Download
Mobile App

android apple
signal

December 8, 2024 10:11 PM

printer

समाचार संध्या

 

मुख्य समाचार:

 

  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्‍यम जयशंकर ने मनामा संवाद में पश्चिम एशिया के लिए भारत की व्यापक रणनीति प्रस्‍तुत की। उन्‍होंने कहा भारत के आर्थिक और रणनीतिक हितों के लिए पश्चिम एशिया महत्वपूर्ण।

 

  • सीमा सुरक्षा बल ने आज अपना 60वां स्थापना दिवस मनाया; गृह मंत्री अमित शाह ने देश की सुरक्षा में बीएसएफ की भूमिका की सराहना की।

 

  • सीरिया में राष्‍ट्रपति बशर अलअसद का 24 साल का शासन समाप्त; विद्रोहियों ने राजधानी दमिश्क पर कब्ज़ा किया।

 

  • सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारत के डी० गुकेश ने 11वीं बाजी में चीन के डिंग लिरेन को हराकर बढ़त बनाई।

 

  • दुबई में अंडर-19 पुरुष एशिया कप क्रिकेट में बांग्लादेश ने भारत को 59 रन से हराकर खिताब जीता।

 

***

 

विदेश मंत्री डॉ० सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने मनामा संवाद में पश्चिम एशिया के बारे में भारत की व्‍यापक रणनीति प्रस्‍तुत की। उन्‍होंने कहा कि भारत के आर्थिक और रणनीतिक हितों में पश्‍चिम एशिया की भूमिका महत्‍वपूर्ण है। वे बहरीन की राजधानी मनामा में आयोजित इस संवाद के पूर्ण सत्र को संबोधित कर रहे थे। डॉ जयशंकर ने बताया कि भारत का खाडी सहयोग परिषद के सदस्‍य देशों, ईरान और इराक के साथ वार्षिक व्‍यापार एक सौ 70 से एक सौ 80 अरब डॉलर का जबकि भूमध्‍यसागर के देशों के साथ 80 से 90 अरब डॉलर का है।

 

डॉ जयशंकर ने कहा कि खाडी क्षेत्र में भारतीय मूल के लगभग एक करोड और भूमध्‍यसागर के देशों में लगभग 50 लाख भारतवंशी हैं। उन्‍होंने कहा कि प्रवासी समुदाय भारत और पश्चिम एशिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों और आर्थिक विकास में महत्‍वपूर्ण योगदान कर रहा है।

 

अपने संबोधन में डॉ जयशंकर ने भारत की भविष्‍य की ऊर्जा सुरक्षा, विशेष रूप से ग्रीन हाइड्रोजन और ग्रीन अमोनिया जैसे नये क्षेत्रों में पश्चिम एशिया के महत्‍वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्‍होंने कहा कि यह क्षेत्र ने परम्‍परागत ऊर्जा संसाधनों के अलावा, उर्वरक के आयात के जरिए भारत के कृषि क्षेत्र में महत्‍वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्‍होंने यह भी कहा कि यह क्षेत्र प्रौद्योगिकी और निवेश में सहयोग के लिए प्रमुख भागीदार के रूप में उभरा है।

 

डॉ० जयशंकर ने कहा कि देश की लगभग 4 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्‍यवस्‍था के इस दशक के अंत तक दो गुना होने की उम्‍मीद इससे पश्चिम एशिया के साथ भारत की घनिष्‍ठता और बढेगी।

 

विदेश मंत्री ने गजा, लेबनान और सीरिया सहित इस क्षेत्र में जारी संघर्षों की भी चर्चा की।

 

पूर्ण सत्र के दौरान चेक गणराज्‍य के राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार टोमाज पोजार और बहरीन के विदेश मंत्री डॉ अब्‍दुल आतिफ बिन राशिद अल ज़ायानी ने भी अपने विचार व्‍यक्‍त किये।

 

***

 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज से रूस की तीन दिन की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे मॉस्‍को में रूस के रक्षामंत्री आंद्रे बेलोसोव के साथ सेना और सैन्‍य तकनीकी सहयोग पर भारत-रूस अंतर सरकारी आयोग की 21वीं बैठक की सहअध्‍यक्षता करेंगे।

 

दोनों नेता सैन्‍य और औद्योगिक सहयोग सहित दोनों देशों के रक्षा संबंधों की समीक्षा करेंगे। परस्‍पर हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा।

 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह कल कालिनिन्ग्राद में यान्त्रा शिपयार्ड में भारतीय नौसेना के नवीनतम मिसाईल फ्रिगेट विध्वंसक आईएनएस तुषील का जलावतरण करेंगे।

 

***

 

गृह मंत्री अमित शाह ने देश की सीमा की सुरक्षा, घुसपैठ रोकने और वामपंथी उग्रवाद से निपटने में सीमा सुरक्षा बल की भूमिका की सराहना की है। गृहमंत्री ने कहा है कि सीमा सुरक्षा बल, पिछले छह दशकों से देश की सीमा सुरक्षा को सुदृढ कर रही है। श्री शाह ने सीमा सुरक्षा बल के 60वें स्‍थापना दिवस के अवसर पर आज जोधपुर में कहा कि वर्ष 1965 से देश की पूर्वी और पश्चिमी सीमाओं को सुरक्षित रखने में सीमा सुरक्षा बल ने उत्‍कृष्‍ट कार्य किया है।

 

सीमा सुरक्षा बल ने हमारी सुरक्षा को चाक चौबंद रखा है और एक देश की बढ़ती हुई सुरक्षा जरूरी या तो आपके बगैर ये पूरी करना असंभव है। इसीलिए 25 बटालियन से शुरू हुआ ये बल आज 193 बटालियनों तक पहुंचा है और दो लाख 70 हजार जवानों की संख्‍या वाला एक विश्‍व का सबसे बड़ा सीमा रक्षक बल है, इसका पूरे भारत को गौरव है।

 

गृहमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में देश के सुरक्षा परिदृश्‍य में बड़ा बदलाव आया है। श्री अमित शाह ने कहा कि भारत सरकार ने सीमा पर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्‍यान दिया है और इसके लिए हर वर्ष बजट में विशेष प्रावधान किया जाता है। उन्‍होंने कहा कि सरकार ने सीमा पर स्थित गांवों के लिए जीवंत ग्राम योजना शुरू की है, ताकि सीमावर्ती गांवों में रहने वाले लोगों को सम्‍मान, रोजगार और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्‍ध करायी जा सकें।

 

***

 

महाराष्‍ट्र में विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन आज अस्‍थायी अध्‍यक्ष कालिदास कोलम्‍बकर ने शेष विधायकों को शपथ दिलाई। शपथ लेने वाले विधायकों में – महाराष्‍ट्र भाजपा अध्‍यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, मंगल प्रभात लोढा, राधाकृष्‍णा विखे पाटिल और अब्‍दुल सत्‍तार शामिल हैं।

 

शपथ ग्रहण समारोह के बहिष्‍कार का आहवान करने वाले महाराष्‍ट्र कांग्रेस अध्‍यक्ष नाना पटोले, विजय वाडेत्तिवार, अमित देशमुख और शिवसेना उद्धव गुट के नेता आदित्‍य ठाकरे सहित महाविकास अघाडी के विधायकों ने भी शपथ ग्रहण की।

 

इस बीच, भाजपा नेता राहुल नार्वेकर ने महायुति उम्‍मीदवार के तौर पर विधानसभा के अध्‍यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है। विपक्षी महाविकास अघाडी के किसी भी सदस्‍य ने नामांकन नहीं भरा है।

 

***

 

कर्नाटक विधानमण्डल का शीतकालीन सत्र कल से शुरू होगा। दस दिन का सत्र बेलगावी के सुवर्ण सौध में आयोजित किया जा रहा है। अध्यक्ष यू टी खादर ने कहा कि अब तक तीन हजार से अधिक प्रश्न, 205 ध्यानाकर्षण नोटिस और तीन निजी सदस्य विधेयक प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी की अध्यक्षता में बेलगावी कांग्रेस सम्मेलन के सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सुवर्ण सौध में एक फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है।

 

***

 

पंजाब में पांच नगर निगमों और 598 वार्ड के नगर परिषदों या नगर पंचायतों के लिए 21 दिसम्बर को मतदान होगा। मतदान सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक चलेगा और उसी दिन मतगणना भी होगी। मतदान के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का इस्तेमाल किया जाएगा।

 

पंजाब राज्य के चुनाव आयुक्‍त राज कमल चौधरी ने बताया कि सुचारू मतदान के लिए सुरक्षा के व्‍यापक प्रबंधन किए गए हैं।

 

***

 

पंजाब के प्रदर्शनकारी किसानों ने आज दिल्‍ली कूच करने का अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया है। किसान नेता बैठक करने के बाद अपनी अगली योजना के बारे में निर्णय लेंगे।

 

आज दोपहर बाद किसानों के एक समूह ने अपना विरोध जताने के लिए दिल्‍ली की ओर कूच करना शुरू किया था, लेकिन दिल्‍ली की ओर बढने की अनुमति न दिए जाने के कारण हरियाणा पुलिस ने उन्‍हें शंभु बार्डर पर रोक दिया।

 

***

 

सीरिया में विद्रोहियों ने राजधानी दमिश्‍क पर कब्ज़ा कर लिया है। मीडिया के अनुसार राष्‍ट्रपति बशरअलअसद आज देश छोड़कर किसी अज्ञात स्‍थान पर चले गए हैं। हमारे संवाददता ने बताया है कि विद्रोहियों ने दो सप्‍ताह से भी कम समय में चार प्रमुख शहरों पर कब्‍जा कर लिया है।

 

आज दमिश्क की सड़कों पर भीड़ उमड़ पड़ी। वे बंदूकों के साथ जश्न मना रहे थे और प्रार्थनाएँ भी कर रहे थे। विद्रोहियों ने तेज़ रफ़्तार से सीरिया के तीसरे सबसे बड़े शहर होम्स पर कब्ज़ा किया, फिर वे राजधानी दमिश्क में घुस गये और उस पर कब्जा कर लिया।

 

इस बीच, इज़राइल ने गोलान हाइट्स सीमा क्षेत्र में अतिरिक्त सैनिकों को तैनात कर दिया है। इज़राइली अधिकारियों ने पूरी सीमा सील कर दी और कुछ स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। साझा सीमा को नियंत्रित करने वाले 1974 के समझौते पर अब अनिश्चितता के बादल मडरा रहे हैं।

 

तेज़ी से सामने आ रही घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में हलचल बढ़ा दी है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने सीरिया के वर्तमान हालात पर संयुक्त राष्ट्र के राजदूत से बातचीत की। अमरीका ने कहा है कि वह सीरिया में अपनी उपस्थिति बनाए रखते हुए इस्लामिक स्टेट के पुनरुत्थान को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है। लेबनान की मसना सीमा पर जश्न का माहौल है। दुबई से विनोद की रिपोर्ट के साथ आकाशवाणी समाचार कक्ष से नेहा गोस्‍वामी

 

***

 

सीरिया की राजधानी दमिश्क में भारतीय दूतावास सक्रिय है और वहां भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए उपलब्ध है। विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि दूतावास सभी भारतीय नागरिकों के संपर्क में है और वे सुरक्षित हैं।

 

***

 

बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार मोहम्मद तौहीद हुसैन ने कहा है कि बांग्लादेश को उम्‍मीद है कि पिछले दो से तीन महीनों से जारी भारत के साथ चल रही व्यापार मंदी का समाधान हो सकता है। बांग्लादेश की सरकारी समाचार एजेंसी ने आज यह जानकारी दी। उन्होंने ढाका में एक सेमिनार में कहा कि मुद्दों को जल्द ही सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझा लिया जाएगा।

 

विदेश सलाहकार ने कहा कि बांग्लादेश और भारत के विदेश कार्यालयों के बीच विचार-विमर्श के लिए भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी कल ढाका पहुंचेंगे।

 

***

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल राजस्‍थान और हरियाणा के दौरे पर जायेंगे। श्री मोदी जयपुर में राजस्‍थान वैश्विक निवेश सम्‍मेलन-2024 का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री जयपुर के प्रदर्शनी और सम्‍मेलन केंद्र में आयोजित तीन दिन के सम्‍मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित भी करेंगे। सम्‍मेलन से पहले तीस लाख करोड रूपये मूल्‍य के निवेश प्रस्‍तावों के लिए समझौता ज्ञापनों पर हस्‍ताक्षर किए गये हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि निवेश सम्‍मेलन में 32 देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। इसमें से 17 प्रतिनिधि भागीदार देशों के हैं।

 

इस ऐतिहासिक निवेश सम्मेलन की मेजबानी के लिए गुलाबी नगर जयपुर पूरी तरह तैयार है दुनिया भर से मेहमान गुलाबी नगर जयपुर पहुंच रहे हैं सुरक्षा और यातायात की विशेष प्रबंध किए गए हैं ऐतिहासिक स्थल और स्मारक तथा मुख्य इमरतें आकर्षक रोशनी से जगमग है जबकि मुख्य चावन को फूलों को सजाया गया है उद्घाटन के बाद विभिन्न क्षेत्रों पर आधारित विशेष सत्र आयोजित होंगे दूसरे दिन प्रवासी राजस्थानी कॉन्‍कलेव को समर्पित रहेगा समापन दिवस पर एमएसएमई कॉन्‍कलेव होगार। राज्य सरकार ने इस आयोजन को सफल बनाने और व्यापार तथा निवेश के लिए अनुकूल माहौल को बढ़ावा देने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है जीतेंद्र द्विवेदी आकाशवाणी समाचार जयपुर

 

प्रधानमंत्री कल ही हरियाणा के पानीपत में बीमा सखी योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना का लक्ष्‍य 18 से 70 वर्ष आयु की महिलाओं का सशक्तिकरण करना है।

 

***

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की तेरह दिसम्‍बर को उत्‍तर प्रदेश के प्रयागराज की यात्रा के पहले रेलमंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने आज महाकुंभ की तैयारियों की समीक्षा की। श्री वैष्‍णव ने प्रयागराज के पांच रेलवे स्‍टेशनों का निरीक्षण किया।

 

***

 

सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप में 11वीं बाजी में भारत के ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश ने मौजूदा विश्व चैंपियन चीन के डिंग लिरेन को हराकर चैंपियनशिप में 6-5 से बढत बना ली है। मैच की 29वीं चाल के बाद डिंग लिरेन ने हार स्‍वीकार कर ली। इससे पहले कल, दोनो के बीच 10वीं बाजी भी ड्रॉ रही। चैंपियनशिप में कुल 14 दौर की बाजियां खेली जानी है। लिरेन ने पहला दौर की बाजी जीती थी, जबकि 18 वर्षीय गुकेश ने तीसरे दौर में जीत दर्ज की थी।

 

***

 

दुबई में, बांग्लादेश ने आठ बार के चैंपियन भारत को 59 रन से हराकर अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया है। फाइनल में 199 रन के लक्ष्य के जवाब में भारतीय टीम 36वें ओवर में 139 पर सिमट गई। इससे पहले, बांग्लादेश की टीम ने बल्‍लेबाजी के लिए बुलाए जाने पर 50वें ओवर में 198 रन बनाये।

 

***

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहमण्‍यम जयशंकर ने मनामा संवाद में पश्चिम एशिया के लिए भारत की व्यापक रणनीति प्रस्‍तुत की। उन्‍होंने कहा भारत के आर्थिक और रणनीतिक हितों के लिए पश्चिम एशिया महत्वपूर्ण।

 

  • सीमा सुरक्षा बल ने आज अपना 60वां स्थापना दिवस मनाया; गृह मंत्री अमित शाह ने देश की सुरक्षा में बीएसएफ की भूमिका की सराहना की।

 

  • सीरिया में राष्‍ट्रपति बशर अलअसद का 24 साल का शासन समाप्त; विद्रोहियों ने राजधानी दमिश्क पर कब्ज़ा किया।

 

  • सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारत के डी० गुकेश ने 11वीं बाजी में चीन के डिंग लिरेन को हराकर बढ़त बनाई।

 

  • दुबई में अंडर-19 पुरुष एशिया कप क्रिकेट में बांग्लादेश ने भारत को 59 रन से हराकर खिताब जीता।

 

***