मुख्य समाचार:
- सरकार ने तटीय क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी के लिए नौसैन्य रक्षा उपकरणों की खरीद के 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावों को मंजूरी दी।
- लोकसभा में बैंकिंग कानून (संशोधन) विधेयक और राज्यसभा में तेल क्षेत्र विनियमन और विकास संशोधन विधेयक को मंजूरी।
- सरकार ने देशभर में दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने के लिए 16 पहल शुरू कीं।
- जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने वांछित आतंकवादी जुनैद अहमद भट्ट को मार गिराया।
- दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक योल ने देश में आपातकालीन मार्शल लॉ की घोषणा की।
- दिल्ली में एशियाई महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप में भारत ने हांगकांग चीन को 31-28 से हराया।
*******
रक्षा अधिग्रहण परिषद ने 21 हजार सात सौ 72 करोड रुपये से अधिक के पांच प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में परिषद ने नौसेना के लिए 31 नये वाटर जेट फास्ट अटैक क्राफ्ट की खरीद को स्वीकृति दी। एक रिपोर्ट-
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह हमलावर पोत तट के निकट कम तीव्रता की समुद्री कार्रवाई, निगरानी, गश्त, खोज और बचाव कार्यों के लिए डिजाइन किये गये हैं। मंत्रालय ने बताया कि परिषद ने 120 फास्ट इंटरसेप्टर क्राफ्ट की खरीद को भी मंजूरी दी है। ये पोत तटीय रक्षा के लिए विमान वाहक, विध्वंसक और फ्रिगेट तथा पन्डुब्बियों की सुरक्षा सहित कई तरह के कार्य कर सकेंगे। बैठक में भारतीय तट रक्षक के लिए छह उन्नत हल्के हेलीकॉप्टरों की खरीद को भी मंजूरी दी गई। दीपेन्द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से करिश्मा राय।
*******
लोकसभा ने आज बैंकिंग कानून संशोधन विधेयक-2024 पारित कर दिया। इस विधेयक के अन्तर्गत भारतीय रिजर्व बैंक अधिनियम-1934, बैंकिंग विनियमन अधिनियम-1949, स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया अधिनियम-1955, बैंकिंग कम्पनी (उपक्रमों का अधिग्रहण और अंतरण) अधिनियम-1970 और बैंकिंग कम्पनी (उपक्रमों का अधिग्रहण और अंतरण) अधिनियम-1980 को संशोधित करने का प्रावधान किया गया है। इस विधेयक से प्रत्येक बैंक खाते में नॉमिनी की संख्या वर्तमान एक से बढाकर चार करने का विकल्प दिया गया है। विधेयक ऑडिटर के पारिश्रमिक का फैसला करने के लिए बैंकों को अधिकार प्रदान करेगा।
विधेयक प्रस्तुत करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि प्रस्तावित संशोधन से बैंकिंग क्षेत्र में संचालन मजबूत होगा और ग्राहक सुविधा बढेगी।
*******
राज्यसभा ने आज ऑयलफील्ड विनियमन और विकास संशोधन विधेयक-2024 को स्वीकृति दे दी। यह विधेयक खनिज तेलों की परिभाषा में विस्तार के बारे में है जिसमें प्राकृतिक रूप से उपलब्ध हाइड्रोकार्बन, कोलबैड, मीथेन और शेल गैस शामिल हैं। विधेयक में स्पष्ट किया गया है कि खनिज तेलों में कोयला, लिग्नाइट या हीलियम शामिल नहीं होंगे।
बहस का उत्तर देते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि यह विधेयक नीति स्थिरता, बुनियादी ढांचा साझा करना, कार्बन कैप्चर, अपराधीकरण को हटाना और विवादों का आसान समाधान सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि भारत में पिछले तीन वर्षों से तेल की कीमतों में गिरावट आई है। श्री पुरी ने कहा कि यह तेल और गैस क्षेत्र में कारोबार करना आसान बनाएगा।
*******
संसद के दोनों सदनों में पांच दिन से जारी गतिरोध समाप्त होने के बाद कार्यवाही आज सामान्य रूप से चली। एक रिपोर्ट
एक हप्ते से चल रहे गतिरोध खत्म होने के बाद आज संसद में काम-काज सामान्य रहा। मौजूदा शीतकालीन सत्र के दौरान सुचारू काम काज पर सरकार और विपक्ष में सहमति बनने के बाद दोनों सदनों में सूचिबद्ध तरीके से चर्चा हुई। कुछ हंगामे के बावजूद लोकसभा और राज्यसभा में प्रश्नकाल और शून्यकाल दोनों सुचारू रूप से चले। जहां लोकसभा ने बैंकिंग कानून संशोधन विधेयक पारित किया वहीं राज्यसभा ने तेल क्षेत्र विनियमन और विकास विधेयक पारित किया। हालांकि विपक्षी सांसदों ने दोनों सदनों में कई मुद्दों पर तत्काल चर्चा के लिए नोटिस दिया था लेकिन उन्होंने इस पर कोई दबाव नहीं डाला जिसकी वजह से दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित नहीं हुई पिछले महीने की 25 तारीख से शुरू हुआ संसद का शीतकालीन सत्र इस महीने की 20 तारीख तक चलेगा आनंद कुमार के साथ अनुपम मिश्र आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*******
विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर ने कहा है कि भारत और चीन के बीच संबंध बढाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना पहली शर्त है। उन्होंने कहा कि दोनों देश आने वाले दिनों में सीमावर्ती क्षेत्रों में तनाव कम करने और गतिविधियों के प्रभावी प्रबंधन पर चर्चा करेंगे। विदेश मंत्री ने कहा कि लगातार राजनयिक संबंधों को प्रतिबिंबित करने वाली हाल की घटनाओं से भारत और चीन के संबंधों में कुछ सुधार हुआ है।
पूर्वी लद्दाख में अप्रैल-मई 2020 में भारत और चीन की सेना के बीच आमने-सामने की स्थिति पर, डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत-चीन संबंध 2020 से असामान्य रहे हैं।
डॉ. जयशंकर ने कहा कि पूर्वी लद्दाख में अब चरणबद्ध प्रक्रिया के माध्यम से सेनाएं हटा ली गई हैं।
उन्होंने दोहराया कि भारत, सीमा समाधान के लिए निष्पक्ष, तर्कसंगत और पारस्परिक रूप से स्वीकार्य नतीजे पर पहुंचने के लिए द्विपक्षीय चर्चाओं के माध्यम से चीन के साथ बातचीत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पांच दिन के दौरे पर आज शाम अपने गृह राज्य ओडिशा पहुंची। भुवनेश्वर पहुंचने पर राज्यपाल रघुवर दास, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और अन्य वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति कल पुरी में ब्लू फ्लैग बीच पर आयोजित भारतीय नौसेना दिवस समारोह और कई अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगी। एक रिपोर्ट-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल सुबह पुरी में 12वीं शताब्दी के श्री जगन्नाथ मंदिर जाएंगी और भगवान की पूजा अर्चना करेगी दर्शन के बाद वह पुरी में गोपाबंधु आयुर्वेद महाविद्यालय के 75 में वर्षगांठ समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति मुर्मु जो भारतीय सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर भी हैं। कल दोपहर पुरी में ब्लू फ्लैग 20 पर नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी द्वारा आयोजित नौसेना दिवस समारोह में प्रमुख अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में 15 से अधिक जहाज पनडुब्बियों और 40 से अधिक विमान प्रदर्शित किए जाएंगे। राष्ट्रपति अपने पांच दिवसीय यात्रा के दौरान ओडिशा में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगी और तीन प्रमुख रेलवे लाइन परियोजना की आधारशिला रखेंगी। प्रकाश दास आकाशवाणी समाचार भुवनेश्वर।
*******
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने आज अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में देशभर में दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने के लिए आज नई दिल्ली में 16 पहलों की शुरुआत की। श्री सिंह ने कहा कि यह प्रयास, समग्र समाज के निर्माण की दिशा में सरकार के दृढसंकल्प को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य सरकार द्वारा प्रत्येक दिव्यांगजन को समान अवसर देना और सशक्त बनाना है। शुरू की गई पहलों में ”कदम नी ज्वाइंट”, कामयाबी की राह -तीसरा भाग, सुगम्य भारत अभियान और द ब्रेल बुक पोर्टल शामिल हैं।
*******
अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि यह दिव्यांगजनों के साहस, आत्मविश्वास और उपलब्धियों के आगे नतमस्तक विशेष अवसर है। एक लेख में श्री मोदी ने कहा कि दिव्यांगजनों के प्रति सम्मान भारत की विचारधारा में निहित है। रामायण के एक श्लोक का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय धर्मग्रंथों और लोकग्रंथों में दिव्यांगजनों के प्रति सम्मान की भावना देखी जा सकती है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 2047 में जब देश स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा, तो दिव्यांगजनों को पूरी दुनिया में प्रेरणा के रूप में देखा जाएगा।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज चंडीगढ़ में नए अपराध कानूनों को राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह भी उपस्थित थे। प्रधानमंत्री ने भारतीय न्याय संहिता लागू किए जाने पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सच्चा सामाजिक न्याय है।
*******
महाराष्ट्र में नवनिर्वाचित महायुति गठबंधन की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले आज मुंबई में भारतीय जनता पार्टी की बैठक हुई। मुख्यमंत्री के नाम के बारे में स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। शपथ ग्रहण समारोह मुंबई के आजाद मैदान में बृहस्पतिवार यानी 5 दिसंबर शाम पांच बजे होना है।
*******
झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह बृहस्पतिवार यानी 5 दिसम्बर को होगा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार राजभवन में मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। झारखंड मुक्ति मोर्चा के गठबंधन वाली इस सरकार में 11 मंत्रियों को शामिल किए जाने की संभावना है।
श्री हेमंत सोरेन ने पिछले महीने की 28 तारीख को झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की थी।
*******
जम्मू-कश्मीर में आज श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र स्थित दाचीगाम के जंगलों में हुई मुठभेड़ में एक वांछित कट्टर आतंकवादी सरगना मारा गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मारे गये आतंकवादी की पहचान जुनैद अहमद भट्ट के तौर पर की गई है जिसका संबंध आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैय्बा से था। प्रवक्ता ने यह भी बताया कि मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के गगनगीर सोनमर्ग क्षेत्र में सुरंग निर्माण स्थल के निकट 20 अक्टूबर को किए गए हमले के सिलसिले में इसकी तलाश थी।
*******
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक येओल ने देश में “आपातकालीन मार्शल लॉ” की घोषणा की है। उन्होंने इसे देश को उत्तर कोरिया की साम्यवादी ताकतों से बचाने और राज्य विरोधी तत्वों को खत्म करने के लिए एक आवश्यक उपाय बताया है। राष्ट्रपति ने अचानक देर रात को टेलीविजन पर अपने संबोधन में यह घोषणा की।
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब राष्ट्रपति की पीपुल्स पावर पार्टी और मुख्य विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के बीच अगले साल के बजट विधेयक पर असहमति बनी हुई है।
*******
महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने आज कहा कि सरकार महिलाओं के विकास के प्रति वचनबद्ध है और महिलाओं के नेतृत्व में विकास की दिशा में आगे बढ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण हर क्षेत्र में महिलाओं को नेतृत्व का अवसर प्रदान करते हुए महिला केन्द्रित विकास हासिल करना है।
माननीय प्रधानमंत्री जी ने हमेशा महिला सशक्तिकरण की बात कही है और उन्होंने यह भी कहा अगर हमारी आधी आबादी घर में बंद है, तो हम सफलता हासिल नहीं कर सकते। इस दृष्टि को ध्यान में रखते हुए विभिन्न डेवलपमेंट से वूमेन लेड डेवलपमेंट की और हम जा रहे हैं हमारी सरकार ने लगातार 2014 से यह प्रयास किया है कि हम महिलाओं को सशक्त करेंगे, महिलाओं को समृद्ध करेंगे, महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देंगे। चाहे वह काम-काजी महिलाएं हों या स्कूल में पढ़ने वाली बच्चियां हों।
*******
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो कल आंध्र प्रदेश में श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र से शाम चार बजकर आठ मिनट पर पीएसएलवी-सी59-प्रोबा-3 का प्रक्षेपण करेगा।
*******
मौसम विभाग ने कल तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराइकल, केरल, माहे, लक्षद्वीप, तटवर्तीय आन्ध्र प्रदेश, यानम और रॉयलसीमा में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ तूफान आने की संभावना व्यक्त की है।
*******
नई दिल्ली में 20वीं एशियाई महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप में भारत ने पहले मैच में हांगकांग चीन को 31-28 से हराया दिया है। भारत पहली बार इस टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। दीक्षा कुमारी की अगुवाई में भारतीय टीम को ग्रुप बी में जापान, ईरान और हांगकांग जैसी मजबूत टीमों के साथ रखा गया है।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- सरकार ने तटीय क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी के लिए नौसैन्य रक्षा उपकरणों की खरीद के 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावों को मंजूरी दी।
- लोकसभा में बैंकिंग कानून (संशोधन) विधेयक और राज्यसभा में तेल क्षेत्र विनियमन और विकास संशोधन विधेयक को मंजूरी।
- सरकार ने देशभर में दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने के लिए 16 पहल शुरू कीं।
- जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने वांछित आतंकवादी जुनैद अहमद भट्ट को मार गिराया।
- दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक येओल ने देश में आपातकालीन मार्शल लॉ की घोषणा की।
- दिल्ली में एशियाई महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप में भारत ने हांगकांग चीन को 31-28 से हराया।
*******