मुख्य समाचार :-
• प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भुवनेश्वर में पुलिस और खुफिया एजेंसियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ सुरक्षा पर विचार साझा किए।
• चक्रवाती तूफान फेंजल 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तरी तमिलनाडु और पुद्दुचेरी तट को पार कर गया; इसके कमजोर होकर गहरे दबाव में बदलने की संभावना।
• केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगले महीने शुरू होने वाले महाकुंभ के लिए प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर चर्चा की।
• अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय मूल के काश पटेल को फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेसन-एफ.बी.आई. का प्रमुख नामित किया।
• भारत ने मस्कट, ओमान में पुरुष जूनियर हॉकी एशिया कप में चीनी-ताइपे को 16-0 से हराया।
• पी.वी. सिंधु और लक्ष्य सेन लखनऊ में सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे।
************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भुवनेश्वर में पुलिस और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कल पुलिस और सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विचार और सुझाव साझा किये। श्री मोदी ने ओडिशा में आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक सम्मेलन में भाग लिया। प्रधानमंत्री आज से लगातार दूसरे दिन सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेंगे। राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा में भारत के विकास को बाधित करने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग करने वाली विरोधी ताकतें, पारंपरिक चुनौतियां जैसे सीमा पार आतंकवाद और तस्करी, भीतरी इलाकों में कट्टरपंथी गतिविधियां, वामपंथी उग्रवाद जैसे विषय शामिल थे। समझा जाता है श्री मोदी ने पुलिस व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर सुझाव दिए हैं जिन्हें अगले एक साल में लागू करने के लिए सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय एजेंसियों को भेजा जाएगा।
सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि भुवनेश्वर में पुलिस महानिदेशकों/पुलिस महानिरीक्षकों के सम्मेलन का पहला दिन महत्वपूर्ण रहा। पिछले 11 वर्षों से नियमित रूप से सम्मेलन में भाग लेने के बाद, श्री मोदी ने बार-बार पुलिस प्रमुखों से कहा है वे देश के विकसित अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपने विभागों को आधुनिक और विश्व स्तरीय बल के रूप में परिवर्तित करें।
************
महाराष्ट्र में नवनिर्वाचित महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह पांच दिसम्बर को शाम पांच बजे मुंबई के आजाद मैदान में होगा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले ने यह जानकारी दी।
माननीय पंतावधान नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में महाराष्ट्र में महायुति को ऐतिहासिक विजय मिला है, महायुति को मिला है और महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह माननीय नरेन्द्र मोदी जी के उपस्थिति में मुंबई के आजाद मैदान पर 5 दिसंबर को 5:00 बजे होगा।
महायुति गठबंधन ने विधानसभा चुनावों में 288 सीटों में से दो सौ तीस सीटों पर जीत हासिल की है। भारतीय जनता पार्टी 132 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है, जबकि शिवसेना के 57 और एनसीपी ने 41 सीटें हासिल कीं हैं।
************
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगले महीने शुरू होने वाले महाकुंभ को सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से राज्य में महत्वपूर्ण सड़क अवसंरचना परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान 63 दशमलव एक-सात किलोमीटर लंबे रायबरेली-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग को चौड़ा करना, चार स्थानों पर चार लेन के बाईपास, प्रयागराज इनर रिंग रोड फाफामऊ में गंगा नदी पर मौजूदा पुल के समानांतर छह लेन के पुल निर्माण सहित कई परियोजनाओं को शामिल किया गया। महाकुंभ मेला 13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयागराज में आयोजित किया जाएगा। आधिकारिक अनुमान के अनुसार दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक समागम में इस बार 43 करोड़ से अधिक तीर्थयात्रियों के आने की उम्मीद है। महाकुंभ को भारत की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत का संगम बताते हुए योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रमुख राजमार्गों पर सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा तंत्र लगाने का निर्देश दिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि एंबुलेंस, रिकवरी वाहन, पेट्रोलिंग यूनिट और मेडिकल-और-ट्रैफिक-सहायता चौकियों जैसी अतिरिक्त सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
************
अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय मूल के अमरीकी काश पटेल को फेडरल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन-एफबीआई का प्रमुख नामित किया है। श्री पटेल उनके मंत्रिमंडल में चुने जाने वाले दूसरे भारतीय अमरीकी बने हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री ट्रंप ने कहा कि काश पटेल एफबीआई के अगले निदेशक के रूप में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि काश एक शानदार वकील, जांचकर्ता और अमरीका के पहले ऐसे योद्धा हैं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन भ्रष्टाचार को उजागर करने, न्याय की रक्षा करने और अमरीकी लोगों के संरक्षण में बिताया है। इससे पहले श्री ट्रंप ने भारतीय मूल के अमरीकी वैज्ञानिक जय भट्टाचार्य को देश के शीर्ष स्वास्थ्य अनुसंधान और वित्त पोषण संस्थानों तथा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के निदेशक के रूप में चुना था।
************
नागालैंड आज अपना 62वां राज्य दिवस मना रहा है। वर्ष 1963 में इसी दिन आधिकारिक तौर पर वह भारत का 16वां राज्य बना था। नागालैंड के इतिहास में इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में कई कार्यक्रमों आयोजित किये जा रहे हैं।
राज्य स्तरीय उत्सव कोहिमा में नागालैंड सिविल सचिवालय प्लाजा में होगा, जहां मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो सभा को संबोधित करेंगे और पिछले छह दशकों में राज्य की विकास यात्रा पर चर्चा करेंगे।
************
नागालैंड में आज से प्रसिद्ध हॉर्नबिल महोत्सव शुरू हो रहा है। राजधानी कोहिमा से लगभग 12 किमी दूरी पर नागा हेरिटेज विलेज, किसामा में इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
हॉर्नबिल उत्सव का आधिकारिक उद्घाटन आज शाम 4:00 बजे होगा, जिसमें भागीदार देशों का राजदूत सम्मानित अतिथि होगी। विश्व प्रसिद्ध संगीतकार डॉक्टर ए.आर. रहमान मनोरंजन क्षेत्र का नेतृत्व करेंगे, जो उत्सव का सितारों से सजे अपील देंगे। महोत्सव मुख्य मेजबान नागालैंड का राज्यपाल ला गणेशन होगी। मेजबान मुख्यमंत्री नेफियू रियो होंगे।
उत्सव के मेजबान तेमजन इमना अलोन होंगी और आदिवासी अतिथि कोहिमा ग्राम प्रधान जीबी मेडो कैरेट्स होंगे। यह दस दिवस उत्सव नागालैंड की सभी 17 जनजातियों का एक संगम है, जो आगंतुकों को जनजाति जीवन, स्थानीय भोजन, पारंपरिक खेल, संगीत और नृत्य के साथ-साथ बेहतरीन हस्तशिल्प और वस्त्र और अनेक चीजों का एक गहन अनुभव प्रदान करते हैं। आकाशवाणी समाचार के लिए असोनुओ, कोहिमा से।
************
विश्व एड्स दिवस के अवसर पर, आज केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री, जगत प्रकाश नड्डा इंदौर, मध्य प्रदेश में विश्व एड्स दिवस के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
एचआईवी एड्स पर संयुक्त राष्ट्र कार्यक्रम युवा नेट्स के ध्येय वाक्य “सही रास्ते पर चलने के अनुरूप” विश्व एड्स दिवस जागरूकता और उपचार के लिए अधिकार आधारित दृष्टिकोण के साथ वर्ष 2030 तक इस बीमारी के उन्मूलन के वैश्विक लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक पहल है। इस वर्ष के आयोजन में कई गतिविधियां शामिल होंगी। इसके तहत एक अभिनव प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें नाको द्वारा अपनाए गए डिजिटल तंत्र, सामुदायिक सहभागिता, अभियान आधारित दृष्टिकोण से हासिल उपलब्धियाँ तथा लाभार्थियों द्वारा विभिन्न प्रकार की हस्त निर्मित वस्तुएं प्रदर्शित की जाएंगी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन का थीम सॉन्ग भी जारी किया जाएगा। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
************
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुजरात के सूरत में बुलेट ट्रेन ट्रैक स्लैब निर्माण इकाई के संचालन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह देश में सबसे बड़ी ट्रेन ट्रैक स्लैब विनिर्माण इकाई है। श्री वैष्णव ने कहा कि आने वाले वर्षों में यह इकाई देश में भविष्य की विभिन्न निर्माण परियोजनाओं के लिए बहुत उपयोगी सिद्ध होगी।
प्रधानमंत्री से नरेन्द्र मोदी जी ने देश की जिम्मेदारी संभालने के तुरंत बाद में मेक इन इंडिया का एक बहुत बड़ा आंदोलन चालू किया। गुजरात में बड़ौदा के पास प्लासर की जो फैक्ट्री है, वो एक बहुत ही महत्वपूर्ण फैक्ट्री है। ये 2019 में फैक्ट्री बनी। आज दुनिया के सबसे जो कॉम्प्लेक्स ट्रैक मेंटेनेंस की मशीनें होती हैं, वो सारी यहां पर बनती हैं। यहां से एक्सपोर्ट भी होता है। यह प्लांट गति शक्ति विश्वविद्यालय के साथ भी जुड़ गया है।
रेल मंत्री ने वडोदरा जिले के लखोदरा में प्लासर इंडिया के कारखाने में दुनिया की सबसे जटिल ट्रैक रखरखाव मशीनरी के कामकाज का निरीक्षण किया।
************
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला ने युवाओं से भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया है। हरियाणा के फरीदाबाद में उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक चुनौतियों के समाधान में एक बडी शक्ति बनकर उभरा है।
विदेशों के अंदर भी भारत का नौजवानों का ही सामर्थ्य है। उस देश के अंदर भी चाहे टेक्नोलॉजी हो, चाहे प्रोफेशनल कोर्सेज़ हों, हर इनोवेशनों, हर विषय के अंदर भारत का नौजवान ही उस देश के विकास में योगदान दे रहा है और इसीलिए 21वीं सदी भारत की होगी।
************
चक्रवाती तूफान फेंजल कल रात तमिलनाडु और पुडुचेरी तट के निकट कराईकल और महाबलिपुरम पहुंच गया है। रात साढे दस से साढे ग्यारह के बीच चक्रवात उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी के तट से गुजरा, उस समय 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही थीं।
.चक्रवात के आने के बाद आज सुबह 14 घंटे बाद हवाई यातायात सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। राज्य सरकार के स्वामित्व वाली बसों ने आज से सेवाएं शुरू कर दी हैं। तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश हुई है और लगभग 20 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है और कुछ स्थानों पर 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है। अधिकारियों के अनुसार, रेल पटरियों में पानी साफ होने के बाद रेल सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी। लोगों से अपनी शिकायतें देने के लिए टोल फ्री नम्बरों पर संपर्क करने को कहा गया है। जिला कलेक्टरों को बारिश से प्रभावित लोगों की शिकायतों पर ध्यान देने को कहा गया है। लेकिन अब तक चेन्नई और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हो रही है और आसमान में बादल छाए हुए हैं। वहीं, पुद्दुचेरी और आसपास के इलाकों में कल दोपहर से ही मूसलाधार बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है, पेड़ गिर गए हैं और बिजली के तार टूट गए हैं। जलभराव के कारण लोग अपने घरों और अन्य जगहों पर फंसे हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के नेतृत्व में आपदा राहत उपाय पूरे जोरों पर हैं। निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत केन्द्रों पर पहुंचाया गया है, जहां भोजन, पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं का इंतजाम किया गया है। लोक निर्माण विभाग को जल जमाव को दूर करने का काम सौंपा गया है, जबकि बिजली विभाग प्रभावित इलाकों में बिजली बहाल कर रहा है। चेन्नई से जॉय और पुद्दुचेरी से बिबिन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष जसपाल कौर।
************
हॉकी में ओमान के मस्कट में पुरुष जूनियर एशिया कप में भारतीय टीम ने कल पूल-ए के मैच में चीनी ताइपे को एकतरफा मैच में सोलह-शून्य से हराया। दिलराज सिंह ने चार गोल किए जबकि रोसन कुजूर ने हैट्रिक लगाई। पूल-ए में भारत नौ अंकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। आज भारत का मुकाबला कोरिया से होगा। उधर लखनऊ में सैयद मोदी इंटरनेशनल टूर्नामेंट में पी.वी. सिंधु और लक्ष्य सेन फाइनल में पहुंच गए हैं। आज दोपहर फाइनल मुकाबले खेले जायेंगे, जहां महिला सिंगल्स में पी.वी. सिंधु का सामना चीन की वू लुओ यू से होगा, जबकि पुरुष वर्ग में लक्ष्य सेन का सामना सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह से होगा। मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो खिताब के लिए थाईलैंड की डेचापोल पुवारानुक्रोह और सुपिस्सारा पेवसम्प्रान की जोड़ी से खेलेंगे। समाचार कक्ष से दुर्गा प्रसाद।
************
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। आज सुबह औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 317 था।
************
धन्यवाद लवलीन, अखबारों ने आज अलग-अलग खबरों को प्रमुखता दी है। महाराष्ट्र में पांच तारीख को होगा शपथ ग्रहण समारोह राजस्थान पत्रिका, हिन्दुस्तान सहित कई अखबारों में है।
आम आदमी पार्टी विधायक नरेश बाल्यान की जबरन वसूली मामले में गिरफ्तारी को अमर उजाला और दैनिक जागरण सहित कई अखबारों ने पहले पन्ने पर दिया है।
चक्रवाती तूफान फेंजल से चार राज्य तरबतर, चेन्नई एयरपोर्ट आधा घंटे बंद, दैनिक भास्कर की खबर है। पत्र लिखता है- पुद्दुचेरी और तमिलनाडु के सात जिले भीगे, जनहानि नहीं।
कश्मीर में कई स्थानों पर ताजा बर्फबारी, मैदानों में ठंड बढ़ने के आसार, जनसत्ता में प्रमुखता से है। पत्र कहता है- पहलगाम में इस मौसम का पहला हिमपात हुआ। हिन्दुस्थान की सुर्खी है- कश्मीर में बर्फबारी से बदला मौसम, रोहतांग में उमड़े पर्यटक।
स्कूलों में शिक्षा का स्तर जानने के लिए एन सी ई आर टी कराएगी परीक्षा। राष्ट्रीय सहारा ने इसे प्रमुखता से देते हुए लिखा है- एक हजार से अधिक सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में छात्रों और शिक्षकों को देनी होगी परीक्षा।
आज विश्व एड्स दिवस पर कई अखबारों ने विशेष आलेख दिये हैं। नवभारत टाइम्स ने लिखा है-दिल्ली में थमी एचआईवी की रफ्तार, मगर मरीज हैं चुनौती। राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है- छात्रों ने मशाल, जलूस से फैलाई लोगों में जागरुकता।
भारत की सांस्कृतिक पावर से दुनिया के पर्यटक होंगे आकर्षित दैनिक जागरण में है। पत्र के अनुसार अगले कुछ वर्षों में दुनिया के सौ और देशों के साथ भारत, सांस्कृतिक करार करेगा।
***************
मुख्य समाचार एक बार फिरः-
• प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भुवनेश्वर में पुलिस और खुफिया एजेंसियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ सुरक्षा पर विचार साझा किए।
• चक्रवाती तूफान फेंजल 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तरी तमिलनाडु और पुद्दुचेरी तट को पार कर गया; इसके कमजोर होकर गहरे दबाव में बदलने की संभावना।
• केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगले महीने शुरू होने वाले महाकुंभ के लिए प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर चर्चा की।
• अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय मूल के काश पटेल को फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेसन-एफ.बी.आई. का प्रमुख नामित किया।
• भारत ने मस्कट, ओमान में पुरुष जूनियर हॉकी एशिया कप में चीनी-ताइपे को 16-0 से हराया।
• पी.वी. सिंधु और लक्ष्य सेन लखनऊ में सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे।
***************