मुख्य समाचार:
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा – भारत परिवहन और मानसून–दोहन समुद्री क्षमता में अग्रणी बन गया है।
- केंद्र सरकार ने कहा – पिछले पांच वर्षों में 60 जिले वामपंथी उग्रवाद से मुक्त हुए।
- केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा – सरकार किसानों से बात करने को तैयार।
- कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हमले की निंदा की।
- भारत ने विकासशील देशों को बेहतर समर्थन के लिए वैश्विक वित्तीय प्रणाली में सुधार करने को कहा।
- दक्षिण कोरिया के विपक्षी सांसदों ने मार्शल लॉ के फैसले के बाद राष्ट्रपति यूं सुक येओल पर महाभियोग प्रस्ताव पेश किया।
- शारजाह में अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट में भारत ने संयुक्त अरब अमीरात को 10 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि भारत समुद्री परिवहन, जहाज निर्माण और मानसून निर्माण की समुद्री क्षमता का दोहन करने में अग्रणी बन गया है। ओडिशा के पुरी में ब्लू फ्लैग बीच पर नौसेना दिवस समारोह में उन्होंने कहा कि नौसेना देश के लिए समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करना जारी रखेगी और 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने में भरपूर सहयोग करेगी।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि समारोह में समुद्री कमांडो और भारतीय सेना के कर्मियों के सहयोग से 15 से अधिक जहाजों, पनडुब्बियों और 40 से अधिक विमानों को प्रदर्शित किया गया।
भारतीय नौसेना के जेट लड़ाकू विमानों ने पूरी के ब्लू फ्लैग बीच पर आयोजित नौसेना दिवस समारोह के दौरान शानदार संरचना के साथ–साथ अपने शानदार उड़ान कौशल का प्रदर्शन किया। भव्य समारोह की शुरुआत हक एजीटी से हुई जिसे फैंटम भी कहा जाता है। एयरो हेड फॉर्मेशन में हग विमानों ने बम बस्ट युद्ध अभ्यास के माध्यम से अपनी जमीनी हमले की क्षमता का प्रदर्शन किया। मरीन कमांडो या मार्कोस अत्यधिक प्रशिक्षित योद्धा होते हैं और उन्होंने फायरिंग और प्लेयर्स देखकर ताकत युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया। कमांडो ने एक वास्तविक बंधक बचाव अभियान का भी प्रदर्शन किया। प्रकाश दास, आकाशवाणी न्यूज़, पूरी।
************
सरकार ने कहा है कि देश में पिछले पांच वर्षों के दौरान वामपंथी उग्रवाद के खतरे से 60 जिले मुक्त हो गए हैं। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने आज राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में कहा कि वामपंथी उग्रवाद से निपटने के लिए राष्ट्रीय नीति और कार्य योजना के दृढ़ कार्यान्वयन के बाद हिंसा में कमी आयी है। गृह राज्य मंत्री ने कहा कि वर्ष 2010 की तुलना में वामपंथी उग्रवाद से जुड़ी हिंसक घटनाओं की संख्या में 73 प्रतिशत की कमी आई है।
************
विदेशमंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने भारत और चीन के बीच बेहतर संबंधों के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता के महत्व पर बल दिया है। चीन के साथ संबंधों पर आज राज्यसभा डॉ. जयशंकर ने कहा कि आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच चर्चा तनाव कम करने और प्रभावी सीमा प्रबंधन पर केंद्रित होगी।
************
राज्यसभा में बॉयलर विधेयक 2024 पारित कर दिया गया है। यह बॉयलर अधिनियम 1923 को निरस्त करता है। यह विधेयक सुरक्षा बढ़ाएगा क्योंकि बॉयलर के अंदर काम करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बॉयलर की मरम्मत कुशल लोगों से सुनिश्चित करने के लिए विधेयक में विशिष्ट प्रावधान किए गए हैं। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि बॉयलर्स विधेयक देश को सुरक्षित बनाने का प्रयास करता है।
************
कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा है कि सरकार किसानों से बातचीत करने के लिए तैयार है।
किसान यदि हमारे पास आए तो उनके लिए दरवाजे खुले हैं, यदि वो वहां बुलाए हम वहां जाने के लिए तैयार है। इस देश का किसान महान है, अन्नदाता है। उसकी पीड़ा वो हमारी पीडा है। वो जो बताए हम तैयार हैं उनके बीच जाने में जाने को तैयार हैं। कोई बातचीत होगी। क्या समस्या है तो उसका कैसे निदान हो सकने वाला है क्या तो हम जरूर तैयार है।
************
ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हर गरीब व्यक्ति को पक्का घर उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने करीब तीन करोड़ मकान बनाने की स्वीकृति दी है। आज नई दिल्ली में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत 38 लाख आवास आवंटित किए गए हैं।
योजना के प्रारंभ से ग्रामीण विकास विभाग 2 करोड़ 95 लाख आवास स्वीकृत कर चुका है जो हमारा टारगेट था और उसमें से 2 करोड़ 68 लाख घरों का निर्माण भी पूरा कर चुके हैं। अब पांच सालों में दो करोड नए घर हमको और बनाने हैं।
************
राजनीतिक दलों के नेताओं ने पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में हुए हमले की निंदा की है। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि एक बार फिर पंजाब में शांति भंग करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह ने बताया कि पुलिस को जल्द से जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश जारी किए गए हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब आतंक का एक और काला युग बर्दाश्त नहीं कर सकता।
************
भाजपा नेता और महायुति के विधायक दल के नेता देवेन्द्र फड़णवीस ने आज राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन से मुलाकात कर महाराष्ट में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। उनके साथ कार्यवाहक मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख अजित पवार भी थे। श्री फड़णवीस ने कहा कि राज्यपाल ने उन्हें कल शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया है। शपथ ग्रहण समारोह आज़ाद मैदान में शाम साढे पांच बजे होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ-साथ कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और लगभग चालीस हजार लोग शामिल होंगे।
श्री फड़नवीस ने कहा कि महायुति गठबंधन राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
हम तीनों मिलकर और साथ में हमारे जो साथी पक्ष है उनको साथ में लेकर तमाम निर्णय करेंगे और महाराष्ट्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का जो संकल्प हमने लिया है और विशेष रूप से महाराष्ट्र की जनता को जो वादे हमने किए है, उन वादों को पूरा करने के लिए पूरी जी–जान के साथ यह सरकार काम करेगी।
************
उधर, झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार कल दोपहर साढे 12 बजे रांची में होगा। ग्यारह मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
************
उत्तर प्रदेश के हिंसा प्रभावित संभल का दौरा करने के प्रयास पर भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की है। नई दिल्ली में पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में औपचारिकता कर रही है। उन्होंने कहा कि श्री गांधी का यह अचानक उठाया गया कदम केवल मीडिया का ध्यान आकर्षित करने के लिए है।
************
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आज नई दिल्ली में कुवैत के विदेश मंत्री अब्दुल्ला अली अल-याह्या के साथ बातचीत की। डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत व्यापार, निवेश, ऊर्जा, सूचना -प्रौद्योगिकी और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में कुवैत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। विदेश मंत्री ने कहा कि आज की बैठक ने उन्हें क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्थितियों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर प्रदान किया।
************
भारत ने विकासशील देशों को बेहतर समर्थन देने के लिए वैश्विक वित्तीय प्रणाली में सुधार करने को कहा है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों में ग्लोबल साउथ के लिए अधिक प्रतिनिधित्व और बहुपक्षीय विकास बैंकों से अधिक धन देने पर बल दिया है। संयुक्त राष्ट्र की एक बैठक में वित्त मंत्रालय में आर्थिक मामलों के विभाग में सलाहकार सुश्री गीतू जोशी ने विकासशील देशों की जरूरतों के प्रति अधिक संवेदनशील वित्तीय प्रणाली की आवश्यकता पर बल दिया।
************
दक्षिण कोरिया में विपक्षी गठबंधन के सांसदों ने मार्शल लॉ लगाने के बाद राष्ट्रपति यून सुक येओल पर महाभियोग चलाने के लिए आज संसद में एक प्रस्ताव पेश किया गया। इसके बाद हजारों प्रदर्शनकारी को सड़कों पर आ गए। राष्ट्रपति यून ने कल मार्शल लॉ की घोषणा की थी। जिसकी व्यापक आलोचना हुई और दक्षिण कोरिया की पिछली तानाशाही से तुलना की गई। कडे विरोध का सामना करने के बाद राष्ट्रपति यून ने छह घंटे के भीतर अपना निर्णय बदल दिया।
************
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन, इसरो ने प्रोबा-3 अंतरिक्ष यान में खराबी के कारण पीएसएलवी सी 59/प्रोबा 3 मिशन के प्रक्षेपण को पुनर्निर्धारित किया है। अब प्रक्षेपण कल शाम 4 बजकर 12 मिनट पर निर्धारित किया गया है।
************
सरकार पीएम सूर्य घर- मुफ़्त बिजली योजना के अंतर्गत मार्च 2025 तक दस लाख से ज़्यादा रूफटॉप सोलर लगाने वाली है। नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने कहा कि इसके शुरू होने के नौ महीने के भीतर ही 6 लाख 30 हजार रूफटॉप सोलर लगाए गए हैं। मंत्रालय ने कहा है कि सरकार ने मार्च 2027 तक एक करोड़ रूफटॉप सोलर लगाने का लक्ष्य रखा है।
************
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में पिछले पांच वर्षों में 71 हजार से अधिक नए पद सृजित किए गए हैं। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में कहा कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में सबसे अधिक 31 हजार से अधिक पद सृजित किए गए हैं। गृह राज्य मंत्री ने कहा कि कई बलों में एक लाख से अधिक रिक्त पदों को शीघ्रता से भरने के काम किया जा रहा है।
************
मौसम विभाग ने कल कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में बिजली के साथ तूफान की आशंका व्यक्त की है। लक्षद्वीप से सटे दक्षिण-पूर्व अरब सागर के उत्तरी हिस्सों और इससे सटे पूर्व-मध्य और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में कल तूफानी मौसम की स्थिति बनी रह सकती है। मछुआरों को इन इलाकों में न जाने की चेतावनी दी गई है।
************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज स्क्वॉश खिलाड़ी राज मनचंदा के निधन पर शोक व्यक्त किया। श्री मोदी ने कहा कि श्री मनचंदा अपने समर्पण और उत्कृष्टता के लिए जाने जाते थे। प्रधानमंत्री ने सेना में उनके कार्यकाल की भी सराहना की।
************
भारत अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट के सेमीफाइनल में पहुंच गया है। शारजाह में आज भारतीय टीम ने संयुक्त अरब अमारात-यूएई को दस विकेट से हराया। शुक्रवार को सेमीफाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से और पाकिस्तान का मुकाबला बांग्लादेश से होगा।
************
ओमान के मस्कट में जूनियर एशिया कप हॉकी के फाइनल में इस समय भारत का मुकाबला पाकिस्तान के साथ चल रहा है। ताजा समाचार मिलने तक दोनों टीमें एक-एक की बराबरी पर हैं।
************
सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारतीय ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश और चीन के मौजूदा चैंपियन डिंग लिरेन के बीच आठवीं बाजी भी ड्रा रही। दोनों खिलाड़ी 51 चालों के बाद ड्रा पर सहमत हो गये। 14 बाजियों की इस चैंपियनशिप में दोनों खिलाडि़यों के अब बराबर चार-चार अंक हैं।
************
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा – भारत परिवहन और मानसून–दोहन समुद्री क्षमता में अग्रणी बन गया है।
- केंद्र सरकार ने कहा – पिछले पांच वर्षों में 60 जिले वामपंथी उग्रवाद से मुक्त हुए।
- केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा – सरकार किसानों से बात करने को तैयार।
- कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हमले की निंदा की।
- भारत ने विकासशील देशों को बेहतर समर्थन के लिए वैश्विक वित्तीय प्रणाली में सुधार करने को कहा।
- दक्षिण कोरिया के विपक्षी सांसदों ने मार्शल लॉ के फैसले के बाद राष्ट्रपति यूं सुक येओल पर महाभियोग प्रस्ताव पेश किया।
- शारजाह में अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट में भारत ने संयुक्त अरब अमीरात को 10 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
************