मुख्य समाचार:
- सरकार ने टिकाऊ और रसायन मुक्त खेती को के लिए राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन को मंजूरी दी।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सहकारिता क्षेत्र को चक्रीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने और इस क्षेत्र में वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
- शीतकालीन सत्र के पहले दिन अनेक मुद्दों को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।
- सरकार ने संविधान को अपनाने के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में कल से साल भर चलने वाले समारोहों की घोषणा की।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम. जयशंकर ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता व्यक्त की, कहा- भारत, आतंकवाद और बंधक बनाने की घटना की निंदा करता है।
- प्रसार भारती, रेलटेल और प्लेबॉक्स टीवी ने रेलवायर ब्रॉडबैंड पर किफायती फ्रीडम प्लान का शुभारंभ किया।
- पर्थ में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया पर 295 रनों की ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
***
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ग्रामीण कृषि पर राष्ट्रीय मिशन पर अपनी सहमति दे दी है। नई दिल्ली में आज शाम मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए केन्द्रीय मंत्री अश्वनि वैष्णव ने कहा कि इस मिशन का उद्देश्य रसायन मुक्त और सतत कृषि के लिए प्राकृतिक कृषि को पुनजीर्वित करना है। उन्होंने इस निर्णय को महत्वपूर्ण बताते हुए किसानों के लिए इसे लाभकारी बताया।
***
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सहकारिता क्षेत्र को जलवायु अनुकूल बनाने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इन समितियों को चक्रीय अर्थव्यवस्था से जोडा जाना चाहिए। श्री मोदी ने आज कहा कि सहकारी क्षेत्र विशेषकर ग्लोबल साउथ के देशों को विकास हासिल करने में सहायक हो सकता है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आईसीए वैश्विक सहकारी सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए श्री मोदी ने सहकारी क्षेत्र में स्टार्ट-अप्स को बढावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सहकारी बैंको को सशक्त बनाने और सरकार में लोगों का विश्वास बढाने के लिए कई सुधार किए गए हैं।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि सहकारी क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए पिछले तीन वर्षो में सरकार ने कई कदम उठाए हैं। इस कारण भारत सहकारी क्षेत्र में एक विश्व मित्र के रूप उभरकर सामने आया है।
इस कार्यक्रम में भागीदारी कर रहे भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे ने कहा कि सहकारी समितियों ने इन वर्षो में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा है कि सहकारिता क्षेत्र ने आर्थिक समावेशन को बढावा देते हुए और स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करके लाखों लोगों को आवश्यक सेवाएं प्रदान करके उन्हें सशक्त बनाया है। श्री तोबगे ने कहा कि सहकारी समितियों ने विशेषकर गरीबों को निर्धनता से मुक्ति दिलाई है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय सहकारी वर्ष 2025 पर एक स्मारक डाक टिकट भी जारी किया। इस सम्मेलन में फिजी के उप प्रधानमंत्री, मनोआ कामिकामिका भी शामिल हुए।
अंतर्राष्ट्रीय सहकारी गठबंधन- आईसीए के 130 साल के इतिहास में भारत में पहली बार वैश्विक सहकारिता सम्मेलन और महासभा का आयोजन किया जा रहा है।
***
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही एक विशेष कारोबारी समूह पर रिश्वत के आरोपों और अन्य मुद्दो को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
शीतकालीन सत्र के पहले दिन राज्यसभा में सभापति जगदीप धनखड ने विपक्षी सदस्यों से सदन के सुचारू संचालन में सहयोग की अपील की। लेकिन, हंगामा जारी रहने पर उन्होंने सदन की बैठक दिनभर के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले, श्री धनखड ने विपक्षी सांसदों के स्थगन प्रस्ताव को नामंजूर कर दिया। सभापति ने कहा कि ये प्रस्ताव दिशा-निर्देशो के अनुरूप नही हैं।
उधर, लोकसभा में भी कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, द्रविड मुनेत्र कडगम और अन्य दलों ने एक व्यावसायिक घराने पर रिश्वत के कथित आरोपो सहित विभिन्न मुद्दों पर हंगामा किया। हंगामा जारी रहने पर लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी। अब दोनों सदनों की बैठक बुधवार को होगी।
***
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आशा प्रकट की है कि संसद का शीतकालीन सत्र लाभकारी रहेगा और इसमें रचनात्मक विचार विमर्श किया जायेगा। संसद सत्र से पहले मीडिया को सम्बोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि यह सत्र संविधान को अपनाने के 75 वर्ष सहित कई कारणों से विशेष रहेगा।
हमारे संविधान के 75 साल की यात्रा। 75वें साल में इसका प्रवेश, ये लोकतंत्र के लिए बहुत ही उज्ज्वल अवसर है और कल संविधान सदन में सब मिल करके संविधान के 75वें वर्ष की शुरुआत करेंगे।
***
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कुछ वर्गों के इन आरोपों का खंडन किया है कि संविधान खतरे में है, उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को संकीर्ण राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए। मंगलवार को संविधान दिवस से पूर्व आकाशवाणी समाचार के साथ एक विशेष साक्षात्कार में श्री बिरला ने कहा कि संविधान देश के लोगों से संबंधित है और समाज के प्रत्येक वर्ग का इस पर भरोसा है।
सभी समाज के व्यक्ति संविधान का सम्मान करते हैं। संविधान की मूल भावना विचार और विश्वास और भरोसा करते हैं। तो मेरा मानना है कि सबको इसको राजनीतिक दृष्टि से नहीं देखना चाहिए। ये संविधान सबका है। संविधान एक सौ 40 करोड़ जनता का है।
***
केंद्र सरकार ने संविधान को अपनाने की 75वीं वर्षगांठ मनाने के लिए अभियान चलाने की घोषणा की है। यह अभियान देशभर में कल से 26 नवंबर, 2025 तक चलेगा। 26 नवंबर, 1949 को भारत की संविधान सभा ने संविधान को अपनाया था और यह 26 जनवरी, 1950 को देश में लागू हुआ था। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने नई दिल्ली में कहा कि संविधान सदन के केन्द्रीय कक्ष में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इस कार्यक्रम में संसद के दोनों सदनों के सदस्यों को संबोधित करेंगी। श्री रिजिजू ने कहा कि अभियान का उद्देश्य भारतीय संविधान की मसौदा समिति की हिस्सा रही 15 असाधारण महिलाओं के योगदान को महत्व देना भी है।
देश में हरेक जगह अलग-अलग कार्यक्रम कई जगह में किया जा रहा है। देखिए हमलोग उसी सदन में बैठेंगे, जहां कॉन्स्टीट्विएंट असैम्बली का सिटिंग हुए थे और कॉन्स्टीट्यूशन को एडॉप्ट किया था। इसलिए ये ऐतिहासिक पल है। मैं मानता हूं कि इसमें सिर्फ ज्यूडिशरी, एक्जि़क्यूटिव्स और — का ये ईवेंट नहीं है। हरेक भारतीय, हरेक भारत के नागरिक सबको मिलकरके संविधान दिवस में शरीक होना है, दिल से मानना है — को करना है।
संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि समारोह का उद्देश्य विभिन्न गतिविधियों के जरिए लोगों को जोडना और संविधान तथा इसके निर्माताओं के बारे में जागरुकता बढ़ाना है।
ये एक ऐसा अवसर है जो हम सबके लिए जिस तरह से संविधान में हमारे कर्त्तव्यों की चर्चा की गई है, हमारे अधिकारों की चर्चा की गई है। इस अवसर पर हम सबका यह कर्त्तव्य है कि हम देश के अधिकतम लोगों को जोड़ सकें। संविधान निर्माताओं की दृष्टि उनकी अपेक्षा और उनकी मंशा बिकॉस कॉस्टीट्विएंट असैम्बली की डिबेट के माध्यम से उनका इंटेंट ऑफ मेकिंग कॉन्स्टीट्यूशन या पर्टिकूलर क्लॉस़ ऑफ कॉन्स्टीट्यूशन क्या था इसको लोगों के बीच में एक बार फिर ला सकें। इस दृष्टिकोण से साल भर कार्यक्रमों का आयोजन इस दिशा में होने वाला है।
***
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आज पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और लोगों को बंधक बनाने की घटना की भारत समान रूप से निंदा करता है। इटली के रोम में भूमध्यसागरीय संवाद सम्मेलन में डॉ जयशंकर ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मानवीय कानून की अवहेलना नहीं की जा सकती है।
विदेश मंत्री ने संघर्ष विराम को समर्थन देने के लिए सभी देशों का आह्वान किया।
***
प्रसार भारती, रेलटेल और प्लेबॉक्स टीवी ने आपसी सहयोग के माध्यम से रेलवायर ब्रॉडबैंड पर (फ्रीडम प्लान) शुरू करने का निर्णय लिया है। प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी और रेलटेल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक संजय कुमार ने आज नई दिल्ली में इस योजना की शुरूआत की।
श्री द्विवेदी ने कहा कि प्रसार भारती ने ओटीटी प्लेटफॉर्म लॉन्च करके प्रौद्योगिकी के साथ तालमेल स्थापित किया है।
बड़ी संख्या में दर्शक आज ट्रेडिशनल मॉडल या ट्रेडिशिनल या विनियर टी वी के माध्यम से अपने एंटरटेनमेंट और न्यूज प्राप्त करने के बजाय आज डिजिटल माध्यम से ये जानकारियां प्राप्त करने के लिए उद्यत है तो इसी दिशा में हमारा ये एक प्रयास है कि एक कंसोलिडेटेड डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से हम लोगों तक समाचार जो जानकारियां हैं जो एंटरटेनमेंट प्रोग्राम्स हैं ये सारी चीजें उन तक पहुंचा सकें।
रेलटेल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक संजय कुमार ने कहा कि रेलटेल की होम इंटरनेट सेवा देश के इंटरनेट से वंचित क्षेत्रों में किफायती इंटरनेट पहुंचाने पर केंद्रित है।
***
भारत अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में आज प्रसिद्ध ऑस्ट्रेलियाई फिल्म निर्माता फिलिप नोयस ने न्यू हॉलीवुड में अस्तित्व थीम पर मास्टरक्लास सत्र को संबोधित किया। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के पांचवे दिन, आज शाम मास्टरक्लास में बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन ने, एंपावरिंग द चेंज: वूमेन लीडिंग द वे इन सिनेमा (Empowering the change: women leading the way in cinema) विषय पर बात की। आज महोत्सव में कुल मिलाकर लगभग 75 फिल्में दिखाई जा रही हैं, जिनमें आर्टिकल 370 और अंडर द ग्रे स्काई शामिल है। आज पैनोरमा फिल्मों की प्रदर्शनी में रीजनल फिल्मों और स्थानीय कहानियों का बोलबाला रहा। फिल्म प्रदर्शनी में, कन्नड़ फिल्म केरेबेटे, बंगाली फिल्म भूतपोरी, और मलयालम फिल्म मंजूमल बॉयज शामिल थी। इन आयोजनों के अलावा, इफ्फीस्टा में आए देश विदेश के डेलीगेट्स की भीड़ उमड़ रही है। आकाशवाणी समाचार के लिए, दुर्गेश भदौरिया के साथ ओमवेश उपाध्याय।
***
पर्थ में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले क्रिकेट टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 295 रन से हरा कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। यह विदेशी जमीं पर भारत की रनों के आधार पर सबसे बड़ी टेस्ट जीत है। 534 रन के लक्ष्य के जवाब में ऑस्ट्रेलिया टीम आज चौथे दिन 238 रन पर सिमट गई। प्लयेर ऑफ द मैच कप्तान जसप्रीत बुमराह ने मैच में कुल आठ विकेट लिए। इस जीत के साथ भारत 61 प्रतिशत से अधिक अंक के साथ आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है और ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर खिसक गया।
***
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, हिन्दी और अंग्रेजी में अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात साढ़े नौ बजे “डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा।
***
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- सरकार ने टिकाऊ और रसायन मुक्त खेती को पुनर्जीवित करने के लिए राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन को मंजूरी दी।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सहकारिता क्षेत्र को चक्रीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने और इस क्षेत्र में वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
- शीतकालीन सत्र के पहले दिन अनेक मुद्दों को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।
- सरकार ने संविधान को अपनाने के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में कल से साल भर चलने वाले समारोहों की घोषणा की।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम. जयशंकर ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता व्यक्त की, कहा- भारत, आतंकवाद और बंधक बनाने की घटना की निंदा करता है।
- प्रसार भारती, रेलटेल और प्लेबॉक्स टीवी ने रेलवायर ब्रॉडबैंड पर किफायती फ्रीडम प्लान का शुभारंभ किया।
- पर्थ में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया पर 295 रनों की ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
***