Download
Mobile App

android apple
signal

December 15, 2024 9:44 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:

 

  • महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली महायुति सरकार ने 39 मंत्रियों को मंत्रीपरिषद में शामिल किया।

 

  • सरकार ने अंतर्देशीय जलमार्गों के माध्यम से लंबी दूरी की माल ढुलाई के लिए ‘जलवाहक’ योजना शुरू की।

 

  • श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके भारत की तीन दिन की यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे।

 

  • 38वें राष्ट्रीय खेल के प्रतीक चिन्ह, शुभंकर और गान का देहरादून में उद्घाटन हुआ।

 

  • महिला क्रिकेट में, भारत ने कुआलालंपुर में अंडर-19 ट्वैन्टी-20 एशिया कप के अपने पहले मैच में पाकिस्तान पर नौ विकेट से जीत दर्ज की।

 

*****

 

महाराष्‍ट्र में आज 33 कैबिनेट और 6 राज्यमंत्रियों सहित 39 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। नागपुर के राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने महायुति सरकार के नवनियुक्त मंत्रियों को शपथ दिलाई।

 

महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के नवनियुक्त मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा अजित पवार मौजूद थे। कैबिनेट मंत्रियों की संख्या मे भाजपा 16 कैबिनेट मंत्री और 3 राज्य मंत्रीयो के साथ शीर्ष स्थान पर हैं, जबकि शिवसेना को 9 कैबिनेट मंत्री और 2 राज्य मंत्री मिले हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के 8 कैबिनेट मंत्री और 1 राज्य मंत्री ने शपथ ली। महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में भाजपा की पंकजा मुंडे, माधुरी मिशाड, मेघना बोर्डिकर और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की अदिति तटकरे  यह चार महिला मंत्री भी शामिल है। आज शपथ लेने वाले प्रमुख मंत्रियों में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले,  शिवेंद्र सिंह भोसले, नितेश राणे, शिवसेना के संजय राठौड़ और राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नरहरि झिरवाल और हसन मुश्रीफ   शामिल हैं। महाराष्ट्र विधानसभा का एक सप्ताह तक चलने वाला शीतकालीन सत्र कल से नागपुर में शुरू होगा। धनंजय वानखेडे आकाशवाणी समाचार, नागपूर

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज नई दिल्‍ली में मुख्‍य सचिवों के चौथे राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन की अध्‍यक्षता की। तीन दिन का यह सम्‍मेलन शुक्रवार को शुरु हुआ था। एक रिपोर्ट –

 

इस सम्‍मेलन का उद्देश्य राज्‍यों के साथ मिलकर साझा विकास कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करना था। सम्‍मेलन का उद्देश्‍य संघीय ढांचे को मज़बूत करने और तीव्र विकास के लिए राज्यों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करना था। सम्‍मेलन में राज्यों के मुख्‍य सचिवों, अन्य वरिष्‍ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों ने भागीदारी की। सम्‍मेलन का विषय था – उद्यमिता, रोजगार और कौशल संवर्धन के लिए आबादी का उपयोग। इसमें राज्‍यों की श्रेष्‍ठ कार्यशैलियों पर चर्चा की गई। दीपेन्‍द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

 

*****

 

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज तीन राष्ट्रीय जलमार्गों पर मालढुलाई को बढ़ावा देने के लिए ‘जलवाहक’ योजना की शुरुआत की। इसका उद्देश्य गंगा, ब्रह्मपुत्र और बराक नदियों से जुड़े जलमार्गों पर लंबी दूरी की मालढुलाई को प्रोत्साहित करना है। इस स्कीम से तीन सौ किलोमीटर से अधिक दूरी तक माल ढुलाई के लिए देशी जलमार्गों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। श्री सोनोवाल ने आज कोलकाता में जीआर जेट्टी से 3 मालवाहक जहाजों को रवाना भी किया। इसके साथ ही हल्दिया से राष्ट्रीय जलमार्ग संख्‍या-एक और दो के लिए मालवाहक जहाजों की सेवा शुरु हो गई है। श्री सोनोवाल ने जलमार्ग से माल ढुलाई किफायती और पर्यावरण अनुकूल है, इसलिए सरकार इसे बढ़ावा देना चाहती है। उन्होंने कहा कि इससे रेलवे और सड़क मार्ग पर यातायात का दबाव भी कम होगा।

 

*****

 

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने 2047 तक भारत को विकसित बनाने के लिए केंद्र और राज्य के सभी सरकारी विभागों के प्रयासों में एकरूपता की अपील की है। आज नई दिल्ली में, विज्ञान मंत्रालयों के सचिवों की बैठक में उन्होंने कहा कि नवाचार और क्षेत्रीय विकास को आगे बढ़ाने में राज्य वैज्ञानिक परिषदों की भूमिका महत्वपूर्ण है। डॉ सिंह ने कहा कि राज्यों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और जमीनी स्तर पर नवाचार को बढ़ावा देने के लिए साथ मिलकर काम करना चाहिए।

 

*****

 

एक राष्‍ट्र एक चुनाव से सं‍बंधित दो विधेयकों को कल लोकसभा में पेश किया जाएगा। केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुनराम मेघवाल 129वां संविधान संशोधन विधेयक और केन्‍द्रशासित क्षेत्र संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश करेंगे। हाल ही में सरकार ने देशभर में एक साथ चुनाव करवाने के लिए एक राष्‍ट्र एक चुनाव के प्रस्‍ताव पर विचार के लिए गठित उच्‍चस्‍तरीय समिति की सिफारिशें स्‍वीकर की थी। पूर्व राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्‍यक्षता में गठित उच्‍चस्‍तरीय समिति ने राजनीतिक दलों और विशेषज्ञों समेत सभी हितधारकों के साथ व्‍यापक विचार-विमर्श किया था। एक राष्‍ट्र एक चुनाव का सिद्धांत दो चरणों में लागू किया जाएगा। पहले चरण में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ कराये जाएंगे जबकि पंचायत और नगर पालिकाओं जैसे स्‍थानीय निकायों के चुनाव आम चुनावों के सौ दिनों के भीतर कराये जाएंगे।

 

*****

 

श्रीलंका के राष्‍ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके आज शाम भारत की तीन दिन की यात्रा पर दिल्‍ली पहुंचे। सूचना और प्रसारण राज्‍य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने दिल्‍ली हवाई अड्डे पर उनका स्‍वागत किया। एक रिपोर्ट 

 

श्रीलंका में हाल ही में संपन्‍न राष्‍ट्रपति और संसदीय चुनाव के बाद राष्‍ट्रपति दिसानायके की यह पहली भारत यात्रा है। श्री दिसानायके राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट करेंगे और कल प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ चर्चा करेंगे। राष्‍ट्रपति दिसानायके भारत और श्रीलंका के बीच निवेश और वाणिज्यिक संपर्कों को बढावा देने के लिए दिल्‍ली में एक कारोबारी कार्यक्रम में भी भागीदारी भी करेंगे। वे बिहार में बोधगया भी जाएंगे। श्रीलंका, प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हिंद महासागर क्षेत्र के विकास और सुरक्षा-सागर परिकल्‍पना के अलावा पडोसी प्रथम नीति के केन्‍द्र में भी है। दीपेन्‍द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

 

*****

 

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर और मोल्दोवा के उप-प्रधानमंत्री मिहाइल पोप्सोई ने आज नई दिल्‍ली में मोल्दोवा के दूतावास का संयुक्‍त रूप से उद्घाटन किया। डॉ. जयशंकर ने कहा कि इस दूतावास की शुरूआत दोनों देशों के संबंधों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्‍होंने कहा कि यह दुनियाभर के साथ भारत के बढ़ते संबंधों को भी दर्शाता है। डॉ. जयशंकर ने कहा कि यह दूतावास मैत्री का प्रतीक बनेगा। उन्होंने यह भी कहा की हमें आने वाले समय में मोल्दोवा में भी भारतीय दूतावास देखने को मिलेगा।

 

*****

 

डॉ. जयशंकर ने कहा कि दुनिया के दूसरे देशों के साथ भारत के संबंध प्रगाढ़ हुए हैं। विदेश मंत्री ने कहा है कि भारत अब बहुत अधिक उम्मीदों और जिम्‍मेदारियों वाला देश बन गया है। आज नई दिल्‍ली में एक कार्यक्रम में उन्‍होंने कहा कि अब दुनियाभर में सबसे पहले भारत की प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा की जाती है।

 

डॉ. जयशंकर ने कहा कि दुनिया के दूसरे देशों के साथ भारत के संबंध प्रगाढ़ हुए हैं और विदेश में काम कर रहे भारतीयों की संख्‍या भी काफी बढ़ी है। विदेश मंत्री ने कहा कि तकनीक के क्षेत्र में भारत की प्रगति का एक कारण यह भी है कि आपूर्ति श्रृंखला के मार्ग का नए सिरे से निर्धारण किया गया है।

 

*****

 

उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मध्यप्रदेश में ग्वालियर की विक्टोरिया मार्केट बिल्डिंग में आज भू-विज्ञान संग्रहालय का उद्घाटन किया। इस संग्रहालय को भू-विज्ञान शिक्षा और लोगों के आकर्षण का केंद्र बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। श्री धनखड़ ने जीवाजी विश्वविद्यालय में महाराजा श्रीमंत जीवाजीराव सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण भी किया। इस अवसर पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उपस्थित थे।

 

*****

 

गृहमंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ में बस्तर के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में, बस्तर ओलंपिक समापन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह ओलंपिक, बस्तर संभाग के सभी सातों जिलों की उम्मीदों की पहचान बनेगा, आदिवासी क्षेत्र के युवाओं को गलत रास्ते पर जाने से रोकेगा।

 

ये ओलंपिक इसकी सकारात्मक ऊर्जा से लाखों युवा आदिवासी किशोरो को गलत रास्ते पर से जाने से रोकेगा। यह बस्‍तर ओलंपिक लाखों युवाओं आदिवासियों को, भारत के निर्माण की प्रक्रिया के साथ जोड़ेगा। ये बस्तर ओलंपिक लाखों गरीब आदिवासी गांव का कल्याण का माध्यम भी बनने वाला है।

 

समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद थे। श्री शाह ने आज जगदलपुर में आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों के साथ ही नक्सली हिंसा से पीड़ित परिवारों से भी मुलाकात की।  

 

*****

 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि नशीले पदार्थों की लत और तपेदिक यानी टीबी से निज़ात पाने के लिए लोगों में जागरूकता ज़रूरी है। आज दिल्ली में मेजर ध्यानचंद्र राष्ट्रीय स्टेडियम में, विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों के बीच एक दोस्ताना क्रिकेट मैच का उद्घाटन करते हुए उन्होंने सांसदों से 2025 तक भारत को तपेदिक मुक्त बनाने के जन आंदोलन में सहयोग की अपील की।

 

इस संकल्‍प के साथ कि 2025 तक हमें टी.बी. मुक्‍त भारत बनाना है। इस खेल कराने का मकसद यही है कि जिस तरीके से खेल में प्रतिस्‍पर्धा होती है अपने-अपने खेल को जो जीतने की, उसी तरीके की प्रतिस्पर्धा है अपने-अपने संसदीय क्षेत्र को टी.बी. मुक्त रखने का और ये प्रतिस्‍पर्धा एक स्‍वस्‍थ्‍य प्रतिस्‍पर्धा है।     

 

*****

 

रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा है कि सबके लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए। आज पंजाब के गुरदासपुर में शहीद राम प्रकाश प्रभाकर की 33वीं पुण्यतिथि पर उन्होंने कहा कि देश को मजबूत बनाने में नारी शक्ति ने बड़ी भूमिका निभाई है और भारत एकमात्र ऐसा देश है जहां नारी-शक्ति की पूजा की जाती है। श्री सेठ ने कहा कि नये भारत को आगे बढ़ने से नहीं रोका जा सकता। उन्होंने कहा कि देश अपनी आजादी के 100वें वर्ष तक विश्व में अग्रणी बन जाएगा।

 

देश आज बहुत तेजी से आगे बढ रहा है। 2047 जब भारत की आजादी के सौ वर्ष होंगे। दुनिया के नक्‍शे पर सर्वश्रेष्‍ठ राष्‍ट्र होगा। इस ओर हम सब बढे है और आज हम प्रेरणा लेकर जा रहे हैं और यह पंजाब की भूमि ऐसी है ये वंदन की भूमि है, अभिवंदन की भूमि है और पंजाब भारत का सिरमोर है।

 

*****

 

उत्तराखंड के मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने आज देहरादून में 38वें राष्ट्रीय खेलों के प्रतीक-चिह्न, शुभंकर, गान, जर्सी और मशाल का अनावरण किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य भारत को खेलों में महाशक्ति बनाना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल के माध्यम से हमारा लक्ष्य देश की उभरती खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।

 

राष्ट्रीय खेलों के माध्यम से हमारा लक्ष्य हमारे युवा एथलिटों को आगे बढ़ाना है। उनकी प्रतिभा को निखारने और भारत को गौरव के पल देने का एक मंच प्रदान करना है। हम 2036 ओलंपिक के लिए भारत की दावेदारी के लिए पूरी तरह से तैयार है और इसके लिए हम हमारे खिलाड़ियों को हर संभव समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

 

*****

 

क्‍वालालम्‍पुर में महिला जूनियर एशिया कप टी-टवेंटी क्रिकेट प्रतियोगिता के ग्रुप-ए के पहले मैच में आज भारत ने पाकिस्‍तान को नौ विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी करते हुए पाकिस्‍तान की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर मात्र 67 रन ही बना सकी। भारत का अगला मैच मंगलवार को नेपाल से होगा।

 

*****

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्‍ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्‍पीक में कल रात साढे़ नौ बजे “”उपभोक्ता जागरूकता- अधिकार और जिम्मेदारियां” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। परिचर्चा में उपभोक्ता कार्य विभाग की सचिव निधि खरे भाग लेंगी।

 

कार्यक्रम के दौरान, श्रोता उपभोक्ता अधिकारों और जिम्मेदारियों से जुड़े प्रश्न पूछ सकते हैं। हमारे टेलीफोन नंबर है- 011-23 42 10 50 और 011-23 31 44 44

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली महायुति सरकार ने 39 मंत्रियों को मंत्रीपरिषद में शामिल किया।

 

  • सरकार ने अंतर्देशीय जलमार्गों के माध्यम से लंबी दूरी की माल ढुलाई के लिए ‘जलवाहक’ योजना शुरू की।

 

  • श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके भारत की तीन दिन की यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे।

 

  • 38वें राष्ट्रीय खेल के प्रतीक चिन्ह, शुभंकर और गान का देहरादून में उद्घाटन हुआ।

 

  • महिला क्रिकेट में, भारत ने कुआलालंपुर में अंडर-19 ट्वेन्टी-ट्वेन्टी एशिया कप के अपने पहले मैच में पाकिस्तान पर नौ विकेट से जीत दर्ज की।

 

*****