Download
Mobile App

android apple
signal

December 2, 2024 9:53 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:

 

  • संसद के शीतकालीन सत्र में जारी गतिरोध को समाप्त करने पर सरकार और विपक्षी दलों के बीच सहमति बनी।

 

  • भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र विधायक दल का नेता चुनने के लिए पार्टी नेताओं निर्मला सीतारामन और विजय रूपाणी को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया।

 

  • चक्रवाती तूफान फेंजल के कारण पुद्दुचेरी और तमिलनाडु में मूसलाधार वर्षा और बाढ़ से भारी तबाही।

 

  • सर्वोच्‍च न्‍यायाजय ने दिल्ली और राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक में गिरावट आने तक ग्रैप-4 के प्रतिबंधों में ढील देने से इनकार किया।

 

  • क्रिकेट में, भारत ने शारजाह में अंडर-19 एशिया कप के ग्रुप-स्टेज मैच में जापान को 211 रन से हराया।

 

***

 

संसद के दोनों सदनों में गतिरोध समाप्‍त करने के लिए सरकार और विपक्षी दलों के बीच सहमति बन गई है। लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने आज संसद भवन में विभिन्‍न दलों के नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में श्री बिरला ने सभी सदस्‍यों से सदन के सुचारू संचालन का अनुरोध किया। बैठक में नेताओं ने इस पर सहमति व्‍यक्‍त की।

 

इस बैठक में कांग्रेस के गौरव गोगोई, तृणमूल कांग्रेस के कल्‍याण बैनर्जी, तेलुगू देशम पार्टी के लवु श्री कृष्ण देवरायलु, द्रविड मुन्‍नेत्र कडगम के टी. आर. बालू, राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सुप्रिया सुले, समाजवादी पार्टी के धर्मेन्‍द्र यादव, जनता दल यूनाइटेड के दिलेश्‍वर कामैत, राष्‍ट्रीय जनता दल के अभय कुशवाहा, शिवसेना-उद्धव बाला साहेब ठाकरे के अरविंद सावंत और के. राधाकृष्‍णन ने हिस्‍सा लिया।

 

बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि दोनो सदनों में संविधान के मुद्दे पर  विशेष चर्चा होगी।

 

विपक्ष की ओर से भी कई डिमांड रखे हैं जो बिजनेस एडवाइज़र कमेटी में संविधान पे चर्चा होने का प्रस्‍ताव था उसको सरकार ने मंजूरी दिया है। हमलोग 13 और 14, फ्राइडे, सेटरडे को संविधान पे चर्चा होगी, लोकसभा में पहले हमलोग चर्चा करेंगे, उसके बाद 16 और 17 को राज्‍यसभा में स‍ंविधान पर चर्चा होगा।

 

***

 

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही आज भी दिन भर के लिए स्थागित कर दी गई। एक व्यापारिक समूह पर कथित रिश्वत के आरोपों और उत्तर प्रदेश में संभल हिंसा सहित कई मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण दोनों सदनों में आज लगातार पांचवें दिन भी कार्यवाही नहीं हो सकी। एक रिपोर्ट-

 

दोपहर 12 बजे के बाद लोकसभा में दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, डीएमके और अन्य दलों के सदस्‍यों ने सदन के बीचोंबीच आकर नारेबाजी शुरू कर दी। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने हंगामे के बीच तटीय नौवहन विधेयक 2024 पेश किया।

 

इससे पहले सुबह, लोकसभा की बैठक शुरू होने के बाद विपक्षी सांसद व्यापारिक समूह के खिलाफ रिश्वतखोरी के आरोप, संभल हिंसा और मणिपुर की स्थिति सहित कई मुद्दों पर चर्चा की मांग करने लगे। इसके बाद लोकसभा अध्‍यक्ष ने दोपहर 12 बजे तक लोकसभा स्‍थगित कर दी। उधर, दोपहर 12 बजे राज्यसभा की बैठक शुरू होने के बाद विपक्षी सदस्यों ने अपना विरोध जारी रखा। जिसके बाद सभापति राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्‍थगित कर दी। समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

 

***

 

प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2019-20 में लगभग 94 लाख उम्मीदवारों को प्रशिक्षित किया गया है। कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने लोकसभा में एक लिखित उत्‍तर में बताया कि चालू वित्त वर्ष में लगभग 15 लाख उम्मीदवारों को इस योजना से लाभ हुआ है।

 

एक अन्य जवाब में सरकार ने बताया है कि तीन लाख से अधिक उम्मीदवारों ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना पर प्रोफाईल विवरण पूरा कर लिया है। इस योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में एक लाख 25 हजार इंटर्नशिप अवसर प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है।

 

***

 

पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष पराली जलाने की घटनाओं में 68 प्रतिशत की कमी आई है। पर्यावरण राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने आज लोकसभा में बताया कि वर्ष 2022 में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में पराली जलाने के 53 हज़ार से अधिक मामले दर्ज किए गए थे। इन राज्यों में इस साल 12 हजार 530 घटनाएं सामने आई हैं। इस वर्ष पराली जलाने वाले किसानों पर जुर्माना दोगुना कर दिया गया है।

 

***

 

महाराष्‍ट्र में राजनीतिक घटनाओं के बीच राज्‍य के नये मुख्‍यमंत्री को लेकर रहस्‍य बना हुआ है। महाराष्‍ट्र में भाजपा ने अपने नेताओं वित्‍तमंत्री निर्मला सीतारामन और गुजरात के पूर्व मुख्‍यमंत्री विजय रूपाणी को केन्‍द्रीय पर्यवेक्षकों के रूप में नियुक्त किया है। वे मुंबई में कल शाम भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करेंगे। भाजपा का विधायक दल 4 दिसंबर को बैठक करेगा। 

 

इस बीच, सूत्रों के अनुसार कार्यवाहक मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज खराब स्‍वास्‍थ्‍य के कारण निर्धारित सभी बैठकों और कार्यक्रमों को रद्द कर दिया। भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष चन्‍द्रशेखर बावनकुले ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि महाराष्‍ट्र में नवनिर्वाचित महायुति सरकार का बहुप्रतीक्षित शपथ ग्रहण समारोह प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की उपस्थिति में मुंबई के आजाद मैदान में 5 दिसंबर की शाम को होगा।

 

***

 

पुद्दुचेरी में चक्रवात फेंजल के असर से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण चार लोगों की मृत्‍यु हो गई है। पुद्दुचेरी प्रशासन ने बताया कि दो अन्‍य लोग भी लापता हैं। एक रिपोर्ट

 

मुख्‍यमंत्री एन. रंगासामी ने मृतकों के परिजनों के लिए पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। मानसून के कारण उत्‍पन्‍न हुई समस्‍याओं से निपटने के लिए उन्‍होंने प्रत्‍येक राशन कार्ड धारक के लिए पांच-पांच हजार रुपये की राहत राशि देने की भी घोषणा की है। क्षेत्र में हो रही तेज बारिश से पुद्दुचेरी, कराइकल और यानम में दस हजार हेक्‍टेयर से अधिक की फसलों को नुकसान हुआ है। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि वित्‍तीय सहायता प्राप्‍त करने के लिए सौ करोड रुपये की अनुमानित नुकसान की प्रारंभिक रिपोर्ट केन्‍द्र सरकार को भेज दी गई है। पुद्दुचेरी से विपिन एस.नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अभिषेक कपिल।

 

***

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज नई दिल्‍ली में संसद के लाइब्रेरी भवन के जीएमसी बालयोगी प्रेक्षागृह में हिंदी फिल्‍म द साबरमती रिपोर्ट देखी। सोशल मीडिया पोस्‍ट में प्रधानमंत्री ने फिल्‍म निर्माताओं द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव और अन्‍य मंत्रियों तथा सांसदों और अन्‍य गणमान्‍य व्‍यक्तियों ने भी फिल्‍म देखी।

 

पिछले महीने सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने कहा था कि यह अच्‍छी बात है कि सच्‍चाई सामने आ रही है और इसे साधारण लोग भी देख सकते हैं।

 

यह फिल्‍म फरवरी 2002 में गुजरात में ट्रेन जलाने की घटना पर आधारित है। फिल्‍म निर्माण के सदस्‍य विक्रांत मेस्‍सी ने कहा कि यह उनके करियर का श्रेष्‍ठ समय है, क्‍योंकि प्रधानमंत्री के साथ यह फिल्‍म देखने का उन्‍हें अवसर मिला हे।

 

माननीय प्रधानमंत्री जी के साथ, तमाम कैबिनेट मिनिस्‍टर्स के साथ ये फिल्‍म देखने का एक अलग ही अनुभव था। जैसा मैं पहले से कह रहा हूं देश की जनता से आपके माध्‍यम से कि प्‍लीज जाएं अपने सिनेमाघरों में, द साबरमती रिपोर्ट को देखें अपना प्‍यार दें और ये मेरी लाइफ का सबसे हाइयेस्‍ट प्‍वाइंट है मेरे करियर में माननीय प्रधानमंत्री जी के साथ बैठकर फिल्‍म देखना।

 

***

 

विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने वैश्विक साझेदारी की आवश्यकता पर जोर दिया है। उन्‍होंने कई स्तरों पर विश्‍व की जटिल चुनौतियों का सामना करने का उल्‍लेख किया। नई दिल्ली में डॉ. जयशंकर ने भारतीय उद्योग परिसंघ-सीआईआई साझेदारी शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। उन्‍होंने वैश्विक अर्थव्‍यवस्‍था में जारी परिवर्तन का उल्‍लेख किया। डॉक्‍टर जयशंकर ने कहा कि विश्‍व ने पिछले एक दशक से विश्‍व ने, वैश्वीकरण के मौजूदा मॉडल के खिलाफ बढ़ती प्रतिक्रिया देखी है।

 

डॉ. जयशंकर ने भारत और अमरीका के बढ़ते रणनीतिक सहयोग पर भी उल्‍लेख किया और कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध समय के साथ और गहरे हुए हैं।

 

***

 

खाद्य प्रसंस्‍करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने कहा है कि देश के खाद्य प्रसंस्‍करण क्षेत्र में प्रचुर संभावनाएं हैं।

 

खाद्य प्रसंस्‍करण क्षेत्र से संबंधित पटना में आज निवेशक सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए श्री पासवान ने कहा कि भारत विश्‍व खाद्य केन्‍द्र के रूप में अपनी स्थिति स्‍थापित कर सकता है और इस क्षेत्र में प्रतिष्‍ठा भी हासिल कर सकता है।

 

उन्‍होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्‍करण क्षेत्र में किसानों की आय बढाने की प्रचुर संभावना है। यह क्षेत्र जल्‍द खराब होने वाले खाद्य पदार्थों की समय सीमा को बढा सकता है।

 

जहां एक तरफ फूड प्रोसेसिंग के माध्‍यम से हम लोग वेस्‍टेज को मिनिमाइज कर सकते हैं, वहीं, प्रोसेसिंग के माध्‍यम से जितने भी पेरिसेबल आइटम्‍स हैं वेजिटेबल और फूट्स हैं उसकी लॉन्‍ग्‍टीविटी को हमलोग बढ़ा सकते हैं। ज्‍यादा समय तक वो कैसे रूकें, ज्‍यादा से ज्‍यादा किसानों को आर्थिक मदद इसके माध्‍यम से कैसे पहुंचे, इस दिशा में हमलोगों को कार्य करने की जरूरत है।     

 

***

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने आज राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्‍ता सूचकांक के स्‍तर में सुधार आने तक वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए चरण-4 के ग्रेडेड रेस्‍पोंस एक्‍शन प्‍लान के तहत लगाए गए आपातकालीन प्रतिबंधों में ढील देने से इंकार किया। इस महीने की पांच तारीख तक मामले को आगे बढाते हुए न्‍यायाधीश अभय एस. ओका और ऑगस्टिन जॉर्ज मसीह की पीठ ने कहा कि सर्वोच्‍च न्‍यायालय बृहस्‍पतिवार को वायु गुणवत्‍ता सूचकांक के स्‍तरों की जांच करेगा और गुणवत्‍ता में सुधार की जांच भी करेगा।

 

***

 

लगभग दो हजार पूर्व सैनिकों को एनसीसी कैडेटस को प्रशिक्षण देने के लिए अकादमियों में नियुक्त किया जाएगा। आकाशवाणी समाचार को दिए साक्षात्कार में राष्ट्रीय कैडेट कोर के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने कहा कि अग्निवीर योजना में एनसीसी कैडेट उत्साह से भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनसीसी उन कैडेटस को प्रशिक्षण भी दे रही है जो सेना में शामिल होना चाहते हैं।

 

एनसीसी कैडेट्स बढ़-चढकर अग्निवीर में हिस्‍सा ले रहे हैं। हमारे अग्निवीर के लिए हम एनसीसी कैडेट्स जो कि फौज में आना चाहें एनसीसी से हम उनको ट्रेनिंग देते हैं ताकि वो जब ट्रेनिंग के लिए जाएं तो एक तरह से सेमिट्रेंड हों। अग्निवीर से जो कैडेट जो पांच साल के बाद कोई दूसरा अपना कैरियर चुनना चाहें वो उसके पास ऑप्‍शन रहती है।

 

***

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग साप्‍ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात साढ़े नौ बजे “मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य संबंधी समस्‍याओं के समाधान” पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान, दिल्‍ली के मनोचिकित्‍सा विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजेश सागर विषय से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देंगे।

 

कार्यक्रम के दौरान श्रोता विशेषज्ञ से प्रश्‍न पूछ सकते हैं। टेलीफोन नंबर 011 – 23421050 और 011 – 23314444 पर सवाल पूछे जा सकते हैं।

 

***

 

आर्थिक जगत

 

बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का संवेदी सूचकांक 445 अंक की तेजी दर्ज करता हुआ 80 हजार 248 अंक पर पहुंच कर बंद हुआ। नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी कारोबार के अंत में 145 अंक ऊपर आकर 24 हजार 276 पर पहुंच गया। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में आज अमरीकी डॉलर के मुकाबले रुपया 84 रुपये और 70 पैसे के स्‍तर पर बंद हुआ।

 

***

 

शारजाह में अंडर -19 एशिया कप एक दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत ने जापान को 211 रन से हरा दिया है। 340 रन के लक्ष्‍य के जवाब में जापान की टीम निर्धारित पचास ओवर में आठ विकेट पर 128 रन ही बना सकी। भारत का अगला मुकाबला बुधवार को संयुक्‍त अरब अमीरात से होगा।

 

***

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • संसद के शीतकालीन सत्र में जारी गतिरोध को समाप्त करने पर सरकार और विपक्षी दलों के बीच सहमति बनी।

 

  • भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र विधायक दल का नेता चुनने के लिए पार्टी नेता निर्मला सीतारामन और विजय रूपाणी को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया।

 

  • चक्रवाती तूफान फेंजल के कारण पुद्दुचेरी और तमिलनाडु में मूसलाधार वर्षा और बाढ़ से भारी तबाही।

 

  • सर्वोच्‍च न्‍यायाजय ने दिल्ली और राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक में गिरावट आने तक ग्रैप-4 के प्रतिबंधों में ढील देने से इनकार किया।

 

  • क्रिकेट में, भारत ने शारजाह में अंडर-19 एशिया कप के ग्रुप-स्टेज मैच में जापान को 211 रन से हराया।

 

***