Download
Mobile App

android apple
signal

December 13, 2024 10:04 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महाकुंभ-2025 से पहले प्रयागराज में निर्बाध संपर्क सुनिश्चित करने के लिए पांच हजार पांच सौ करोड़ रुपये की लागत की अनेक विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया।

  • रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा-संविधान में किसी एक पार्टी का योगदान नहीं, बल्कि यह एक परिवर्तनकारी दस्तावेज है जो भारत के मूल मूल्यों को दर्शाता है।

  • विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आपसी हित के लिए संयुक्‍त अरब अमीरात के साथ रक्षा और सुरक्षा सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया।

  • भारत ने कनाडा में अपने तीन छात्रों की हत्या पर कनाडा सरकार के समक्ष चिंता व्यक्त की। भारतीय छात्रों से घृणा, अपराध की बढ़ती घटनाओं के बीच सतर्क रहने को कहा।

  • फ्रांस में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच फ्रांस्वा बायरू को नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया।

  • मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में शीत लहर जारी रहने की संभावना।

  • भारत तथा ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा टेस्ट कल से शुरू।

*******************

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि महाकुंभ 2025 एकता और समानता का ऐसा महायज्ञ होगा जो राष्ट्र का मार्गदर्शन करेगा और इसकी चर्चा पूरे विश्व में होगी। श्री मोदी आज प्रयागराज के संगम क्षेत्र में महाकुंभ-2025 का औपचारिक उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। महाकुंभ आधिकारिक रूप से अगले वर्ष 13 जनवरी से 26 फरवरी तक होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने लगभग पांच हजार पांच सौ करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें प्रयागराज में बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने और निर्बाध संपर्क प्रदान करने की विभिन्न रेल और सड़क परियोजनाएं शामिल हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि महाकुंभ भारत की प्राचीन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक यात्रा का जीवंत प्रतीक है।

 

महाकुंभ हजारों वर्ष पहले से चली आ रही हमारे देश की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक यात्रा का पुण्य और जीवंत प्रतीक है। एक ऐसा आयोजन जहां हर बार धर्म, ज्ञान, भक्ति और कला का दिव्य समागम होता है।

 

प्रधानमंत्री इस असवसर पर प्रमुख मंदिरों के गलियारों का भी उद्घाटन किया। श्री मोदी ने स्वच्छ और निर्मल गंगा के लिए गंगा नदी में जाने वाले छोटे नालों को रोकने और उनकी दिशा बदलने और उनके पानी को उपचारित करने की परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया।

 

महाकुंभ की तैयारियों के लिए नमामि गंगे कार्यक्रम को तेजी से आगे बढ़ाया गया है। प्रयागराज शहर के सैनिटेशन और वेस्ट मैनेजमेंट पर फोकस किया गया है। लोगों को जागरूक करने के लिए गंगा दूत, गंगा प्रहरी और गंगा मित्रों की नियुक्ति की गई है। इस बार 15 हजार से ज्यादा मेरे सफाई कर्मी कुंभ की स्वच्छता को संभालने वाले है।

 

प्रधानमंत्री ने कुंभ सहायक चैटबॉट का भी शुभारंभ किया। जिसमें महाकुंभ की गतिविधियों के बारे में श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन और विस्तृत जानकारी प्रदान की जायेगी। उन्होंने कहा कि इस कुंभ को प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के संगम के लिए याद किया जाएगा।

 

मैंने कुंभ सहायक चैटबॉट को लॉन्च किया है। पहली बार कुंभ आयोजन में एआई, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और चैटबॉट का प्रयोग होगा। एआई चैटबॉट ग्यारह भारतीय भाषाओं में संवाद करने में सक्षम है। मेरा ये भी सुझाव है कि डेटा और टेक्नोलॉजी के इस संगम से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ा जाए। 

 

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर प्रयागराज पहुंचे और संगम तट, अक्षय वट वृक्ष, हनुमान मंदिर और सरस्वती कूप में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कुंभ की व्यवस्थाओं को देखने के लिए संगम क्षेत्र में क्रूज यात्रा की। इस कुंभ में श्रद्धालुओं के लिए भी क्रूज सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

*******************

भारतीय संविधान के 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर आज लोकसभा में विशेष चर्चा शुरू हुई। चर्चा की शुरुआत करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक जीवन के सभी पहलुओं को रेखांकित करते हुए राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त करता है। श्री सिंह ने कहा कि संविधान में किसी एक पार्टी का योगदान नहीं, बल्कि यह एक परिवर्तनकारी दस्तावेज है जो भारत के मूल्यों को दर्शाता है। विपक्षी पार्टी कांग्रेस की परोक्ष रूप से आलोचना करते हुए श्री सिंह ने कहा कि विपक्ष द्वारा हमेशा से ही संविधान की मूल भावना को नष्‍ट करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

कांग्रेस के मित्रों ने अनेक मौके पर संविधान और संवैधानिक भावनाओं का निरादर किया है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा संविधान को राजनेतिक विधिक साधने का एक माध्‍यम बनाया है और उसकी मूल भावनाओं को तहत-नहस करने का कांग्रेस ने काम किया है। विपक्ष के कई नेता संविधान की प्रति अपनी जेब में रखकर घूमते हैं। उन्‍होंने पीढियों से अपने परिवार में संविधान को जेब में ही रखें हुए। लेकिन, अध्‍यक्ष महोदय भारतीय जनता पार्टी संविधान को सिर-माथे पर लगाती है।

 

श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना से कार्य कर रही है। चर्चा में भाग लेते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि संविधान नागरिकों को सुरक्षित रखने का सुरक्षा कवच है। उन्‍होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष ने इस सुरक्षा कवच को तोड़ने का प्रयास किया है।

 

रक्षा कवच तोड़ने का पूरा प्रयास किया गया है। संविधान में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्‍याय का वायदा है। ये वायदा एक सुरक्षा कवच है, जिसको तोड़ने का काम शुरू हो चुका है। लेटरल एंट्री और निजीकरण के जरिए यह सरकार प्रोडक्‍शन को कमजोर कर रही है। अगर लोकसभा में यह नतीजे नहीं आए होते तो यह संविधान बदलने का काम भी शुरू कर लेते।

 

चर्चा में हिस्सा लेते हुए समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान लोकतंत्र की आत्मा है। धर्मनिरपेक्षता को संविधान की प्रस्तावना का हिस्सा बताते हुए तृणमूल कांग्रेस के कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में देश का धर्मनिरपेक्ष ताना-बाना खतरे में है।

*******************

राष्ट्र आज 13 दिसंबर 2001 को आतंकवादी हमले के दौरान संसद की रक्षा करते हुए अपनी जान गंवाने वाले सुर‍क्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने उन सुरक्षाकर्मियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। संसद के दोनों सदनों में भी श्रद्धांजलि दी गई। दोनों सदनों के सदस्‍यों ने वीर सुरक्षा कर्मियों के सम्‍मान में मौन रखा।

*******************

राज्‍यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के प्रति अविश्‍वास प्रस्‍ताव के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्‍यों के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्‍थगित कर दी गई। सभापति ने विपक्षी सदस्‍यों के व्‍यवहार और सदन के बाहर उनके आपत्तिजनक बयानों पर अप्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की।

*******************

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्‍यम जयशंकर ने आज लोकसभा में बताया कि पाकिस्‍तान की जेलों में लंबे समय से बंद दो हजार छह सौ 39 मछुआरे रिहा किए गए हैं। वर्ष 2008 के भारत-पाकिस्‍तान समझौते के अनुसार दोनों देशों की जेलों में बंद गैर सैनिक कैदियों और मछुआरों की सूचियों का आदान-प्रदान करना अनिवार्य है।

*******************

केंद्र सरकार ने कहा है कि तपेदिक यानी टीबी को वर्ष 2025 तक समाप्‍त करने का लक्ष्‍य है और राष्‍ट्रीय रणनीतिक योजना लागू करने के बाद तपेदिक के मामलों में अत्‍यधिक कमी आई है। स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण राज्‍यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने लोकसभा में बताया कि भारत तपेदिक को समाप्‍त करने का लक्ष्‍य संयुक्‍त राष्‍ट्र के सतत विकास लक्ष्‍य 2030 से पांच वर्ष पहले हासिल कर लेगा।

*******************

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आपसी हित के लिए संयुक्‍त अरब अमीरात – यूएई के साथ रक्षा और सुरक्षा सहयोग बढाने की आवश्‍यकता पर बल दिया है। आज नई दिल्‍ली में भारत संयुक्‍त आयोग की 15वीं बैठक के उद्घाटन भाषण में विदेश मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में स्थिरता, सुरक्षा और समृद्धि के संरक्षण और संवर्धन में भारत और संयुक्‍त अरब अमीरात के साझा हित है।  इस अवसर पर यूएई के विदेश मंत्री शेख अब्‍दुल्‍लाह बिन जायेद बिन सुल्‍तान अल नाहयान भी उपस्थित रहे।

*******************

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने आशा व्‍यक्‍त की है कि बांग्‍लादेश अपने हित में ऐसे उपाय करेगा कि अल्‍पसंख्‍यक वहां सुरक्षित रह सकें। आज लोकसभा में पूरक प्रश्‍न के उत्तर में डॉ. जयशंकर ने कहा कि बांग्‍लादेश में अल्‍पसंख्‍यकों पर हुए अनेक हमले चिंता का विषय है और भारत ने बांग्‍लादेश के अधिकारियों का ध्‍यान इनकी तरफ आकृष्‍ट किया है।

 

कनाडा में तीन भारतीय छात्रों की मृत्‍यु के मुद्दे पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने तीन भारतीय छात्रों की मौत का मामला कनाडा के अधिकारियों के साथ उठाया है और देश में उसके उच्चायोग इन घटनाओं की गहन जांच के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। इस मुद्दे पर संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए श्री जायसवाल ने कहा कि कनाडा में भारतीय नागरिकों, खास तौर पर छात्रों की सुरक्षा भारत के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि घृणा अपराधों और हिंसा की बढ़ती घटनाओं के कारण कनाडा में सुरक्षा का माहौल बिगड़ने के बीच भारत ने अपने नागरिकों और छात्रों को अत्यधिक सावधानी बरतने और सतर्क रहने के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं।

 

श्री रणधीर जायसवाल ने वीजा मुद्दे पर गलत सूचना अभियान चलाने के लिए कनाडा की मीडिया पर सवाल उठाया।

*******************

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने आज पिछली सरकार को सत्ता से हटाने वाले अविश्वास प्रस्ताव के बाद मध्यमार्गी नेता फ्रांस्वा बायरू को फ्रांस का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया। फ्रांस्वा बायरू इस साल चौथे प्रधानमंत्री हैं। 73 वर्षीय बायरू को सरकार गठन और राजनीतिक उथल-पुथल के बीच स्थिरता लाने की जिम्मेदारी दी गई है। पिछले प्रधानमंत्री, माइकल बार्नियर का कार्यकाल केवल तीन महीने का रहा और वे फ्रांस के इतिहास में सबसे कम समय तक पद पर रहने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं।

*******************

मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में शीत लहर जारी रहने के बाद उसके कम होने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग के अनुसार अगले दो दिन जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। पूर्वी भारत के गांगेय, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में भी कल तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग की वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन रॉय ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में अचानक गिरावट आयी है।

*******************

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर क्रिकेट ट्रॉफी का तीसरा मैच कल से ब्रिस्‍बेन के गाबा में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच सुबह 5 बजकर 50 मिनट पर शुरू होगा। पांच क्रिकेट टेस्‍ट मैचों की श्रृंखला में दोनों टीम एक-एक मैच जीतकर बराबरी पर है।

*******************

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महाकुंभ-2025 से पहले प्रयागराज में निर्बाध संपर्क सुनिश्चित करने के लिए पांच हजार पांच सौ करोड़ रुपये की लागत की अनेक विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया।

  • रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा-संविधान किसी एक पार्टी का योगदान नहीं, बल्कि यह एक परिवर्तनकारी दस्तावेज है जो भारत के मूल मूल्यों को दर्शाता है।

  • विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आपसी हित के लिए संयुक्‍त अरब अमीरात के साथ रक्षा और सुरक्षा सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया।

  • भारत ने कनाडा में अपने तीन छात्रों की हत्या पर कनाडा सरकार के समक्ष चिंता व्यक्त की। भारतीय छात्रों से घृणा, अपराध की बढ़ती घटनाओं के बीच सतर्क रहने को कहा।

  • फ्रांस में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच फ्रांस्वा बायरू को नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया।

  • मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में शीत लहर जारी रहने की संभावना।

  • भारत तथा ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा टेस्ट कल से शुरू।

*******************