Download
Mobile App

android apple
signal

December 12, 2024 10:31 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

  • सर्वोच्च न्यायालय ने देश में पूजा स्थल अधिनियम के अंतर्गत कोई नया मुकदमा दर्ज न करने का आदेश दिया।

  • लोकसभा ने आपदा प्रबंधन संशोधन विधेयक, 2024 पारित किया। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों के कुशल कामकाज को मजबूत करना है।

  • केन्‍द्र ने इस्‍पात क्षेत्र को कार्बन मुक्त करने के लिए ग्रीन स्टील वर्गीकरण प्रणाली का शुभारंभ किया।

  • भारतीय ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश ने सबसे कम उम्र में विश्व शतरंज चैम्पियनि‍शप जीतकर इतिहास रचा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी इस उपलब्धि की सराहना की। 

  • भारत ने युद्धग्रस्त गाजा पट्टी में तत्काल और बिना शर्त युद्ध विराम की मांग करने वाले संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव का समर्थन किया।

*******************

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा है कि देश में पूजा स्थल अधिनियम के अंतर्गत अब कोई नया मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा। न्‍यायालय ने लंबित मामलों में शीर्ष अदालत के अगले आदेश तक कोई अंतिम या प्रभावी आदेश पारित नहीं करने का भी आदेश दिया। एक रिपोर्ट-

 

भारत के मुख्‍य न्‍यायाधीश न्‍यायमूर्ति संजीव खन्ना की अध्यक्षता में विशेष पीठ ने केंद्र सरकार से 1991 अधिनियम की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर चार सप्ताह के भीतर अपना उत्‍तर देने को कहा। इन याचिकाओं में पूजा स्थल को पुनः प्राप्त करने या उसमें बदलाव की मांग करने के लिए मुकदमा दायर करने पर रोक लगाने की मांग की गई है। पीठ ने केन्‍द्र, याचिकाकर्ताओं और अधिनियम का समर्थन करने वाले पक्षों की दलीलों का संकलन करने के लिए अधिवक्ता कनु अग्रवाल, विष्णु शंकर जैन और इजाज मकबूल को नोडल अधिवक्‍ता नियुक्त किया। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।

*******************

लोकसभा ने आपदा प्रबंधन संशोधन विधेयक 2024 पारित कर दिया है। विधेयक में आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 में संशोधन का प्रावधान है। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को कुशल बनाना है। विधेयक में राज्य सरकारों को राज्य आपदा मोचन बल गठित करने का अधिकार दिया गया है।

 

विधेयक पर बहस का जवाब देते हुए गृह राज्‍य मंत्री नित्‍यानंद राय ने कहा कि यह विधेयक यह सुनिश्चित करेगा कि उपश्‍मन और तैयारी संबंधी कारगर उपाय सुनिश्चित किए जाएं।

 

इस संशोधन विधेयक के कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं पर मैं जरूर माननीय सदन को बताना चाहूंगा कि यह संशोधन विधेयक केंद्र राज्य और जिला स्तरों पर आपदा प्रबंधन संस्थानों को उनकी भूमिकाओं में स्पष्ट और एकरूपता लाकर मजबूत करने का है।

*******************

विपक्ष और सत्ता पक्ष के आरोप और प्रत्यारोपों के कारण राज्यसभा की कार्यवाही आज भी प्रभावित हुई। भोजनावकाश से पहले के सत्र में लोकसभा में भी व्यवधान आया, लेकिन इसके बाद सदन का सुचारू संचालन संभव हो सका। एक रिपोर्ट-

 

संसद के शीतकालीन सत्र के इस सप्ताह के चौथे दिन भी राज्यसभा में कोई महत्वपूर्ण कामकाज नहीं हो पाया। अदानी समूह के खिलाफ कथित रिश्वतखोरी के आरोप और कांग्रेस नेताओं और अमेरिका स्थित जार्ज सोरोस फाउंडेशन के बीच कथित मिली भगत और अन्य मुद्दों पर उच्च सदन में जम कर हंगामा हुआ। जिसके कारण सदन को दिन भर के लिए स्‍थगित करना पडा। लगातार हो रहे व्‍यवधान के कारण सदन में किसी भी विधेयक को चर्चा के लिए नहीं लिया जा सका। वहीं लोकसभा में विपक्ष और सत्‍तापक्ष के सांसदों के बीच जार्ज सोरोस और अदानी के मुद्दों पर जम कर बहस हुई। जिसके कारण संसद को दो बार स्‍थगित करना पडा। लेकिन दोपहर बाद सदन सुचारु रूप से चला। भूपेंद्र सिंह के साथ आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

*******************

राज्यसभा के नेता और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज कांग्रेस पर अमरीका स्थित जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन के साथ पार्टी नेताओं के कथित संबंधों पर निशाना साधा। संसद के बाहर मीडिया से बातचीत में श्री नड्डा ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है। श्री नड्डा ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की उपराष्‍ट्रपति पद का सम्‍मान न करने की भी आलोचना की।

 

वाइस प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया एक संवैधानिक पोजीशन है। उनकी मिमिक्री संसद के परिसर में हो, और कांग्रेस का वरिष्‍ठम नेता जो लीडर ऑफ दी ऑपोजिशन इन लोकसभा है, राहुल गांधी वो उसकी वीडियोंग्राफी बनाएं, और उसको फिर से उकसाये हां फिर से कीजिए। जैसे कॉलेज में यूनिवर्सिटी के बाहर विपक्ष और कॉलेज के लडके जैसे करते हैं। उस तरीके की हरकत संसद के परिसर में संसद की गरिमा को ठेस पहुंचाते हुए करते हैं। 

*******************

केंद्रीय इस्पात और भारी उद्योग मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने आज नई दिल्ली में भारत के लिए ग्रीन स्टील वर्गीकरण प्रणाली का अनावरण किया। इस अवसर पर श्री कुमारस्वामी ने कहा कि भारत, वर्ष 2070 तक निवल-शून्‍य उत्‍सर्जन तीव्रता लक्ष्य के अनुरूप इस्पात क्षेत्र को कार्बनमुक्‍त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह कम उत्सर्जन वाले इस्पात की ओर भारत की यात्रा में एक मील का पत्थर होगा।

 

इस अवसर पर राज्यमंत्री भूपति राजू श्रीनिवास वर्मा ने कहा कि ग्रीन स्टील वर्गीकरण प्रणाली का शुभारंभ इस्पात उत्पादन में एक परिवर्तनकारी ढांचे का प्रतिनिधित्व करता है जो हरित इस्पात को परिभाषित करने, नवाचार को बढ़ावा देने और भारत में कम कार्बन उत्पादों के लिए बाजार बनाने में मदद करेगा।

*******************

नेपाल के सेनाध्यक्ष जनरल अशोक राज सिगडेल ने आज नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भेंट की। इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। श्री राजनाथ सिंह ने नेपाल सेना की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण, नियमित अभ्यास, कार्यशालाएं और संगोष्‍ठी सहित रक्षा सहयोग के विभिन्न पहलुओं का उल्‍लेख किया।

*******************

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत ने यूरोपीय संघ के साथ एक संतुलित, व्यापक और पारस्परिक रूप से मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) करने का लक्ष्य रखा है। श्री गोयल ने यूरोपीय आयोग के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत में भारत और यूरोपीय संघ के बीच बढते व्‍यापार और बढते संबंधों पर चर्चा की।

*******************

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल संगम नगरी प्रयागराज का दौरा करेंगे और महाकुंभ-2025 का औपचारिक रूप से उद्घाटन करेंगे। महाकुंभ की शुरूआत अगले साल 13 जनवरी से हो रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगभग 7 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गईं महाकुंभ परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। एक रिपोर्ट-

 

प्रधानमंत्री महाकुंभ 2025 के लिए विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें प्रयागराज में आधारभूत सुविधाओं को बढ़ावा देने और निर्बाध संपर्क प्रदान करने के लिए 10 नए रोड ओवर ब्रिज, स्थायी घाट और रिवरफ्रंट सड़कें जैसी विभिन्न रेल और सड़क परियोजनाएं शामिल होंगी। प्रधानमंत्री मंदिर के कुछ प्रमुख गलियारों का उद्घाटन करेंगे। इनमें भारद्वाज आश्रम गलियारा, श्रृंगवेरपुर धाम गलियारा, अक्षयवट गलियारा, हनुमान मंदिर गलियारा आदि शामिल हैं। पीएम करीब तीन घंटे तक टेंट सिटी में रहेंगे और त्रिवेणी संगम, अक्षयवट और हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और गंगा पूजन और आरती करेंगे. पीएम कुंभ मेला क्षेत्र में कल एक रैली को भी संबोधित करेंगे. सुशील चन्‍द्र तिवारी आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।

*******************

भारत-थाईलैंड की 9वीं रक्षा वार्ता आज नई दिल्ली में हुई। बैठक की सह-अध्यक्षता अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के संयुक्त सचिव अमिताभ प्रसाद और थाईलैंड के रक्षा उप स्थायी सचिव जनरल थारापोंग मलकम ने की। रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि भारत और थाईलैंड रक्षा के क्षेत्र में सहयोग और निगरानी करने के लिए एक संयुक्त कार्य समूह की स्थापना के लिए सहमत हुए हैं।

*******************

भारतीय ग्रैंडमास्‍टर डी.गुकेश विश्‍व शतरंज चैम्पियन बन गए है। उन्‍होंने सिंगापुर में वर्तमान चैम्पियन चीन के डिंग लिजेन को 14वीं बाजी में हराकर खिताब जीता। डी.गुकेश ने 18 वर्ष की आयु में खिताब देश के नाम किया। एक रिपोर्ट –

 

भारत के ग्रैंडमास्‍टर डी गुकेश ने शतरंज में सबसे कम उम्र के विश्व चैंपियन बनकर इतिहास रच दिया है। उन्‍होंने आज सिंगापुर में 14 गेम के मैच में वर्तमान चैंपियन चीन के डिंग लिरेन को हराकर विश्व चैंपियन का खिताब जीता। चेन्नई के 18 वर्षीय गुकेश ने 14वें गेम में डिंग की गलती का फायदा उठाते हुए मुकाबला जीत लिया और विश्व शतरंज चैंपियन बनने वाले दूसरे भारतीय बन गए। गुकेश ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कहा कि विश्‍व चैंपियनशिप जीतकर उनका सपना पूरा हुआ है।

 

गुकेश की जीत की ग्रैंडमास्‍टर प्रवीण थिप्‍से से उन्‍होंने कहा-

 

इसके पहले जो रिकार्ड था कैरी गेस्‍पारो जो बडा नाम है आज भी, उन्होंने 22 साल और 8 महीने की उम्र में यह प्रक्रम किया था और आज आप देखेंगे तो एक भारतीय खिलाड़ी 18 वर्ष और 6 महीने में ये उसने उपलब्धि हासिल कर दी है। तो करीबन 4 वर्ष और 2 महीने कम आप इसको इमेजिन कर सकते हैं। जैसे 100 मीटर की रेस होती है ओलंपिक में बाकी सारे 99 सेकेंड्स 9.59 सेकंड में जाएंगे और एक खिलाड़ी अगर 8 सेकंड में वह हासलि कर लेता है, तो वह जो पराक्रम है तो उसके बराबर हम कहेंगे कम से कम 100 वर्षीय परफॉर्मेंस रहेगा रिकॉर्ड रहेगा।

 

डी.गुकेश की जीत का जश्‍न पूरे भारत में मनाया जा रहा है। डी गुकेश को विश्‍व चैंपियन बनने पर पूरे देश की बधाई।

*******************

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति जनदीप धनखड और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने डी. गुकेश को सबसे कम उम्र में विश्‍व शतरंज चैंपियन बनने पर शुभकामनाएं दी हैं। राष्‍ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि गुकेश ने पूरे देश को इस जीत से गौरान्वित किया है।

 

उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि यह असाधारण उपलब्धि विश्‍व शतरंज में भारत के लिए गर्व का क्षण है। उन्‍होंने गुकेश को भविष्‍य में और सफलताएं प्राप्‍त करने के लिए शुभकामनाएं दीं। 

 

प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व शतरंज चैंपियनशिप का खिताब जीतने पर डी. गुकेश को बधाई देते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि उनकी अद्वितीय प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।

*******************

प्रसार भारती ने आगामी हॉकी इंडिया लीग का सीधा प्रसारण करने के लिए आज नई दिल्ली में हॉकी इंडिया के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौता ज्ञापन से दूरदर्शन हॉकी इंडिया लीग 2024-25 के लिए आधिकारिक प्रसारण भागीदार बन गया है।   

*******************

भारत ने 157 अन्य देशों के साथ संयुक्त राष्ट्र महासभा में युद्धग्रस्त गाजा पट्टी में ‘तत्काल, बिना शर्त और स्थायी संघर्षविराम’ के प्रस्ताव का समर्थन किया है। महासभा ने कल दो प्रस्तावों को भारी बहुमत से मंजूरी दी। एक रिपोर्ट –

 

पहला प्रस्ताव गाजा में संघर्षविराम का आह्वान करता है और दूसरा नीयर ईस्‍ट-यू.एन.आर.डब्‍ल्‍यू.ए में फलिस्तीनी शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत और निर्माण कार्य एजेंसी का समर्थन करता है, जिस पर इजरायल प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहा है। तत्काल संघर्षविराम की मांग करने वाले पहले प्रस्ताव को 158 मतों के साथ पारित किया गया। संयुक्त राष्ट्र राहत और निर्माण कार्य एजेंसी के जनादेश का समर्थन करने वाले दूसरे प्रस्ताव को 159 मत पक्ष में, नौ मत इसके खिलाफ और 11 देश अनुपस्थित थे। भारत ने सात अक्टूबर के हमलों की निंदा की है। समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

*******************

श्री भूपेंद्र पटेल ने गुजरात के मुख्‍यमंत्री के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल के आज दो वर्ष पूरे कर लिए। इस अवसर पर ज्ञान यानी गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति विषय पर आधारित कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने गांधीनगर में ‘दो साल: सेवा, प्रतिबद्धता और समर्पण’ नामक पुस्तक का भी विमोचन किया।

*******************

बम्‍बई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक दो सौ 36 अंक घटकर 81 हजार दो सौ 90 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 93 अंक नीचे 24 हजार पांच सौ 49 पर आ गया।

*******************

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • सर्वोच्च न्यायालय ने देश में पूजा स्थल अधिनियम के अंतर्गत कोई नया मुकदमा दर्ज न करने का आदेश दिया।

  • लोकसभा ने आपदा प्रबंधन संशोधन विधेयक, 2024 पारित किया। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों के कुशल कामकाज को मजबूत करना है।

  • केन्‍द्र ने इस्‍पात क्षेत्र को कार्बन मुक्त करने के लिए ग्रीन स्टील वर्गीकरण प्रणाली का शुभारंभ  किया।

  • भारतीय ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश ने सबसे कम उम्र में विश्व शतरंज चैम्पियनि‍शप जीतकर इतिहास रचा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी इस उपलब्धि की सराहना की। 

  • भारत ने युद्धग्रस्त गाजा पट्टी में तत्काल और बिना शर्त युद्ध विराम की मांग करने वाले संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव का समर्थन किया।

*******************