Download
Mobile App

android apple
signal

November 26, 2024 10:03 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :- 
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नागरिकों से संविधान के आदर्शों को अपनाने तथा विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में काम करने का आह्वान किया। 
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के इस संकल्प को दोहराया कि भारत की सुरक्षा को चुनौती देने वाले हर आतंकवादी संगठन को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। 
  • राष्ट्र ने 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों में जान गंवाने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। 
  • भारत का बांग्लादेश के अधिकारियों से हिंदुओं और सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह। 
  • निर्वाचन आयोग ने राज्‍यसभा की छह रिक्त सीटों के लिए 20 दिसंबर को उपचुनाव की घोषणा की। 
  • सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय 2024 बैडमिंटन टूर्नामेंट लखनऊ में शुरू।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नागरिकों से संविधान के आदर्शों को अपनाने, अपने मौलिक कर्तव्यों का पालन करने तथा 2047 तक विकसित भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में काम करने का आग्रह किया है। आज संविधान दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित संविधान सदन के सेंट्रल कक्ष में आयोजित भव्य समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मु ने भारतीय संविधान को जीवंत और प्रगतिशील दस्तावेज बताया, जिसके माध्यम से देश सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के लक्ष्यों को प्राप्त कर रहा है। 
 
 
राष्‍ट्रपति ने कहा कि संविधान के भावना के अनुरूप आमलोगों का जीवन बेहतर बनाने के लिए कार्यप‍ालिका, विधायिका और न्‍यायपालिका को मिलकर काम करने का दायित्‍व मिला है। राष्‍ट्रपति मुर्मु ने कहा कि सरकार ने समाज के सभी वर्गों के कल्‍याण के लिए हाल के वर्षों में कई उपाय किए है।    
 
पिछले कुछ वर्षों के दौरान सरकार ने समाज के सभी वर्गों विशेषकर कमजोर वर्गों के लोगों के विकास के लिए अनेक कदम उठाए हैं। ऐसे निर्णयों से लोगों का जीवन बेहतर हुआ है तथा उन्‍हें प्रगति के नये अवसर मिल रहे हैं। गरीब लोगों का अपना पक्‍का घर मिल रहा है। बिजली, पानी, सड़क की सुविधा मिल रही है। खाद्य सुरक्षा और चिकित्‍सा सेवाएं मिल रही हैं। देश में बडे पैमाने पर विश्‍व स्‍तर का इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर्स बनाया जा रहा है। 
 
इस अवसर पर उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड ने कहा कि देश के संविधान को अंगीकार करने के 75 वर्षों को मनाना विश्‍व के सबसे बड़े लोकतंत्र के लिए एक महत्‍वपूर्ण उपलब्‍धी है। 
 
लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान देश के लोगों की वर्षों की तपस्‍या का परिणाम है। 
 
75 वर्षों में हमारी संसद के माध्यम से आम जनता के जीवन में सामाजिक, आर्थिक परिवर्तन लाए गए हैं जिससे लोकतंत्र में जनता की आस्‍था मजबूत हुई है। संविधान में हमारे तीनों लोकतंत्र के     स्‍तंभों विधायिका, कार्यप‍ालिका और न्‍यायपालिका को आपसी समन्‍वय के साथ सुचारू रूप से कार्य करने की व्‍यवस्‍था दी है। 
 
इस कार्यक्रम के दौरान भारत के संविधान को अंगीकार करने की 75 वीं वर्षगांठ को समर्पित एक स्‍मारक सिक्‍का और डाक टिकट जारी किया। अनुपम मिश्र आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की सुरक्षा को चुनौती देने वाले किसी भी आतंकी संगठन को मुंहतोड़ जवाब देने के भारत के संकल्प पर बल दिया है। श्री मोदी ने आज नई दिल्‍ली में सर्वोच्‍च न्‍यायालय में संविधान दिवस समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। 
 
 
भारत के संविधान का ये 75वां साल पूरे देश के लिए एक असीम गौरव का विषय है। मैं आज भारत के संविधान को, संविधान सभा के सभी सदस्‍यों को आदरपूर्वक नमन करता हॅूं। 
 
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश परिवर्तन के महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है और भारत का संविधान आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। 
 
 
हमारा संविधान हमारे वर्तमान और भविष्‍य का मार्गदर्शक है। बीते 75 वर्षों में देश के सामने जो भी चुनौतियां आई हैं, हमारे संविधान ने हर उस चुनौती का समाधान करने के लिए उचित मार्ग दिखाया है। इसी कालखंड में आपातकाल जैसा समय भी आया और हमारे संविधान ने लोकतंत्र के सामने आई चुनौती का भी सामना किया। हमारा संविधान देश के हर जरूरत, हर अपेक्षा पर खड़ा उतरा है। संविधान से मिली इस शक्ति की वजह से ही आज जम्‍मू कश्‍मीर में भी बाबा साहब का संविधान पूरी तरह से लागू हुआ है। 
 
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को अपनी पेंशन प्राप्त करने के लिए अपने जीवित होने का प्रमाण देने के लिए बैंकों में जाना पड़ता था। लेकिन अब वे घर बैठे ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करा सकते हैं। श्री मोदी ने कहा कि इस पहल से लगभग डेढ करोड़ वरिष्ठ नागरिकों को लाभ हुआ है। 
 
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने भारतीय न्यायपालिका की वार्षिक रिपोर्ट 2023-24 भी जारी की।
*******
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने कहा है कि संविधान में निहित समानता के प्रावधानों को मोदी सरकार ने अपने दृढ़ संकल्प और नेतृत्व के माध्यम से साकार किया है। नई दिल्ली में डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आज संविधान दिवस पर एक कार्यक्रम में श्री कुमार ने यह बात कही।
*******
जम्मू-कश्मीर में विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने आज जम्मू में विधानसभा परिसर के सेंट्रल हॉल में संविधान की प्रस्तावना पढ़कर संविधान दिवस समारोह का नेतृत्व किया। उन्‍होंने कहा कि यह दिन हमारे देश की लोकतांत्रिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
*******
लद्दाख में भी विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और स्थानीय सरकारी निकायों ने संविधान दिवस मनाया गया। संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की प्रस्तावना पढ़ी गई। 
*******
26/11 मुम्‍बई आतंकी हमले की आज बरसी है। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आतंकी हमले में जान गंवाने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। नई दिल्‍ली में सर्वोच्‍च न्‍यायालय में संविधान दिवस समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
 
इस हमले में जिन व्‍यक्तियों का निधन हुआ, उन्‍हें मैं अपनी श्रद्धांजलि देता हूँ। मैं देश का यह संकल्‍प भी दोहराता हॅूं कि भारत की सुरक्षा को चुनौती देने वाले हर आतंकी संगठन को मुंहतोड़ जवाब भी दिया जाएगा। 
 
महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजीत पवार ने हमले में बलिदान देने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों की शहादत पर पुलिस शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।
*******
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार का संकल्‍प भारत को 2027 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का है और इस अभियान में सहकारिता मंत्रालय अहम भूमिका निभाएगा। आज नई दिल्ली में राज्‍य सहकारी बैंकों के राष्‍ट्रीय परिसंघ के हीरक जयंती समारोह में श्री शाह ने कहा कि सरकार ऐसा विकास चाहती है जिसमें देश का हर नागरिक शामिल हो। 
 
हमने लक्ष्‍य रखा है कि 2027 में देश का अर्थतंत्र दुनिया में तीसरे नंबर का अर्थतंत्र बने। परंतु सहकारिता मंत्रालय की स्‍थापना का उद्देश्‍य भी ये है कि एक ओर तो हम दुनिया के तीसरे नंबर के अर्थतंत्र के स्‍थान पर पहुंचे और साथ ही साथ एक सौ 40 करोड़ लोगों की सुखाकारी की भी चिंता करें। हमेशा आर्थिक विकास नहीं चाहते। जिस आर्थिक विकास से देश तो बहुत प्रगति कर जाए और देशवासी पिछड जाए। हम समविकास चाहते हैं।
 
*******
विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय क्वांटम मिशन और अंतःविषयक साइबर-भौतिक प्रणालियों पर राष्ट्रीय मिशन के अंतर्गत आठ स्टार्टअप की घोषणा की। इस अवसर पर श्री सिंह ने बताया कि चयनित स्टार्टअप विकसित भारत 2047 के पथ प्रदर्शक बनेगें। 
******
निर्वाचन आयोग ने आज राज्यसभा की छह सीटों के लिए उपचुनाव की आज घोषणा की। तीन सीटें आंध्र प्रदेश से हैं, जबकि ओडिशा, पश्चिम बंगाल और हरियाणा से एक-एक सीट है। उपचुनाव के लिए अधिसूचना 3 दिसंबर को जारी की जाएगी और 10 तारीख तक नामांकन किए जा सकेंगे। मतदान और मतगणना 20 दिसंबर को होगी। 
*******
कोयला मंत्रालय ने सार्वजनिक परामर्श अभ्यास के अंतर्गत कोयला धारक क्षेत्र (अधिग्रहण और विकास) संशोधन विधेयक, 2024 में प्रस्तावित संशोधनों के मसौदे पर जनता से सुझाव और प्रतिक्रियाएँ आमंत्रित की हैं। इस संशोधन विधयेक के लिए प्रस्तावित मौजूदा प्रावधानों और संबंधित संशोधनों को  मंत्रालय की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। 
*******
राष्ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण ने हाल ही में हुई मणिपुर हिंसा से जुड़े तीन मामलों की जांच शुरू की। गृह मंत्रालय द्वारा अपराधों की गंभीरता को देखते हुए मामले सौंपने का फैसला किए जाने के बाद एनआईए ने इन मामलों को फिर से दर्ज किया। 13 नवम्‍बर को भारतीय न्याय संहिता, शस्त्र अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामले फिर से दर्ज किए गए। 
*******
मणिपुर सरकार ने कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए राज्य में सभी शिक्षण संस्थानों को अनिश्चितकाल के लिए बंद रखने का फैसला किया है। राज्य शिक्षा विभाग के आदेश में कहा गया है कि  मणिपुर घाटी के जिलों में केंद्रीय विद्यालयों सहित सभी स्कूल कल से अगले आदेश तक बंद रहेंगे। 
*******
भारत ने बांग्लादेश में अधिकारियों से हिंदुओं और सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश संमिलित सनातन जागरण जोत के प्रवक्ता चिन्मय कृष्ण दास को गिरफ्तार करने और उनको जमानत देने से इनकार करने पर गहरी चिंता व्यक्त की है। यह घटना बांग्लादेश में चरमपंथियों द्वारा हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर कई हमलों के बाद हुई है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि अल्पसंख्यकों के घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आगजनी और लूटपाट के साथ-साथ मंदिरों को अपवित्र करने के कई मामले सामने आए हैं।
 
मंत्रालय ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इन घटनाओं के अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं।  भारत ने श्री दास की गिरफ्तारी के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे अल्पसंख्यकों पर हुए हमलों पर भी चिंता व्यक्त की।
*******
55वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में शताब्दी सत्र आसमान से आया फरिश्ता: मोहम्मद रफी, द किंग ऑफ मेलोडी के गाने ने पंजिम के कला अकादमी में लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जहां सैकड़ों लोग के अलावा सोनू निगम, सुभाष घई, अनुराधा पौडवाल और शाहिद रफी के प्रसिद्ध पैनल को सुनने के लिए एकत्र हुए। सभी दिवंगत महान गायक का सम्मान करने के लिए एकजुट हुए। गायक सोनू निगम ने अपनी मधुर आवाज में महान गायक के कई प्रतिष्ठित गीतों को प्रस्तुत करके मोहम्मद रफी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। 
 
रफी साहब ने जो रास्‍ता पकडा, वो था गाने में अदायगी का। आपको पता चल जाता था, अगर आपको लैंग्‍वेज भी पता ना हो, हिन्‍दी भी पता न हो। ये भी यह पता होगा की ये गाना सैड है, ये गाना खुशी है, यहां पर किसी की तारीफ हो रही होगी पक्‍का। अगर आपको शब्‍द न पता हो, गाने वाले की गायिकी से पता चल जाएगा कि यह कहना क्‍या चाह रहा है।     
 
कार्यक्रम के दौरान, महान पार्श्व गायक मोहम्मद रफी के बेटे शाहिद रफी ने अपने पिता के शानदार जीवन पर एक बायोपिक बनाने की योजना की घोषणा की। 
*******
सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट आज से लखनऊ में शुरू हुआ। यह प्रतियोगिता पहली दिसंबर तक चलेगी। महिला सिंगल्‍स में भारतीय बैडमिंटन चुनौती की अगुआई दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु कर रही हैं, जबकि पेरिस 2024 ओलंपिक के सेमीफाइनलिस्ट लक्ष्य सेन सिंगल्‍स में शीर्ष भारतीय पुरुष खिलाड़ी हैं। 
********
मौसम विभाग ने बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी में फेंगल चक्रवात आने की आशंका  व्‍यक्‍त की है। अगले दो दिनों में तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में अत्‍याधिक बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया गया है। राज्य के कई हिस्सों में 2 दिसंबर तक बारिश जारी रहेगी। 
*******
 मौसम विभाग ने कल तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी कल रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
*******
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता “बहुत खराब” श्रेणी में बनी हुई है, आज शाम 8 बजे तक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 312 रहा। 
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :- 
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नागरिकों से संविधान के आदर्शों को अपनाने तथा विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में काम करने का आह्वान किया। 
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के इस संकल्प को दोहराया कि भारत की सुरक्षा को चुनौती देने वाले हर आतंकवादी संगठन को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। 
  • राष्ट्र ने 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों में जान गंवाने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। 
  • भारत का बांग्लादेश के अधिकारियों से हिंदुओं और सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह। 
  • निर्वाचन आयोग ने राज्‍यसभा की छह रिक्त सीटों के लिए 20 दिसंबर को उपचुनाव की घोषणा की। 
  • सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय 2024 बैडमिंटन टूर्नामेंट लखनऊ में शुरू।
*******