मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा भारत और कुवैत हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। कुवैत में प्रवासी भारतीयों को संबोधन में प्रधानमंत्री ने वैश्विक मांग को पूरा करने में भारत की कुशल प्रतिभा के योगदान का उल्लेख किया।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्वोत्तर की वित्तीय आवश्यकताओं के लिए अलग दिशा-निर्देश बनाने पर जोर दिया।
- वस्तु और सेवा कर परिषद ने फोर्टिफाइड चावल पर जीएसटी दर घटाकर 5 प्रतिशत करने की घोषणा की। पहले से पैकेट बंद और लेबल वाली वस्तुओं की परिभाषा में संशोधन की सिफारिश की।।
- दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने आबकारी नीति मामले में आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल पर मुकदमा चलाने के लिए प्रवर्तन निदेशालय को मंजूरी दी।
- वेस्टर्न इंडिया स्लैम स्क्वाश के फाइनल में कल अनाहत सिंह का मुकाबला शीर्ष वरीयता प्राप्त आकांक्षा सालुंखे से।
******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि भारत और कुवैत हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। प्रधानमंत्री दो दिवसीय यात्रा पर आज कुवैत पहुंचे। कुवैत के शेख साद अल-अब्दुल्ला इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित ‘हाला मोदी‘ कार्यक्रम में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कुवैत की प्रगति में भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत के पास वह कौशल, प्रौद्योगिकी, नवाचार और जनशक्ति है जिसकी ‘नए कुवैत’ को जरूरत है। श्री मोदी ने कहा कि भारत कुशल प्रतिभाओं की दुनिया की मांग को पूरा करने के लिए तैयार है।
आज दुनिया का नंबर वन फिनटेक इकोसिस्टम भारत में है। आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश है। बीते दस साल में भारत में इतना ऑप्टिकल फाइबर बिछाया है उसकी लंबाई धरती और चंद्रमा की दूरी से भी आठ गुणा अधिक है।
भारत को विश्वबंधु के रूप में प्रस्तुत करते हुए उन्होंने वित्तीय समावेशन, महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास और डिजिटल कनेक्टिविटी में देश की प्रगति को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने प्रवासी सदस्यों को जनवरी 2025 में प्रवासी भारतीय दिवस और महाकुंभ में भाग लेने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया।
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कुवैत में भारतीय श्रमिकों के एक कैंप का दौरा कर उनसे मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कुवैत की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। कुवैत के उप-प्रधानमंत्री शेख फहद यूसुफ सऊद अल-सबाह ने हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि उनकी यात्रा विभिन्न क्षेत्रों में भारत-कुवैत मित्रता को मजबूती प्रदान करेगी। किसी भारतीय प्रधानमंत्री की 43 वर्षों में इस खाड़ी देश की यह पहली यात्रा है। श्री मोदी कुवैत के अमीर शेख मेशल अल-अहमद अल-जाबेर अल-सबाह के निमंत्रण पर वहां गए हैं।
प्रधानमंत्री ने रामायण और महाभारत का अरबी में अनुवाद करने वाले अब्दुल्ला अल बरून और उसे प्रकाशित करने वाले अब्दुल लतीफ अल नसेफ से भी मुलाकात की। कुवैत के अमीर और शहजादे के साथ कल अलग-अलग उच्च स्तरीय बैठकें करने से पहले प्रधानमंत्री को बयान पैलेस में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। उसके बाद दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। प्रधानमंत्री कुवैत के अमीर के विशेष अतिथि के रूप में 26वें अरेबियन गल्फ कप के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे।
******
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक, रिजर्व बैंक और पूर्वोत्तर विकास वित्त निगम लिमिटेड से पूर्वोत्तर के वित्त के लिए अलग-अलग दिशा-निर्देश तैयार करने को कहा क्योंकि इस क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति अलग है। उन्होंने कहा कि पूरे देश के लिए एक समान दिशा-निर्देश नहीं हो सकते। अगरतला में पूर्वोत्तर बैंकर्स सम्मेलन 2024 को संबोधित करते हुए श्री शाह ने विश्वास व्यक्त किया कि यह क्षेत्र निवेश आकर्षित करने के मामले में पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ देगा।
फ्यूचर बिजनेस के लिए अगर इन्वेस्ट करना है तो आपके पास नॉर्थ-ईस्ट के अलावा कोई डेस्टिनेशन नहीं है क्योंकि सिंधिया जी कह रहे हैं कि 10%-12% ग्रोथ है। मैं फ्यूचरिस्टिक दृष्टि से कहने वाला हूँ कि अगले दस साल तक एवरेज 20% ग्रोथ से नॉर्थ-ईस्ट का विकास होने वाला है।
इससे पहले, त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में पूर्वोत्तर परिषद के 72वें पूर्ण सत्र को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्वोत्तर की ओर विशेष ध्यान दिया है।
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और भारतीय जनता पार्टी की नेतृत्व वाली सरकार का उद्देश्य पूर्वोत्तर को देश के बाकी हिस्सों के बराबर लाना है।
केंद्र में जब-जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई, नॉर्थ-ईस्ट को प्रायोरिटि देने की शुरूआत करी। प्रधानमंत्री स्वयं 65 बार आए हैं और हर बार कोई न कोई तोहफा नॉर्थ-ईस्ट के लिए लेकर लाए। भारतीय जनता पार्टी की मोदी सरकार ने पूर्वोत्तर की संस्कृति को भी संरक्षित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी।
******
राजस्थान के जैसलमेर में आज वस्तु एवं सेवा कर परिषद की 55वीं बैठक संपन्न हुई, जिसमें वस्तु एवं सेवा कर से जुड़े कई फैसले लिए गए। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों, वित्त मंत्रियों और वित्त मंत्रालय के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए श्रीमती सीतारामन ने कहा कि जीएसटी परिषद ने फोर्टिफाइड चावल पर कर की दर को घटाकर पांच प्रतिशत करने का निर्णय लिया है और पहले से पैकेट बंद तथा लेबल वाली वस्तुओं की परिभाषा में संशोधन की सिफारिश की है।
श्रीमती सीतारामन ने कहा कि जीन-थेरेपी को जीएसटी से छूट दी गई है। साथ ही बैंकों और एनबीएफसी के दंड शुल्क, देर से भुगतान शुल्क पर जीएसटी नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कौशल विकास परिषद के प्रशिक्षण भागीदारों को भी जीएसटी से छूट देने का फैसला किया गया है, लेकिन यह फैसला अधिसूचना जारी होने के बाद लागू होगा।
*****
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि इस देश के नागरिक के रूप में यह सुनिश्चित करना हमारा प्रमुख दायित्व है कि हम अव्यवस्था को सामान्य न होने दें। उन्होंने कहा कि हमें ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए जो हमारी प्रगति के प्रति शत्रुतापूर्ण प्रवृत्ति और बुरे इरादे रखते हैं। उपराष्ट्रपति आज चंडीगढ़ में पंजाब विश्वविद्यालय में पांचवें वैश्विक पूर्व छात्र सम्मेलन के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
************
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज सरकार के 100 दिवसीय सघन तपेदिक उन्मूलन अभियान पर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक की। श्री नड्डा ने अभियान की प्रगति की निगरानी के लिए मुख्यमंत्रियों से सहयोग का अनुरोध किया।
******
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि सरकार विभिन्न पाठ्यक्रमों को क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आज नई दिल्ली में चौधरी चरण सिंह पुरस्कार 2024 के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री प्रधान ने कहा कि यह पुरस्कार उन लोगों को सम्मानित करने के लिए शुरू किया गया है जिन्होंने किसानों और ग्रामीण विकास के लिए काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि कृषि अर्थव्यवस्था अभी भी देश के सकल घरेलू उत्पाद में सबसे बड़ा योगदान दे रही है।
महापुरूष चौधरी चरण सिंह जी की जन्मदिवस के अवसर पर किसानों की सम्मान बढाने के लिए गांवों की अर्थनीति में रूचि रखने वालों के ऊपर चार आयामों में सम्मानित करने का एक प्रथा शुरू किया गया है। आज ऐसे ही शुभ अवसर पर देश की किसानों की, देश की अर्थनीति की, आज हम चौधरी साहब की विचारों को क्रियान्वयन करने में सफल हो रहे हैं।
******
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने फसल उत्पादकता में सुधार, संसाधनों के संरक्षण और खेती को मजबूत बनाने में एग्रो टेक्सटाइल की भूमिका पर बल दिया है। श्री पाटिल ने आज गुजरात के नवसारी में क्लाइमेट स्मार्ट एग्रो-टेक्सटाइल प्रदर्शनी के उद्घाटन के अवसर पर यह बात कही।
हमारे संवाददाता ने बताया कि इस केंद्र की स्थापना वस्त्र मंत्रालय ने सिंथेटिक एंड आर्ट सिल्क मिल्स रिसर्च एसोसिएशन के सहयोग से की है।
******
सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश मदन बी लोकुर को संयुक्त राष्ट्र आंतरिक न्याय परिषद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। श्री लोकुर का कार्यकाल 12 नवंबर, 2028 तक रहेगा।
******
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने प्रवर्तन निदेशालय को आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ अब समाप्त हो चुकी आबकारी नीति से संबंधित एक मामले में मुकदमा चलाने की अनुमति दे दी है। निदेशालय ने इस महीने की शुरुआत में श्री केजरीवाल पर मुकदमा चलाने के लिए उपराज्यपाल से अनुमति मांगी थी, क्योंकि उसे आबकारी नीति के निर्माण और कार्यान्वयन में कथित अनियमितताएं मिली थीं।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि यह खबर केवल लोगों को गुमराह करने और मुद्दों से उनका ध्यान भटकाने के लिए फैलाई जा रही है। दिल्ली भाजपा प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली उपराज्यपाल के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह दर्शाता है कि श्री केजरीवाल कथित रूप से भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।
******
जयपुर गैस टैंकर दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 14 हो गई है। 27 घायलों का संवाई मान सिंह अस्पताल में इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर है। जयपुर के जिला कलेक्टर जितेंद्र कुमार सोनी ने दुर्घटना की जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित की है। यह दुर्घटना कल सुबह जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर भांकरोटा इलाके में एलपीजी टैंकर में हुए विस्फोट से हुई। इसमें 40 वाहन जल गए। राजमार्ग के किनारे स्थित एक पाइप फैक्ट्री भी जलकर नष्ट हो गई।
******
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओम प्रकाश चौटाला आज पंचतत्व में विलीन हो गए। सिरसा जिले के तेजा खेड़ा गांव में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल समेत कई बड़े नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी।
******
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में शीत लहर बढ़ने का अनुमान व्यक्त किया है। जम्मू कश्मीर में 40 दिनों की सर्दी का दौर “चिल्लई कलां” शुरू हो गया है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश में शीतलहर के कारण निचले इलाकों में धुंध और कोहरा छाया हुआ है।
******
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई है। आज रात आठ बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 364 दर्ज किया गया।
******
मुम्बई में वेस्टर्न इंडिया स्लैम स्क्वॉश टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स फाइनल में फाइनल में कल दो बार की चैंपियन भारत की अनाहत सिंह का मुकाबला शीर्ष वरीयता प्राप्त भारत की ही आकांक्षा सालुंखे से हो्गा। सेमीफाइनल में, अनाहत ने मिस्र की नूर खफागी को 3-1 से हराया, जबकि आकांक्षा ने मिस्र की ही यना स्वाइफी पर 3-2 से जीत दर्ज की थी।
******
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा भारत और कुवैत हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। कुवैत में प्रवासी भारतीयों को संबोधन में प्रधानमंत्री ने वैश्विक मांग को पूरा करने में भारत की कुशल प्रतिभा के योगदान का उल्लेख किया।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्वोत्तर की वित्तीय आवश्यकताओं के लिए अलग दिशा-निर्देश बनाने पर जोर दिया।
- वस्तु और सेवा कर परिषद ने पोषण युक्त चावल पर जीएसटी दर घटाकर 5 प्रतिशत करने की घोषणा की। पहले से पैकेट बंद और लेबल वाली वस्तुओं की परिभाषा में संशोधन की सिफारिश की।।
- दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने आबकारी नीति मामले में आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल पर मुकदमा चलाने के लिए प्रवर्तन निदेशालय को मंजूरी दी।
- वेस्टर्न इंडिया स्लैम स्क्वाश के फाइनल में कल अनाहत सिंह का मुकाबला शीर्ष वरीयता प्राप्त आकांक्षा सालुंखे से।
******