मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जयपुर में 46 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली बिजली, सड़क, रेलवे और जल से संबंधित कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा – भारत किफायती चिकित्सा पर्यटन केंद्र के रूप में उभर रहा है और इस दिशा में डॉक्टर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
- लोकसभा ने चालू वित्त वर्ष के लिए पूरक अनुदान मांगों के पहले बैच को मंजूरी दी।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सार्वजनिक क्षेत्र के नए रक्षा उपक्रमों की भूमिका और कार्यों पर चर्चा के लिए परामर्श समिति की बैठक की अध्यक्षता की।
- रूसी परमाणु सुरक्षा बलों के शीर्ष सैन्य अधिकारी जनरल इगोर किरिलोव की मास्को में बम विस्फोट में मौत; यूक्रेन ने इसकी जिम्मेदारी ली।
- ब्रिस्बेन में भारत, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्रिकेट टेस्ट मैच में वापसी कर फॉलो-ऑन से बचा।
********
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज राजस्थान में 46 हजार तीन सौ करोड़ रूपये से अधिक की 24 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें ऊर्जा, सड़क, रेलवे और जल से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कहा कि इन परियोजनाओं से रोजगार के अनेक अवसर भी मिलेंगे।
आज यहां 45-50 हजार करोड रुपए से अधिक के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। यह प्रोजेक्ट राजस्थान में पानी की चुनौती का स्थाई समाधान करेंगे। यह प्रोजेक्ट राजस्थान को देश के सबसे कनेक्टेड राज्यों में से एक बनाएंगे। इससे राजस्थान में निवेश को बल मिलेगा। रोजगार के अनगिनत अवसर बनेंगे। राजस्थान के टूरिज्म को, यहां के किसानों को मेरे नौजवान साथियों को, इससे बहुत फायदा होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार देश में सुशासन का प्रतीक बन रही है।
भाजपा की डबल इंजन की सरकारें सुशासन का प्रतीक बन रही है। भाजपा जो भी संकल्प लेती है, वह पूरा करने का ईमानदारी से प्रयास करती है। आज देश के लोग कह रहे हैं, कि भाजपा सुशासन की गारंटी है। और तभी तो एक के बाद एक के बाद एक राज्यों में आज भाजपा को इतना भारी जन समर्थन मिल रहा है।
श्री मोदी भजन लाल शर्मा सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर जयपुर में आयोजित एक समारोह में शामिल हुए।
********
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि भारत किफायती चिकित्सा पर्यटन के मुख्य केन्द्र के रूप में उभर रहा है और इस दिशा में देश के डॉक्टर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राष्ट्रपति आज आंध्रप्रदेश के मंगलागिरी में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान – एम्स के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रही थीं। राष्ट्रपति मुर्मु ने चिकित्सा व्यवसाय को मानवता की सेवा का माध्यम बातते हुए डॉक्टरों को सलाह दी की कि वे सेवा भाव, निरंतर अध्ययन और अनुसंधान पर विशेष ध्यान दें।
********
लोकसभा ने वर्ष 2024-25 के लिए अनुदान के प्रथम बैच के लिए पूरक मांगों की मंजूरी दे दी है। सरकार ने 87 हजार सात सौ 62 करोड़ रुपये से अधिक के सकल अतिरिक्त व्यय को अधिकृत करने के लिए संसद की मंजूरी की मांग की। सदन ने वित्त वर्ष 2024-25 की सेवाओं के लिए भारत की संचित निधि से कुछ और राशियों के भुगतान और भुगतान को अधिकृत करने के लिए विनियोग विधेयक को भी सहमति दी है।
चर्चा का उत्तर देते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। यह पिछले तीन वर्षों में आठ दशमलव तीन प्रतिशत की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि का साक्षी रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अर्थव्यवस्था आने वाले वर्षों में बेहतर प्रदर्शन जारी रखेगी।
********
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारतीय संविधान सरकार के लिए मात्र एक दस्तावेज नहीं है, बल्कि पिछडे वर्गों के कल्याण और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा का मूलभूत स्रोत है। उन्होंने कहा कि संविधान देश में लोकतंत्र की जडें मजबूत करता है और बिना किसी रक्तपात के सत्ता हस्तांतरण सुनिश्चित करता है। राज्यसभा में आज भारतीय संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर विशेष चर्चा का उत्तर देते हुए गृह मंत्री विपक्ष के इस आरोप का करारा जवाब दिया कि संविधान की अनदेखी की जा रही है। श्री शाह ने कांग्रेस शासन के दौरान किये गए अनेक संविधान संशोधनों का उल्लेख किया और बताया कि कांग्रेस के शासन में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने का पहला संविधान संशोधन हुआ था।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के 16 वर्ष के शासन में केवल 22 बार संविधान संशोधन किये गए, जबकि कांग्रेस के 55 साल के शासन में 77 संशोधन किए गए। श्री शाह ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित किया। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने देश को गुलामी की मानसिकता से मुक्ति दिलाई है। श्री शाह ने कहा कि आज देश विश्व की पांचवीं सबसे बडी अर्थव्यवस्था है।
जो कहते थे हम आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर नहीं हो पाएंगे। उनको हमारी जनता ने हमारे संविधान की खूबसूरती ने जवाब दिया है। हम आज दुनिया का पांचवा अर्थतंत्र बनकर और ब्रिटेन जिन्होंने सालों तक हम पर राज किया। आज ब्रिटेन भी अर्थतंत्र की तालिका में हमारे पीछे खड़ा है।
गृह मंत्री ने कहा कि पिछले 75 वर्षों में कई देशों ने आजादी हासिल की और नई शुरुआत की, लेकिन वहां लोकतंत्र सफल नहीं हो पाया।
जो कहते थे कि लोकतंत्र इस देश में सफल नहीं होगा। मैं वह सभी लोगों के सदन के माध्यम से कहना चाहता हूं कि 75 साल हो गए। दुनिया भर में कई लोग आजाद हुए नई शुरुआत की, वहां कई बार अकस्मात हुए लोकतंत्र सफल नहीं हुआ। हमारा लोकतंत्र आज पाताल तक गहरा पहुंचा है। अनेक परिवर्तन रक्त की एक बूंद बहाए बगैर हमने करें हैं।
इससे पहले, चर्चा में भाग लेते हुए सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि भारत न केवल सबसे बड़ा लोकतंत्र है, बल्कि लोकतंत्र की जननी भी है।
भारतवर्ष लार्जेस्ट डेमोक्रेसी तो है ही। इट इज नॉट वनली द लार्जेस्ट डेमोक्रेसी बट इट इज द मदर ऑफ डेमोक्रेसी दैट वी हैव टू अंडरस्टैंड। संविधान के निर्माता इस बात को जानते थे कि यह देश नेशन इन मेकिंग नहीं है। यह नेशन था पुरातन देश था और यह पुरातन देश हमारी मान्यताओं के आधार पर, हमारी संस्कृति के आधार पर, हमारे ,एथोस के आधार पर हमारे पुरातन विचार पर यह समाहित था।
तृणमूल कांग्रेस की सुष्मिता देव ने आरोप लगाया कि एक प्रतिशत आबादी देश की 40 प्रतिशत संपत्ति को नियंत्रित कर रही है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि देश के संवैधानिक और सभ्यता के मूल्य बहुत महत्वपूर्ण हैं। जनता दल सेक्युलर के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, कांग्रेस के सैयद नसीर हुसैन, तृणमूल की ममता ठाकुर, राष्ट्रीय जनता दल के मनोज झा, यूपीपीएल के रवंगवरा नारज़री, बीजू जनता दल के निरंजन बिशी, आईयूएमएल के अब्दुल वहाब और अन्य सदस्यों ने भी चर्चा में भाग लिया।
********
एक राष्ट्र एक चुनाव से संबंधित दो विधेयक आज लोकसभा में पेश किये गए। केन्द्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने संविधान (129वां) संशोधन विधेयक-2024 और केन्द्रशासित प्रदेश विधि (संशोधन) विधेयक-2024 सदन के पटल पर रखे।
विधि मंत्री ने जैसे ही विधेयक सदन में पेश किए तो विपक्षी दलों ने मत विभाजन की मांग की। 269 सदस्यों ने विधेयक पेश किए जाने के पक्ष में और 198 सदस्यों ने इसके विरोध में मत दिया।
********
एक राष्ट्र एक चुनाव पर हमारे संवाददाता की विशेष रिपोर्ट-
देश में एक साथ चुनाव कराने की अवधारणा नई नई है। इससे पहले 1951 से 1967 तक लोकसभा और सभी राज्यों के विधानसभाओं के चुनाव एक साथ आयोजित किए गए थे। स्वतंत्रता के बाद से अब तक लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के 400 से अधिक चुनाव हो चुके हैं। एक साथ चुनाव कराने से न केवल संसाधनों की बचत होगी, बल्कि आदर्श आचार संहिता के कारण विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा नहीं कर पाने की बाधा भी दूर होगी। एक बार जब यह विधेयक कानून बन जाएगा तो इसे दो चरणों में लागू किया जाएगा। पहले चरण में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होंगे, और दूसरे चरण में स्थानीय निकाय चुनाव आम चुनाव के 100 दिन के भीतर कराए जाएंगे। एक साथ होने वाले चुनाव से मतदाता एक ही दिन अपने निर्वाचन क्षेत्र में लोकसभा और राज्य विधानसभा दोनों के लिए मतदान कर सकेंगे। दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
********
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में आज मंत्रालय परामर्श समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सार्वजनिक क्षेत्र के नए रक्षा उपक्रमों की भूमिकाओं और कार्यों पर चर्चा हुई। एक रिपोर्ट-
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों को वित्तीय आंकड़ों, आधुनिकीकरण, पूँजीगत व्यय, निर्यात, नए उत्पादों के विकास तथा निमार्णाधीन विकास परियोजनाओं और अनुसंधानों के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि ये नए उपक्रम आधुनिकीकरण और स्वदेशीकरण की भावना को आगे ले जाएंगे और विश्वस्तरीय तकनीकों के लिए नए आयाम स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह उपक्रम रक्षा उत्पादन क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाएंगे। सकलेन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से करिश्मा राय।
********
एक एजेंट के झांसे में आई महिला, हमीदा बानो आज 22 साल बाद स्वदेश लौटी हैं। स्वदेश लौटने पर विदेश मंत्रालय के अधिकारी ने उनकी अगवानी की। हमीदा ने बताया कि वह मुंबई में रहती थी, जहां से एक एजेंट ने उन्हें दुबई में नौकरी का झांसा देकर पाकिस्तान के सिन्ध प्रान्त के हैदराबाद भेज दिया। हमीदा ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह वापस भारत लौट पाएंगी।
2 साल हुआ कोई मेरा पता नहीं था कि मैं इंडिया पहुंच सकूंगी। मगर क्या हुआ फिर बाद में 1 साल पहले इंडियन एमबेसी मेरे को बुलाई कि तुम इंडिया जा सकते करके फिर जाके मेरा अभी काम हुआ।
********
रूसी परमाणु सुरक्षा बलों के एक शीर्ष सैन्य अधिकारी जनरल इगोर किरिलोव और उनके एक सहयोगी की आज मॉस्को में एक इलेक्ट्रिक वाहन में छिपाए गए बम से हत्या कर दी गई। रूसी जांच एजेंसियों के अनुसार, किरिलोव को उनके एक सहयोगी के साथ मार दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यूक्रेन के सुरक्षाबलों ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
********
फ्रांस के मायोत में चक्रवात चिडो के कारण 22 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 14 सौ से अधिक लोग घायल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चक्रवाती तूफान चिडो से हुई तबाही पर दु:ख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में मोदी ने कहा कि भारत इस त्रासदी के क्षण में फ्रांस के साथ खडा है और हर प्रकार की सहायता देने को तैयार है।
********
ब्रिस्बेन में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गवास्कर ट्रॉफी के तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के आज चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने पहली पारी में नौ विकेट पर 252 रन बनाकर फॉलोआन बचा लिया है। भारतीय टीम अभी भी 193 रन पीछे है।
********
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जयपुर में 46 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली बिजली, सड़क, रेलवे और जल से संबंधित कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा – भारत किफायती चिकित्सा पर्यटन केंद्र के रूप में उभर रहा है और इस दिशा में डॉक्टर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
- लोकसभा ने चालू वित्त वर्ष के लिए पूरक अनुदान मांगों के पहले बैच को मंजूरी दी।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सार्वजनिक क्षेत्र के नए रक्षा उपक्रमों की भूमिका और कार्यों पर चर्चा के लिए परामर्श समिति की बैठक की अध्यक्षता की।
- रूसी परमाणु सुरक्षा बलों के शीर्ष सैन्य अधिकारी जनरल इगोर किरिलोव की मास्को में बम विस्फोट में मौत; यूक्रेन ने इसकी जिम्मेदारी ली।
- ब्रिस्बेन में भारत, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्रिकेट टेस्ट मैच में वापसी कर फॉलो-ऑन से बचा।
********