मुख्य समाचार :-
- लोकसभा चुनाव के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता सभाएं और रोड शो कर रहे हैं।
- भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में जनसभा और मध्य प्रदेश के जबलपुर में रोड शो किया। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बैनर्जी ने पश्चिम बंगाल के पुरूलिया में एक रैली की।
- लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नाम वापसी का कल अंतिम दिन।
- निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनावों में युवा और शहरी मतदाताओं की भागीदारी बढाने के लिए सोशल मीडिया पर कई अभियान शुरू किए।
- आज विश्व स्वास्थ्य दिवस है।
- मुंबई में आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 29 रन से हराया। लखनऊ में गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मैच जारी।
—-
लोकसभा चुनाव के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल में जलपाईगुडी के झूमुर में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव देश को मजबूत और स्थिर बनाने के लिए है ताकि केंद्र में एक सशक्त और स्थिर सरकार हो।
ये चुनाव सिर्फ एक सांसद चुनने का चुनाव नहीं है। ये सशक्त भारत के लिए एक सशक्त सरकार बनाने का चुनाव है। जितनी मजबूत ताकतवर मजबूत केन्द्र सरकार होगी। उतना मजबूत दुनिया का भारत पर भरोसा होगा।
श्री मोदी ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण आज भारत में निवेश में वृद्धि हो रही है और वैश्विक मामलों में देश का कद बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी की दूरदर्शिता के कारण भारत आज आतंक से मुक्त है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद-370 को हटाने के कारण भारत का गौरवशाली प्रांत कश्मीर आतंक-मुक्त हो सका है। श्री मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में चाय उद्योग से जुडे लोगों की दुर्दशा के लिए तृणमूल कांग्रेस सरकार ज़िम्मेदार है।
इसके बाद, श्री मोदी ने मध्यप्रदेश के जबलपुर में रोड-शो कर राज्य में प्रचार अभियान की शुरुआत की। रोड-शो के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ।
रोड-शो में शामिल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में मोदी मैजिक का असर दिख रहा है।
इस बीच, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी ने पुरूलिया एक रैली में कहा कि उनकी पार्टी राज्य की जनता के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में नागरिकता संशोधन अधिनियम लागू होने से लोग बेघर कर दिए जाएंगे।
—-
कांग्रेस ने आज लोकसभा चुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों की सूची जारी की। पार्टी ने पश्चिम बंगाल में बनगांव से प्रदीप बिस्वास, उलूबेरिया से अजहर मल्लिक और घाटाल से पापिया चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया है। भगवानगोला विधानसभा क्षेत्र के उप-चुनाव में अंजू बेगम उम्मीदवार होंगी।
—
केरल में भाजपा के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन, कांग्रेस के नेतृत्व में यूनाईटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट और वाम दलों के नेतृत्व में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट का चुनाव प्रचार जोरों पर है। केरल में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा। भाजपा नेता ओैर महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडण्वीस ने तिरुवनंतपुरम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बहुत प्रगति की है और पार्टी केरल में भी सीटें जीतेगी।
—
भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज तमिलनाडु में कहा कि भाजपा सरकार ने तमिल भाषा के महत्व को समझा है। इसलिए काशी-तमिल संगमम का आयोजन किया गया ताकि तमिलनाडु और काशी के लोगों के बीच सांस्कृतिक संबंध कायम हो सके। आज करूर में एक जनसभा में उन्होंने पिछले दस वर्षो की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार की मेक इन इंडिया पहल से कई क्षेत्रों में स्थानीय उत्पादन में वृद्धि हुई है।
—-
लोकसभा चुनाव के लिए देश के प्रमुख संसदीय निर्वाचन-क्षेत्रों की श्रृंखला में, आज जानकारी राजस्थान के बीकानेर लोकसभा सीट की। बीकानेर, राजस्थान के 12 संसदीय निर्वाचन-क्षेत्रों में से एक है जहां पहले चरण में मतदान होना है।
बीकानेर जिले के सात विधानसभा क्षेत्र तथा अनूपगढ विधानसभा क्षेत्र को मिलाकर इस लोकसभा क्षेत्र का गठन किया है। इस लोकसभा क्षेत्र में कुल 20 लाख 48 हजार से ज्यादा मतदाता हैं। आजादी के बाद से बीकानेर में अब तक 16 लोकसभा चुनाव हुए हैं, जिसमें 6 बार कांग्रेस, 4 बार भाजपा तथा छह बार निदर्लीय और अन्य पार्टियों के प्रत्याशी जीते हैं। 1957 से 1971 तक इस सीट से बीकानेर राजपरिवार के सदस्य करणी सिंह 4 बार निर्दलीय सांसद निर्वाचित हुए। 2009 में परिसीमन के बाद यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हुई तब से भाजपा प्रत्याशी के रूप में अर्जुनराम मेघवाल लगातार तीन बार जीत दर्ज कर चुके हैं। इस बार इस सीट पर भाजपा, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी सहित कुल नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने एक बार फिर अर्जुनराम मेघवाल पर भरोसा जताया है। उन्हें मुख्य चुनौती कांग्रेस प्रत्याशी गोविंद राम मेघवाल से मिल रही है, जो राज्य सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या कांग्रेस इस बार भाजपा के विजयी रथ को रोक पाने में सफल होती है या नहीं। जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।
—-
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन वापस लेने का कल अंतिम दिन है। इस चरण में 12 राज्यों की 88 लोकसभा सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। इसमें बाहरी मणिपुर निर्वाचन क्षेत्र के कुछ हिस्से भी शामिल हैं।
—-
हरियाणा लोकहित पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की है। पार्टी अध्यक्ष गोपाल कांडा ने कहा कि हरियाणा लोकहित पार्टी सिरसा से भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार अशोक तंवर को समर्थन देगी।
—-
निर्वाचन आयोग ने आगामी चुनावों में युवा और शहरी मतदाताओं की भागीदारी बढाने के लिए सोशल मीडिया पर कई पहलों और अभियानों की शुरुआत की है।
आयोग मतदाताओं तक संदेश पहुंचाने के लिए ‘टर्निंग-18’ और ‘यू आर द वन’ अभियानों के माध्यम से आकर्षक विषयों, लोकप्रिय आइकन और जेनज़ेड सामग्री का उपयोग कर रहा है। टर्निंग-18 अभियान का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनाव में युवा मतदाताओं को आकर्षित करना है। इसका उद्देश्य पिछले चुनावों में शहरी और युवा मतदाताओं की उदासीनता के मुद्दों का समाधान करना भी है। ‘यू आर द वन’ अभियान का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया में शामिल विभिन्न हितधारकों के अमूल्य योगदान को स्वीकृति देना है। पल्लवी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति प्रताप सिंह।
—-
चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर लोग मतदान के बाद अपनी उंगली पर लगी स्याही के साथ सेल्फी पोस्ट करते हैं। छोटा-सा यह निशान लोकतंत्र के उत्सव में भागीदारी का प्रतीक होता है और चुनावी प्रक्रिया के प्रति सत्यनिष्ठा को दर्शाता है।
लगभग सात दशक पहले, जब भारत में चुनावों का आयोजन शुरू हुआ, तब एक बड़ी चुनौती सामने आई। दरअसल, कुछ लोग एक से अधिक बार मतदान करके धोखाधड़ी देने कोशिश कर रहे थे। चुनाव आयोग ने केंद्रीय कानून मंत्रालय, राष्ट्रीय भौतिक प्रयोगशाला और राष्ट्रीय अनुसंधान विकास निगम के साथ मिलकर इसका समाधान निकाला। उन्होंने मैसूर पेंट्स एंड वार्निश लिमिटेड से मतदाता स्याही का निर्माण के लिए कहा गया। शुरूआत में यह स्याही केवल संसदीय और विधानसभा जैसे चुनावों के लिए उपयोग की जाती थी। लेकिन समय के साथ इसका उपयोग नगर पालिका निकाय और अन्य चुनावों में भी होने लगा। न मिट सकने वाली स्याही हाई क्वालिटी की होती है, जो 40 सेकंड से कम समय में भी तेजी से सूख जाती है। वहीं, अगर यह स्याही केवल एक सेकंड के लिए भी त्वचा को छूती है, यह एक स्थायी निशान छोड़ देती है। ये स्याही बस एक निशान नहीं है। यह लोकतंत्र का ऐसा प्रतीक है, जो दिखाता है कि चुनावों को निष्पक्ष रखना कितना महत्वपूर्ण है। नई दिल्ली से आकाशवाणी समाचार के लिए दुर्गेश भदौरिया।
——
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण – एनआईए ने पश्चिम बंगाल में भूपतिनगर विस्फोट के सिलसिले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गैर-कानूनी तरीके से कार्रवाई करने के आरोपों को खारिज़ किया है। एजेंसी ने एक बयान में कहा कि गिरफ्तारी के लिए नियमानुसार ही कार्रवाई की गई है।
—
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने युवा पेशेवरों से 2047 तक विकसित भारत बनाने के प्रयास में सहभागी बनने की अपील की है। बिहार के बोधगया में, भारतीय प्रबंधन संस्थान के दीक्षांत समारोह में उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी और युवा ही भारत का भविष्य हैं। श्री धनखड़ ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे भारत की विकास-गाथा में नया अध्याय लिखने के लिए अपने कौशल और प्रतिभा का उपयोग करें।
—–
स्वास्थ्य के बारे में वैश्विक स्तर पर जागरुकता लाने के लिए आज विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। इस वर्ष का विषय है – मेरा स्वास्थ्य मेरा अधिकार। इसका उद्देश्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव झेल रहे विश्व के लगभग साढ़े चार अरब लोगों को समुचित स्वास्थ्य देखभाल उपलब्ध कराना है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, नई दिल्ली की प्रोफेसर डॉ. रीमा दादा ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में कहा कि जीवन शैली में बदलाव लाकर और योग जैसे अभ्यास अपनाकर अनेक रोगों को दूर किया जा सकता है।
—–
मौसम विभाग ने पूर्वी और मध्य भारत तथा प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में अगले चार दिन तक बारिश, धूल भरी आंधी और तूफान की आशंका व्यक्त किया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा, विदर्भ, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्रों, ओडिशा और महाराष्ट्र में गुरूवार तक वर्षा और तेज हवाएं चलने की संभावना है। ओडिशा, मध्यप्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और मराठवाड़ा में मंगलवार तक तूफ़ान आने की आशंका है।
—-
आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ में गुजरात टाइटंस के साथ मैच में लखनऊ सुपरजॉयंट्स ने ताजा समाचार मिलने तक 16 ओवर में चार विकेट पर 121 रन बना लिये हैं। इससे पहले, मुंबई में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 29 रन से हराया। मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 235 रन का लक्ष्य दिया था। जवाब में दिल्ली ने 8 विकेट खोकर 205 रन बनाए।
—-
पर्थ में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दूसरे हॉकी मैच में 4-2 से हराकर पांच मैच की श्रृंखला में 2-0 की बढ़त बना ली है। पेरिस ओलंपिक की तैयारी के लिए दोनों देशों के बीच यह श्रृंखला खेली जा रही है।
—-
आकाशवाणी समाचार सेवा प्रभाग से कल रात प्रसारित होने वाले साप्ताहिक कार्यक्रम- पब्लिक स्पीक का विषय है- आम जनता के लिए उपलब्ध पेंशन विकल्प”। आयकर आयुक्त बलवंत जैन और शरद कोहली श्रोताओं के प्रश्नों के उत्तर देंगे। यह कार्यक्रम रात साढे नौ बजे से आकाशवाणी के एफएम गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटर पर सुना जा सकता है।
—-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- लोकसभा चुनाव के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता सभाएं और रोड शो कर रहे हैं।
- भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में जनसभा और मध्य प्रदेश के जबलपुर में रोड शो किया। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बैनर्जी ने पश्चिम बंगाल के पुरूलिया में रैली की।
- लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नाम वापसी का कल अंतिम दिन।
- निर्वाचन चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनावों में युवा और शहरी मतदाताओं की भागीदारी बढाने के लिए सोशल मीडिया पर कई अभियान शुरू किए।
- आज विश्व स्वास्थ्य दिवस है।
- मुंबई में आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 29 रन से हराया। लखनऊ में गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मैच जारी।
—–