Download
Mobile App

android apple
signal

November 27, 2024 9:54 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • सरकार ने देश को बाल विवाह मुक्त राष्‍ट्र बनाने के अभियान की शुरूआत की।

     

  • झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन कल झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। महाराष्ट्र में सरकार गठन के लिए विचार-विमर्श जारी।

     

  • मौसम विभाग ने बंगाल की खाडी में गहरे दबाव से बने चक्रवाती तूफान के कारण तमिलनाडु और पुद्दुचेरी के तटीय क्षेत्रों में तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया।

     

  • सिंगापुर में विश्‍व शतरंज चैंपियनशिप में ग्रैंड मास्‍टर गुकेश ने तीसरी बाजी में विश्‍व चैम्पियन चीन के डिंग लिरेन को हराया। 14 बाजी के मुकाबलें में दोनो खिलाडी डेढ-डेढ अंक लेकर बराबरी पर।

     

  • क्रिकेट में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने आईसीसी रैंकिंग में फिर से पहला स्थान हासिल किया।

     

******

 

सरकार ने आज नई दिल्ली में बाल विवाह मुक्त भारत शीर्षक राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत की। अभियान का मुख्य उद्देश्य देश को बाल विवाह मुक्त राष्ट्र बनाना है। महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि सरकार ने 130 जिलों की पहचान की है, जहां इस अभियान को मुख्य तौर पर चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाल विवाह न केवल एक अपराध है बल्कि मानवाधिकारों का उल्लंघन भी है। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि बाल विवाह मुक्त भारत अभियान केवल 10 और 15 दिन का आयोजन नहीं है, बल्कि यह एक निरंतर प्रयास है।

आज हमने एक शपथ भी लिया है, बाल विवाह मुक्‍त भारत के लिए। इस लक्ष्‍य को हासिल करना हम सबकी जिम्‍मेवारी, जवाबदेही है, तो इसके लिए, ये महज एक कार्यक्रम बनके न रह जाए बल्कि इस कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने जिम्‍मा भी हम सब पर है।

 

कार्यक्रम के दौरान अन्नपूर्णा देवी ने बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल की शुरूआत भी की।

******

झारखण्‍ड में हेमंत सोरेन कल मुख्‍यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्‍यपाल संतोष कुमार गंगवार रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित एक समारोह में श्री सोरेन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायेंगे। रांची में मीडिया से बातचीत में हेमंत सोरेन ने कहा कि उन्‍होंने इण्डिया गठबंधन के नेताओं के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को भी समारोह में आम‍ंत्रित किया है।

झारखंड में चुनाव के बाद नई सरकार का गठन होना है जो उसकी प्रक्रिया 28 तारीख को प्रारंभ होगीइसी कार्यक्रम को लेकर के मैं इंडिया गठबंधन के साथियों को हम लोगों ने आमंत्रण दिया है और साथ में अपने देश के प्रधानमंत्री जी, गृह मंत्री जी को भी हमने कार्यक्रम में शरीक होने का आग्रह किया है।

 

81 सदस्‍यों वाली विधानसभा में इण्डिया गठबंधन ने 56 सीट हासिल की हैं। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्‍व वाले एनडीए गठबंधन ने 24 सीटें जीतीं। झारखण्‍ड लोकतांत्रिक क्रान्तिकारी मोर्चा ने एक सीट पर जीत दर्ज की।     

******

महाराष्‍ट्र में सरकार गठन की चर्चा के बीच शिवसेना सांसदों ने आज नई दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। बैठक के बाद केन्‍द्रीय मंत्री और शिवसेना नेता प्रताप राव जाधव ने मीडिया से बताया कि सभी सांसद श्री शाह से मिले और महाराष्‍ट्र विधानसभा चुनावों में महायुति के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्‍हें धन्‍यवाद दिया। हालांकि श्री जाधव ने कहा कि बैठक के दौरान महाराष्‍ट्र में सरकार गठन को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और महायुति नेताओं का जो भी निर्णय होगा उसे स्‍वीकार कर लिया जायेगा।   

******

महाराष्‍ट्र के कार्यवाहक मुख्‍यमंत्री और शिव सेना नेता एकनाथ शिंदे ने कहा है कि उनकी पार्टी राज्‍य के अगले मुख्‍यमंत्री को लेकर भारतीय जनता पार्टी के केन्‍द्रीय नेतृत्‍व के फैसले का समर्थन करेगी। ठाणे में एकनाथ शिंदे ने मीडिया से कहा कि केन्‍द्रीय मंत्री अमित शाह से मिलने के बाद मुख्‍यमंत्री को लेकर फैसला लिया जायेगा।

सरकार बनाने में हमारी तरफ से कोई अड़चन नहीं है। आप निर्णय ले लो उसे निर्णय की तामील हो जाएंगी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जो निर्णय लेंगे, मुख्यमंत्री पद के बारे में जो उनका कैंडिडेट होगा शिवसेना का, पूरी तरह से समर्थन होगा।

 

इस बीच राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख अजीत पवार ने कहा है कि वह एकनाथ शिंदे और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस के साथ कल नई दिल्‍ली जा रहे हैं, जहां सरकार गठन को लेकर विस्‍तृत चर्चा होगी।  

******

तेलंगाना के भारतीय जनता पार्टी सांसद और विधायकों ने आज नई दिल्‍ली में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मुलाकात की। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने कहा कि तेलंगाना में भाजपा की उपस्थिति तेजी से बढ रही है और तेलंगाना के लोगों को भाजपा से बहुत उम्‍मीदें हैं।

******

भारतीय जनता पार्टी ने ईवीएम पर टिप्‍पणी करने के लिए कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की आलोचना की है। नई दिल्‍ली में आज मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा प्रवक्‍ता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस चुनाव हारने पर ही ईवीएम पर प्रश्‍न उठाती है।

भाजपा प्रवक्‍ता ने श्री खरगे की उस टिप्‍पणी पर भी आपत्ति जताई जिसमें उन्‍होंने कहा था कि ईवीएम के कारण अनुसूचित जातियों, जनजातियों, अन्य पिछड़े वर्गों और गरीबों के मत बर्बाद हो रहे हैं।

******

संसद के दोनो सदनों की कार्यवाही एक प्रमुख कारोबारी समूह पर रिश्‍वत के कथित आरोपों सहित विभिन्‍न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण आज दिन भर के लिए स्‍थगित कर दी गई।

******

सरकार ने कहा है कि रेलगाडियों में अना‍रक्षित डिब्‍बों को समाप्‍त करने की कोई योजना नहीं है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने आज लोकसभा में बताया कि चालू वित्‍त वर्ष में एलएचबी कोच के साथ संचालित मेल-एक्‍सप्रेस रेलगाडि़यों में छह सौ से अधिक अनारक्षित डिब्‍बे जोडे गये हैं। बढती मांग को देखते हुए भारतीय रेलवे की गैर-वातानुकूलित सामान्‍य श्रेणी और शयनयान सहित दस हजार डिब्‍बों के निर्माण की योजना है।    

******

अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि देश में करीब 59 हजार वक्फ संपत्तियों पर अतिक्रमण है। लोकसभा में उन्होंने बताया कि वक्फ अधिनियम की धाराओं के अनुसार, राज्य वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को वक्फ संपत्तियों पर अनधिकृत कब्जे और अतिक्रमण के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का अधिकार है।

******

मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में गहरे दबाव के कारण बने चक्रवाती तूफान से तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुद्दुचेरी के तटीय क्षेत्रों में तेज वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि दबाव क्षेत्र उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और आज रात तक इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की उम्मीद है।

चक्रवाती तूफान के शनिवार सुबह उत्तरी तमिलनाडु तट के पास पहुंचने का अनुमान है। विभाग ने कहा है कि तट से टकराने के बाद तूफान के कमजोर होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने मछुआरों को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र, श्रीलंका तट, तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश तट पर न जाने की सलाह दी है।

******

पुद्दुचेरी के मुख्‍यमंत्री एन.रंगास्‍वामी ने आज संबंधित विभाग प्रमुखों के साथ बैठक में स्थिति का आकलन किया और बारिश के प्रभाव को कम करने के लिए किये गये उपायों पर चर्चा की।

******

राष्ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण ने आज पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में दविंदर बंबीहा गिरोह के कई ठिकानों पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोबाइल और डिजिटल उपकरण, बैंकिंग लेनदेन तथा संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों सहित आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है।

******

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने किसी भी बड़े आतंकी हमले का मुकाबला करने के लिए जम्मू शहर में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड-एनएसजी का एक स्थायी केंद्र बनाया है। यह केंद्र जम्मू क्षेत्र के विभिन्न जिलों में सुरक्षा बलों पर आतंकी हमलों के बाद बनाया गया है।

******

आर्थिक जगत के समाचारों के साथ हैं – मनोज पाठक

घरेलू शेयर बाजार में आज लिवाली तेज रही। बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेक्‍स कारोबार के अंत में 230 अंक बढ़कर 80 हजार 234 पर बंद हुआ। उधर, नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी अस्‍सी अंक बढ़कर 24 हजार 275 दर्ज हुआ। अंतर बैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया 12 पैसे कमजोर होकर 84 रुपये 45 पैसे के स्‍तर पर बंद हुआ और अंतर्राष्‍ट्रीय बाजारों में ब्रेंट कच्‍चे तेल की कीमत 73 डॉलर 11 सेंट प्रति बैरल के आसपास चल रही थी।

 

******

गोवा के पणजी में चल रहे 55वें भारत अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में कला अकादमी में संगीतकार ए.आर. रहमान ने लता मंगेशकर मेमोरियल टॉक: म्यूजिकल थिएटर इन इंडिया नामक कार्यक्रम में भाग लिया।

श्री रहमान ने कहा कि जब उन्होंने पहली बार लता जी को गाते सुना था तो वे अचंभित रह गए थे। उन्होंने लता मंगेशकर जी को पूर्णता का प्रतीक बताया।

******

राष्‍ट्र संविधान अंगीकार किये जाने की 75वीं वर्ष गांठ मना रहा है। आकाशवाणी समाचार के साथ  विशेष साक्षात्‍कार में संस्‍कृति मंत्रालय के सचिव अरुनीश चावला ने कहा कि भारत की नींव देश के संविधान में निहित है।

इस साक्षात्‍कार को आज रात 9 बजकर 15 मिनट पर 100 दशमलव एक आकाशवाणी के एफएम गोल्‍ड चैनल 100.1 पर सुना जा सकता है।   

******

अब खेल जगत की खबरों के साथ हैं शशांक कुमार

सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप में ग्रैड मास्‍टर डी गुकेश ने तीसरी बाजी में विश्‍व चैम्‍पियन चीन के डिंग लिरेन हरा दिया है। सफेद मोहरों से खेलते हुए गुकेश ने 37 चालों में जीत दर्ज की। 14 बाजी के मुकाबले में दोनों खिलाडी डेढ़-ड़ेढ़ अंक लेकर बराबरी पर हैं। लिरेन को मुकाबले के पहले चरण में काफी समय बर्बाद करने का खामियाजा हार के साथ भुगतना पड़ा। इस बीच, जसप्रीत बुमराह आईसीसी की नवीनतम क्रिकेट टेस्ट रैंकिंग में एक बार फिर शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं। बल्‍लेबाजी रेंकिंग में यशस्‍वी जायस्‍वाल दूसरे और विराट कोहली 13वें स्‍थान पर पहुंच गए हैं। इधर, लखनऊ में सैय्यद मोदी अंतरराष्‍ट्रीय बैडमिंटन टूर्नाटमेंट में पीवी सिंधू और लक्ष्‍य सेन सिंगल्‍स प्री-क्‍वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। पहले दौर में लक्ष्‍य सेन ने मलेशिया के सोहेल आदिल को और पीवी सिंधू ने अनमोल खरब को हराया। उधर, मस्‍कट में जूनियर हॉकी एशिया कप टूर्नामेंट में भारत ने पहले मैच में थाइलैंड को 11-0 से हरा दिया है। हाफ टाइम तक भारतीय टीम ने आठ-शून्‍य की बढ़त बना ली थी।

 

******

 

दिल्ली के भारत मंडपम में 43वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-आईआईटीएफ का आज समापन हो गया। हमारे संवाददाता ने बताया कि मेले के अंतिम दिन भी आगंतुकों ने जमकर खरीदारी की।

14 दिनों तक चले इस मेले में देश के अधिकतर राज्‍यों के अलावा चीन, मिस्र, ईरान, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड और संयुक्त अरब अमीरात समेत कई विदेशी देशों के 3 हज़ार से ज़्यादा प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया। इस साल उत्तर प्रदेश और बिहार भागीदार राज्य थे। वहीं, झारखंड फोकस राज्य था। मेले के अन्तिम दिन कई स्टॉल पर उत्पादों पर भारी छूट दी गई, जिसका आगन्‍तुकों ने भरपूर फ़ायदा उठाया। कामकाजी दिन होने के बावजूद आज बड़ी संख्या में लोगों ने अपने दोस्तों और परिवार के साथ मेले में आकर देश-विदेश के उत्पादों और व्यंजनों का लुत्फ़ उठाया। आदर्श के साथ सकलेन अख्तर आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

 

******

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • सरकार ने देश को बाल विवाह मुक्त राष्‍ट्र बनाने के अभियान की शुरूआत की।

     

  • झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन कल झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। महाराष्ट्र में सरकार गठन के लिए विचार-विमर्श जारी।

     

  • मौसम विभाग ने बंगाल की खाडी में गहरे दबाव से बने चक्रवाती तूफान के कारण तमिलनाडु और पुद्दुचेरी के तटीय क्षेत्रों में तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया।

     

  • सिंगापुर में विश्‍व शतरंज चैंपियनशिप में ग्रैंड मास्‍टर गुकेश ने तीसरी बाजी में विश्‍व चैम्पियन चीन के डिंग लिरेन को हराया। 14 बाजी के मुकाबलें में दोनो खिलाडी डेढ-डेढ अंक लेकर बराबरी पर।

     

  • क्रिकेट में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने आईसीसी रैंकिंग में फिर से पहला स्थान हासिल किया।

******