन मंजिला इमारत ढहने के कारण मलबे में दबे लोगों की तलाशी और बचाव अभियान 23 घंटों के बाद समाप्‍त हो गया है।    

इस दौरान दो लोगों के मौत की पुष्टि हुई है। मोहाली के कार्यवाहक उपायुक्‍त विराज तिडके ने आकाशवाणी को बताया कि राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल ने मलबे में किसी और के दबे होने की आशंका नहीं जताई है।

एनडीआरएफ के मुताबिक, उन्‍होंने एज पर द प्रोटोकॉल सारे एरिया को छान लिया है और उनकी हिसाब से वहां पर अभी कोई डेथ बॉडी होने की संभावना नहीं है फिर भी वर्क्‍स हमारे इन्‍श्‍योर कर रहें हैं कि अंदर कोई डेथ बॉडी ना हो। 

 

   ******

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने हवाई यात्रा करने वालों को राहत देते हुए हवाई अड्डे पर “उड़ान यात्री कैफे” शुरू करने की घोषणा की है। इस कैफे में भोजन और पानी जैसी बुनियादी ज़रूरतें किफ़ायती और उचित दरों पर उपलब्ध होंगी। इस अनूठी पहल को शुरुआत में कोलकाता हवाई अड्डे पर शुरू किया जा रहा है।

******

संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और कई अन्य खाड़ी देशों ने पाकिस्तान के लगभग 30 अलग-अलग शहरों के निवासियों को वीजा देने पर अनिश्चितकालीन प्रतिबंध लगा दिया है। ऐसा इसलिये किया गया है क्‍योंकि पाकिस्तानी नागरिक इन देशों में भीख मांगने, नशीले पदार्थ और मानव तस्करी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं में लिप्‍त पाए गए हैं। खाड़ी देश और उनके शहर खासकर दुबई और अबू धाबी, लाखों पाकिस्तानियों के लिए काम करने के सबसे पसंदीदा गंतव्य स्‍थल हैं। वीजा देने में इन देशों से प्रतिबंघ के बाद पाकिस्तान, लगातार तीसरे वर्ष दुनिया में चौथी सबसे खराब छवि वाला देश बन गया है। इस प्रतिबंध के बाद उसे और भी नुकसान होना तय है।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल वीडियो कान्‍फ्रेंसिंग के माध्‍यम से 71 हजार से ज्‍यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया कि रोजगार मेला राष्‍ट्र निर्माण और स्‍वरोजगार में युवाओं को भागीदारी का अवसर प्रदान करेगा।

रोजगार मेले की शुरुआत अक्टूबर 2022 में हुई थी और अब तक राष्ट्रीय स्तर पर 50 शहरों में 13 मेले आयोजित किए जा चुके हैं। इन मेलों में अब तक लाखों युवाओं को नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं, जो विभिन्न सरकारी विभागों और मंत्रालयों में रिक्त पदों को भरने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। देशभर से चुने गए नवनियुक्त युवाओं को गृह मंत्रालय, डाक विभाग, उच्‍चतर शिक्षा विभाग, स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्रालय तथा वित्तीय सेवाएं जैसे विभाग में नियुक्त किया जायेगा। यह मेला, रोजगार सृजन को शीर्ष प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है। यह रोजगार मेला राष्ट्र निर्माण और स्वरोजगार में युवाओं को भागीदारी का अवसर प्रदान करेगा।

 

******

प्रधानमंत्री कल नई दिल्‍ली में क्रिसमस समारोह में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम की मेजबानी भारतीय कैथोलिक बिशप सम्मेलन कर रहा है।

प्रधानमंत्री कार्डिनल्स, बिशप और चर्च के मुख्‍य सदस्‍यों सहित ईसाई समुदाय के प्रमुख नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। यह पहली बार है जब प्रधानमंत्री देश के कैथोलिक चर्च के   मुख्‍यालयों के इस प्रकार के कार्यक्रम में हिस्‍सा लेंगे।  

******

कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह कल नई दिल्ली में सुशासन के क्रिया कलापों पर राष्ट्रीय कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यशाला में सभी मंत्रालयों और विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। डॉ. सिंह विभिन्न मंत्रालयों और विभागों द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान 4.0 की मूल्यांकन रिपोर्ट जारी करने के साथ-साथ सर्वोत्तम क्रियाकलाप पर एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे।

******

सूचना और प्रसारण सचिव संजय जाजू ने देशभर और विदर्भ क्षेत्र के ठेकेदारों से भारतीय जनसंचार संस्थान- आईआईएमसी अमरावती के पश्चिमी क्षेत्र के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया में पहल करने की अपील की है। ​​श्री जाजू ने आज नागपुर में केंद्रीय लोक निर्माण विभाग- सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ आईआईएमसी अमरावती परिसर के निर्माण की स्थिति की समीक्षा की और मंत्रालय के अंतर्गत आकाशवाणी, दूरदर्शन, पत्र सूचना   ब्‍यूरो और केंद्रीय संचार ब्यूरो के कार्यालयों के प्रमुखों के साथ बैठक  की।

******

वडोदरा में तीन मैचों की एकविदसीय क्रिकेट श्रृंखला के पहले मैच में भारत की महिला टीम ने वेस्‍टइंडीज की महिला टीम को 211 से हरा दिया है।

315 रन के लक्ष्‍य के जवाब में वेस्‍टइंडीज की टीम 27वें ओवर मात्र 103 रन पर आउट हो गई। एफी फ्लेचर ने सर्वाधिक नाबाद 24 रन बनाए। भारत के लिए रेणुका सिंह ठाकुर ने 5 और प्रिया मिश्रा ने दो विकेट लिए। रेणुका को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

 

******


मुख्य समाचार
:-

  • भारत और कुवैत ने रक्षा और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में कई द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने पर सहमति बनी।

  • कुवैत ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को अपने सर्वोच्‍च सम्‍मान ऑर्डर ऑफ मुबारक-अल-कबीर से सम्‍मानित किया।

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – सरकार ने त्रिपुरा के विभिन्न जिलों में ब्रू समुदाय के पुनर्वास के लिए 900 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

  • संयुक्‍त अरब अमीरात, सऊदी अरब और कई अन्य खाड़ी देशों ने पाकिस्तान के 30 शहरों के निवासियों को वीजा देने पर अनिश्चितकालीन प्रतिबंध लगाया।

  • महिला क्रिकेट में, भारत ने वडोदरा में आईसीसी चैंपियनशिप श्रृंखला के पहले एकदिवसीय मैच में वेस्टइंडीज को 211 रनों से पराजित किया।

******