मुख्य समाचार:
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मानवाधिकारों की रक्षा के लिए सुरक्षित, संरक्षित और न्यायसंगत डिजिटल वातावरण सुनिश्चित करने पर बल दिया।
- संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कई मुद्दों पर हंगामे के कारण दिनभर के लिए स्थगित; विपक्ष ने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया।
- यूजीसी ने कहा – छात्र 12वीं कक्षा के विषयों के अलावा स्नातक के कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट में किसी भी विषय में परीक्षा दे सकते हैं।
- भारत और रूस ने द्विपक्षीय रक्षा संबंधों की समीक्षा की; रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा – दोनों देश रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध।
- इजरायल ने सीरिया में हवाई हमले किए; कहा कि असद शासन के अंत के बाद रासायनिक हथियारों को विद्रोहियों के हाथों में जाने से रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सभी के अधिकारों और गरिमा की सुरक्षा करने वाले समान डिजिटल वातावरण को सुनिश्चित करने के महत्व पर बल दिया है। मानवाधिकार दिवस के अवसर पर आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने कहा कि साइबर अपराध और जलवायु परिवर्तन मानवाधिकारों के लिए नई चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग परिवर्तनकारी है, लेकिन इससे साइबर बुलिंग, डीप फेक, गोपनीयता संबंधी चिंताएं और गलत सूचना के प्रसार जैसे मुद्दे भी सामने आये हैं।
****
भारत के, मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना ने आपराधिक न्यायालयों में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया है। मानवाधिकार दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में न्यायमूर्ति ने कहा कि कई कानूनों को अपराध मुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि देश में विचाराधीन कैदियों को रखने की क्षमता 4 लाख 36 हजार है, लेकिन इस समय विचाराधीन कैदियों की संख्या 5 लाख 19 हजार है।
****
संसद के दोनों सदनों में आज भी गतिरोध जारी रहा और लोकसभा तथा राज्यसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। एक रिपोर्ट-
संसद में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध के दौरान विपक्षी सांसदों ने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने का फैसला किया है। उन्होंने सभापति पर पक्षपातपूर्ण तरीके से सदन चलाने का आरोप लगाया है। इस बीच, सरकार ने विपक्ष के इस कदम की निंदा करते हुए कहा है कि सदन में एनडीए का बहुमत है। संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत हंगामे के साथ हुई थी और 12 सप्ताह बिना किसी कामकाज के बीता। हालांकि दूसरे हफ्ते में सरकार और विपक्ष गतिरोध खत्म करने को लेकर आम सहमति बनी, जिसके बाद सदन में कामकाज सामान्य हो गया। हालांकि यह व्यवस्था ज्यादा दिन तक नहीं चल पाई और सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप शुरू कर दिए। जिसकी वजह से दोनों में गतिरोध फिर शुरू हो गया। भूपेन्द्र सिंह के साथ मैं आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
****
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष के राज्यसभा सभापति के खिलाफ प्रस्ताव की निंदा की है। नई दिल्ली में श्री रिजिजू ने कहा कि विपक्ष सदन में रचनात्मक भूमिका नहीं निभा रहा है और विपक्ष को दोनों सदनों के आसन का सम्मान करना चाहिए।
चेयर का ऑर्डर का आप पालन नहीं करेंगे फिर सदन ठीक से नहीं चल सकता है। एक व्यवस्था बना हुआ है, लेकिन कांग्रेस पार्टी और उनके साथियों ने लगातार चेयर का अपमान किया है और चेयर का डारेक्शन को भी नहीं मानते हुए बहुत गलत तरीके से सदन में व्यवहार किया है।
श्री रिजिजू ने कहा कि अमरीका के जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन और कांग्रेस नेतृत्व के बीच कथित सांठगांठ की खबरें सामने आने के बाद से कांग्रेस हताश हो गई है और झूठे आरोप लगा रही है।
****
स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए वर्ष 2025 से आयोजित होने वाली सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा में छात्रों को 12वीं कक्षा में पढ़े गए विषयों के अलावा कोई भी विषय लेने की छूट होगी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष जगदीश कुमार ने बताया कि इससे छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए अपनी पंसद का विषय चुनने में सुविधा होगी।
इस साल सभी सब्जिेक्ट्स को हम वन अवर्स 60 मिनट्स डयूरेशन दे रहा है और पिछले साल 50 क्वेश्चन दिया और 40 क्वेश्चन स्टुडेंट कर सकते थे। 10 क्वेश्चन का च्वाइस भी थी, लेकिन इस साल सभी 50 क्वेश्चन कंपलसरी होगा और बिकॉज़ सभी पेपर्स में आइडेंटिकल नम्बर्स ऑफ क्वेश्चन्स रहेगा और एक क्वेश्चन का करेक्ट आन्सर का पांच मार्कस रहेगा और एनी इनकरेक्ट ऑप्शन को माइनेस मार्क रहेगा।
****
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रशासन पारदर्शी हुआ है। नई दिल्ली में केंद्रीय सूचना आयोग के वार्षिक सम्मेलन में उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 तक केंद्र सरकार के 80 प्रतिशत से अधिक कार्यालयों का कामकाज ऑनलाइन मोड में परिवर्तित किया गया। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में आरटीआई शिकायतों की संख्या में बढोतरी हुई है।
****
गृहमंत्री अमित शाह ने तीन नए आपराधिक कानूनों के हरियाणा में कार्यान्वयन पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। श्री शाह ने राज्य में अगले साल 31 मार्च तक राज्य में नए आपराधिक कानूनों का शत-प्रतिशत कार्यान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्य के हर जिले में एक से अधिक फोरेंसिक मोबाइल वैन उपलब्ध होनी चाहिए। नई दिल्ली में हुई बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और गृह सचिव के साथ कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
****
पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र शेखावत ने कहा है कि कुरुक्षेत्र की भूमि पर भारत की प्राचीन संस्कृति, रीति-रिवाज और दर्शन को पुनर्जीवित करने की अपार संभावनाएं हैं। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र के पवित्र स्थल से इन विषयों को आस्था के साथ-साथ ऐतिहासिक और वैज्ञानिक दृष्टि से भी पूरे विश्व को समझाया जा सकता है।
****
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा है कि स्टार्टअप इंडिया पहल के अंतर्गत 73 हजार 151 स्टार्टअप में कम से कम एक महिला निदेशक को मान्यता दी गई है। यह सरकार द्वारा चलाए गए स्टार्टअप का लगभग आधा हिस्सा है, जो नवाचार और आर्थिक विकास को आगे बढ़ाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है।
****
मंत्रिमण्डल की नियुक्ति समिति ने आर्थिक मामलों के सचिव अजय सेठ को तत्काल प्रभाव से राजस्व विभाग के सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। वे इस पद पर नियमित नियुक्ति या अगले आदेश तक बने रहेंगे।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि आयुष्मान वय वंदना कार्ड के प्रति वरिष्ठ नागरिकों में जो उत्साह दिखा है, वह बहुत संतोषजनक है। श्री मोदी ने कहा कि सरकार उनके बेहतर स्वास्थ्य और लंबी आयु के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से इस सुविधा का लाभ उठाने का आग्रह किया।
****
प्रधानमंत्री ने आज कहा कि स्वाहिद दिवस उन लोगों के साहस और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने खुद को असम आंदोलन के लिए समर्पित कर दिया।
केन्द्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस अवसर पर शहीदों के बलिदानों का सम्मान करते हुए असम की पहचान, संस्कृति और विरासत की सुरक्षा में उनके योगदान के महत्व को दोहराया।
जिन लोगों ने आत्म बलिदान दी है, असम आंदोलन में, इसको हम कहते हैं जातीय शहीद। आज पहले शहीद खगेसर ताल्लुका से लेकर जिन्होंने भी आत्म बलिदान दी है, सभी शहीदों को मैं भक्तिभावना से नमन करता हूं।
****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज मॉस्को में रूस के रक्षा मंत्री एंट्री बेलौसोव के साथ सैन्य और सैन्य तकनीकी सहयोग पर भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की 21वीं बैठक की सह-अध्यक्षता की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रक्षा संबंधों की समीक्षा की तथा सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। श्री सिंह ने कहा कि दोनों देश रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
रूस के रक्षा मंत्री ने कहा है कि रक्षा सहयोग प्रभावी रूप से बढ रहा है और दोनों देशों के बीच मित्रता आपसी सम्मान पर आधारित है।
****
इजराइल के लडाकू विमानों ने राजधानी दमिश्क सहित सीरिया के कई क्षेत्रों में हमले किए हैं। ब्रिटेन स्थित एक संस्थान ने कहा है कि पिछले दो दिनों में इजराइल ने सैकडों हवाई हमले किए हैं। इजराइल ने कहा है कि सीरिया से असद शासन खत्म होने के बाद हथियारों को विद्रोहियों के हाथों में जाने से रोकने के लिए यह हमले किये जा रहे हैं।
****
सभी शोध लेखों को समान पहुँच प्रदान करने के लिए एक देश एक शुल्क योजना अगले वर्ष शुरू होगी। सरकार अंतरराष्ट्रीय प्रकाशकों को उनके शोध प्रकाशनों के लिए एकीकृत सदस्यता शुल्क का भुगतान करेगी। अब तक प्रत्येक संस्थान को इन शोध प्रकाशनों की सदस्यता के लिए स्वयं भुगतान करना होता है। एक रिपोर्ट
वन-नेशन-वन सब्सक्रिप्शन दुनिया के 30 प्रमुख शोध प्रकाशनों के पूर्ण संग्रह को निर्बाध पहुंच प्रदान करेगा। पहले चरण के तहत लगभग 6 हजार 300 सरकारी शिक्षा संस्थानों के एक करोड 77 हजार से अधिक उपयोगकर्ताओं को लाभ होगा। इसमें स्टैम, प्रबंधन, सामाजिक विज्ञान और मानविकी की सभी धाराएं शामिल है। भारतीय शोधकर्ताओं की समिति दृश्यता की समस्या से निपटने के लिए भारतीय लेखकों को आर्टिकल प्रोसेसिंग चार्जेस-एपीसी पर छूट मिलेगी। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में श्री सूद ने बताया कि ओएनओएस योजना के तहत विभिन्न चरणों में कैसे लागू किया जाएगा।
यह योजना 2027 तक तीन सालों के लिए लागू की जाएगी। आकाशावाणी समाचार के लिए आदर्श नई दिल्ली।
****
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, कराईकल, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा के कई क्षेत्रों में कल तेज वर्षा का अनुमान लगाया है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और उत्तर प्रदेश घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में अगले दो से तीन दिन के दौरान कोहरा और धुंध छाए रहने का भी अनुमान है।
****
हांगकांग में विश्व स्क्वॉश चैंपियनशिप के महिला वर्ग में आज भारत ने इटली को 3-0 से हरा दिया। ग्रुप-सी में भारत तीन में से दो मैच जीतने के बाद चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। उधर, पुरूष वर्ग में भारतीय टीम को कोलंबिया ने 2-1 से पराजित किया।
****
दिल्ली में एशियन महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप में भारत छठे स्थान पर रहा। आज पांचवें-छठे स्थान के मैच में चीन ने भारत को 41-30 से हराया। इस चैंपियनशिप का खिताब जापान ने दक्षिण कोरिया को हराकर जीता।
****
नागालैंड में हॉर्नबिल फेस्टिवल का 25वां संस्करण आज समाप्त हो गया। 10 दिनों तक चले इस जीवंत सांस्कृतिक और संगीतमय उत्सव का समापन नागा हेरिटेज गांव किसामा में भव्य समारोह के साथ हुआ। राज्य के पर्यटन मंत्री इम्ना अलोंग ने कहा कि यह उत्सव नागालैंड और उसके लोगों की एकता और उत्साह को दर्शाता है।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मानवाधिकारों की रक्षा के लिए सुरक्षित, संरक्षित और न्यायसंगत डिजिटल वातावरण सुनिश्चित करने पर बल दिया।
- संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कई मुद्दों पर हंगामे के कारण दिनभर के लिए स्थगित; विपक्ष ने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया।
- यूजीसी ने कहा – छात्र 12वीं कक्षा के विषयों के अलावा स्नातक के कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट में किसी भी विषय में परीक्षा दे सकते हैं।
- भारत और रूस ने द्विपक्षीय रक्षा संबंधों की समीक्षा की; रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा – दोनों देश रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध।
- इजरायल ने सीरिया में हवाई हमले किए; कहा कि असद शासन के अंत के बाद रासायनिक हथियारों को विद्रोहियों के हाथों में जाने से रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई।
****