Download
Mobile App

android apple
signal

December 18, 2024 10:07 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:

 

  • सरकार ने विपक्ष पर संसद में बाबा साहेब डॉक्‍टर भीमराव आम्‍बेडकर पर गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी को तोड़मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया। विपक्षी दलों ने टिप्पणी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

 

  • भारतीय नौसेना के अत्याधुनिक हाइड्रोग्राफिक पोत आई एन एस निर्देशक का नौसेना डॉकयार्ड विशाखापट्टनम में जलावतरण किया गया।

 

  • मुंबई के पास समुद्र में एक नौका पलटने से 13 लोगों की मौत।

 

  • चालू वित्त वर्ष के दौरान प्रत्यक्ष कर संग्रह में पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 20 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि।

 

  • भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डरगावस्कर ट्रॉफी का तीसरा क्रिकेट टेस्ट मैच बारिश के कारण ड्रॉ।

 

*****

 

सरकार ने विपक्ष पर गृह मंत्री अमित शाह की डॉ. आम्‍बेडकर पर की गई टिप्‍पणी को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर डॉ. बाबा साहेब भीमराव आम्‍बेडकर को अपमानित करने का आरोप लगाया।

 

इतने सालों तक बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को अपमानित किया कांग्रेस पार्टी ने, वो काफी नहीं है और भी अपमानित करना चाहते है। ये एक नहीं हो सकते हैं। बाबा भीमराव आम्‍बेडकर के कदमों पर चलने वाले हम लोग है और ये कांग्रेस पार्टी न जीते जी बाबा साहेब को सम्‍मान दिया और बाबासाहेब को परिनिर्वाण के बाद आज भी अपमानित करने का कोशिश किया।

 

पूर्व केन्‍द्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस की निंदा की।  

 

कांग्रेस का काला चिट्ठा खोलने का काम अमित शाह जी ने किया है उनकी सच्चाई को सामने लाने का काम किया है कि कैसे कांग्रेस सदा एससी, एसटी, ओबीसी विरोधी रही। यह जो सदा अंबेडकर विरोधी रहे आज उनकी मजबूरी बन गई अंबेडकर जी की फोटो हाथ में लेकर उतरने की, क्‍योंकि कांग्रेस का चेहरा बेनकाब हुआ है।

 

इससे पहले़, विपक्षी दलों ने गृह मंत्री अमित शाह की डॉ. अम्‍बेडकर पर टिप्पणी के खिलाफ आज संसद भवन परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। श्री खरगे ने गृह मंत्री की आलोचना करते हुए कहा कि अपनी टिप्‍पणी से श्री शाह ने संविधान निर्माता का अपमान किया है।

 

जो बाबासाहेब का अपमान शाह ने किया है, वो गलत है इसलिए आई डिमांड इज रेजिगनेशन। बाबासाहेब का अपमान किया, संविधान का अपमान किया और उनकी जो मनुस्‍मृति की आइडियोलॉजी है वो दर्शाता है कि वो खुद बाबासाहेब आम्‍बेडकर के संविधान को रिस्‍पेक्‍ट नहीं देना चाहते है।

 

*****

 

केन्‍द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज राज्‍यसभा में कल के उनके भाषण को तोड-मरोडकर पेश करने से संबंधित मामले में कांग्रेस के आरोपों की कडी निंदा की है। नई दिल्‍ली में आज शाम पार्टी मुख्‍यालय में श्री शाह ने इसकी निंदा करते हुए कांग्रेस पर डॉ. भीमराव आंबेडकर विरोधी और आरक्षण तथा संविधान के विरूद्ध होने का आरोप लगाया। उन्‍होंने कहा कि देश में आपातकाल लागू करके कांग्रेस ने सभी संवैधानिक मूल्‍यों का उल्‍लंघन किया था।

 

सांसद जैसे देश के सर्वोच्च लोकतांत्रिक फॉर्म में जब चर्चा होती है कि बात तथ्य के आधार पर होनी चाहिए और बात सत्य के आधार पर होगी। कल से कांग्रेस पार्टी ने जिस तरह से तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर रखने का प्रयास किया है। यह अत्यंत निंदनीय है और मैं इसकी निंदा करना चाहता हूं।

 

श्री शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी की तथ्‍य के साथ छेडछाड करने और अनावश्‍यक हंगामा करने की प्रवृत्ति है। श्री शाह ने कहा कि संसद में संविधान पर हुई चर्चा का कांग्रेस के पास कोई जवाब नहीं है कि वह डॉ.भीम राव आंबेडकर, आरक्षण और संविधान के विरूद्ध है।

 

श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकाल के दौरान बाबा साहब आंबेडकर का कोई भी स्‍मारक नहीं बनवाया गया, जबकि अन्‍य पाटियां सत्ता में आई तो उन्‍होंने स्‍मारक बनवाए। उन्‍होंने बताया कि नरेन्‍द्र मोदी की नेतृत्‍व वाली सरकार ने बाबा साहब आंबेडकर के स्‍मरण में पंच तीर्थ विकसित किए। भाजपा के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने कई दशकों तक डॉ. बी. आर. आंबेडकर को भारत रत्‍न नहीं दिया लेकिन भाजपा समर्थित केंद्र की सरकार ने 1990 में उन्‍हें सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान से सम्‍मानित किया।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज डॉ. भीमराव आम्‍बेडकर पर केंद्रीय गृह मंत्री की टिप्पणी पर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि श्री अमित शाह ने भारतीय संविधान के निर्माता का अपमान करने के कांग्रेस के काले इतिहास को उजागर किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि डॉ. आम्‍बेडकर के प्रति उनकी सरकार का पूरा सम्मान और श्रद्धा है।

 

*****

 

संसद के दोनों सदनों में आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान करने के विपक्ष के आरोपों के कारण हंगामा हुआ। इसके बाद दोनों सदनों की कार्यवाही दिनभर के लिए स्‍थगित कर दी गई।

 

लोकसभा की कार्यवाही स्‍थगन के बाद दोपहर दो बजे फिर शुरू होने पर सभापति ने विभिन्‍न मुद्दों पर विपक्षी सदस्‍यों के स्‍थगन नोटिस की अनुमति नहीं दी। विपक्षी दलों के सांसद श्री शाह के टिप्‍पणी पर माफी मांगने को लेकर नारेबाजी करते रहे। इस बाद सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्‍थगित कर दी गई। राज्‍यसभा में भी इसी प्रकार की स्थिति रही। सदन की कार्यवाही स्‍थगन के बाद दोपहर दो बजे फिर शुरू होने पर विपक्षी सांसदों ने इसी मुद्दे पर नारेबाजी की। हंगामा जारी रहने के कारण सभापति धनखड़ ने कार्यवाही कल तक के लिए स्‍थगित कर दी। समाचार कक्ष से करिश्‍मा राय।

 

*****

 

केन्‍द्र सरकार ने कहा है कि वर्ष 2022-23 के पिराई सत्र के दौरान किसानों के गन्ने का 99 दशमलव 9 प्रतिशत बकाया चुका दिया गया है। उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी ने आज लोकसभा में बताया कि वर्ष 2024-25 के चालू पिराई सत्र के दौरान गन्‍ने की 11 हजार 141 करोड रूपये की कुल देय राशि में से किसानों को आठ हजार 126 करोड रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

 

*****

 

एक राष्‍ट्र एक सदस्‍यता योजना में 30 प्रतिष्ठित प्रकाशकों की 13 हजार से ज्‍यादा शोध पत्रिकाओं को शामिल किया गया है। इस योजना की शुरूआत शिक्षा मंत्रालय ने शोध पत्रिकाओं की देशव्‍यापी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्‍य से की थी।

 

*****

 

भारतीय नौसेना का अत्याधुनिक हाइड्रोग्राफिक पोत आईएनएस निर्देशक आज विशाखापट्टनम में नौसेना में शामिल हो गया। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आईएनएस निर्देशक के जलावतरण समारोह में कहा कि भारतीय नौसेना आत्मनिर्भर भारत के अंतर्गत सर्वोत्तम जल सर्वेक्षण पोत बनाने के लिए प्रौद्योगिकी का भरपूर उपयोग कर रही है। सर्वेक्षण पोत परियोजना का दूसरा पोत आईएनएस निर्देशक, जल क्षेत्र का सर्वेक्षण करने के साथ नौवहन और समुद्री परिचालन में सहायता के लिए तैयार किया गया है।

 

*****

 

लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए विकास और स्थिरता के बीच संतुलन बनाने का आह्वान किया है। श्री बिरला ने आज नई दिल्‍ली में भारतीय वन सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों के एक समूह के लिए संसदीय प्रक्रियाओं और कार्य पद्धतियों के मूल्यांकन पाठ्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्‍होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन विश्व के समक्ष सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है और भारत मिशन लाइफ के साथ इस चुनौती से निपटने में सबसे आगे है।

 

दुनिया के अंदर सबसे बड़ी चुनौती है, तो जलवायु परिवर्तन और इन चुनौतियों से निपटने के लिए हमारी बहुत बड़ी दूरदृष्टि, हमारे संस्‍कार, विचार, हमारी कार्य प्रणाली हमेशा पर्यावरण के अनुकूल रही है। जब दुनिया पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली जीने लगे, तो निश्चित रूप से  हम पर्यावरण को सुरक्षित रख पाएंगे। आने वाले समय के अंदर हम वन का संरक्षण भी करेंगे और जलवायु परिवर्तन से निपटने में हमारे किए गए उपाय दुनिया के लिए मार्गदर्शन होंगे।

 

*****

 

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने आज इस्राइल के विदेश मंत्री गिदोन सा से फ़ोन पर बातचीत की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि श्री सा’आर ने उन्हें मध्‍य एशिया में चल रहे घटनाक्रमों के बारे में जानकारी दी। श्री जयशंकर ने कहा कि इस्राइल के विदेश मंत्री ने दोनों देशों के बीच संबंधों को मज़बूत करने के प्रयासों पर भी चर्चा की।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबा के निमंत्रण पर 21 और 22 दिसंबर को कुवैत यात्रा पर रहेंगे। यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की पिछले 43 वर्षों में पहली कुवैत यात्रा होगी।

 

*****

 

मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा गुफाओं तक यात्रियों को ले जा रही एक नौका आज शाम रायगढ जिले के उरान के पास पलट गई। महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि नाव दुर्घटना में कुल तेरह लोगों की मृत्‍यु हुई हैं। जिनमें तीन नौसैनिक भी है। दो अन्‍य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनका इलाज नौसेना के अस्‍पताल में किया जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि नौसेना, तटरक्षक बल और समुद्री पुलिस द्वारा बचाव कार्य जारी है। श्री फडणवीस ने मुख्‍यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों के लिए पांच-पांच लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

 

*****

 

राजस्थान में बीकानेर के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में आज प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए और एक घायल हो गया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि यह जवान टैंक में गोला-बारूद लोड कर रहे थे, तभी चार्जर फट गया।

 

*****

 

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि जनवरी 2025 से राज्य में समान नागरिक संहिता लागू हो जाएगी। उन्‍होंने कहा कि उत्तराखंड इस कानून को लागू करने वाला देश का पहला राज्य बनने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। एक रिपोर्ट –

 

उत्तराखंड में यूसीसी को लागू करने  के लिए शासन – प्रशासन स्तर पर सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। आज देहरादून में उत्तराखंड निवेश और आधारिक संरचना विकास बोर्ड की बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को यूसीसी लागू करने के निर्देश दिए। संसद में यूसीसी का जिक्र करने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया है। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।

 

*****

 

आयकर विभाग ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कल तक 19 लाख 21 हजार करोड रुपये का प्रत्‍यक्ष कर संग्रह किया है। यह कर संग्रह पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि की तुलना में बीस प्रतिशत अधिक है। इसमें नौ लाख 24 हजार करोड रुपये से अधिक के निगमित कर और नौ लाख 53 हजार करोड रुपये के गैर-निगमित कर शामिल हैं।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि अंडमान और निकोबार के द्वीपों का नाम देश के नायकों के नाम पर रखना यह सुनिश्चित करने का एक तरीका है कि राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा को आने वाली पीढ़ियां याद रखें। सोशल मीडिया पर आज एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि जो देश अपनी जड़ों से जुड़े रहते हैं, वे विकास और राष्ट्र निर्माण में आगे बढ़ते हैं।

 

*****

 

हिन्‍दी के लिए वर्ष 2024 का साहित्‍य अकादमी पुरस्‍कार जान-मानी लेखिका गगन गिल को उनके कविता संग्रह ‘मैं जब तक आई बाहर’ के लिए दिया जाएगा। आज नई दिल्‍ली में यह घोषणा करते हुए साहित्‍य अकादमी के सचिव श्रीनिवास राव ने बताया कि अंग्रेजी समेत सभी 21 भषाओं के लेखकों को अगले वर्ष 8 मार्च को एक लाख रुपए की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र के साथ सम्‍मानित किया जाएगा।

 

*****

 

ब्रिस्‍बन में भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्‍कर ट्रॉफी का तीसरा क्रिकेट टेस्ट मैच बारिश के कारण ड्रॉ हो गया है। पांच मैचों की श्रृंखला में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर है। चौथा टेस्ट 26 दिसंबर से मेलबर्न में खेला जाएगा। इस बीच, ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है।

 

*****

 

दिल्‍ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। आज शाम सात बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 448 दर्ज किया गया।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :

 

  • सरकार ने विपक्ष पर संसद में बाबा साहेब डॉक्‍टर भीमराव आम्‍बेडकर पर गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया। विपक्षी दलों ने टिप्पणी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

 

  • भारतीय नौसेना के अत्याधुनिक हाइड्रोग्राफिक पोत आई एन एस निर्देशक का नौसेना डॉकयार्ड विशाखापट्टनम में जलावतरण किया गया।

 

  • मुंबई के पास समुद्र में एक नौका पलटने से 13 लोगों की मौत।

 

  • चालू वित्त वर्ष के दौरान प्रत्यक्ष कर संग्रह में पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 20 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि।

 

  • भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा क्रिकेट टेस्ट मैच बारिश के कारण ड्रॉ।

 

*****