मुख्य समाचार :-
- भारत ने बांग्लादेश से सभी अल्पसंख्यकों और उनके पूजा स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।
- झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
- सर्वोच्च न्यायालय ने दिल्ली में प्रदूषण रोधी उपाय ग्रैप का चौथा चरण दो दिसंबर तक जारी रखने का आदेश दिया।
- 55वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव गोवा में भव्य समापन समारोह के साथ संपन्न।
- लखनऊ में सैयद मोदी बैडमिंटन टूर्नामेंट में लक्ष्य सेन, पीवी सिंधु, उन्नति हूडा और श्रियांशी वलीशेट्टी सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
—
भारत ने बांग्लादेश से हिंदुओं और सभी अल्पसंख्यकों तथा उनके पूजा स्थलों की सुरक्षा करने को कहा है। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने आज राज्यसभा में कहा कि अल्पसंख्यकों सहित बांग्लादेश के सभी नागरिकों के जीवन और स्वतंत्रता की सुरक्षा की प्राथमिक दायित्व बांग्लादेश सरकार का है। पिछले कुछ महीनों में वहां हिंदू मंदिरों और देवताओं की मूर्तियों को नुकसान पहुंचाने की कई घटनाएं सामने आई हैं। भारत ने इस साल दुर्गा पूजा के दौरान ढाका के तांतीबाजार में पूजा मंडप पर हमले और सतखीरा में जेशोरेश्वरी काली मंदिर में चोरी जैसी घटनाओं पर अपनी चिंता व्यक्त की है।
—
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है। सुबह लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, डीएमके और अन्य विपक्षी दलों ने एक प्रमुख व्यापारिक समूह पर कथित रिश्वतखोरी के आरोपों सहित कई मुद्दों पर हंगामा किया। लोकसभा अध्यक्ष ने हंगामा जारी रहने पर उन्होंने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने सदस्यों से सदन के सुचारू संचालन में सहयोग करने का आग्रह करते हुए कहा कि संसद सार्थक चर्चा के लिए एक मंच है।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सदन में विपक्ष के व्यवहार की निंदा की।
हर एक बिल को उचित समय देकर चर्चा करने का भी उन्होंने आग्रह किया और एक्सेप्ट भी किया। उसके बाद बाकी मुद्दे जो आने वाले हैं, उसके लिए भी चर्चा का अलग-अलग नियम बनाया हुआ है और अपने ही बनाया हुए रूल को तोडकरके कांग्रेस पार्टी और साथियों ने ये हंगामा करने का जो कोशिश किया है, मैं इसका निंदा करता हूं।
—
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सदन की कार्यवाही बाधित करने के लिए विपक्षी पार्टियों की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार चर्चा करने के लिए तैयार है।
स्पीकर और चेयरमैन महोदय ने जो डिसाइड करेगा एकार्डिंग टू रूल्स एण्ड प्रोसीजर वह चर्चा के लिए सरकार तैयार है। डिस्टर्ब करने में क्या है यह तो पहले ही आके बिना कुछ मांग रखते हुए डिस्टर्ब ही करते हैं।
—
इस बीच, सदन ने वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 की समिति की रिपोर्ट पेश करने का समय बढ़ाकर अगले वर्ष बजट सत्र के अंतिम दिन करने का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। समिति के अध्यक्ष जगदम्बिका पाल ने यह जानकारी दी।
अभी भी छह राज्यों के साथ जो राज्य की सम्पत्तियां हैं, वह वक्फ बोर्ड क्लेम कर रहा है उसमें डिस्प्यूट है। भारत सरकार की अर्बन डेवलपमेन्ट की 123 सम्पत्तियां दिल्ली में हैं। जिसकी बहुत कीमतें हैं। वह बोर्ड ने क्लेम किया है, उसपे जवाब आना है। इसलिए ऐसी चीजों को देखते हुए हम इसके रिवैल्यूशन नोट कर रहे हैं, कि अब हमारा डीपीसी का जो बिल का जो हमारा जो रिपोर्ट है अगले बजट सत्र तक पेश कर देंगे।
—
झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन ने आज चौथी बार झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची में श्री सोरेन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह के मौके पर इंडिया ब्लॉक के कई नेता उपस्थित थे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समारोह के आकर्षण के केंद्र बने रहे। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क इस मौके पर उपस्थित थे। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और आरजेडी के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव भी शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद थे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विधानसभा में विश्वास मत प्राप्त करने के बाद मंत्रिमंडल का गठन करेंगे। रांची से शिल्पी के साथ आकाशवाणी समाचार के लिए कृष्ण कुमार लाल।
—
झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र 9 दिसंबर से 12 दिसंबर तक बुलाया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई पहली मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। श्री सोरेन ने कहा कि स्टीफन मरांडी प्रोटेम स्पीकर होंगे और इस सत्र के दौरान विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी।
—
स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को लागू न करने के लिए दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार की आलोचना की। श्री नड्डा ने कहा कि आप सरकार ने जानबूझकर साढे छह लाख से अधिक पात्र परिवारों को इस महत्वपूर्ण बीमा से वंचित रखा। श्री नड्डा ने कहा कि उच्च न्यायालय ने भी इस योजना को लागू न करने के लिए दिल्ली सरकार की आलोचना की है।
—
सर्वोच्च न्यायालय ने दिल्ली में प्रदूषण रोधी उपाय ग्रैप का चौथा चरण दो दिसंबर तक जारी रखने का आदेश दिया। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि यह उपाय स्कूलों पर लागू नहीं होंगे। न्यायालय ने कहा कि कोर्ट कमिश्नरों द्वारा प्रस्तुत दूसरी रिपोर्ट में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान से संबंधित प्रतिबंधों को लागू करने में प्रशासन की घोर विफलता दिखती है। इस बीच, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग, ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान से संबंधित प्रतिबंधों को कम करने के संबंध में एक बैठक करेगा।
—
मणिपुर में राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार कल फिर से सभी स्कूल और कॉलेज खुल जाएंगे। बीते दिनों जिरीबाम जिले में हथियारबंद लोगों द्वारा छह लोगों की हत्या के बाद विरोध प्रदर्शन के चलते 16 नवम्बर से सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिये गये थ।
—
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारतीय उद्योग परिसंघ के व्यापार सुगमता और विनियामक मामलों के पोर्टल का आज नई दिल्ली में शुभारंभ किया। यह पोर्टल केंद्र सरकार और भारतीय उद्योग परिसंघ द्वारा कारोबारी सुगमता पर की गई प्रमुख पहलों और इससे संबंधित नवीनतम जानकारी प्रदान करेगा। श्री गोयल ने कहा कि सरकार की राष्ट्रीय एकल खिड़की प्रणाली ने कारोबारी सुगमता में सुधार किया है। इस प्रणाली से विभिन्न क्षेत्रों, उद्योगों तथा विभागों को एक साथ लाने में सफलता मिली है।
अलग-अलग विभागों ने अलग-अलग चीजों पे नेशनल सिंगल विंडो का अच्छा प्रभावी रूप से लाभ लिया है। मेरा बार-बार उद्योग जगत से और सभी चेम्बर्स ऑफ कामर्श और बिजनेस के समूह हैं उनसे मेरा दरख्वास्त रही है कि वो इसका लाभ लें और उसमें से हमें सुझाव दें कि हम इसे कैसे और बेहतर बना सकें, उनके लिए कैसे और लाभदायक बना सकें।
—
नीति आयोग के सदस्य डॉक्टर वी के सारस्वत ने केंद्र के पंचामृत लक्ष्यों का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा है कि सरकार इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए वचनबद्ध है। नई दिल्ली में एक सम्मेलन में डॉ. सारस्वत ने कहा कि परमाणु ऊर्जा, ऊर्जा परिवर्तन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत, नवीकरणीय ऊर्जा संस्थापित क्षमता में विश्वभर में चौथा स्थान, पवन ऊर्जा क्षमता में चौथा और सौर ऊर्जा क्षमता में पांचवा स्थान रखता है।
—
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय इतिहास और संस्कृति के प्रति वैश्विक उत्साह पर प्रसन्नता व्यक्त की है। श्री मोदी ने कहा कि भारतीय संस्कृति वैश्विक स्तर पर गूंजती है। अपनी विदेश यात्राओं की झलकियाँ सोशल मीडिया पर साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे इतिहास और संस्कृति के प्रति यह अपार उत्साह अत्यंत प्रसन्नतादायक है।
—
55वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव गोवा में भव्य समापन समारोह के साथ संपन्न।महोत्सव का प्रतिष्ठित स्वर्ण मयूर पुरस्कार सौले बिलुवाइट निर्देशित फिल्म टॉक्सिक को प्रदान किया गया। लेवा रेपुइकाइट और वेस्टा माटुलाइट को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार क्लेमेंट फेवौ को मिला। विक्रांत मैसी को वर्ष की भारतीय फिल्म शख्सियत के रूप में सम्मानित किया गया।
इफ्टी 24 में प्रतिभाओं और अनुभवों का अद्भुत प्रदर्शन किया एक और उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला तो दूसरी ओर सिनेमा और संगीत जगत के दिग्गजों ने जीवन के अनमोल अनुभव साझा किये। प्यार का मुख्य केंद्र फिल्म प्रदर्शनी रहा लेकिन डी क्रिएटिव माइंड्स आफ टुमारो प्रतियोगिता ने दर्शकों और प्रतिभागियों को खासा आकर्षित किया। इस चुनौती में 100 उभरते फिल्म निर्माताओं ने 48 घंटे में फिल्म बनाने का अद्भुत कार्य किया। आज क्लोजिंग सेरेमनी में सूचना प्रसारण सचिव संजय जाजू ने फिल्म बाजार का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा यह अपने प्रकार का एक अनूठा और सबसे बड़ा मंच रहा। जहां फिल्म जगत के प्रमुख नाम और उद्योग विशेषज्ञ नेटवर्किंग सहयोग के लिए पहुंचे। इस वर्ष फिल्म महोत्सव को समावेशी सिनेमा के अनुभव को बढ़ावा देने के लिए भी याद किया जाएगा एक्सेसिबल इंडिया फिल्म सेक्शन के तहत भारतीय अंतराष्ट्रीय फिल्मों में ऑडियो डिस्क्रिप्शन और भारतीय सांकेतिक भाषा जोड़ी गई जिससे दृष्टिहीन और श्रवण बाधित दर्शन भी इन कहानियों को पूरी तरीके से समझ सकें। आकाशवाणी समाचार के लिए दुर्गेश भदोरिया के साथ ओम विश्व उपाध्याय गोवा।
—
रक्षा प्रमुख जनरल अनिल चौहान ने कहा है कि आत्मनिर्भरता और स्वदेशी रक्षा क्षमताएं स्थायी शांति की नींव हैं। नई दिल्ली में रक्षा भागीदारी दिवस के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। श्री चौहान ने कहा कि भारत के सुरक्षा परिदृश्य को रक्षा क्षेत्र में मजबूत और आत्मनिर्भर होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत ने निजी उद्योग, संयुक्त उद्यमों और प्रत्यक्ष विदेशी निेवेश के लिए सुधारों के माध्यम से अपने रक्षा उद्योग को खोल दिया है।
—
थल सेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने अधिकारियों के प्रशिक्षण के लिए एक ऑनलाइन डिजिटल प्लेटफॉर्म एकलव्य का आज नई दिल्ली में शुभारंभ किया। यह प्लेटफॉर्म थल सेना के सभी प्रशिक्षण केन्द्रों को सहजता से एकीकृत करने में मदद करेगा।
—
बंगाल की खाड़ी के दक्षिण में बने गहरे दबाव के क्षेत्र के कल उत्तर की ओर बढ़ने की आशंका है। 30 नवम्बर की सुबह इसके महाबलीपुरम तथा पुडुचेरी के बीच समुद्रतट को पार करने की संभावना है। तमिलनाडु के तटीय जिलों में अगले दो दिनों तक तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कुछ इलाकों में तेज़ हवाएँ चलने की संभावना है। मछुआरों को दो दिसंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। इसी बीच तमिलनाडु में तटरक्षक बल एयर स्टेशन चेन्नई ने एक बचाव अभियान में सभी 10 लोगों को सुरक्षित चिथिराइपेट्टई पहुंचाया हैं। कुड्डालोर के छह मछुआरे खराब मौसम के कारण फंस गए थे। इसके अलावा फैक्ट्री के चार कर्मचारी भी फंसे हुए थे।
—
सरकार ने कहा है कि रेलवे ने तेज गति से चलने वाली रेलगाडियों की डिजाइनिंग और निर्माण का काम शुरू कर दिया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में बताया कि इस रेलगाड़ी की अधिकतम गति 280 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इसकी निर्माण लागत लगभग 28 करोड़ रुपये प्रति रेलगाडी होगी।
—
रूस के ऊर्जा ग्रिड पर बड़े पैमाने पर हमला करने के बाद यूक्रेन में दस लाख से ज़्यादा लोग कथित तौर पर बिना बिजली के रह गए हैं। यूक्रेन के तीन पश्चिमी क्षेत्रों सहित कम से कम 12 क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई है। इस बीच, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन पर मिसाइल से हमलें मास्को का यूक्रेन के पश्चिमी हथियारों के इस्तेमाल का जवाब है।
—
लखनऊ में सैय्यद मोदी अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में लक्ष्य सेन और पी.वी.सिंधू सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंच गये हैं। लक्ष्य ने इजराइल के डेनिल डुबोवेन्को को और सिन्धू ने इरा शर्मा को हराया। मीराबा लुआंग मैसनाम, आयुष शेट्टी, उन्नति हुड्डा और श्रियांशी वालीशेट्टी ने भी सिंगल्स के अंतिम आठ में जगह बना ली है।
—
ओमान के मस्कट में पुरूष जूनियर एशिया कप हॉकी में इस समय ग्रुप-ए में भारत का मुकाबला जापान के साथ चल रहा है। ताजा समाचार मिलने तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। इससे पहले कल भारत ने अपने पहले मैच में थाईलैण्ड को 11-0 से हराया था। उधर, पाकिस्तान ने आज पूल-बी में बांग्लादेश पर 6-0 से जीत दर्ज की।
—
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत ने बांग्लादेश से सभी अल्पसंख्यकों और उनके पूजा स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।
- झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
- सर्वोच्च न्यायालय ने दिल्ली में प्रदूषण रोधी उपाय ग्रैप का चौथा चरण दो दिसंबर तक जारी रखने का आदेश दिया।
- 55वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव गोवा में भव्य समापन समारोह के साथ संपन्न।
- और लखनऊ में सैयद मोदी बैडमिंटन टूर्नामेंट में लक्ष्य सेन, पीवी सिंधु, उन्नति हूडा और श्रियांशी वलीशेट्टी सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
—