Download
Mobile App

android apple
signal

November 30, 2024 9:55 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने शीर्ष पुलिस अधिकारियों और विभिन्‍न सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों के साथ राष्‍ट्रीय सुरक्षा से संबंधित कई मुद्दों पर विचार विमर्श किया।

  • केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सर्पदंश के मामलों को अधिसूचित रोग बनाने को कहा।

  • महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री और महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह बृहस्‍पतिवार को होगा।

  • चक्रवाती तूफान फेंजल तमिलनाडु तट पर पहुंचा। तमिलनाडु और पुद्दुचेरी के तटीय इलाकों में जनजीवन प्रभावित।

  • लखनऊ में सैय्यद मोदी अंतर्राष्‍ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में लक्ष्य सेन और पी.वी. सिंधु सिंगल्स फाइनल में पहुंचे। तीन भारतीय जोडियां भी डबल्‍स फाइनल में पहुंचीं।

——–

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने ओडिशा के भुवनेश्‍वर में शीर्ष पुलिस अधिकारियों और विभिन्‍न सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों के साथ राष्‍ट्रीय सुरक्षा से संबंधित कई मुद्दों पर विचार विमर्श किया। आज अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशक और महानिरीक्षक सम्‍मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री ने पुलिस व्‍यवस्‍था से जुडी विभिन्‍न चुनौतियों पर चर्चा की। विभिन्‍न राज्‍यों और केन्‍द्रशासित क्षेत्रों के पुलिस महानिदेशकों और पुलिस महानिरीक्षकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और कानून व्‍यवस्‍था प्रबंधन की चुनौतियों से निपटने के बारे में प्रस्‍तुतियां दी। एक रिपोर्ट –

 

गृहमंत्री अमित शाह ने कल तीन दिन के सम्‍मेलन का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री मोदी कल भी सम्‍मेलन में शामिल होंगे। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजि‍त डोभाल, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी.के. मिश्रा सहित कई गणमान्‍य व्‍यक्ति इस महत्‍वपूर्ण आयोजन में भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में आतंकवाद, वामपंथी उग्रवाद, तटवर्ती सुरक्षा, साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्‍करी से निपटने सहित नए आपराधिक कानूनों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े महत्‍वपूर्ण मुद्दों पर ध्‍यान केन्द्रित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी तीन दिन के ओडिशा दौरे पर कल शाम भुवनेश्वर पहुंचे थे। भुबनेश्‍वर से प्रकाश दास की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शशांक कुमार ।

——–

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज गुजरात के सूरत में बुलेट ट्रेन ट्रैक स्लैब निर्माण इकाई के संचालन की समीक्षा की। उन्‍होंने कहा कि यह देश में सबसे बड़ी ट्रेन ट्रैक स्लैब विनिर्माण इकाई है। श्री वैष्‍णव ने कहा कि आने वाले वर्षों में यह इकाई देश में भविष्य की विभिन्न निर्माण परियोजनाओं के लिए बहुत उपयोगी सिद्ध होगी।

 

आज की तारीख में दुनिया की सबसे बडी ट्रैक स्‍लैब फैक्‍ट्री में से एक यह फैक्‍ट्री है, जो हमारे कारीगर यहां पर काम कर रहे हैं उनके स्किल लेवल बहुत हाई है, अच्‍छे स्टैंडर्ड मेन्‍टेन किए हुए हैं। देश में आने वाले समय में जो कंस्‍ट्रक्‍शन के प्रोजेक्‍ट होंगे, उसमें भी उस प्रोजेक्‍ट के अनुभव का लाभ मिलेगा।

रेल मंत्री ने वडोदरा जिले के लखोदरा में प्लासर इंडिया के कारखाने में दुनिया की सबसे जटिल ट्रैक रखरखाव मशीनरी के कामकाज का निरीक्षण किया।

——–

वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन ने बिहार के मधुबनी जिले के झंझारपुर में क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लाभार्थियों को एक हजार 121 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण के स्‍वीकृति-पत्र सौंपे। उन्‍होंने प्रधानमंत्री स्‍वनिधि, प्रधानमंत्री विश्‍वकर्मा, मुद्रा, स्‍टैंडअप इंडिया और किसान क्रेडिट कार्ड योजनाओं के अंतर्गत विभिन्‍न लाभार्थियों को ऋण वितरित किए। वित्त मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

 

माननीय प्रधानमंत्री जी महिला केन्द्रित बजट बनाने के लिए मुझे आदेश देते थे पहले, अभी महिला केन्द्रित नहीं, महिला नेतृत्‍व में आर्थिक विषय के लिए बजट बनाओ, यही माननीय प्रधानमंत्री जी का आदेश है। महिला को सामने रखते हुए भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था पांचवें साल में जहां हैं हम, तीसरे स्‍थान में चला जाएगा, अगले एकाध साल में।  

——–

श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने आज नई दिल्‍ली में कर्मचारी भविष्‍य निधि संगठन-ईपीएफओ के केन्‍द्रीय न्‍यासी बोर्ड की दो सौ 36वीं बैठक की अध्‍यक्षता की। बैठक के दौरान बोर्ड ने ईपीएफओ योगदान के संग्रहण के लिए सूचीबद्ध बैंकों की पात्रता को आसान बनाने का प्रस्ताव अनुमोदित किया। नई पात्रता में भारतीय रिजर्व बैंक में सूचीबद्ध सभी बैंक योगदान के संग्रहण के लिए सूचीबद्ध होंगे। बोर्ड ने कुछ शर्तों के साथ अन्‍य अनुसूचित वाणिज्‍यिक बैंकों को सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव भी मंजूर किया है। इससे कारोबारी अनुकूलता और सेवा सुगमता में वृद्धि होगी।

——–

लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिडला ने युवाओं से भारत को एक विकसित राष्‍ट्र बनाने और राष्‍ट्र निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया है। हरियाणा के फरीदाबाद में उन्‍होंने कहा कि आज भारत वैश्विक चुनौतियों के समाधान में एक बडी शक्ति बनकर उभरा है।

 

देशों के अंदर भी भारत का नौजवानों का ही सामर्थ्‍य है। उस देश के अंदर भी चाहे टेक्‍नोलॉजी हो, चाहे प्रोफेशनल कोर्सिस हो, हर इनोवेशन हो, हर विषय के अंदर भारत का नौजवान ही उस देश के विकास में योगदान दे रहा है और इसीलिए 21वीं सदी भारत की होगी। 

——–

स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से सर्पदंश के मामलों और उससे होने वाली मृत्‍यु को राज्य लोक स्वास्थ्य अधिनियम और अन्य प्रावधानों के तहत अधिसूचित रोगकी श्रेणी में रखने को कहा है। स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रधान सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव को लिखे पत्र में कहा कि सर्पदंश गंभीर चिंता का विषय है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से –

 

अधिसूचित रोग वो रोग है जिसका निदान होने पर सार्वजनिक स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारियों को सूचित किया जाना आवश्‍यक है। इसका लक्ष्‍य रोगों की निगरानी, नियंत्रण और रोकथाम करना तथा सार्वजनिक स्‍वास्‍थ्‍य के लिए उपयोगों को लागू करना है। सर्पदंश की समस्‍या से निपटने के लिए स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने संबंधित मंत्रालयों और हितधारकों के परामर्श से 2030 तक सर्पदंश से बचाव और नियंत्रण के लिए राष्‍ट्रीय कार्य योजना शुरू की है। इस कार्य योजना का उद्देश्‍य 2030 तक सर्पदंश से संबंधित मौतों को कम करना और देशभर में सर्पदंश के मामलों और मौतों की निगरानी करना है। पल्‍लवी परमार के साथ अमन यादव आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।   

——–

महाराष्‍ट्र में नवनिर्वाचित महायुति सरकार का बहुप्रतीक्षित शपथ ग्रहण समारोह बृहस्‍पतिवार को सायं पांच बजे मुंबई के आजाद मैदान में होगा। महाराष्‍ट्र में भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष चन्‍द्रशेखर बावनकुले ने इसकी जानकारी दी।

 

माननीय पंच प्रधान नरेन्‍द्र मोदी जी के नेतृत्‍व में महाराष्‍ट्र में महायुति को ऐतिहासिक विजय मिला है, महायुति को मिला है और महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह माननीय नरेन्‍द्र मोदी जी की उपस्थिति में मुंबई के आजाद मैदान पर 5 दिसंबर को पांच बजे होगा।

 

महायुति गठबंधन में भाजपा, शिवसेना-शिंदे गुट और राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-अजीत पवार गुट शामिल हैं। गठबंधन ने विधानसभा चुनावों में 288 सीटों में से दो सौ तीस सीटें जीती हैं।  

——–

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि महाराष्ट्र में सभी मतदान प्रक्रियाएं पारदर्शी थीं और कांग्रेस पार्टी द्वारा उठाये गये सभी मुद्दों की समीक्षा की जाएगी। आयोग ने कांग्रेस की चिंताओं पर चर्चा करने के लिए मंगलवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को आमंत्रित किया है। आयोग कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद लिखित जवाब देगा।

———

महाराष्‍ट्र पुलिस ने राज्‍य के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामलें में सभी 26 आरोपियों पर महाराष्‍ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम-मकोका लगाया है। अपराध जांच‍ विभाग ने इस मामले में अभी तक मुख्‍य शूटर शिव कुमार गौतम समेत 26 संदिग्‍धों को गिरफ्तार किया है।

——–

रक्षा मंत्रालय ने आज कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के साथ एक समझौते पर हस्‍ताक्षर किये। इसमें एक हजार दो सौ करोड रुपये की लागत से आईएनएस विक्रमादित्‍य की मरम्‍मत की जायेगी। यह परियोजना कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड को रख रखाव तथा मरम्‍मत केन्‍द्र बनाने की दिशा में एक महत्‍वपूर्ण कदम है।

——–

सीमा सुरक्षा बल ने इस वर्ष अभी तक पाकिस्‍तान की ओर से पंजाब में मादक द्रव्‍य, हथियार और गोलाबारूद की तस्‍करी के लिए प्रयोग किये गये 245 ड्रोन जब्‍त किये हैं। इसके अलावा बल के साथ मुठभेड में पंजाब की सीमा पर तीन पाकिस्‍तानी घुसपैठिये मारे गये हैं। बल ने सीमा पर दो तस्‍करों समेत 31 पाकिस्‍तानी नागरिकों को भी पकडा है।

——–

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में स्थित चक्रवाती तूफान फेंजल दस किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से उत्‍तर-पश्चिम दिशा में बढ गया है और पुद्दुचेरी से दक्षिण-पूर्व में 80 किलोमीटर तथा चेन्‍नई के दक्षिण-पूर्व में 90 किलोमीटर पर केन्द्रित है। इस तूफान के पश्चिम की ओर बढने की आशंका है तथा यह कराईकल और महाबलीपुरम के बीच आज रात 90 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से समुद्र तट को पार कर सकता है। इसके प्रभाव से आज आधी रात से तेज वर्षा और तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के समुद्र तट पर तीन से चार मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका है। बारिश मंगलवार तक जारी रह सकती है। इस बीच, मौसम विभाग के क्षेत्रीय प्रमुख बालाचन्‍द्रन ने बताया है कि चक्रवाती तूफान ने समुद्र तट को पार कर लिया है और यह आज रात धीरे-धीरे आगे बढेगा। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से-

 

बारिश के कारण उत्तरी तमिलनाडु के तटीय जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कल सुबह चार बजे तक हवाई सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं। फंसे हुए यात्रियों को ले जाने के लिए राज्य सरकार ने बसों की व्‍यवस्‍था की है। पटरियों पर पानी भर जाने के कारण उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। दस से अधिक नियमित ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया है। जलभराव वाले क्षेत्रों को साफ कर दिया गया है और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को दो हजार से अधिक लोगों को शिविरों में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। चेन्‍नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रशांत।

——–

चक्रवाती तूफान फेंजल के असर से आंध्र प्रदेश के नेल्‍लौर, तिरूपति, अन्‍नामय्या और चित्‍तूर जिले में तेज वर्षा की आशंका है। तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए सुरक्षा संबंधित चेतावनी जारी की गई है।

——–

उधर, पुद्दुचेरी में तेज हवाओं के साथ मुसलाधार बारिस हो रही है। लगभग तीन घंटे से अधिक की तेज वर्षा के बाद सडकों और निचले इलाकों में पानी भर गया है।

——–

खेल खबरों के साथ हैं, आकर्षिता सिंह।

 

लखनऊ में सैय्यद मोदी अंतर्राष्‍ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में पीवी सिंधु और लक्ष्‍य सेन सिंगल्‍स के फाइनल में पहुंच गये हैं। से‍मीफाइनल में सिंधु ने उन्नति हुड्डा को और लक्ष्‍य सेन ने सिंगापुर के सोबोओगावा को पराजित किया। डबल्‍स में तीन भारतीय जोडियां फाइनल में पहुंची हैं। मिकस्‍ड डबल्‍स में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्‍टो, महिला डबल्‍स में त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद और पुरूष डबल्‍स में पृथ्‍वी राय और साईं प्रतीक ने खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। उधर, सिंगापुर में विश्‍व शतरंज चैम्पियनशिप में भारतीय ग्रैंड मास्‍टर डी गुकेश और विश्‍व चैम्पियन चीन के डिंग लिरेन के बीच पांचवे दौर की बाजी 40 चालों के बाद ड्रा हो गई। 14 बाजियों के मुकाबले में दोनों खिलाडी ढाईढाई अंक लेकर बराबरी पर हैं। दुबई में अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुपए में पाकिस्‍तान ने भारत को 43 रन से हरा दिया है। 282 रन के लक्ष्‍य के जवाब में भारतीय टीम 48वें ओवर में 238 रन पर सिमट गई।

———

नागालैंड का प्रसिद्ध हॉर्नबिल महोत्‍सव, कल से शुरू होने जा रहा है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि दस दिवसीय महोत्‍सव नागा लोगों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है।

 

इस कार्यक्रम का 25वीं संस्‍करण एक दिसंबर की शाम को शुरू होगा। समारोह के दौरान चार साझेदार देश वेल्स, जापान, पेरू और अमेरिकी राजदूत सम्मानित अतिथि होंगे। पद्म भूषण, ग्रैमी और ऑस्कर विजेता संगीतकार डॉ. .आर. रहमान भी उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन समारोह एक शानदार समारोह होगा, क्योंकि इसमें लगभग 800 कलाकार शामिल होंगे जो पारंपरिक नागा संस्कृति, संगीत और नृत्य का एक समृद्ध मिश्रण प्रदर्शित करेंगा। आकाशवाणी समाचार के लिए, कोहिमा से असोनुओ।

——–

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक आज शाम 8 बजे 333 पर था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शहर के कुछ इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 से ऊपर चला गया। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो दिनों के दौरान धुंध और हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है।

——–

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने शीर्ष पुलिस अधिकारियों और विभिन्‍न सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों के साथ राष्‍ट्रीय सुरक्षा से संबंधित कई मुद्दों पर विचार विमर्श किया।

  • केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सर्पदंश के मामलों को अधिसूचित रोग बनाने को कहा।

  • महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री और महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह बृहस्‍पतिवार को होगा।

  • चक्रवाती तूफान फेंजल तमिलनाडु तट पर पहुंचा। तमिलनाडु और पुद्दुचेरी के तटीय इलाकों में जनजीवन प्रभावित।

  • लखनऊ में सैय्यद मोदी अंतर्राष्‍ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में लक्ष्य सेन और पी.वी. सिंधु सिंगल्स फाइनल में पहुंचे। तीन भारतीय जोडियां भी डबल्‍स फाइनल में पहुंचीं।

——–