Download
Mobile App

android apple
signal

December 19, 2024 10:04 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

• भारतीय जनता पार्टी ने अपने सांसदों पर कथित हमले और उकसावे के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विरुद्ध थाने में शिकायत दर्ज कराई। संसद भवन परिसर में विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा के दो सांसद घायल। कांग्रेस ने भी पुलिस में शिकायत की।

 

• राज्‍यसभा के उपसभापति हरिवंश ने सभापति जगदीप धनखड़ के प्रति विपक्ष का अविश्‍वास प्रस्‍ताव खारिज किया।

 

• गृह मंत्री अमित शाह ने जम्‍मू-कश्‍मीर में सुरक्षा स्थिति पर दिल्‍ली में समीक्षा बैठक की अध्‍यक्षता की।

 

• रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आधुनिक युद्ध के बदलते तरीकों से तालमेल बिठाने के लिए उच्च-स्तरीय तकनीकों को अपनाने पर बल दिया।

 

• अफगानिस्‍तान के गजनी प्रांत में दो सड़क दुर्घटनाओं में 50 लोग मारे गए।

 

• अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट परिषद ने अगले वर्ष चैंपियन्‍स ट्रॉफी में भारत के मैच पाकिस्‍तान के बजाय तटस्‍थ जगह कराने की घोषणा की।

 

—-

भारतीय जनता पार्टी ने आज संसद भवन में विरोध प्रदर्शन के दौरान मारपीट और उकसावे के कारण पार्टी के दो सांसदों के घायल होने के बारे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के खिलाफ दिल्‍ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर ने बताया कि संसद मार्ग थाने में दर्ज शिकायत में उन्होंने संसद के बाहर आज की घटना का विस्तार से जिक्र किया है।

 

उनके द्वारा शारीरिक हमला और उकसाने के लिए हमने सेक्‍शन 109, 115, सेक्‍शन 117, सेक्‍शन 125, सेक्‍शन 131 और सेक्‍शन 351 के अंतर्गत उनके खिलाफ कंप्लेंट दर्ज करवाई है। राहुल गांधी जी ने दलबल का प्रयोग किया अपने साथियों सांसदों को उकसाया जिसके कारण गंभीर चोटें दो सांसदों को लगी है और जिस तरह का दुर्व्यवहार उन्‍होंने किया एक महिला सांसद जो नागालैंड से आती है फ्रंट कोन्या जी और राहुल गांधी जी के महिलाओं के प्रति रवैये को लेकर भी दिखाता है।

 

उधर, कांग्रेस सांसदों का प्रतिनिधिमंडल भी थाने पहुंचा और भाजपा के खिलाफ जवाबी शिकायत दर्ज कराई। पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बताया कि इस घटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे गिर गए और उनके दोनों घुटनों में चोट आई।

—-

संसद भवन परिसर में सत्तारूढ भाजपा और विपक्षी सदस्‍यों के विरोध प्रदर्शन और जवाबी विरोध के बीच भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत आज घायल हो गए। मीडिया से बातचीत में श्री सारंगी ने आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्‍का दिया, जिसके कारण वह सांसद उन पर गिर पड़े, और वे घायल हो गए।
वहीं श्री गांधी ने कहा कि जब वे संसद के भीतर जाने का प्रयास कर रहे थे, तब भाजपा के सांसद ने उन्‍हें रोकने की कोशिश की।

पार्लियामेंट हाउस की सीढियों पर बीजेपी के एमपी हमारे सामने खड़े होते हैं हमें अंदर नहीं जाने देते हैं और उसके बाद अब यह फिर से डिस्ट्रक्शन करने की कोशिश कर रहे हैं रियलिटी है इन्होंने अंबेडकर जी का अपमान किया है उसके अपॉलिजी होनी चाहिए और रिजाइन करना चाहिए होम मिनिस्टर को और जो यह मेन मुद्दा है जिसको यह मिटाना चाह रहे हैं घूमाना चाह रहे हैं कि नरेंद्र मोदी जी के मित्र अदानी जी के खिलाफ यूनाइटेड स्टेट्स में केस हैं उनको वहां इंडाइट किया गया है और अदानी जी को नरेंद्र मोदी जी हिंदुस्तान बेच रहे हैं।

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने संसद भवन में विरोध-प्रदर्शन के दौरान भारतीय जनता पार्टी के दो सांसदों के घायल होने के बाद कांग्रेस की कड़ी निन्‍दा की है। संसद के बाहर मीडिया से बातचीत में उन्‍होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद की गरि‍मा नष्‍ट कर रही है।

संविधान पर बहुत ही डिटेल चर्चा हुई और जिस तरह से कांग्रेस के इतिहास को आज पूरे देश के सामने रखा गया उससे कांग्रेस पूरी तरह से झल्‍लाई हुई है और जो उनका असली काम करने का तरीका है वो आज सामने आया किस तरह से उन्होंने हमारे दो सांसदों को धक्का मुक्‍की करके उनको घायल किया। दोनों सांसद अभी हॉस्पिटल में है यह संसद की मर्यादा है। क्या यह इस तरह से संसद में काम करने का तरीका होता है।

—-

भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के नेता राहुल गांधी पर संसद भवन परिसर में एनडीए सांसदों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्‍मेलन में, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भाजपा के दो सांसदों को घायल करने का आरोप लगाया।

हम सोच रहे थे कि वो संसद में उनके द्वारा किए गए कुकृत्‍य की आप ही क्षमा मांगेंगे, लेकिन उन्होंने क्षमा नहीं मांगी आज मेरा मन भारी है, व्‍यथित है, पीडा से भरा हुआ है, मैंने विधानसभा में भी और संसद में भी चाहे माननीय सांसदगण हो या विधायकगण उनके आचरण को दिखाएं। उनके व्यवहार को देखा है, लेकिन आज जो कुछ संसद में हुआ उसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती असहनीय, अशोभनीय उदंड और गुंडागर्दी से भरा व्यवहार जिसकी सभ्‍य समाज कल्पना भी नहीं कर सकता।

—-

राज्‍यसभा के उपसभापति हरिवंश ने सभापति जगदीप धनखड़ के प्रति अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। विपक्षी दलों ने सभापति पर पक्षपातपूर्ण तरीके से काम करने का आरोप लगाते हुए अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। उपसभापति ने इसे सभापति की प्रतिष्ठा को धूमिल करने की कोशिश के लिए अनुचित, गंभीर रूप से दोषपूर्ण तथा जल्दबाजी में लाया गया प्रस्‍ताव बताया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य संवैधानिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचाना है।

—-

गृहमंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मुख्य रूप से महत्वपूर्ण सुरक्षा मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिसमें जम्मू-कश्मीर की स्थिति पर विशेष जोर दिया गया। इस बैठक का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए रणनीतियों की समीक्षा करना था।

—-

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आधुनिक युद्ध के बदलते तरीकों से तालमेल बिठाने के लिए उच्च-स्तरीय तकनीकों को अपनाने पर बल दिया है। नई दिल्‍ली में आज एक कार्यक्रम में रक्षा मंत्री ने कहा कि देश रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

भारत बेहद तेज गति से डिफेन्‍स सेक्‍टर में सेल्‍फ रिलायंस की ओर अपने कदम आगे बढ़ा चुका है। मॉर्डन वॉर फेयर जितनी तेजी से बदल रहा है उसे देखते हुए आई एंड डू टेक्‍नोलॉजी को अपनाना हमारे लिए समय की आवश्‍यकता है। आज हम इनावेशन ऑफ डिफेंस आईडैंस और टेक्‍नोलॉजी डेवलपमेंट फंड यानि टीडीएफ जैसी स्‍कीम के माध्‍यम से हमारे यूथ को नए टेक्‍नोलॉजीकल चैंलेजस दे रहे हैं। भारत टेक्‍नोलॉजी के मामले में पूरे वर्ल्‍ड को लीड करेगा मेरा यह पक्‍का विश्‍वास है।

—-

छत्‍तीसगढ़ में राजधानी रायपुर, अम्बिकापुर और बिलासपुर के बीच आज से विमान सेवा शुरू हो गई। मुख्‍यमंत्री विष्‍णु देव साय ने रायपुर में स्‍वामी विवेकानंद हवाई अड्डे से विमान सेवा की शुरूआत की। इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री ने कहा कि इस विमान सेवा के शुरू होने से राज्‍य को बहुत लाभ होगा।

रायपुर से अंबिकापुर यह हवाई यात्रा शुरू हो के और निश्चित रूप से इसे छत्तीसगढ़ में टूरिज्‍म के सेक्टर में और निवेश के सेक्टर में बहुत से लाभ होगा। बाहर के लोग आएंगे सरगुजा संभाग में टूरिज्‍म के लिए भी अपार संभावना है, उद्योग जगत के लोग भी आएंगे। निश्चित रूप से इसका लाभ छत्तीसगढ को सरगुजा संभाग को होने वाला है।

शुरू में इस विमान सेवा का किराया नौ सौ 99 रूपये रखा गया है। यह सेवा बृहस्‍पतिवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्‍ध होगी।

—-

अफगानिस्‍तान के गजनी प्रांत में देर रात दो सड़क दुर्घटनाओं में 50 लोग मारे गए और 76 घायल हो गए। एक दुर्घटना गजनी शहर के बाहरी इलाके और दूसरी प्रांत के अंदार जिले में हुई। सूचना और संस्‍कृति के प्रांतीय निदेशक मुल्‍ला हमीदुल्‍लाह नेसर के अनुसार सभी घायलों को उपचार के लिए स्‍वास्‍थ्‍य केंद्रों में भर्ती कराया गया है, लेकिन उनमें से ज्‍यादातर की हालत गंभीर है।

—-

भारत ने युग युगीन भारत राष्ट्रीय संग्रहालय को वैश्विक सांस्कृतिक उपलब्धि के रूप में स्थापित करने के लिए फ्रांस के साथ समझौता किया है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना का अभिन्न अंग है। इस अवसर विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि यह समझौता अंतरराष्ट्रीय सहयोग की महत्वपूर्ण अभिव्यक्ति है।

—-

और, अब आर्थिक जगत के समाचार

बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेक्‍स आज कारोबार के अंत में 964 अंक घटकर 79 हजार 218 पर पहुंच गया। उधर, नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी 247 अंक कम होकर 23 हजार 951 पर पहुंच गया। अंतर बैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया आज 85 रुपये 08 पैसे पर बंद हुआ। अंतर्राष्‍ट्रीय बाजार में ब्रेंट कच्‍चे तेल की कीमत 73 डॉलर 11 सेंट प्रति बैरल पर थी।

—-

पाकिस्‍तान की मेजबानी में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर जारी गतिरोध खत्‍म हो गया है। दुबई में आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद-आईसीसी ने घोषणा की कि भारत 50 ओवर के इस टूर्नामेंट में अपने मैच मेजबान पाकिस्तान की जगह किसी तटस्थ स्‍थान पर खेलेगा। पाकिस्तान के लिए भी 2027 तक यही व्यवस्था लागू रहेगी और वह भारत में होने वाले टूर्नामेंट तटस्थ स्थलों पर खेलेगा।

—-

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कल भीषण शीत लहर की स्थिति का अनुमान लगाया है। इन क्षेत्रों में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। पूर्वी राजस्थान और झारखंड में कल सुबह और रात के समय घना कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कल बिजली के साथ तेज बारिश की संभावना व्‍यक्त की है। मौसम विभाग ने कहा कि महाराष्ट्र और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

—-

मुख्य समाचार:-

• भारतीय जनता पार्टी ने अपने सांसदों पर कथित हमले और उकसावे के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विरुद्ध थाने में शिकायत दर्ज कराई। संसद भवन परिसर में विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा के दो सांसद घायल। कांग्रेस ने भी पुलिस में शिकायत की।

• राज्‍यसभा के उपसभापति हरिवंश ने सभापति जगदीप धनखड़ के प्रति विपक्ष का अविश्‍वास प्रस्‍ताव खारिज किया।

• गृह मंत्री अमित शाह ने जम्‍मू-कश्‍मीर में सुरक्षा स्थिति पर दिल्‍ली में समीक्षा बैठक की अध्‍यक्षता की।

• रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आधुनिक युद्ध के बदलते तरीकों से तालमेल बिठाने के लिए उच्च-स्तरीय तकनीकों को अपनाने पर बल दिया।

• अफगानिस्‍तान के गजनी प्रांत में दो सड़क दुर्घटनाओं में 50 लोग मारे गए।

• अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट परिषद ने अगले वर्ष चैंपियन्‍स ट्रॉफी में भारत के मैच पाकिस्‍तान के बजाय तटस्‍थ जगह कराने की घोषणा की।

—-