मुख्य समाचार :-
- केंद्र सरकार ने कहा-लगभग एक लाख विद्यार्थियों को किफायती और उच्च गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए देश में 85 नए केन्द्रीय विद्यालय खोले जाएंगे।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा-21वीं सदी भारत सहित पूर्व एशियाई देशों की सदी है और पूर्वोत्तर भारत में देश के विकास को गति देने की अपार संभावनाएं हैं।
- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा-सरकार उत्पादन लागत का 50 प्रतिशत से अधिक न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करेगी।
- विदेश सचिव विक्रम मिसरी बांग्लादेश की यात्रा के दौरान बांग्लादेश के विदेश मंत्री से आपसी हितों के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
- सरकार ने 24 x 7 भारतीय सांकेतिक भाषा चैनल, पीएम ई-विद्या शुरू किया।
- अंडर-19 पुरुष क्रिकेट एशिया कप में भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
************
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पांच हजार 872 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से देश में 85 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने और कर्नाटक के शिवमोग्गा के केंद्रीय विद्यालय के विस्तार को मंजूरी दे दी है। आज नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं को इसकी जानकारी देते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इन नए केंद्रीय विद्यालयों के खुलने से देश में लगभग 82 हजार 560 छात्रों को सस्ती, उच्च गुणात्मक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इस निर्णय से पांच हजार 388 नियमित पदों का सृजन होगा। श्री वैष्णव ने यह भी घोषणा की है कि नवोदय विद्यालय योजना के अंतर्गत देश के बाकी बचे जिलों में 28 नवोदय विद्यालय खोले जाएंगे। इनमें 15 हजार 680 से अधिक छात्र लाभान्वित होंगे और एक हजार 316 नियमित पदों का सृजन होगा। नए नवोदय विद्यालयों के लिए दो हजार 360 करोड़ रुपये स्वीकृत किये गये हैं। सूचना और प्रसारण मंत्री ने कहा कि सभी केंद्रीय विद्यालय और नवोदय विद्यालय को पीएम श्री स्कूल के रूप में नामित किया गया है।
************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत में देश के विकास को गति देने की अपार संभावनाएं हैं। श्री मोदी ने कहा कि 21वीं सदी भारत सहित पूर्व एशियाई देशों की है।
आने वाले दशकों में हम गुवाहाटी, अगरतला, इंफाल, ईटानगर, गंगटोक, कोहिमा, शिलांग और आइजोल जैसे शहरों का नया सामर्थ्य देखने वाले हैं और उसमें अष्टलक्ष्मी जैसे इन आयोजनों की बहुत बड़ी भूमिका होगी। अष्टलक्ष्मी महोत्सव नॉर्थ–ईस्ट के बेहतर भविष्य का उत्सव है।
प्रधानमंत्री ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में अष्टलक्ष्मी महोत्सव का उद्घाटन किया। अष्टलक्ष्मी महोत्सव के महत्व पर चर्चा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि यह अनूठा आयोजन है।
यह पहला और अनोखा आयोजन है जब इतने बड़े स्तर पर नॉर्थ–ईस्ट में निवेश के द्वार खुल रहे हैं। ये नॉर्थ–ईस्ट के किसानों, कारीगरों, शिल्पकारों के साथ–साथ दुनिया भर के निवेशकों के लिए भी एक बेहतरीन अवसर है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार पूर्वोत्तर को भावना, अर्थव्यवस्था और पारिस्थितिकी से जोड़ रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अष्टलक्ष्मी महोत्सव पूर्वोत्तर के उज्जवल भविष्य का उत्सव है और विकास की एक नई सुबह का पर्व है, जो विकसित भारत मिशन को आगे बढ़ाता है।
नॉर्थ–ईस्ट के हर राज्य में स्थायी शांति के प्रति एक अभूतपूर्व जन समर्थन दिख रहा है। हजारों नौजवानों ने हिंसा का रास्ता छोड़ा है और विकास का नया रास्ता अपनाया है। हमें मिलकर अष्टलक्ष्मी का नया भविष्य लिखना है और इसके लिए सरकार हर कदम उठा रही है।
तीन दिवसीय अष्टलक्ष्मी महोत्सव पूर्वोत्तर भारत के समृद्ध सांस्कृतिक ताने-बाने को प्रदर्शित करता है।
************
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आश्वासन दिया है कि सरकार, उत्पादन लागत का 50 प्रतिशत से अधिक न्यूनतम समर्थन मूल्य-एम.एस.पी. तय करेगी और किसानों से उपज की खरीद भी करेगी।
हम 50 परसेंट लागत का 50 परसेंट से ज्यादा मिनिमम सपोर्ट तय करेंगे और खरीदने का भी काम करेंगे। एमएसपी पर किसानों का उत्पाद खरीदा है और अब भी पूरा उत्पाद खरीदेंगे। उसी का एक रोड मैप कृषि में भी हमने बनाया है उसको पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने पहले किसानों को उनकी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य से वंचित रखा था। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत, वर्तमान केंद्र सरकार ने पिछले एक दशक में लगातार एम.एस.पी. में वृद्धि की है। कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि के लिए बजट आवंटन में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। वर्ष 2013-14 तक यह केवल 21 हजार नौ सौ करोड़ रुपये था, जो अब बढ़ाकर एक लाख 22 हजार 528 करोड़ रुपये कर दिया गया है। श्री चौहान ने कहा कि सरकार किसानों न केवल उर्वरक उपलब्ध कराती है बल्कि उन्हें सब्सिडी भी देती है। उन्होंने कहा कि हाल ही में किसानों को एक लाख 94 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई।
************
विदेश सचिव विक्रम मिसरी, इस महीने की नौ तारीख को आपसी हितो पर विचार-विमर्श के लिए बंगलादेश की यात्रा पर रवाना होंगे। नई दिल्ली में आज संवाददाताओं को यह जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच विदेश मामलों के बारे में एक-दूसरे के विचारों से अवगत होना है। प्रवक्ता ने कहा कि श्री मिसरी, आपसी हित के सभी मुद्दों पर बंगलादेश के विदेश सचिव से वार्ता करेंगे।
श्री जायसवाल ने कहा कि भारत, उत्तरी सीरिया में चल रहे संघर्ष से चिंतित है और वहां अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
दक्षिण कोरिया में उथल-पुथल के बारे में एक प्रश्न के उत्तर में श्री जायसवाल ने कहा कि भारत और दक्षिण कोरिया के बीच मजबूत राजनीतिक और आर्थिक संबंध हैं। उन्होंने कहा कि वहां स्थिति के जल्द सुधरने की संभावना है।
पाकिस्तान में मसूद अजहर की मौजूदगी के बारे में प्रवक्ता ने कहा कि वो संयुक्त राष्ट्र का घोषित आतंकवादी है और उसके खिलाफ कडी कार्रवाई की जानी चाहिए। श्री जायसवाल ने कहा कि मसूद अजहर भारत में सीमापार आतंकवादी हमलों में लिप्त रहा है और उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
************
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज नई दिल्ली में भारतीय सांकेतिक भाषा (आईएसएल) के लिए पीएम ई-विद्या डीटीएच 24×7 चैनल की शुरुआत की। यह चैनल भारतीय सांकेतिक भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित है। इसकी शुरुआत भाषा और विषय के रूप में भारतीय सांकेतिक भाषा को बढ़ावा देने के लिए की गई है।
आज हम देश को आधुनिकता की ओर ले जाने में समावेशिता की ओर ले जाने में एक महत्वपूर्ण कदम उठाएगे। दिव्यांगजनों की दुनिया है, विशेष करके साइन लैंग्वेज की दुनिया। हमें आने वाले दिनों में इसको ग्लोबल स्टैंडर्ड हमारी इंडियन साइन लैंग्वेज बने, ये एम्बिशन रखनी चाहिए।
श्री प्रधान ने कहा कि यह चैनल संचार को सुगम बनाने का एक सेतु है और समाज को अधिक समावेशी और प्रगतिशील बनाएगा।
************
केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ने संसद के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा है कि सरकार प्रदर्शनकारी किसानों से बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के दरवाजे किसानों के लिए खुले हैं और उन्हें आकर बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि वे बुलाते हैं तो सरकार उनके पास जाने को भी तैयार है। श्री चौधरी ने कहा कि सरकार चाहती है कि देश में किसान खुशहाल और समृद्ध रहें। फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी और अन्य मुद्दों की मांग को लेकर कुछ किसान संगठन हरियाणा-पंजाब सीमा पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
************
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज दिल्ली मेट्रो फेज-चार परियोजना के 26 किलोमीटर से अधिक दूरी के रिठाला-कुंडली कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। आज नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इससे राष्ट्रीय राजधानी और हरियाणा के बीच संपर्क में और सुधार आएगा। परियोजना की लागत छह हजार 230 करोड़ रुपये है।
************
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में आज आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुए सड़क हादसे में 8 लोगों की मृत्यु हो गई और 18 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा तब हुआ, जब लखनऊ से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रक से टकरा गई। घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के कन्नौज में हुई बस दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ लाभ की कामना करते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावितों की सहायता कर रहा है। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रूपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
************
महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री मधुकर पिचड़ का नासिक में निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे। ब्रेन स्ट्रोक के कारण उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था। वे अकोले विधानसभा क्षेत्र से लगातार सात बार विधायक रहे।
************
पंजाब में अमृतसर पुलिस ने आज सीमा पार के 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह को पाकिस्तान से हरविंदर रिंदा और अन्य देशों में रहने वाले दो और लोग संचालित कर रहे थे। उनके पास से एक हथगोला, 3 पिस्तौल और एक चीनी ड्रोन बरामद किया गया है। पंजाब पुलिस प्रमुख गौरव यादव ने बताया कि यह गिरोह हाल ही में बटाला में एक पुलिस अधिकारी के आवास पर हुए हमले के लिए जिम्मेदार था और उस क्षेत्र में एक पुलिस संस्थान पर बड़े हमले की साजिश रच रहा था।
************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि भारत में महिलाओं के विकास को काफी महत्व दिया गया है और देश की प्रगति, महिलाओं के विकास से जुड़ी हुई है। राष्ट्रपति ने आज ओडिशा में अपने गृह जिले मयूरभंज के रायरंगपुर महिला महाविद्यालय में छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं अपने आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प से नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। राष्ट्रपति अपने गृह राज्य ओडिशा की पांच दिवसीय यात्रा पर हैं। पैतृक गांव उपरबेड़ा की यह उनकी पहली यात्रा है। वह कल बंगरीपोसी में तीन रेलवे लाइनों – बांगिरिपोसी से गोरुमहिसानी, बादामपहाड़ से क्योंझर और बुदामोरा से चाकुलिया का उद्घाटन करेंगी।
************
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने न्यूयॉर्क में कोलंबिया विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित वर्ल्ड लीडर फोरम को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने विदेशों में रह रहे नेपाली युवाओं से स्वदेश लौटने और रोजगार के अवसर सृजित करने की अपील की।
************
रूस के कैलिनिनग्राद में इस महीने की 9 तारीख को बहुउद्देशीय नवनिर्मित राडार रोधी मिसाइल वाहक युद्धपोत आईएनएस तुशील का जलावतरण होगा यह भारतीय नौसेना को और अधिक सुदृढ़ करने में सहयोग होगा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह इस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। तीन हजार नौ सौ टन के इस युद्धपोत के निर्माण में भारत और रूस की आधुनिकतम प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया गया है।
************
मौसम विभाग ने कल पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर कोहरा छाए रहने का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने बताया है कि कल बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में तूफानी मौसम की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को इन स्थानों पर न जाने की सलाह दी है।
************
भारत अंडर 19 एशिया कप क्रिकेट के फाइनल में पहुंच गया है। शारजाह में आज भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को सात विकेट से हराया। 174 रन का लक्ष्य भारत ने 22वें ओवर में ही हासिल कर लिया। वैभव सूर्यवंशी ने सबसे अधिक 67 रन बनाए। रविवार को फाइनल में भारत का मुकाबला बांग्लादेश से होगा। बांग्लादेश ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को सात विकेट से हराया था।
—–
उधर, एडिलेड में भारत के साथ दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में एक विकेट पर 86 रन बना लिए हैं। मेजबान टीम अभी भी 94 रन से पीछे है।
इससे पहले आज टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम पहली पारी में 180 रन पर बनाए थे।
—-
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- केंद्र सरकार ने कहा-लगभग एक लाख विद्यार्थियों को किफायती और उच्च गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए देश में 85 नए केन्द्रीय विद्यालय खोले जाएंगे।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा-21वीं सदी भारत सहित पूर्व एशियाई देशों की सदी है और पूर्वोत्तर भारत में देश के विकास को गति देने की अपार संभावनाएं हैं।
- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा-सरकार उत्पादन लागत का 50 प्रतिशत से अधिक न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करेगी।
- विदेश सचिव विक्रम मिसरी बांग्लादेश की यात्रा के दौरान बांग्लादेश के विदेश मंत्री से आपसी हितों के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
- सरकार ने 24 x 7 भारतीय सांकेतिक भाषा चैनल, पीएम ई-विद्या शुरू किया।
- अंडर-19 पुरुष क्रिकेट एशिया कप में भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
—–