मुख्य समाचार:
- भारत और श्रीलंका ने आयकरों के सम्बंध में राजकोषीय और दोहरे कराधान वंचना को रोकने के लिए दोनों पक्षों के बीच प्रोटोकॉल संशोधन समझौते का आदान-प्रदान किया।
- श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आश्वासन दिया कि वे श्रीलंका की धरती का इस्तेमाल भारत विरोधी गतिविधियों के लिए नहीं होने देंगे।
- राज्यसभा में भारतीय संविधान के 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर और लोकसभा में मौजूदा वित्तीय वर्ष के पहले बैच की पूरक अनुदान मांगों पर चर्चा हुई।
- 1971 के युद्ध में भारत की पाकिस्तान पर जीत के उपलक्ष्य में देश भर में विजय दिवस मनाया गया।
***
भारत और श्रीलंका ने आयकरों के सम्बंध में राजकोषीय और दोहरे कराधान वंचना को रोकने के लिए दोनों देशों के बीच प्रोटोकॉल संशोधन समझौते का आदान-प्रदान किया। दोनों पक्षों ने श्रीलंका के सिविल सेवकों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के बारे में समझौता ज्ञापन का भी आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत दौरे पर आए श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायक के बीच नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता के बाद समझौतों का आदान-प्रदान किया गया। दोनों नेताओं ने आपसी हितों के मुद्दों पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस पर प्रसन्नता व्यक्त की कि राष्ट्रपति के रूप में श्री दिसानायक ने पहली विदेश यात्रा के लिए भारत को चुना है। उन्होंने कहा कि भारत और श्रीलंका के लोगों के बीच सभ्यतागत संबंध हैं।
जब भारत में पाली भाषा को क्लासिक भाषा का दर्जा दिया गया, तो श्रीलंका में भी उसकी खुशी मनाई गई। हमने निर्णय लिया है कि नागपतिनाम और कन्केसंथूराई फेरी सर्विस की सफल शुरुआत के बाद, अब रामेश्वरम और तलाइमनार के बीच फ़ेरी सर्विस शुरू की जायेगी। ‘बौद्ध सर्किट’ और श्रीलंका के ‘रामायण ट्रेल’ के माध्यम से पर्यटन की अपार संभावनाओं को साकार करने पर भी काम किया जायेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मछुआरों की आजीविका से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
हम सहमत हैं कि हमें इस मामले में एक मानवीय अप्रोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। हमने श्रीलंका में रीकन्स्ट्रक्शन और रीकन्सिलीऐशन पर भी बात की। राष्ट्रपति दिसानायक ने अपने समावेशी दृष्टिकोण के बारे में मुझे बताया। हम आशा करते हैं कि श्रीलंका सरकार तमिलों की आकांक्षाओं को पूरा करेगी।
श्री दिसानायक ने कहा कि उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री को आश्वासन दिया है कि वे, ऐसी स्थिति कभी उत्पन्न नहीं होने देंगे, जिससे भारत के हितों को श्रीलंका से किसी प्रकार का नुकसान हो। उन्होंने कहा कि भारत के साथ सहयोग निश्चित रूप से बढ़ेगा।
श्री दिसानायके ने कहा कि श्रीलंका ने दो वर्ष पहले अभूतपूर्व आर्थिक संकट का सामना किया था और भारत ने उस दलदल से बाहर निकलने में उसकी भरपूर सहायता की थी।
श्रीलंका के राष्ट्रपति का आज सवेरे राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में रस्मी स्वागत किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया। श्रीलंका के राष्ट्रपति ने राजघाट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की।
श्रीलंका के राष्ट्रपति भारत की तीन दिन की यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचे थे। सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ० एल मुरुगन ने उनकी अगवानी की। वह बिहार के बोधगया भी जाएंगे।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि श्रीलंका भारत का सबसे करीबी समुद्री पड़ोसी भी है और भारत की पड़ोसी प्रथम की नीति और भारत के विजन-सागर का अभिन्न अंग रहा है।
विदेश सचिव ने कहा कि भारत श्रीलंका का सबसे बड़ा व्यापार भागीदार है और पर्यटन तथा निवेश का सबसे बड़ा स्रोत है।
***
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज नई दिल्ली में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायक से मुलाकात की। उन्होंने इतिहास और संस्कृति की मजबूत नींव पर निर्मित भारत और श्रीलंका की बहु-आयामी भागीदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की।
***
राज्यसभा में आज संविधान के 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर विशेष चर्चा शुरू हुई। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने चर्चा की शुरुआत करते हुए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संविधान की रक्षा के मुद्दों पर विपक्ष की आलोचना की। उन्होंने देश में आपातकाल लगाने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधते हुये कहा कि आपातकाल के दौरान लोकसभा का कार्यकाल बिना किसी उचित कारण के बढ़ाया गया और इस दौरान पूरे विपक्ष को जेल में डाल दिया गया।
श्रीमती सीतारामन ने कहा कि कई देशों ने संविधान में न केवल संशोधन किये हैं बल्कि संविधान की संपूर्ण विशेषता को ही बदल दिया है। उन्होंने कहा कि भारत का अनुभव बताता है कि देश का संविधान मजबूत है और समय की कसौटी पर खरा उतरा है।
चर्चा में भाग लेते हुए सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही लोगों को सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार का अधिकार दिया।
स्वाधीनता संग्राम के दौरान ही संविधान निर्माण की सोच उपजी थी। कांग्रेस के इतिहास से ये गहराई से जुडा है और 1921 में सरदार पटेल की अध्यक्षता में कराची कांग्रेस अधिवेशन में जवाहर लाल नेहरू ने मूल अधिकारों और आर्थिक नीति पर प्रस्ताव रखा था, जो पारित हुआ, ऐसा ही कांस्टीट्यूशन नहीं बना, ये आजादी की लडाई से बना है।
अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के साकेत गोखले ने सरकार पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया।
***
1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की जीत की याद में आज पूरा देश विजय दिवस मना रहा है। युद्ध के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी जा रही है। 1971 में इसी दिन पाकिस्तानी सेना के लेफ्टिनेंट जनरल ए खान नियाजी ने 93 हजार सैनिकों के साथ भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने बिना शर्त आत्मसमर्पण किया। युद्ध की समाप्ति के बाद पूर्वी पाकिस्तान का उदय बांग्लादेश के रूप में हुआ।
***
विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।
***
भारत और बांग्लादेश के सशस्त्र बलों ने एक दूसरे को शुभकामनाएं दीं। बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग ने साझा इतिहास और दीर्घकालिक मित्रता तथा सद्भाव को दर्शाते हुए, दोनों देशों की सेनाओं ने त्रिपुरा में अगरतला-अखौरा सीमा पर एक दूसरे को बधाई दी और मिठाइयां बांटी।
***
छत्तीसगढ़ में केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह के रायपुर दौरे के दौरान दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। डेयरी क्षेत्र के विकास के लिए छत्तीसगढ़ सरकार और राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड- एनडीडीबी के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य लघु वन उत्पाद सहकारी संघ लिमिटेड और राष्ट्रीय सहकारी जैविक लिमिटेड के बीच एक और समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उपस्थित थे।
***
सरकार ने ‘ई-एनडब्ल्यूआर आधारित प्रतिज्ञा वित्तपोषण के लिए ऋण गारंटी योजना’ शुरू की है। इस योजना के तहत, किसान अब अपनी उपज के माध्यम से ऋण प्राप्त कर सकेंगे। किसानों को भण्डारण विकास और विनियमन प्राधिकरण के साथ पंजीकृत गोदामों में अपनी उपज जमा करने के बाद, एक इलेक्ट्रॉनिक नेगोशिएबल वेयरहाउस रसीद जारी की जाएगी। इस रसीद का उपयोग बैंकों और अन्य ऋण देने वाली संस्थाओं से कम ब्याज दर वाले ऋण प्राप्त करने के लिए डिफ़ॉल्ट के खिलाफ गारंटी के रूप में किया जा सकता है।
***
शिक्षा मंत्रालय ने बताया है कि सरकार पीएम श्री योजना के अन्तर्गत 620 जवाहर नवोदय विद्यालय विकसित करेगी, जिसका उद्देश्य मौजूदा विद्यालयों में बुनियादी ढांचे और अन्य सुविधाओं को सुदृढ करना है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लोकसभा में एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में नवोदय विद्यालय में छात्रों के नामांकन की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है।
***
केंद्र ने कहा है कि देश में विभिन्न राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और प्रदूषण नियंत्रण समितियों ने तीन हजार पांच सौ 19 अत्यधिक प्रदूषण करने वाले उद्योगों की पहचान की है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने लोकसभा में बताया कि मानदंडों का उल्लंघन करने वाले छह सौ 69 अत्यधिक प्रदूषण फैलाने वाले उद्योग बंद हो गये हैं।
उन्होंने कहा कि नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदूषित और अपशिष्ट जल के उपचार के लिए 32 हजार पांच सौ 13 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कुल 203 अपशिष्ट बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।
***
लोकसभा में आज 2024-25 के पहले बैच की पूरक अनुदान मांगों पर चर्चा शुरू हुयी। सरकार ने 87 हजार सात सौ 62 करोड़ रुपये से अधिक के सकल अतिरिक्त व्यय को अधिकृत करने के लिए संसद की मंजूरी मांगी है।
चर्चा की शुरुआत करते हुए कांग्रेस के के.सी. वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में आईटी, लॉजिस्टिक, खुदरा, एफएमसीजी और बैंकिंग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में वेतन में उल्लेखनीय वृद्धि नहीं हुई है। भाजपा के डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि सरकार पूरक अनुदान मांगों के अन्तर्गत किसानों के लिए 25 हजार करोड़ रुपये की मांग कर रही है।
***
केन्द्र सरकार ने बताया कि रबी फसलों की बुवाई पांच सौ 58 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में की गई है। कृषि मंत्रालय ने आज एक बयान में कहा कि गेहूं की बुवाई 293 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में की गई है। दलहन की खेती एक करोड 23 लाख 27 हजार हेक्टेयर, और मोटे अनाज की बुवाई 38 लाख 75 हजार हेक्टेयर में की गई। तिलहन की बुवाई का रकबा बढकर 91 लाख 60 हजार हेक्टेयर से अधिक हो गया।
कृषि और किसान कल्याण विभाग ने आज रबी फसलों के अंतर्गत क्षेत्र कवरेज पर प्रगति रिपोर्ट जारी की।
***
भारतीय जनता पार्टी ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के पत्रों को प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय को लौटाने को कहा है। भाजपा ने कहा है कि ये ऐतिहासिक दस्तावेज देश के हैं। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय की बैठकों की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि संग्रहालय के तत्कालीन निदेशक की मंजूरी के बाद जवाहर लाल नेहरू के पत्राचार के 51 बक्से सोनिया गांधी को दिए गए थे।
***
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में आज रात साढे़ नौ बजे “”उपभोक्ता जागरूकता- अधिकार और जिम्मेदारियां” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। परिचर्चा में उपभोक्ता कार्य विभाग की सचिव निधि खरे भाग लेंगी।
श्रोता कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ता अधिकारों और जिम्मेदारियों से जुड़े प्रश्न टेलीफोन नंबर 011-23 42 10 50 और 011-23 31 44 44 पर पूछ सकते हैं।
***
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और पूर्वी राजस्थान में शीत लहर चलने की संभावना जताई है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी तथा पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी शीत लहर की स्थिति बनी हुई है।
तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में अगले दो-तीन दिनों के दौरान भारी बारिश होने की आशंका है।
***
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- भारत और श्रीलंका ने आयकरों के सम्बंध में राजकोषीय और दोहरे कराधान वंचना को रोकने के लिए दोनों पक्षों के बीच प्रोटोकॉल संशोधन समझौते का आदान-प्रदान किया।
- श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आश्वासन दिया कि वे श्रीलंका की धरती का इस्तेमाल भारत विरोधी गतिविधियों के लिए नहीं होने देंगे।
- राज्यसभा में भारतीय संविधान के 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर और लोकसभा में मौजूदा वित्तीय वर्ष के पहले बैच की पूरक अनुदान मांगों पर चर्चा हुई।
- 1971 के युद्ध में भारत की पाकिस्तान पर जीत के उपलक्ष्य में देश भर में विजय दिवस मनाया गया।
***