मुख्य समाचार :-
- भारत ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों पर देश के विकास की गति को बाधित करने का आरोप लगाया।
- गृह मंत्री अमित शाह ने भुवनेश्वर में पुलिस महानिदेशक और महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री कल इस सम्मेलन में शामिल होंगे।
- नई दिल्ली में आकाशवाणी के डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्मृति व्याख्यान में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने कहा- भारत दुनिया के सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए आगे बढ़कर नेतृत्व कर रहा है।
- बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पश्चिम में बना गहरा दबाव चक्रवाती तूफान फेंजल में बदला। कल दोपहर तक तमिलनाडु के महाबलीपुरम के निकट दस्तक देगा।
- लखनऊ में सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन सिंगल्स सेमीफाइनल में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो मिक्स्ड डबल्स सेमीफाइनल में पहुंचे।
*******
भारत ने बांग्लादेश से अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए सभी कदम उठाने का आग्रह किया है। आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर खतरों और लक्षित हमलों के मामलों को लगातार दृढ़ता से उठाया है।
श्री जायसवाल ने कहा कि इस्कॉन सामाजिक सेवा के मजबूत रिकॉर्ड के साथ विश्व स्तर पर प्रतिष्ठित संगठन है। चिन्मय कृष्ण द्वारा गिरफ्तारी के बारे में उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रियाएं चल रही हैं। भारत को उम्मीद है कि ये प्रक्रियाएं न्यायसंगत, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होंगी।
अमरीका द्वारा भारतीय व्यवसायी पर रिश्वतखोरी का आरोप लगाने पर सवाल का जवाब देते हुए श्री जायसवाल ने कहा कि यह निजी कंपनियों और व्यक्तियों और अमरीकी न्याय विभाग से जुड़ा एक कानूनी मामला है। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में स्थापित और कानूनी प्रक्रियाएं हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार को इस मुद्दे पर पहले से सूचित नहीं किया गया था।
*******
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि सरकार ने बंगलादेश में हिन्दुओं के खिलाफ हिंसा की घटनाओं की खबरों को गंभीरता से लिया है। उन्होंने आज लोकसभा में बताया कि बंगलादेश में इस वर्ष अगस्त में अल्पसंख्यकों के घरों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचाया गया तथा मंदिरों अन्य पूजास्थलों पर हमले हुए । उन्होंने कहा कि इस वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान ढाका के तांतिबाजार में पूजा मंडप पर हुए हमले और सतखिरा के जोशेश्वरी काली मंदिर में हुई चोरी पर सरकार ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। श्री जयशंकर ने कहा कि ढाका में भारतीय उच्चायोग बंगलादेश में अल्पसंख्यकों की स्थिति पर नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों सहित सभी नागरिकों के जीवन की सुरक्षा और स्वतंत्रता की जिम्मेदारी बंगलादेश सरकार की है।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन दिवसीय ओडिशा दौरे पर आज शाम भुवनेश्वर पहुंचे। बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि आज केंद्र की भाजपा सरकार ओडिशा को बहुत प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि ओडिशा में भाजपा की सरकार बनते ही माताओं और बहनों के लिए सुभद्रा योजना जैसे कई बड़े कदम उठाए गए हैं। यह योजना महिला सशक्तीकरण की पहचान बनेगी। उन्होंने विकास की गति को रोकने के लिए विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए कहा कि विपक्षी दलों को संविधान में कोई आस्था नहीं है।
विपक्षी दल बीजेपी सरकार के खिलाफ सुबह शाम अप–प्रचार करते रहते हैं लेकिन जनता बीजेपी सरकार के कामों को देखकर उन्हें आशीर्वाद देने खुद मैदान में दौड़ पड़ती है।
श्री मोदी ने कहा कि ओडिशा में पार्टी की शानदार जीत के बाद हरियाणा, महाराष्ट्र के राज्य चुनावों में भाजपा की जीत उनकी सरकार की नीतियों और योजनाओं में लोगों के विश्वास को दर्शाती है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, धर्मेंद्र प्रधान, अश्विनी बैष्णव और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने हवाई अड्डे से राजभवन तक रोड शो भी किया। श्री मोदी भुवनेश्वर के भाजपा मुख्यालय में पार्टी की बैठक में भी शामिल होंगे।
*******
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भुबनेश्वर में आज पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। तीन दिवसीय सम्मेलन में आंतरिक सुरक्षा, साइबर अपराध, माओवादी खतरे, कृत्रिम मेधा और ड्रोन हमले जैसी उभरती चुनौतियों पर विमर्श होगा। आतंकवाद से निपटने पर भी चर्चा होगी। इस दौरान विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक भी प्रदान किए जाएंगे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
आज से शुरू हो रहे अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशकों को और महानिरीक्षकों की सम्मेलन में भाग लेने के लिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशक और सीआरपीएफ एनएससी खुफिया ब्यूरो और एसपीजी के प्रमुख भुवनेश्वर के लोकसभा भवन पहुंचे हैं। सम्मेलन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और गृह मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद है। प्रकाश दास आकाशवाणी समाचार भुवनेश्वर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल इस सम्मेलन में शामिल होंगे।
*******
संसद के दोनों सदनों में आज शीतकालीन सत्र के लगातार चौथे दिन भी व्यवधान जारी रहा। एक प्रमुख व्यापारिक समूह के खिलाफ कथित रिश्वत के आरोपों सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के विरोध के कारण राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।
*******
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने कहा है कि भारत अब दुनिया के सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए आगे बढ़कर नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश सभी बहुपक्षीय मंचों पर सिर्फ भागीदार से प्रमुख हितधारक बन गया है। वे आज नई दिल्ली में आकाशवाणी द्वारा आयोजित डॉ. राजेन्द्र प्रसाद स्मृति व्याख्यान 2024 में बोल रहे थे। व्याख्यान का विषय था ‘वैश्विक क्षितिज पर भारत की बढ़ती भूमिका‘। उपसभापति ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद जैसे नेताओं के आदर्शों पर चलते हुए भारत आज दुनिया भर में एक वैश्विक नेता के रूप में जाना जाता है।
इस देश के मूल निर्माताओं में से एक राजेंद्र बाबू रहे जिन्हें लंबे समय तक उनके बड़े योगदान को याद नहीं किया जाता था। वह आकाशवाणी आयोजन 69 से कर रहा है इस प्रतिष्ठित व्याख्यान माला श्रृंखला को चलाने के लिए तहे दिल से उन्हें धन्यवाद देना चाहूंगा और क्यों राजेंद्र बाबू हमें याद करना चाहिए क्योंकि उनकी प्रेरणा जिस तरह से उनका तप, त्याग और संघर्ष का जीवन था जिससे हमें आजादी मिली वह आजादी आज किस रूप में भारत के नव–निर्माण में सहायक हो सकती है। उनसे कैसे मैं प्रेरणा मिल सकती है इसलिए महापुरुषों का स्मरण होना चाहिए।
उपसभापति हरिवंश ने देश के विकास में भारत के पहले राष्ट्रपति और भारत रत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद द्वारा दिए गए योगदान पर भी प्रकाश डाला। प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने आकाशवाणी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अपनी स्थापना के बाद से ही आकाशवाणी, राष्ट्र की आवाज बन गई है।
90 साल से अधिक समय से आकाशवाणी ने हमेशा संतुलन और विश्वसनियता का ध्यान रखा है। इसी कडी में आकाशवाणी हर वर्ष दो महत्वपूर्ण व्याख्यानों का आयोजन करती है। सरदार पटेल स्मारक व्याख्यान और डॉक्टर राजेन्द्र प्रसाद स्मारक व्याख्यान भारत की इस बढ़ती भूमिका में आकाशवाणी का भी अपना एक योगदान है।
इस अवसर पर आकाशवाणी की महानिदेशक प्रज्ञा पालीवाल गौड़ भी मौजूद थीं। व्याख्यान की रिकॉर्डिंग तीन दिसंबर को डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती के अवसर पर रात साढे नौ बजे आकाशवाणी के समूचे नेटवर्क पर प्रसारित की जाएगी। इस व्याख्यान माला का आयोजन आकाशवाणी द्वारा भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की स्मृति में किया जाता है।
*******
प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत कुमार सहगल ने आज चंडीगढ़ में दूरदर्शन और आकाशवाणी का दौरा किया। उन्होंने दोनों मीडिया संगठनों के कामकाज की समीक्षा के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की। श्री सहगल ने आकाशवाणी परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण को बचाने और स्वच्छता को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया।
*******
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित होने वाला महाकुंभ मेला वैश्विक एकता का प्रतीक है। महाकुंभ 2025 के शुभारंभ समारोह को आज संबोधित करते हुए श्री शेखावत ने कहा कि महाकुंभ संस्कृति, कला और शिल्प के वैश्विक आदान-प्रदान का अवसर है।
इस अवसर पर भूटान, नेपाल, श्रीलंका, इंडोनेशिया, मॉरीशस, मलेशिया, म्यांमा, अमरीका, ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, सऊदी अरब, पोलैंड, ब्राजील, नाइजीरिया और जापान जैसे देशों के राजदूत और उच्चायुक्त मौजूद थे।
*******
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत एक सौ 87 करोड़ से अधिक मानव–दिवस सृजित किए गए हैं। इससे चार करोड़ साठ लाख ग्रामीण परिवारों को रोजगार मिला है। श्री चौहान ने कहा कि योजना के सुचारू क्रियान्वयन के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 74 हजार 770 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
*******
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर सक्रिय चक्रवाती तूफान फेंजल नागापट्टिनम के पास 260 किलोमीटर और पूर्वी चेन्नई से 300 किलोमीटर तक पहुंच गया है। चक्रवात के कारण इस सप्ताह के अंत तक नागापट्टिनम से लेकर चेन्नई के समुद्र तटों तक मूसलाधार वर्षा होने की आशंका है। फेंजल के कल दोपहर महाबलीपुरम और कराईकल के बीच पहुंचने की उम्मीद है। एक रिपोर्ट-
आज रात से लेकर कल दोपहर तक तटीय क्षेत्र के कई हिस्सों में तेज़ हवाएँ चलने की संभावना है। चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम जिलों में 20 सेमी से अधिक बारिश का अनुमान है। स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ और तटरक्षक बल को तैयार कर दिया गया है। उत्तरी जिलों और पुडुचेरी में नुकसान की आशंका है। लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है। बाढ़ की संभावना को देखते हुए लोगों को शिविरों में जाने की सलाह दी गई है। राज्य सरकार हाई अलर्ट पर है और जिला अधिकारियों को समय की ज़रूरतों के आधार पर निर्णय लेने के लिए कहा गया है। चेन्नई से ज्वॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।
*******
नागालैंड में हॉर्नबिल त्योहार 2024 के 25वें संस्करण की तैयारियां जोरों पर हैं। इस संस्करण का उद्घाटन समारोह पहली दिसंबर को होगा। नागालैंड के पर्यटन मंत्री टेम्जेन इम्ना अलोंग ने आज कहा कि समारोह के चार भागीदार देश- वेल्स, अमरीका, जापान और पेरू हैं तथा दो भागीदार राज्य- सिक्किम और तेलंगाना हैं।
*******
मेघालय में आज से दो दिवसीय मे-गोंग महोत्सव 2024 शुरू हो गया है। गारो हिल्स में बहुतायत खिलने वाले मे-गोंग फूल के नाम पर यह त्योहार संगीत, लोक नृत्य, स्वदेशी खेल, हथकरघा और हस्तशिल्प, तथा व्यंजनों सहित गारो संस्कृति का प्रतीक है।
*******
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है, इसका औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक- एक्यूआई आज शाम 5 बजे तक 331 था।
*******
लखनऊ में सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय बैडमिन्टन चैम्पियनशिप में लक्ष्य सेन, प्रियांशु राजावत, पी वी सिंधु और उन्नति हुडा सिंगल्स के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। डबल्स में पांच भारतीय जोडियों ने अंतिम चार में प्रवेश किया।
मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो ने भी अंतिम चार में स्थान बनाया।
महिला डबल्स में त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचन्द तथा तनिषा कैस्ट्रो और अश्विनी पोनप्पा ने अंतिम चार में प्रवेश किया।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों पर देश के विकास की गति को बाधित करने का आरोप लगाया।
- गृह मंत्री अमित शाह ने भुवनेश्वर में पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री कल सम्मेलन में शामिल होंगे।
- नई दिल्ली में आकाशवाणी के डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्मृति व्याख्यान में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने कहा- भारत दुनिया के सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए आगे बढ़कर नेतृत्व कर रहा है।
- बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पश्चिम में बना गहरा दबाव चक्रवाती तूफान फेंजल में बदला। कल दोपहर तक तमिलनाडु के महाबलीपुरम के निकट दस्तक देगा।
- लखनऊ में चल रहे सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन सिंगल्स सेमीफाइनल और ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो मिक्स्ड डबल्स सेमीफाइनल में पहुंचे।
*******