Download
Mobile App

android apple
signal

December 9, 2024 9:59 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण, बीमा जागरूकता और वित्तीय समावेशन के लिए बीमा सखी योजना का शुभारंभ किया। कहासशक्त महिलाएं देश के विकास के द्वार खोलती हैं।

 

  • विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने ढाका में बांग्लादेश के विदेश सचिव के साथ वार्ता की; कहा, भारत पड़ोसी देश के साथ सकारात्मक और आपसी लाभदायक संबंध चाहता है।

 

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में आज रूस में नवीनतम मल्टी रोल स्टील्थ गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट आईएनएस तुशील को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया।

 

  • संजय मल्होत्रा ​​भारतीय रिजर्व बैंक के अगले गवर्नर होंगे।

 

  • दक्षिण कोरिया ने राष्ट्रपति यून सुक येओल की विदेश यात्रा पर रोक लगाई।

 

  • सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप में 12वी बाजी में चीन के डिंग लिज़ेन ने भारत के डी. गुकेश को हराकर मैच को बराबरी पर ला दिया।

 

——-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महिलाओं में वित्‍तीय साक्षरता और बीमा जागरूकता को बढावा देने के लिए हरियाणा के पानीपत में बीमा सखी योजना का शुभारंभ किया।  

 

भारतीय जीवन बीमा निगम की इस पहल से 18 से 70 वर्ष तक आयु की महिलाओं का सशक्‍तीकरण होगा। प्रधानमंत्री ने भावी बीमा सखियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र वितरित किये।  

 

श्री मोदी ने करनाल में महाराणा प्रताप बागवानी विश्‍वविद्यालय के मुख्‍य परिसर की आधारशिला भी रखी।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले दस वर्षों में महिला सशक्‍तीकरण के लिए अभूतपूर्व कदम उठाये हैं। उन्‍होंने कहा कि देश ने बीमा सखी योजना के शुभारंभ के साथ महिला सशक्‍तीकरण की दिशा में एक और कदम बढा लिया है।  

 

कुछ साल पहले मुझे यहां पानीपत से बेटी बचाओं, बेटी पढाओं अभियान शुरू करने का सौभाग्‍य मिला। इसका सकारात्‍मक प्रभाव हरियाणा के साथसाथ पूरे देश में हुआ। अब दस साल बाद इसी पानीपत की धरती से बहनोंबेटियों के लिए बीमा सखी योजना का शुभारंभ हुआ है यानि हमारा पानीपत एक प्रकार से नारी शक्ति की प्रतीक भूमि बन गया है।

 

श्री मोदी ने महिलाओं को सशक्‍त बनाने के लिए और अवसर प्रदान करने पर जोर दिया।

 

2047 के विकसित भारत के संकल्‍प के सिद्धि के लिए हमें ऊर्जा के ढेर सारे नये स्रोतों की जरूरत है। ऊर्जा का ऐसा ही महत्‍वपूर्ण स्रोत हैभारत की नारी शक्ति। भारत को विकसित बनाने के लिए हमें अतिरिक्‍त ऊर्जा, ये कोटिकोटि हमारी माताएंबहनें हैं। वहीं हमारी प्रेरणा की स्रोत रहने वाली हैं। आज जो ये महिला सेल्‍फ हेल्‍प ग्रुप है, बीमा सखी हैं, बैंक सखी हैं, कृषि सखी हैंये विकसित भारत का बहुत बड़ा आधारस्‍तंभ बनेगी।

 

इस अवसर पर वित्‍तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि सरकार ने बीमा सखी योजना के अंतर्गत तीन वर्षों में दो लाख से अधिक महिलाओं की भर्ती का लक्ष्‍य रखा है। उन्‍होंने बताया कि योजना के अंतर्गत दसवीं पास महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान पहले तीन वर्ष मासिक भत्‍ता भी दिया जाएगा।

 

10वीं पास किए हुए महिलाओं को एलआईसी रिक्‍रूटमेंट के द्वारा एजेंट के नाम में महिला बीमा सखी के नाम में उनको रिक्‍रूट करते हुए उनको एक स्‍टाइपेंड भी देंगे, पहले साल हर महीना सात हजार रूपया, फिर अगले साल हर महीना छह हजार रूपया होते हुए तीसरी साल हर महीने पांच हजार रूपया हर महीना हर महिला को मिलेगा। 

 

——-

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि देश आत्‍मनिर्भर बनने की राह पर आगे बढ़ रहा है। आत्‍मनिर्भर भारत अभियान वैश्विक है और इसका असर भी वैश्विक है। इसके लिए सरकार एक समग्र दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रही है। श्री मोदी ने आज राजस्‍थान के जयपुर में इमरजिंग राजस्‍थान वैश्विक निवेश शिखर सम्‍मेलन में कहा कि रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र का पालन करके देश के हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। एक रिपोर्ट–

 

सम्मेलन के पहले दिन संबंधित देशों के प्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और अधिकारियों ने भाग लिया। जापान पर केंद्रित सत्र इसलिए खास रहा, क्योंकि राज्य में जापानी कंपनियों का निवेश लगातार बढ़ रहा है। निकट भविष्य में कई जापानी कंपनियां अक्षय ऊर्जा और रोबोटिक्स में निवेश करेंगी। इसके अलावा क्षेत्रीय जल सुरक्षा, समावेशी पर्यटन, सतत ऊर्जा अर्थव्यवस्था, सतत खनन, उद्योगों में महिलाओं की भागीदारी जैसे क्षेत्र आधारित सत्र भी आयोजित किए गए। इन सत्रों में केंद्र और राज्य सरकार के मंत्रियों, विषय विशेषज्ञों और इंडस्टी के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर

 

——-

 

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने ढाका में बंगलादेश के साथ विदेश कार्यालय सलाह मशविरे के बाद कहा कि भारत, बांग्‍लोदश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और परस्पर लाभकारी संबंध चाहता है। उन्‍होंने आज बांग्‍लोदश के विदेश सचिव मोहम्मद जशीम उद्दीन से वार्ता की। श्री विक्रम मिस्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की चर्चा भी हुई।

 

भारत ने बांग्‍लोदश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और कल्याण से संबंधित चिंताओं को उठाया। दोनों  विदेश सचिवों ने सांस्कृतिक, धार्मिक और राजनयिक संपत्तियों पर हमलों की कुछ खेदजनक घटनाओं पर भी चर्चा की।

 

——-

 

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने आज मनामा में भारत-बहरीन उच्च संयुक्त आयोग की चौथी बैठक की सह-अध्यक्षता की। अपने उद्घाटन भाषण के दौरान उन्‍होंने भारत-बहरीन सहयोग के बढ़ते दायरे पर प्रकाश डाला, जिसमें व्यापार, निवेश, रक्षा और समुद्री सुरक्षा शामिल है। डॉक्‍टर जयशंकर ने बहरीन के साथ सहयोग बढ़ाने में भारत की प्राथमिकता की पुष्टि करते हुए कहा कि भारत अंतरिक्ष, शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में बड़ी संभावनाएं देखता है।

 

——-

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में आज रूस में भारतीय नौसेना में नवीनतम मल्टी रोल स्टील्थ गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट आईएनएस तुशील को शामिल किया गया।

 

श्री सिंह ने जहाज के शामिल होने को देश की बढ़ती समुद्री ताकत का गौरवपूर्ण प्रमाण और भारत तथा रूस के बीच लंबे समय से चली आ रही मैत्री में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया। एक रिपोर्ट-

 

आईएनएस तुशील को नौसेना युद्ध के सभी चार आयामों हवा, सतह, पानी के नीचे और विद्युत चुम्बकीय में संचालन के लिए तैयार किया गया है। यह विभिन्न उन्नत हथियारों से लैस है जिसमें संयुक्त रूप से विकसित ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल और उन्नत रेंज वाली सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें शामिल हैं। भारत और रूस की नौसेनाओं के बीच गहरे संबंधों पर प्रकाश डालते हुए, श्री सिंह ने कहा कि भारत अपने मित्र देशों के साथ यह सुनिश्चित करने में विश्वास करता है कि क्षेत्र में समुद्री व्यापार सुरक्षित और संरक्षित रहे, जिससे निर्बाध व्यापार को बढ़ावा मिले। इस अवसर पर नौसेना स्टाफ प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने परियोजना में शामिल सभी लोगों को बधाई दी। पल्‍लवी प्रमाण की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अभिषेक कपिल।

 

——-

 

संजय मल्होत्रा ​​भारतीय रिजर्व बैंक के अगले गवर्नर होंगे। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने श्री मल्‍होत्रा के उनके नाम को मंजूरी दी है। उन्हें इस महीने की 11 तारीख से तीन साल की अवधि के लिए इस पद पर नियुक्त किया गया है। 1990 बैच के राजस्थान कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्री मल्होत्रा ​​वर्तमान में वित्त मंत्रालय में राजस्व सचिव के पद पर कार्यरत हैं। वे शक्तिकांत दास का स्थान लेंगे।

 

——-

 

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही आज विभिन्न मुद्दों पर कई बार स्थगन के बाद दिन भर के लिए स्‍थगित कर दी गई। सदन में एक व्यापारिक समूह के खिलाफ कथित रिश्वतखोरी के आरोपों और कांग्रेस नेताओं के एक प्रमुख अमरीकी संस्‍था के साथ कथित संबंधों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हंगामा हुआ।

 

लोकसभा में कांग्रेस, डी.एम.के. और अन्‍य विपक्षी दलों ने इन मुद्दों पर हंगामा किया। उधर राज्यसभा में भी इसी तरह का हंगामा देखने को मिला।

 

——-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इस महीने की 11 तारीख को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2024 के ग्रैंड फिनाले में युवा इनोवेटर्स से बातचीत करेंगे। ग्रैंड फिनाले में एक हजार तीन सौ  से अधिक छात्रों की टीम भाग लेंगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे।

 

——-

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल मानवाधिकार दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में राष्‍ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। मानवाधिकार दिवस हर वर्ष 10 दिसंबर को मनाया जाता है। इस वर्ष का विषय है हमारा अधिकार, हमारा भविष्य, अभी हैहै।

 

——-

 

दक्षिण कोरिया में राष्ट्रपति यून सुक येओल के विदेश यात्रा करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। पिछले मंगलवार को उनके द्वारा की गई अल्पकालिक मार्शल लॉ की घोषणा के कारण, उनकी जांच की जा रही है, हालांकि मार्शल लॉ 6 घंटे बाद ही हटा दिया गया था। यह प्रतिबंध न्याय मंत्रालय ने उच्च-रैंकिंग अधिकारियों के लिए भ्रष्टाचार जांच कार्यालय -सीआईओ के इस बारे में आदेश की घोषणा के बाद लगाया है।

 

——-

 

विश्व शतरंज चैंपियनशिप की 12वीं बाजी में विश्‍व चैंपियन चीन के डिंग लिजेन ने ग्रैंडमास्टर डी गुकेश को हरा दिया है। 14 बाजी के मुकाबले में दोनों खिलाडी 6-6 अंकों के साथ बराबरी पर है। गुकेश ने कल ग्‍यारहवीं बाजी जीती थी। साढे सात अंक लेने वाला खिलाडी नया विश्‍व चैंपियन बनेगा।

 

——-

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, हिंदी और अंग्रेजी में अपने साप्‍ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्‍पीक में आज रात साढे़ नौ बजे तपेदिक मुक्त भारत विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। परिचर्चा में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में उप महानिदेशक (टीबी) प्रोफेसर उर्वशी बी. सिंह और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में पल्मोनरी मेडिसिन के प्रोफेसर डॉक्टर विजय हड्डा भाग लेंगे।

 

श्रोता तपेदिक की पहचान और उसके उपचार से जुड़े विभिन्‍न पहलुओं पर हमारे विशेषज्ञों से प्रश्‍न पूछ सकते हैं। वे सरकार की ओर से चलाए जा रहे 100 दिन के तपेदिक उन्मूलन अभियान के सम्‍बन्‍ध में भी अपने सवाल पूछ सकते हैं।

 

——-

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और असम के विभिन्‍न स्थानों पर कल देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना व्‍यक्‍त की है। विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना बताई है।

 

——-

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण, बीमा जागरूकता और वित्तीय समावेशन के लिए बीमा सखी योजना का शुभारंभ किया। कहासशक्त महिलाएं देश के विकास के द्वार खोलती हैं।

 

  • विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने ढाका में बांग्लादेश के विदेश सचिव के साथ वार्ता की; कहा, भारत पड़ोसी देश के साथ सकारात्मक और आपसी लाभदायक संबंध चाहता है।

 

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में आज रूस में नवीनतम मल्टी रोल स्टील्थ गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट आईएनएस तुशील को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया।

 

  • संजय मल्होत्रा ​​भारतीय रिजर्व बैंक के अगले गवर्नर होंगे।

 

  • दक्षिण कोरिया ने राष्ट्रपति यून सुक येओल की विदेश यात्रा पर रोक लगाई।

 

  • सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप में 12वी बाजी में चीन के डिंग लिज़ेन ने भारत के डी. गुकेश को हराकर मैच को बराबरी पर ला दिया।

 

——-